साक्षी ने उगली आग, बताया ‘लव जिहाद का रेटकार्ड’

Uncategorized

sakshi_maharaj_1409नई दिल्ली। संत से सियासत में आने वाले नेताओं की जुबान इन दिनों नफरत का राग कुछ ज्यादा ही अलापने लगी है। भजन-कीर्तन छोड़कर जहर उगलने की फेहरिस्त में एक नया नाम शामिल हुआ है बीजेपी सांसद साक्षी महाराज का। साक्षी महाराज ने मदरसों को आतंकवाद की फैक्ट्री करार दिया है और लव जेहाद करने वालों को पैसे के एवज में ऐसा करने वाला करार दिया है। साक्षी महाराज के मुताबिक लव जेहाद की एक रेट लिस्ट है और ऐसा करने वालों को अरब देशों से पैसे दिए जाते हैं।

साक्षी महाराज ने कहा कि मदरसों में राष्ट्रीयता की शिक्षा नहीं दी जाती है। मुझे आप एक मदरसा बता दीजिए, जहां 15 अगस्त को तिरंगा फहराया जाता हो। क्यों हरे झंडे फहराए जाएंगे, तिरंगा नहीं फहराया जाएगा? मदरसों में आतंकवाद की शिक्षा दी जाती है। अलग-अलग मदरसा बोर्ड क्यों बने हैं। मदरसा बोर्ड हो तो एक हो और इस पर सरकार का नियंत्रण हो। ऐसी बढ़िया शिक्षा मदरसों में दी जाए कि मुस्लिम बच्चों को कुरान की शिक्षा देकर आतंकवादी बनाना राष्ट्र के हित में नहीं है।

साक्षी महाराज लव जिहाद पर भी बोले। उन्होंने कहा कि लड़कियां मुस्लिम लड़कों से मर्जी से शादी नहीं करतीं। कुछ मुस्लिम लड़के रूप बदलकर, नाम बदलकर हिंदू का परिवेश बनाकर हिंदू लड़कियों को अपने प्रेमजाल में फंसाते हैं। इसके लिए अरब देशों से पैसा आ रहा है।

यहीं तक बोल कर रुक जाते तो गनीमत था। इसके बाद एक और भगवाधारी नेता योगी आदित्यनाथ की तरह साक्षी महाराज ने नया फॉर्मूला पेश कर दिया। लव जेहाद का फार्मूला। इस फॉर्मूले के मुताबिक हर धर्म की लड़की को फंसाकर मुसलमान युवक से शादी कराने यानी इस्लाम में शामिल कराने का एक रेट तय है।

सांसद साक्षी महाराज के मुताबिक सरदार की लड़की को फंसाकर शादी करने के लिए 11 लाख, हिंदू की लड़की के लिए 10 लाख, जैन की लड़की के लिए 8 लाख रुपये के रेट फिक्स हैं। ये पैसा अरब देशों से आ रहा है। उनसे होने वाली औलाद को तुरंत ही आतंकवाद की शिक्षा दे दी जाती है यानी हमारी तलवार से हमारी गर्दन काटने का प्रयास किया जाता है।

गौरतलब है कि इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने दंगों का फॉर्मूला पेश किया था। उन्होंने बाकायदा मुस्लिम आबादी और दंगों के बीच रिश्तों का प्रतिशतवार ब्योरा दिया था। माना जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ के यूपी बीजेपी में बढ़ते कद से परेशान होकर अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए साक्षी महाराज ने योगी से भी ज्यादा कड़वे बोल बोलने की रणनीति अपनाई है। बीजेपी यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट गई है। ऐसे में आगे भी दूसरे नेताओं के मुंह से भी ऐसी ही भड़काऊ बयानबाजी सुनने को मिल सकती है।
[bannergarden id=”8″] [bannergarden id=”11″]