धर्म परिवर्तन की शिकायत पर पुलिस नें तीन को दबोचा

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(राजेपुर प्रतिनिधि) धर्म विशेष के तीन लोगों को पुलिस नें दूसरे समुदाय के लोगो से धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में दबोच लिया| पुलिस उनसे पूंछतांछ कर रही है| घटना के सम्बन्ध में विहिप के एक पदाधिकारी नें पुलिस को तहरीर दी है| पुलिस घटना के पीछे पूजापाठ का मामला मान रही है|
थाना से तकरीबन 500 मीटर दूर हरिनाथ सिंह की बगिया में एक धर्म विशेष के तीन लोग अपनी धार्मिक पुस्तक से ग्रामीणों के साथ मिलकर अनुष्ठान कर रहे थे| विश्व हिन्दू परिषद के जिला उपाध्यक्ष राहुल कुमार नें थाना पुलिस को दी गयी तहरीर में आरोप लगाया कि कुछ लोग ग्रामीणों की बीमारी ठीक करने के बहाने अपने धार्मिक ग्रन्थ का पाठ कराकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे थे| आरोपी लोगों को गुमराह करके उन्हें पैसे का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहें हैं|  मामले की सूचना मिलते है थाना पुलिस तत्काल मौके पर आ गयी और आरोपी तीन लोगों को हिरासत में लेनें के साथ ही एक अपाचे बाइक भी कब्जे में ले ली|
थानाध्यक्ष देवेन्द्र गंगवार नें बताया कि प्रारम्भिक जांच में धर्म परिवर्तन का मामला प्रतीत नही हो रहा है| पूजा पाठ का मामला प्रकाश में आया है| जाँच की जा रही है|