गोशालाओं में गायों की मौतों पर भाजपा सरकार को अखिलेश यादव ने घेरा

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa सामाजिक

लखनऊ:गोशालाओं में गोवंश के दम तोड़ने की खबरों के बीच समाजवादी पार्टी ने भाजपा को घेरा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि खुद को गोभक्त बताने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में सैकड़ों गोवंश आए दिन भूख और बीमारी से मर रहे हैं।
उन्होंने प्रयागराज में 35 से ज्यादा गायों व अयोध्या में 30 गायों, रायबरेली में 24 और सुलतानपुर में दर्जनभर गायों की मौतों का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि खुले में घूम रहे गोवंश पॉलीथिन और कूड़ा-कचरा खाकर मौत के मुंह में समा रहे हैं। बेसहारा घूमते गोवंश के लिए जो आश्रयस्थल बनाए गए हैं, वहां कोई उचित इंतजाम नहीं होने से गोवंश की अकाल मौतें हो रही हैं।अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता निंदनीय है। उन्होंने गोवंश की मौतों को जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की। गरीबों को राशन न मिलने पर भी योगी सरकार को आड़े हाथ लिया। कहा कि कोटेदारों की मनमानी के कारण गरीब परिवारों को राशन मिलने में कठिनाई होती है। राशनकार्ड तक नहीं बन पा रहे हैं। अस्पतालों में गरीब तीमारदारों को निवास व भोजन की भारी असुविधा रहती है, उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा। सरकार की घोषणाएं सिर्फ मन बहलाने के लिए होती हैं।