पिडदान कर पितरों को दी गई विदाई

FARRUKHABAD NEWS FEATURED धार्मिक सामाजिक

फर्रुखाबाद: पितृ पक्ष का शनिवार को समापन हो गया। लोगों ने घरों में पकवान बनवाया, नदी और जलाशयों के समीप पिडदान करके पितरों को विदाई दी। इसके साथ ही ब्राह्माणों को भोजन कराया तथा उन्हें साम‌र्थ्य के अनुसार दान-दक्षिणा भी समर्पित किया।
लगातार हो रही बारिश के बावजूद पांचाल घाट पर  प्रात: से ही लोग पहुंचने लगे। क्षौर कर्म बाद भींगते हुए धार्मिक और पारंपरिक अनुष्ठान संपन्न कराकर पितरों से आशीर्वाद लेते हुए उन्हें विदाई दी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस पर्व पर लोग परंपरानुसार जलाशय के किनारे तथा सार्वजनिक स्थान पर एकत्र हुए। वहां कर्मकांडी ब्राह्मणों द्वारा पिडदान कराया गया। खीर, पूड़ी, मालपुआ, रिकवच के साथ विविध व्यंजन बनाए गए। गो माता को भी खिलाया और कौओं को भी दोना में रखा गया।
सुबह से शुरू यह धार्मिक अनुष्ठान दोपहर बाद तक चलता रहा। इस कार्य से निवृत्त होकर ही लोगों ने अपना अन्य कार्य किया। अब शुभ कार्य करने की लोग तैयारी में लग गए हैं। नवरात्र का पर्व व्यवसायियों के लिए काफी शुभ माना जाता है। इसलिए कई लोगों ने अपने नए प्रतिष्ठान का भी शुभारंभ करने की तैयारी की है। इसी तरह पूरे जनपद में पितृ पक्ष का पर्व मनाते हुए पितरों को विदाई दी गई। पितरों के तर्पण के लिए पितृ पक्ष के अंतिम दिन दिन पिडदान कर विभिन्न व्यंजनों को कौओं के लिए रखकर पितरों को विदाई दी गई।