परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद: जहानगंज थाना क्षेत्र के जैतपुर में बीती रात प्रेम प्रसंग के चलते युवक को पीट पीट कर मौत के घाट उतारने की घटना में नया मोड़ आ गया है। लोहिया अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने घटना के बाद घायल राघवेन्द्र को सही समय पर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध न करा पाने से मौत हो जाने का आरोप लगाया है।

दोपहर बाद तकरीबन तीन बजे लोहिया अस्पताल पहुंचे 28 वर्षीय मृतक राघवेन्द्र सिंह के पिता फूल सिंह, मां निर्मला देवी ने गंभीर आरोप लगाये। पिता फूल सिंह ने बताया कि राघवेन्द्र मंगलवार शाम 4 बजे दिल्ली के आनंद बिहार से जैतपुर के लिए निकला था। आंनद विहार में फूल सिंह का परिवार बीते 25 वर्षों से रह रहा है। राघवेन्द्र वहीं एक विद्यालय में कैन्टीन चलाने का कार्य कर रहा था।

मृतक राघवेन्द्र चार भााइयों में सबसे छोटा था। उसका विवाह अभी नहीं हुआ था। पिता फूल सिंह ने बताया कि पुलिस तकरीबन 8 बजे घटना स्थल पर पहुंच गयी थी और पुत्र राघवेन्द्र को वहां से लेकर चली आयी। लोहिया अस्पताल में 12 बजकर 20 मिनट पर राघवेन्द्र को पुलिस ने भर्ती कराया। 5 घंटे पुलिस घायल राघवेन्द्र को लेकर कहां रही, इस पर सवालिया निशान खड़े कर दिये। भर्ती होने के ठीक 10 मिनट बाद राघवेन्द्र ने दम तोड़ दिया। मां निर्मला देवी का रो रो कर बुरा हाल हो गया। शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक हरेन्द्र सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।