सीएम पद का प्रेशर नहीं झेल सके केजरीवाल: अखिलेश

Uncategorized

akhileshलखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का मानना है कि सीएम का पद काफी प्रेशर वाला होता है। इसका दबाव झेलना हर किसी के बस की बात नहीं है। उन्होंने गुरुवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम में इशारों-इशारों में कह भी दिया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल इस पद का दबाव पचास दिन भी नहीं झेल सके।

अखिलेश ने कहा कि ..भाग दौड़, ऊपर से हर पल प्रेशर! आप नहीं जानते, सीएम पर कैसे-कैसे प्रेशर होते हैं। सियासी थपेड़ों से मुकाबिल अखिलेश ने जुमलों के सहारे दिल का गुबार निकाला। फिर बोले, एक मुख्यमंत्री तो इस प्रेशर में पचासा पूरा नहीं कर सके और भाग खड़े हुए। निशाना केजरीवाल सरकार की ओर था। मुख्यमंत्री शहरी स्वास्थ्य मिशन की शुरुआत के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री तय समय से करीब डेढ़ घंटे देर से शाम साढ़े पांच बजे आयोजन स्थल पहुंचे। बोलने की बारी आई तो उन्होंने योजना और स्वास्थ्य महकमे की तारीफ करने के बाद दिल की कही। उन्होंने कहा कि सुबह से निकला हूं। सदन गया। वहां से बलिया गया, जो बिहार की सीमा से लगा है। लौटने में थोड़ी देर हो गई। आप नहीं जानते कि सीएम पर कितने प्रेशर होते हैं। कैसे-कैसे प्रेशर होते हैं। फिर छात्रों की ओर मुखातिब हुए। बोले, शाम होने पर चिड़ियां भी अपने घोसलों की ओर लौट पड़ती हैं, आप को भी देर हो रही है।