महाशिवरात्रि पर मंदिरों में उमड़ी आस्था, बम-बम की रही गूंज

FARRUKHABAD NEWS POLICE धार्मिक सामाजिक

फर्रुखाबाद: महाशिवरात्रि का पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। परंपरा निभाने के साथ लोगों ने भविष्य में सुख-समृद्धि की कामना भी की।
शुक्रवार को तड़के से ही शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। पुरुषों व महिला शिव भक्तों ने व्रत रखकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और मन्नत मांगी। वहीं शहर के कुछ शिव मंदिरों में भजन कीर्तन का आयोजन भी किया गया था। ग्रामीण इलाकों में तो महिलाएं अल सुबह ही शिवालयों में पहुंची। सुबह होते ही मंदिरों में भक्तों की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखी गई। कुछ मंदिरों में भंडारों का आयोजन भी किया गया। कई जगह विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिवमंदिर बम-बम भोले के जयकारों और ऊं नम: शिवाय से गुंजायमान रहे| नगर के पांडेश्वर नाथ मंदिर पर सर्वाधिक भीड़ उमड़ी| नवाबगंज के पुठरी शिवमन्दिर में भी दर्शन के लिए लम्बी-लम्बी कतारें देखी गयीं|
आसमान पर रहे फलों के दाम
पर्व को फल विक्रेताओं ने खूब कैश किया। पूर्व संध्या पर ही चुनिदा फलों के दाम अत्यधिक बढ़ा दिए गए थे। जलाभिषेक व पूजा अर्चना के समय बेर की मांग ज्यादा रहती है इसलिए यह फल 50 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिका। आम दिनों में इसका भाव 30-40 रुपये तक ही होता है। इसी तरह सेब व केला के दाम भी दुगुने रहे। व्रत धारियों ने इस पर्व पर अन्न को तिलांजलि लेकर फलाहार का ही सेवन किया। इसी कारण फलों की मांग ज्यादा थी। इसी को भांपकर विक्रेताओं ने भी खूब चांदी कूटी।
पुलिस की व्यवस्था रही चाक चौबंद
नगर के पांडेश्वर नाथ मन्दिर में सीओ सिटी मन्नी लाल गौड़, रेलवे रोड चौकी इंचार्ज राजीव कुमार, प्रभारी इंस्पेक्टर वेद प्रकाश मिश्रा आदि तैनात रहे|