पुलिस भर्ती में धांधली से युवा आक्रोशित, फांसी लगाने पेड़ पर चढ़े

Uncategorized

uppलखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में धांधली को लेकर सूबे का युवा काफी आक्रोशित है। कल तक तो कई जिलों में प्रदर्शन हुआ, लेकिन आज राजधानी लखनऊ में विधानसभा के सामने कुछ लोग पेड़ पर चढ़ गये। यह लोग फांसी लगाने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस क्रेन लगाकर इनको पेड़ से उतारने का प्रयास कर रही है। पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली को लेकर आज काफी संख्या में जुटे अभ्यर्थियों ने विधानसभा के सामने प्रदर्शन किया।

प्रदेश में बीते दिनों सिपाही तथा दारोगा के पद पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। आज लखनऊ में एक अभ्यर्थी ने विधानसभा के गेट नंबर नौ के सामने पेड़ पर चढ़कर फांसी लगाने की धमकी दी है। इसके साथ ही इस धांधली के विरोध आज कई जिलों में प्रदर्शन तथा तोडफ़ोड़ हो रही है। आज कानपुर, मैनपुरी, हरदोई में युवाओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इलाहबाद में कल सिपाही भर्ती में धांधली को लेकर छात्रों ने किया प्रदर्शन के साथ ही सिविल लाइन क्षेत्र में रोडवेज बसों में तोडफ़ोड़ की थी। उधर सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में उत्तर प्रदेश पुलिस में दारोगा भर्ती में भी धांधली को लेकर अभ्यर्थियों ने काफी हंगामा किया। इन लोगों का आरोप है कि लिखित परीक्षा के बाद ओएमआर शीट पर कई जगह पर व्हाइटनर से फर्जीवाड़ा किया गया है। दारोगा भर्ती में धांधली की अभ्यर्थियो ने सीबीआई जांच की मांग की है।

सपा के गढ़ मैनपुरी में ïअभ्यर्थियों ने सिपाही भर्ती में धांधली का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। शहर के करहल चौराहा पर जाम लगाकर न केवल नारेबाजी की बल्कि सड़क पर टायर रखकर उनमें आग लगा दी। अभ्यर्थियों का आरोप था कि सिपाही भर्ती में सरकार के चहेतों को पास किया गया जबकि बाकी को फेल कर दिया गया है। इस दौरान अभ्यर्थियों ने सपा सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। सुबह करीब दस बजे शुरू हुआ जाम एक घंटे तक लगा रहा। युवकों के हंगामे की खबर पर शहर कोतवाली पुलिस के अलावा दन्नाहार थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने लाठियां चटकाकर युवकों को खदेड़ा। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। शनिवार को करहल कस्बे में भी युवकों ने सिपाही भर्ती में धांधली का आरोप लगाकर जाम लगा दिया था। करीब ढाई घंटे तक करहल में आवागमन बाधित रहा था।