मार्ग दुर्घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत

ACCIDENT FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद: थाना राजेपुर क्षेत्र के इटावा बरेली हाइवे पर डबरी और रामगंगा पुल के बीच बीते शुक्रवार को हुई ओमिनी बाइक भिड़न्त में घायल युवक 25 वर्षीय सुधीर पुत्र शम्भू दयाल निवासी ग्राम हरवंशपुर साण्डी हरदोई की लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।

बीते शुक्रवार की देर शाम सहारा एजेंट सुधीर अपने पिता शम्भू दयाल के साथ बाइक से गांव की ही एक लगुन चढ़ाने जा रहे थे। तभी डबरी और रामगंगा पुल के बीच में ओमिनी और बाइक की जबरदस्त भिड़न्त हो गयी थी। भिड़न्त में सुधीर व उसके पिता शम्भूदयाल के साथ ही साथ ओमिनी सवार चैकिया रूपापुर निवासी मंजूदेवी पत्नी सर्वेश व मंजेश सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गये। सभी को उपचार हेतु लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां शनिवार को सुधीर की मौत हो गयी। मंजू व मंजेश को उपचार के बाद परिजन घर ले गये थे। मृतक सुधीर के पिता का इलाज चल रहा है।

राजेपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद ओमिनी पलट गयी थी। जो अभी मौके पर ही पड़ी है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।