मासूम अंगुलियों ने कैनवस पर उकेरा भ्रष्‍टाचार का रावण

Uncategorized

फर्रुखाबाद: 9वें युवा महोत्सव में गुरुवार को पेन्टिंग व ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रकार की मनमोहक पेन्टिंगों व ड्राइंग का प्रदर्शन किया। जिसमें प्रतिभागियों ने भ्रष्टाचार का भी अपनी पेटिंगों में सजीव चित्रण किया।

सेन्ट थॉमस स्कूल में आयोजित की गयी पेन्टिंग प्रतियोगिता में प्राकृतिक सौन्दर्य एवं भ्रष्टाचार विषय पर पेन्टिंग व ड्राइंग का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सुरभि गोस्वामी ने अपने चित्रण में भ्रष्टाचार का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया। सरकार के भ्रष्टाचार को उन्होंने अपनी पेटिंग के द्वारा प्रदर्शित किया। वहीं दीपिका शाक्य ने प्राकृतिक सौन्दर्य में अधिक वृक्ष लगाओ का सजीव चित्रण किया। लिटिल सक्सेना ने सुबह की प्राकृतिक छटा को अपनी कला से दिखाया। मनीषा राठौर ने प्राकृतिक सौन्दर्य के अन्तर्गत मछलियों की सजीव कलाकृति प्रस्तुत की। पल्लवी गुप्ता ने सांयकालीन प्राकृतिक सौन्दर्य का आकर्षण नमूना पेश किया। सोनी गुप्ता ने प्रातःकालीन बेला का आकर्षक चित्रांकन किया। वहीं अंकित कुमार ने उगते सूरज की आकर्षक कला प्रस्तुत की। कार्यक्रम में डा0 संजीव शर्मा, मयंक सिंह, कृष्णकांत त्रिपाठी अक्षर, अंकिता मिश्रा आदि मौजूद रहीं। प्रतिभागियों के परिणाम 21 जनवरी को घोषित किये जायेंगे।