कलयुगी पुत्र को माँ-बाप के मकान से बेदखल करनें के आदेश

FARRUKHABAD NEWS धार्मिक सामाजिक

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) माता-पिता अपने बच्चे की बेहतर परवरिश और उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए क्या कुछ नहीं करते। अपने जीवन की पूरी जमा-पूंजी उनको अच्छा भविष्य देने के लिए लगा देते हैं। और जब वहीं, बच्चे बड़े होकर माता-पिता को दूध में मक्खी की तरह अपने जीवन से निकाल फेंकते हैं, तो उनपर क्या बीतती होगी इसको शायद शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। आज आपको यह जानकार और भी हैरानी होगी कि बुजुर्ग माता-पिता अपनी बहू से ज्यादा बेटों से परेशान हो रहे हैं। ऐसे न जाने कितने मामले सामने आए हैं। एक ताजा मामले में माँ-बाप को प्रताड़ित करने के चलते कोर्ट नें कुपूत को मकान से बेदखल करने का आदेश दिया है| आदेश काफी लोगों के लिए नजीर बनेगा|
फतेहगढ़ के दुर्गा कालोनी निवासी 66 वर्षीय गोमती देवी और उनके पति 69 वर्षीय राजेन्द्र प्रसाद नें उप जिलाधिकारी सदर के न्यायालय का दरबाजा खटखटाया| जिसमें उन्होंने कोर्ट से गुहार लगायी कि उनका पुत्र राजीव कुमार शराब पीकर वृद्ध माता-पिता के साथ मारपीट और सामान में तोड़फोड़ करता है| पुत्रबधू ने भी समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई फर्क नही पड़ा| आरोपी राजीव नें अपनी माँ गोमती देवी को बेरहमी से पीटा जिससे उनका हाथ टूट गया|
वृद्ध दम्पत्ति की गुहार पर आरोपी उनके पुत्र राजीव को चार नोटिस जारी किये गये| जिसमे उन्हें भी सुना गया| आरोपी राजीव नें अपना जबाब कोर्ट में दाख़िल नही किया| जिसके बाद कोर्ट नें माना की राजीव द्वारा अपने माँ-बाप से मारपीट और उत्पीडन किया जा रहा है| लिहाजा एसडीएम सदर व अध्यक्ष भरण पोषण अधिकरण अनिल कुमार नें राजीव को अपने माँ-बाप के घर से बेदखल कर दिया| एक महीने के भीतर घर खाली करने के आदेश दिये| यदि एक महीने में घर खाली नही किया गया तो थानाध्यक्ष फतेहगढ़ पुलिस बल से घर से आरोपी राजीव को बेदखल किये जाने के सख्त आदेश जारी किये| सुलह अधिकारी प्रबल त्रिपाठी नें भी आदेश पर हस्ताक्षर किये|