विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिलेंगी दो तिहाई सीटें: अमित शाह

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa Politics-BJP Politics-CONG.

amit-shah12बस्ती:भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने केन्द्र में पूर्ण बहुमत से पार्टी की सरकार बनवाने का श्रेय उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को देते हुए भरोसा दिलाया है कि उनकी पार्टी राज्य में सपा-बसपा का प्रभावशाली विकल्प देगी। शाह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि गर्मी के कारण विदेश गए राहुल बाबा को मैं बताना चाहता हूं कि दो सालों में हमने देश को बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया है।

शाह ने आज यहां किसान डिग्री कालेज में आयोजित गोरखपुर मंडल के पार्टी बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में भाजपा को मिले पूर्ण बहुमत का श्रेय उत्तर प्रदेश के लोगों को जाता है। उत्तर प्रदेश में सपा का विकल्प बसपा नहीं बन सकती। केवल भाजपा ही सपा बसपा का विकल्प दे सकती है। पार्टी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भी दोहराने का आह्वान करते हुए शाह ने कहा कि हमें भरोसा है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी को दो तिहाई से अधिक सीटें मिलने वाली है। यूपी चुनाव नजदीक आते ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य में चुनावी दौरा शुरू कर दिया है। बस्ती में एक जनसभा में उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि दो साल में हमने देश को बोलने वाला पीएम दिया है।

शाह ने कहा कि 15 साल तक प्रदेश में सपा और बसपा ने बारी-बारी से राज किया है। अब एक मौका भाजपा को भी मिलना चाहिए। भाजपा अध्यक्ष ने दस दिन के भीतर बसपा के दो बड़े नेताओं स्वामी प्रसाद मौर्य और आरके चौधरी के पार्टी छोड़ जाने की ओर इशारा करते हुए कहा कि बसपा में भगदड मची है। एक दिन ऐसा भी आ सकता है कि इसकी मुखिया मायावती पार्टी में अकेली ही रह जाएं। अखिलेश यादव सरकार को कानून एवं व्यवस्था के मोर्चे पर घेरते हुए शाह ने कहा कि उनकी सरकार केन्द्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को नीचे तक पहुंचने में बाधाएं खड़ी कर रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं उत्तर प्रदेश की आम जनता तक नहीं पहुंच पा रही है, इसलिए कि बीच में सपा सरकार बैठी है। लोगों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सरकारी जमीन को गरीबों और वंचितों को उपलब्ध कराने के बजाए गुंडों और माफियाओं को दे रही है। उनका इशारा मथुरा के जवाहर बाग कांड की ओर था। उन्होंने गोरखपुर में प्रस्तावित एम्स की स्थापना में हो रहे विलम्ब के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदारी बताते हुए तंज किया कि अब इसके लिए मुख्यमंत्री को परेशान होने की जरूरत नहीं है। भाजपा इसका रास्ता निकाल लेगी।

शाह ने दोहराया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाए बिना मोदी सरकार की तमाम विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पायेगा। उन्होंने 11 बंद चीनी मिलों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में हर स्तर पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश की जनता से प्रधानमंत्री मोदी का हाथ मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि मोदी सरकार जनहित के लिए काम कर रही है, जबकि प्रदेश में सपा सरकार में भू माफियाओं का राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी चाहते है कि उत्तर प्रदेश का विकास हो, घर-घर बिजली पहुंचे और युवकों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें यहीं पर रोजगार के पर्याप्त अवसर प्राप्त हो। शाह ने मोदी सरकार से पहले दस साल तक केन्द्र की सत्ता में रही कांग्रेसनीत यूपीए सरकार को घोटालों की सरकार करार देते हुए सपा बसपा को भी उसके लिए बराबर का जिम्मेदार ठहराया, जो यूपीए सरकार का समर्थन करती रही थी। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में आकाश, पाताल, जल, जमीन की सतह से लेकर जमीन के नीचे तक भ्रष्टाचार फैला रहा और सपा, बसपा का उसे समर्थन प्राप्त था।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी पूछ रहे हैं कि मोदी सरकार ने दो साल में क्या किया। हम गर्मी के कारण विदेश भ्रमण पर गए राहुल बाबा को बताना चाहते है कि हमारी पार्टी की पहली उपलब्धि यह है कि हमने देश को बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नाम लिए बिना कहा कि उनका प्रधानमंत्री तो केवल पार्टी (कांग्रेस) अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से ही बात करता था। शाह ने कहा कि हमने एक निर्णायक और पारदर्शी सरकार दी। हमारे विरोधी भी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सके। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा आप यह पूछ रहे हैं कि हमने क्या किया? यूपीए सरकार में 12 लाख करोड़ रुपए का घोटाला हुआ था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेशी दौरों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि विदेशों में उन्हें जो सम्मान मिल रहा है वह केवल प्रधानमंत्री अथवा भाजपा को नहीं मिल रहा, बल्कि उत्तर प्रदेश की 22 करोड़ जनता को मिल रहा है, जिन्होंने उन्हें प्रधानमंत्री बनाया है।