राज बब्बर ने गठित की प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चार सदस्यीय कमेटी

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics-CONG. जिला प्रशासन सामाजिक

लखनऊ:लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी में लगी कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अपना कील -कांटा दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने कल तीन विभाग को तत्काल भंग करने के साथ ही आज चार सदस्यीय कमेटी गठित की है, जो अब प्रशासनिक कार्य करेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने आज प्रशासनिक कार्य करने के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की। इस समिति में आरपी त्रिपाठी, सतीश अजमानी, हरीश वाजपेयी व हनुमान त्रिपाठी को पार्टी की आंतरिक व्यवस्था देखने को कहा गया है। आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपने संगठन को दुरस्त और मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राज बब्बर ने कल यूपी कांग्रेस कमेटी के तीन विभागों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया। इन भंग विभागों में मीडिया विभाग, संगठन और प्रशासन विभाग शामिल हैं। इसे पार्टी के पुनर्गठन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर रहकर संगठन विभाग से संबद्ध प्रदेश पदाधिकारियों, प्रशासनिक कार्य से संबद्ध प्रदेश पदाधिकारियों व वित्त विभाग से संबद्ध पदाधिकारियों को हटा दिया गया है। राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद से ही कांग्रेस पार्टी अपने मौजूदा संगठन को मजबूत करने की कोशिशों में भी लगी है।
पिछड़ी व अनुसूचित जातियों में भी अपनी पैठ बनाने के लिए यूपी कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जुलाई महीने से पार्टी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ ‘संविधान बचाओ पदयात्रा’ भी शुरू की जाएगी। इस पदयात्रा में पार्टी के पदाधिकारी गांव-गांव जाएंगे। अब पदाधिकारी जनता को एससी-एसटी एक्ट पर केंद्र का रुख बताएंगे। इस यात्रा का उद्देशय कांग्रेस को दलितों से जोडऩा है।