गोली से युवक के मरते ही दूल्हा लेकर भाग गये बाराती

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शराब के नशे में पता नहीं क्या-क्या हो जाता है? नशे के कारण ही बीती रात तमंचा लोड करते समय फायर हो गया, गोली से युवक के मरने पर बाराती दूल्हे को लेकर भाग गये|

ह्रदय विदारक घटना बीती रात थाना राजेपुर के ग्राम कड़क्का में हुयी| डॉ अशोक सक्सेना की पुत्री की बरात आयी थी| देर रात बाराती डाक्टर के घर के बाहर जमकर डांस कर रहे थे| अधिकांस बारातियों के नशे में होने के कारण अफरा-तफरी का माहौल था|

विवाह की खुशी में बाराती लायेसेंसी व अवैध असलहों से धुआंधार फायरिंग कर रहे थे| दूल्हे का भाई सुमित भी ३१५ बोर के तमंचे से गोली चला रहा था| लापरवाही से तमंचे को लोड करते समय अचानक गोली चल गयी| गोली पास में ही खड़े युवक अबरार के सीने में घुस कर पार हो गई|

अबरार गाँव के ही असगरशाह की २८ वर्षीय पुत्र था| अबरार के मरने की जानकारी मिलने पर बारातियों का नशा हिरन हो गया| ववाल हो जाने के भय से बाराती दूल्हे को लेकर भाग गये| पड़ोस के गाँव नगला हूसा से बरात आने के कारण अधिकांस बाराती तमंचे लेकर आये थे| भय के कारण डॉ अशोक व उनके परिवार के पुरुष व रिश्तेदार भी भाग गये| दुल्हन हांथों में मेहंदी लगाए मायूस बैठी रही|

अबरार के शव को गाँव से बाहर रखा गया है| एसओ सुजीत दुबे व अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र ने जांच-पड़ताल की| मृतक के भाई अफसर ने नगला हूसा निवासी सुमित सक्सेना के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई|

पुलिस ने बारातियों के वाहन से शव को लोहिया अस्पताल ले जाकर पंचनामा भरा| शव को अस्पताल के शव गृह में रखा जहां से आज सुबह शव ले जाकर पोस्टमार्टम कराया गया| परिजनों में इस बात पर रोष जाहिर किया कि पुलिस ने आनन्-फानन में शव का पंचनामा भर दिया| परिजन व रिश्तेदार अबरार को देखने के लिए तड़पते रहे|

अबरार का थाना व कस्बा अल्लागंज निवासी तौले खां की पुत्री शकीना से निकाह हुआ था| उसके २ छोटे बच्चे हैं|