56 दिन की छुट्टी के बाद राहुल लौटे, सोनिया-प्रियंका पहुंचीं घर

Uncategorized

Delhi Assembly Elections 2015नई दिल्ली:करीब 2 महीने की लंबी छुट्टी के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आखिरकार देश लौट आए। राहुल गाडि़यों के काफिले के साथ दिल्ली स्थित अपने आवास पहुंचे। उनसे मिलने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी पहले ही यहां पहुंच गई थीं।

राहुल 22 फरवरी से ही बाहर थे और कभी साफ नहीं हुआ कि आखिर वह गए कहां हैं। पीटीआई की खबर के मुताबिक राहुल बैंकॉक में थे। सूत्रों के मुताबिक अपनी छुट्टी के दौरान राहुल ने एसपीजी सुरक्षा लौटा दी थी। तमाम अटकलों के बीच कल कांग्रेस की तरफ से कहा गया था कि राहुल बुधवार रात को लौट आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

गौरतलब है कि पिछले 2 से महीने छुट्टी पर गए राहुल को लेकर तमाम अटकलें लगाई जा रही थीं। राहुल कहां गए, देश में हैं या विदेश में, किसी को इसकी खबर नहीं थी। कभी कयास लगे कि वह म्यांमार में हैं तो कभी कहा गया कि बैंकॉक में हैं। कुछ दिन पहले कांग्रेस की तरफ से इतना जरूर बताया गया कि राहुल 19 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली किसान रैली में हिस्सा लेंगे।

राहुल के अचानक छुट्टी पर जाने से पार्टी के अंदर भी कई सवाल उठे। लोकसभा में लैंड बिल भी पास हो गया, ऐसे महत्वपूर्ण मौके पर भी वह नदारद रहे। इसे लेकर विपक्ष ने भी उन्हें निशाना बनाया। विपक्ष के हमले से कांग्रेस नेता भी असहज रहे और दिग्विजय सिंह सहित कई कद्दावर नेताओं ने कहा कि ये छुट्टी पर जाने का सही समय नहीं था।