मार्ग दुर्घटना में पूर्व विदेश मंत्री की पत्नी लुईस खुर्शीद सहित तीन घायल

ACCIDENT CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:बीती देर रात कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लौट रही पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद मार्ग दुर्घटना में घायल हो गयी| उनके साथ कार चालक सहित तीन लोग और जख्मी हुए है|
जिले के पूर्व कांग्रेस सांसद व पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद बीते दिन नगर में आयी थी| कार्यकर्ताओं से भेट करने के बाद उन्होंने देर शाम जिलाधिकारी मोनिका रानी और एसपी संतोष मिश्रा से भी भेट की| इसके बाद वह कार से कायमगंज अपने निवास ग्राम पितौरा जा रही थी| उसी दौरान थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गुरुगाँव मन्दिर के निकट उनकी कार में ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी| जिससे उसमे बैठी लुईस खुर्शीद,पूर्व कायमगंज विधान सभा की कांग्रेस प्रत्याशी रही शकुंतला कठेरिया व कार चालक घायल हो गये|
घटना की जानकारी होने पर कांग्रेसी एकत्रित हो गये| लुईस खुर्शीद को आवास विकास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया| जंहा उनका उपचार हुआ| लुईस खुर्शीद के हाथ में फेक्चर बताया गया| चिकित्सा ने उनका उपचार कर फ़िलहाल छुट्टी दे दी| जिसके बाद उन्हें पितौरा रवाना किया गया| शकुंतला कठेरिया और चालक को मामूली चोट आयी है|
सूचना मिलने पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव कौशलेन्द्र सिंह यादव,जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा,पुन्नी शुक्ला,अहमद अंसारी,पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल,प्रमोद जैन,कन्हैया गुप्ता आदि भी आ गये| प्रभारी निरीक्षक मऊदरवाजा वेदप्रकाश पाण्डेय ने बताया की ट्रक फरार हो गया| जाँच की जा रही है| तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा|