फालोअप: चौकीदार की हत्या कर जलाया गया था शव

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद) बीते दिन हत्या के बाद शव को जला देने के मामले में लाश की शिनाख्त हो गयी है| लेकिन उसकी हत्या क्यों की गयी इसका अभी कोई पता नही चल सका है| पुलिस कई बिन्दुओं पर जाँच कर रही है|
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निसाई नगला बीज स्थित रामनिवास पुत्र सरदार सिंह के खेत के निकट स्थित एक गड्डे में पुलिस को एक जली हुई लाश मिली थी| लेकिन उसकी शिनाख्त नही हो पा रही थी| पुलिस ने उसका पोस्टमार्टम कराया| वही शव मिलने की सूचना पर थाना शमासाबाद के ग्राम चिलसरा निवासी संतराम पाल पुत्र छोटेलाल ने पंहुचकर शव की शिनाख्त कर ली|
संतराम ने पुलिस को बताया कि मृतक 62 वर्षीय रामसिंह निवासी ऊगरपुर मऊदरवाजा निवासी है| वह रिश्ते में मृतक का भांजा है| संतराम ने मृतक की शिनाख्त कटी ऊँगली से की है| उसके साथ में ही शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घमंडी कूंचा निवासी पंकज अग्रवाल भी पंहुचे| उन्होंने पुलिस को बताया कि मृतक उनके निसाई स्थित उनके फार्म हाउस पर चौकीदारी की नौकरी करता था| बीते 16 फरवरी को वह अपना वेतन व खेत में खाद डालने के लिये भी 1800 सौ रूपये ले गया था|
प्रभारी निरीक्षक राजेश पाठक ने जेएनआई को बताया कि शव की शिनाख्त हो गयी है| पुलिस को अभी हत्या का कारण पता नही चला है| जाँच की जा रही है|