गंगा स्नान करने जा रहे आधा दर्जन श्रद्धालु मार्ग दुर्घटना में घायल, एक की मौत

Uncategorized

फर्रुखाबाद: कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए जा रहे आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु अलग अलग मार्ग दुर्घटनाओं में घायल हो गये व एक की मौत हो गयी। सभी घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के मुताबिक गंगा स्नान करके जा रही श्रद्धालुओं से भरी बुलेरो संख्या यूपी 84जे 2261 जब बेबर रोड के भाऊपुर गांव के निकट पहुंची तभी बघार नाले की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुलेरो अनियंत्रित हो गयी और उसने गंगा स्नान करने आ रहे एक साइकिल सवार श्रद्धालु को रौंद दिया और खुद खाई में जा गिरी। 50 वर्षीय साइकिल सवार विष्णु सेवक दुबे निवासी झिंझुकी थाना जहानगंज की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि बुलेरो के अंदर बैठे 30 वर्षीय राजेश पुत्र बालकराम, 25 वर्षीय कांतीदेवी पत्नी रावेन्द्र निवासी ग्राम बैरामऊ, बेबर मैनपुरी गंभीर रूप से घायल हो गये। रोडवेज तो टक्कर मारकर पहले ही चली गयी। बुलेरो खाई में गिरने के बाद चालक मौका देखकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को लोहिया अस्पताल लेकर आयी। जहां चिकित्सकों ने विष्णुसेवक दुबे को मृत घोषित कर दिया।

वहीं दूसरी घटना नेकपुर पुल के निकट हुई। जहां गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गयी। जिसमें 32 वर्षीय गीता पत्नी संतोष, 30 वर्षीय कैलाशी पत्नी पातीराम, 30 वर्षीय रूबी पत्नी संजय निवासी घनश्यामपुर औझा मैनपुरी गंभीर रूप से घायल हो गये। एक अन्य ट्रैक्टर में सवार 50 वर्षीय महिला सुशीला पत्नी रामसेवक निवासी ग्राम अदुपालपुर साहबाद हरदोई ट्राली से अचानक गिर गयी। जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गयी। सभी घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया।