अवैध रूप से चल रहीं चार आरा मशीनों पर वन विभाग की गाज

Uncategorized

फर्रुखाबाद: भले ही विश्व स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ बचाओ अभियान चलाया जा रहा हो लेकिन जनपद में वनविभाग अधिकारियों द्वारा भारी कमीशन लेकर खुलेआम पेड़ों की कटाई धड़ल्ले से जारी रही। जिसके चलते जनपद में कुकुरमुत्तों की भांति जगह जगह अवैध रूप से आरा मशीनें भी संचालित की जा रहीं हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बाद वन विभाग ने शुक्रवार को छापेमारी कर अवैध रूप से चल चल रहीं चार आरा मशीनों को सीज कर दिया। प्रश्न इस बात का है क्या वर्षों से चल रहीं इन आरा मशीनों के अवैध होने की जानकारी वन विभाग को नहीं थी?

उप प्रभारी वन अधिकारी रमेशचन्द्र के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में छापेमारी की। वन विभाग की टीम के पहुंचते ही कुछ आरा मशीन पर काम कर रहे मजदूर व संचालक भाग गये। वन विभाग की टीम ने मऊदरवाजा से रामशरण व धर्मपाल की आरा मशीनें सीज कर दीं व उनका आरा मशीन चलाने में इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरण जब्त कर लिये। वहीं ढिलावल क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर सिद्धिनाथ द्विवेदी व दीपक यादव की आरा मशीनों पर छापेमारी की और अवैध रूप से चल रहीं आरा मशीनों को सीज कर दिया। जिला वन अधिकारी आर के सिंह ने बताया कि जनपद में अवैध रूप से चल रहीं आरा मशीनों को सीज करने का काम आगे भी जारी रहेगा।

इस दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी अभयशंकर श्रीवास्तव, डिप्टी रेंजर बिहारीलाल, वन दरोगा रघुवर दयाल, क्षेत्रीय वन अधिकारी कायमगंज ईश्वरचन्द्र व वन दरोगा मैकूलाल आदि लोग वन विभाग के फोर्स के साथ अभियान में शामिल रहे।