अखिलेश व सीएम योगी ने जाना रामगोविंद चौधरी का हाल

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa Politics-BJP

लखनऊ:उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी की हालत बेहद गंभीर है। झांसी में हार्ट अटैक के बाद उनको गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की है। अखिलेश यादव कल मेदांता में उनको देखने गए थे। सीएम के निर्देश पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मेदांता में रामगोविंद चौधरी को देखने गए थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के स्वास्थ्य की जानकारी उनके पुत्र से स्वयं टेलीफोन पर ली और शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कुशल क्षेम जानने के लिए संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना को भी मेदांता भेजा है। इससे पूर्व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंच विधानसभा में नेता विरोधी दल का हाल जाना। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों से बात करने के साथ ही परिवारीजन को ढांढ़स बंधाया।
मेदांता अस्पताल ने जैसे ही यह खबर जारी की कि राम गोविंद चौधरी की तबीयत गंभीर है, सपा मुख्यालय में उदासी का माहौल छा गया। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके परिवारीजन से बात की। लखनऊ विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह दिल्ली चले गए। अस्पताल जाकर पार्टी के वरिष्ठ नेता के स्वास्थ्य की जानकारी ली।