पुलिसकर्मियों को महिलाओं ने दौडा़-दौड़ाकर पीटा

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

मेरठ: लावड़ चौकी से चंद कदम दूर बदमाश के घर सादे कपड़ों में दबिश देने पहुंचे पुलिसकर्मियों को महिलाओं ने दौड़ाकर और गिराकर जमकर पीटा। पुलिसर्किमयों के कपड़े भी फाड़ दिए। पुलिसकर्मियों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना पर कई थानों की फोर्स के साथ एसपी सिटी व एसपी देहात भी मौके पर पहुंचे। देर रात तक पुलिस इलाके को सील करके दबिश दे रही थी। मीडियाकर्मियों को भी पुलिस ने मौके पर जाने से रोक दिया। देर रात आरोपित असलम भाटी को पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस पर किया गया पथराव 
लावड़ पुलिस चौकी से चंद कदम दूर टावर वाली गली निवासी असलम भाटी देहात में चोरी के कई मुकदमों में वांछित है। गुरुवार को सिखेड़ा गांव से भैंस चोरी कर ग्रामीणों पर फायरिंग के मामले में भी आरोपित है। बुधवार रात उसे गिरफ्तार करने इंचौली थाने की पुलिस सादे कपड़ों में पहुंची थी। पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले जाने लगी तो परिवार की महिलाएं उग्र हो गई। उन्होंने हंगामा करते हुए असलम भाटी को छुड़ा लिया। पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। उन्हें दौड़ाकर और गिराकर खूब पीटा। पुलिसकर्मी शक्ति, बिजेंद्र व पोरिस के कपड़े फट गए और काफी चोट भी आई। पुलिसकर्मी जान बचाकर भागे।
सील कराया गया आसपास का इलाका
आसपास के थाना क्षेत्रों से फोर्स मांगी। इस दौरान महिलाओं ने चौकी के बाहर भी जमकर हंगामा किया। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तो महिलाएं वहां से खिसक गई। एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह, एसपी देहात अविनाश पांडे ने टावर वाली गली और आसपास का इलाका सील करा दिया। मीडिया कर्मियों को भी अंदर जाने नहीं दिया गया। देर रात तक पुलिस दबिश देने में लगी थी। कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया था। पुलिस अधिकारी मामले के संबंध में ज्यादा जानकारी देने से बचते रहे।
महिलाओं के सामने बेबस पुलिसकर्मी 
दबिश देने पहुंचे पुलिसकर्मी महिलाओं के सामने बेबस दिखाई दिए। कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं होने का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। महिलाओं ने जमकर मारपीट और अभद्रता की। कपड़े तक फाड़ दिए। पुलिसकर्मी महिलाओं पर हाथ नहीं उठा पाए। किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाना ही उन्होंने बेहतर समझा।
पुलिस पर पहले भी हमला कर चुका है परिवार
आरोपित असलम भाटी का परिवार इससे पूर्व भी परिवार के लोग पुलिस पर हमला कर चुके हैं। इसके बावजूद भी पुलिस टीम बिना तैयारी के वहां दबिश देने पहुंच गई और अपनी फजीहत कराकर उल्टे पांव दौड़ी। वहीं, आरोपित असलम भाटी के बेटे की गुरुवार को (आज) शादी है। बुधवार को घर में मंढे का कार्यक्रम था। घर मेहमानों से खचाखच भरा हुआ था। इसी दौरान पुलिस ने असलम को उठा लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से उसके परिजन भड़क गए।