बाढ़ से आधा दर्जन गांवों का संपर्क कटा

Uncategorized

UPPफर्रुखाबाद: (अमृतपुर) बाढ़ से आधा दर्जन गांवों का संपर्क कटागंगा की बाढ़ का पानी सोतानाला में तेज धार के साथ बहने से माखन नगला सहित आधा दर्जन गांवों का जनपद से संपर्क कट गया है। एडीएम ने मौके पर पहुंच बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। लेखपाल को सोतानाला पर नाव भेजने के निर्देश दिए।
गंगा की बाढ़ का पानी हमीरपुर परतापुर के सामने सोतानाला में करीब 4 फीट तेज धार के साथ बह रहा है। माखन नगला संपर्क मार्ग पर पुलिया का निर्माण कार्य एक वर्ष में भी पूरा न हो सका। इससे माखन नगला, जटपुरा कैलियाई, फुलहा, रामप्रसाद नगला गांवों का आवागमन बंद हो गया है। गंगा की बाढ़ का पानी करनपुर घाट, कुडरी सारंगपुर, मंझा की मड़ैया, माखन नगला, कुसमापुर, भाऊपुर के करीब पहुंच गया है। किराचन पुलिया के निकट पानी पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने से किराचन, जटपुरा, नगला खुशहाली, सुभानपुर, पंचम नगला, नगला धनी आदि गांवों का आवागमन बंद होने की आशंका है।
रामगंगा की धार से अहलादपुर भटौली, खरगपुर, विचपुरिया में कटान हो रहा है। मंझा की मड़ैया, तीसराम की मड़ैया, बगला गांव के लोग नाव के सहारे आ-जा रहे हैं। एडीएम मनोज सिंघल ने हमीरपुर परतापुर में सोता नाला का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। एडीएम ने ग्रामीणों से बाढ़ में होने वाली कठिनाइयों की जानकारी ली। एडीएम ने लेखपाल सर्वेश को सोतानाला में नाव पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ में आवागमन बंद नहीं होने दिया जाएगा।एएसपी रामभवन चौरसिया ने थानाध्यक्ष मुस्लिम खां को फ्लड पीएसी के लिए क्षेत्र में जाने को वाहनों का इंतजाम करने के निर्देश दिए।
शमसाबाद में कटरी तौफीक के खेतों में कटान से धान व गन्ना की कई एकड़ फसल गंगा में बह गई है। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र में अधिकारियों के न पहुंचने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की ओर गंगा का कटान कम है, लेकिन खेतों की कटान तेज है। राजेंद्र सिंह, सेवक राम, राम तीर्थ, मुनेश्वर, नंदराम आदि का कहना है कि इतना नुकसान होने के बावजूद प्रशासन से काई राहत नहीं मिली है।