सीमा विवाद में चार दिन तक पड़ी रही युवक की लाश

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(राजेपुर) अखिलेश सरकार के लाख प्रयास के बाद भी पुलिस कितनी क्रियाशील हुई इसका उदाहरण थाना राजेपुर और शाहजंहापुर की सीमा पर पड़े युवक के शव को देखकर लगाया जा सकता है| हत्या के बाद शव अल्लाहगंज और राजेपुर थाना पुलिस के सीमा विवाद के चलते लगभग चार दिन तक पड़ा रहा| देर शाम तक किसी थाने की पुलिस वहां नहीं पहुंची। युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका है। बाद में मिडिया के हरकत में आने पर अल्लाहगंज थाना पुलिस ने शव को अपने थाना क्षेत्र का कबूल कर कार्यवाही शुरू की|

पुलिस यह तलाश नही कर रही की आखिर युवक की हत्या किसने और क्यों की बल्कि यह शाबित करने में चार दिन तक दिमाग लगाती रही कि घटना को दूसरे थाना क्षेत्र में कैसे साबित किया जाये| राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव विजपुरिया निवासी कप्तान सिंह यादव का खेत रामगंगा की कटरी में स्थित है। कप्तान सिंह दोपहर बाद खेत पर गए थे। उन्होंने 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा देखा। युवक के शरीर पर लाल चेकदार शर्ट, कत्थई रंग की जींस पैंट, काली बेल्ट, गले व कलाई में लाल धागा बंधा है। पैंट की जेब से निकले कुछ सिक्के पास में ही पड़े थे। कप्तान सिंह ने लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन शाम तक पुलिस मौके पर नही पंहुची| शव लगभग चार दिन से पड़ा बताया जा रहा है| ग्रामीणों ने शक जताया कि युवक की हत्या कर शव फेंका गया है।

राजेपुर के थानेदार भीम सिंह जावला ने बताया कि घटना स्थल रामगंगा के दूसरे किनारे पर है। वह खेत जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र की सीमा में है। शव पड़े होने की सूचना अल्लाहगंज पुलिस को दे दी गई है। अल्लाहगंज थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने जेएनआई को बताया कि उन्हें जानकारी मिल गयी है| जाँच में पता चला है कि शव को राजेपुर से ही लाकर डाला गया है| लेकिन फिर भी वह शव का पोस्टमार्टम करा रहे है|