चांदी के नकली सिक्के बिक्री के शक में महिला को पकड़ा

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(राजेपुर प्रतिनिधि) सराफा की दुकान में चांदी के कथित सिक्के लेकर पंहुची महिला को सराफा व्यापारी नें दुकान में बंद कर पुलिस को सूचना दी| पुलिस नें महिला को हिरासत में ले लिया| बाद में पुलिस नें उसे छोड़ दिया| लेकिन महिला नें सराफा व्यापारी पर अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया|
थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित सराफा दुकान के मालिक अनमोल वर्मा नें पुलिस को सूचना दी कि एक महिला नकली चांदी के सिक्के लेकर दुकान पर बिक्री करने आयी है| जिस पर फतेहगढ़ के नवदिया निवासी महिला को पुलिस थाने ले आयी| लेकिन जब पुलिस नें सिक्के दूसरे सराफा से चेक कराये तो उस सराफा दुकानदार नें सिक्के असली होनें का दावा किया और कहा कि वह 640 रूपये में एक सिक्का खरीदने को भी तैयार है|
जिसके बाद महिला को पुलिस नें छोड़ कर सिक्के कब्जे में ले लिये| पुलिस नें महिला के परिजनों को बुलाया है| वही सिक्के लेकर आयी महिला नें सराफा व्यापारी पर दुकान बंद कर उसके साथ अभद्रता करने और गाली-गलौज करने का आरोप भी लगाया है|
थानाध्यक्ष जयंती प्रसाद गंगवार नें बताया कि महिला के 15 चांदी के सिक्के कब्जे में लिए गये है| महिला को घर भेज दिया गया है| अभी जाँच की जा रही है| जाँच के बाद कार्यवाही होगी|