बिना लाइसेंस संचालित थी रजीपुर में पटाखा दुकाने

CRIME POLICE सामाजिक

फर्रुखाबाद:(कमालगंज) बुधवार को रजीपुर में आतिशबाजी दुकानों में लगी आग से पुलिस और प्रशासन की पोल खोलकर रख दी| दो दुकाने जली उनका कोई लाइसेंस जारी नही किया गया था| अब पुलिस मुंह छुपा रही है|

थाना क्षेत्र के कस्बा रजीपुर में मुनेश्वर व उनके भाई सूबेदार की खाली पड़ी भूमि में दर्जन भर से अधिक आतिशबाजी की दुकानों को सजाया गया था| लोग जमकर खरीददारी कर रहे थे| जिसके बाद अचानक आग लगने से पुलिस और प्रशासन की कलई खोल कर रख दी| घटना की सूचना पर दमकल के दरोगा भजन पाल यादव मौके पर पंहुचे| उन्होंने कमालगंज की भी दुकाने देखी| जंहा उन्हें सिलेंडरों में गैस नही मिली| साथ ही साथ कई दुकाने टिन की जगह टेंट में लगी मिली|

वही रजीपुर में पटाखा दुकानों में हुये अग्निकांड के विषय में दरोगा भजनलाल ने बताया की रजीपुर में पटाखा के कोई लाइसेंस जारी नही किये गये थे| फिर यह किसके आदेश पर लगे इसका पता नही| थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने अपना गला फंसता देख इस सम्बन्ध में पूरी तरह किनारा कर लिया| उन्होंने कहा कि कुछ बच्चो ने कुछ पटाखे बेचने के लिये लगा लिये थे| उन्हें इसकी जानकारी नही हो पायी थी|