वृद्धा दंपती के बीच में आ गयी वो

Uncategorized

girl 3हरदोई : एक महिला को लेकर वृद्ध दंपती के बीच उपजी कलह शुक्रवार को सार्वजनिक हो गई। वृद्धा ने अपने पति पर घर में सौतन लाने और मना करने पर महिला के साथ मिलकर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं वृद्ध ने पत्‍‌नी पर पीटने का आरोप लगाया है। दोनों ने ही एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए कोतवाली शहर पुलिस को शिकायती पत्र दिए हैं।

कोतवाली शहर क्षेत्र के मुहल्ला पीतांबर गंज निवासी 65 वर्षीय महिला ने बताया कि घरेलू हिंसा के तहत उनका पति-पत्‍‌नी के बीच मामला चल चुका है। कोर्ट ने मामले में रहने के लिए घर में एक कमरा और गुजर बसर के लिए 1,500 रुपए प्रतिमाह देने के आदेश दिए हैं। वृद्धा का कहना है कि उसके पति गुजरा भत्ता के रुप में 1,500 रुपए तो देते रहे। लेकिन घर में रहने के लिए दिए कमरे में ताला डाल दिया है।

वह उसे घर से निकलना चाहते हैं। किसी दूसरी महिला को घर में रखना चाह रहे है। वृद्धा का आरोप है कि उसके पति एक महिला को घर पर लाते हैं। इसका उसने विरोध किया तो पति ने महिला के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। उसके पुत्रों और मुहल्ले के लोगों ने उसे बचाया।

जबकि वृद्ध का आरोप है कि उनकी पत्‍‌नी ने उनकी पिटाई कर दी है। शुक्रवार को एसपी कार्यालय में वृद्ध दंपती के बीच दूसरी महिला को लेकर उपजा विवाद चर्चा में रहा। वृद्धा ने अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी को पति और दूसरी महिला पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं वृद्ध ने अपनी पत्‍‌नी पर कार्रवाई के लिए शिकायती पत्र दिया है।

कोतवाली नागेश मिश्रा ने बताया कि दोनों के शिकायती पत्र मिल गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला संपत्ति विवाद का लग रहा है। शनिवार को दंपति को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।