फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) सामने से दो बाईकों की भिड़ंत में तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को लोहिया अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां घायलों का इलाज चल रहा हैं।
थाना क्षेत्र में इटावा–बरेली हाईवे पर शुक्रवार को प्रभात ढाबा के सामने दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। जिसमें तीन लोग
गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और घायल सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद
एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायलों की पहचान नगला बीच निवासी 40 वर्षीय सर्वेश पुत्र बाकेलाल , 32 वर्षीय भूपेन्द्र पुत्र प्रेम सिंह तथा राजन बाबू पुत्र रणवीर सिंह निवासी मिसराना थाना भोगांव मैनपुरी के रूप में हुई है। राजन बाबू भोगांव में बैंक गार्ड की नौकरी करता है। घटना की जानकारी मिलते ही हल्का इंचार्ज अखिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइको के आमने-सामने भिड़ीं दो मोटर साइकिल, बैंक गार्ड सहित तीन गंभीर
फांसी के फंदे पर झूलती मिली सफाई कर्मी की पत्नी, मौत
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी जान अली भीकमपुर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी पर लटका मिला। नगर पालिका में सफाई कर्मी के पद पर तैनात अनिल बाल्मिक की 28 वर्षीय पत्नी सोनम ने आत्महत्या कर ली।
ड्यूटी से लौटने पर खुला मामला
जानकारी के अनुसार अनिल रोज की तरह सुबह ड्यूटी पर गया था। करीब 10 बजे जब वह घर लौटा तो दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो अनिल को अनहोनी की आशंका हुई।
चार माह का बेटा नीचे मिलने पर बढ़ी चिंता
इसी दौरान अनिल को जानकारी मिली कि उसका चार माह का बेटा नीचे रहने वाली चाची के पास है। इसके बाद उसने दरवाजे की कुंडी तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां सोनम का शव फांसी पर लटका देख वह अवाक रह गया।
दुपट्टे से लगाया फंदा
बताया गया कि सोनम ने बेड पर खड़े होकर छत में लगे कुंडे में दुपट्टे का फंदा डालकर फांसी लगाई थी। मोहल्ले के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मायके का पता, छह साल पहले हुआ था विवाह
मृतका सोनम कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के मोहल्ला कैट कॉलोनी कासिमबाग निवासी मदनलाल की पुत्री थी। उसका विवाह छह वर्ष पूर्व अनिल से हुआ था। सोनम के दो बच्चे हैं, जिनमें दो वर्षीय पुत्री सोना और चार माह का बेटा शामिल है। घटना से पहले सुबह सोनम अपनी पुत्री को कन्हई नगला स्थित स्कूल छोड़कर आई थी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
सूचना मिलने पर मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह बीबीगंज चौकी प्रभारी नितिन कुमार यादव के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। अधिकारियों को सूचना देकर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
मानसिक परेशानी की बात सामने आई
मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि चार माह पहले बेटे के जन्म के बाद से सोनम का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने पोस्टमार्टम न कराने की मांग की, लेकिन पुलिस ने नियमानुसार पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही।
पति ने विवाद से किया इनकार
वहीं मृतका के पति अनिल ने बताया कि पत्नी के साथ कभी किसी तरह का विवाद नहीं हुआ। सुबह घर के सभी लोग नगर पालिका की सफाई ड्यूटी पर चले जाते थे। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष अजब सिंह नें बताया की पोस्टमार्टम कराया जा रहा हैं, तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी|
सातनपुर मंडी में आलू की कीमतों में नरमी, बिकवाली सुस्त
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर मंडी में आज 16 जनवरी को आलू की बिक्री कमजोर रही। मंडी में आलू का भाव ज्यादातर 351 से 451 रुपये प्रति कुंतल के बीच दर्ज किया गया। बीते दिन की तुलना में आज मंडी में आमद भी कम रही और करीब 60 मोटर आलू ही पहुंच सका।
कम आवक के बावजूद खरीदारों की रुचि कमजोर दिखी, जिसके चलते मंडी में बिकवाली सुस्त रही। किसानों का कहना है कि लागत के मुकाबले भाव कम मिलने से वे चिंतित हैं, वहीं व्यापारियों के अनुसार बाजार में मांग घटने के कारण तेजी नहीं बन पा रही है।


मकर संक्रांति पर भव्य भंडारे का आयोजन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मकर संक्रांति के अवसर पर सेंट्रल जेल चौराहा व श्री शिव शक्ति महाकाल मंदिर पाल नगला विजाधरपुर में क्षेत्रीय एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए विशाल खिचड़ी भोज का आयोजन किया। कार्यक्रम में व्यापारियों के साथ-साथ भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ ही राहगीरो ने शिरकत की। संयुक्त रूप से भंडारे का आयोजन किया गया, भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने के लिए भारी मात्रा में लोग एकत्रित हुए और प्रसाद ग्रहण किया |
सेन्ट्रल जेल चौराहे पर सेन्ट्रल जेल व्यापार मंडल अध्यक्ष योगेश गुप्ता के प्रतिष्ठान के बाहर भंडारे का आयोजन किया गया, जहां खिचड़ी व तहरी का वितरण सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुआ और शाम तक अनवरत चलता रहा, इसी क्रम में तहरी व खिचड़ी का प्रसाद श्री शिव शक्ति महाकाल मंदिर पर भी भंडारे के रूप में वितरित किया गया, जिसमे लोगों नें उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण किया, दोनों जगहों पर माहौल भक्तिमय रहा | सेन्ट्रल जेल व्यापार मंडल महामंत्री डॉ संजीब त्रिपाठी, देवेंद्र सक्सेना (पिंटू), वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष यादव, शिवम दुबे, अवनीश मिस्त्री, मनीष मिश्रा, डॉ. रवि राजपूत, पाल सेना जिलाध्यक्ष पंकज पाल, दुर्गेश राठौर, राहुल उपाध्याय, रामजी शुक्ला नें व्यवस्था देखी | फैम व्यापार मंडल जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा, हिन्दू महासभा प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ मिश्रा व जिलाध्यक्ष क्रांति पाठक आदि रहे |

सपा सांसद डिम्पल यादव का मनाया जन्मदिन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ के नवदिया मार्केट में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की धर्मपत्नी एवं मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव के जन्मदिवस के अवसर पर सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केक काटकर मिष्ठान वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष समाजवादी पार्टी पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट, युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रवेश कटियार (टिल्लू) एवं महानगर महासचिव रजत क्रांतिकारी ने समाजवादी साथियों के साथ केक काटकर सांसद डिंपल यादव का जन्मदिन मनाया।
जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट ने कहा कि आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में फर्रुखाबाद की चारों सीटें जीतकर डिंपल यादव को जन्मदिन का उपहार दिया जाएगा तथा अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रवेश कटियार ने सांसद डिंपल यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। वहीं महानगर महासचिव रजत क्रांतिकारी ने कहा कि समाजवादी सरकार में
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जो कार्य किए गए, वे ऐतिहासिक हैं और भविष्य में भी पार्टी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व महासचिव जहान सिंह लोधी, अरशद फारूकी, पूर्व सभासद दिलीप कठेरिया, हसन जैदी, रवीश कुमार द्विवेदी, शैंकी यादव, अफसान, नवनीत अग्निहोत्री, चंदन मिश्रा, प्रेमचंद्र, रीताम कटियार, विशाल यादव, अजय कटियार, रिंकू यादव, विनीत कुमार, अर्जुन, सुनील यादव, अन्नू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बाइक की टक्कर से किसान की मौत, एक घायल
फर्रुखाबाद:(जहानगंज/नगर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम नियामतपुर ठकुरान निवासी 50 वर्षीय शत्रुगन पुत्र जगदीश सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। मृतक के परिवार में पत्नी रेखा तथा दो पुत्र आदित्य और गोलू हैं। बताया गया है कि उनका मकान निर्माणाधीन था।
जानकारी के अनुसार, शत्रुगन बुधवार को घर के लिए निर्माण सामग्री लेने बाइक से दालमंडी बाजार गए थे। लौटते समय पीछे से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाली बाइक विशाल शर्मा, पुत्र मुकेश शर्मा, निवासी करनपुरदत्त थाना अमृतपुर चला रहा था।
हादसे में शत्रुगन और विशाल शर्मा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने शत्रुगन को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल शर्मा का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच की जा रही है।


चार्जर चोरी के आरोप में युवक को उतारा था मौत के घाट, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है। मृतक के पिता प्रेमचंद्र कठेरिया की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
परिजनों के अनुसार, 11 जनवरी 2026 की रात करीब 8 बजे गांव के ही राजवीर बाथम के पुत्र अजीत और कलक्टर बाथम के पुत्र राजेश ने राजेश कठेरिया पर ई-रिक्शा की बैटरी का चार्जर चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि दोनों ने जातिसूचक गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट की और उसे घर के पास से एक पिकअप गाड़ी में बैठाकर ले गए।
घटना के बाद राजेश घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बाद में सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर सामने आने पर परिजनों ने मोर्चरी पहुंचकर पहचान की, जहां पुष्टि हुई कि शव राजेश कठेरिया का ही था।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में आरोपी राजेश बाथम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अजीत बाथम फरार है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

33 चायनीज चरखी सहित आरोपी गिरफ्तार, घर से माल बरामद
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) बसंत पंचमी नजदीक आते ही नगर में चायनीज मांझा की बिक्री जोरों पर हो गयी हैं, लिहाजा पुलिस माँझे के आयात कों नही रोंक पा रही हैं, बड़ा सबाल हैं की आखिर जिले में चायनीज मांझा कहा से आ रहा हैं, पुलिस केबल गुर्गो पर कार्यवाही कर रही है, गुरु के गिरेवान तक हाथ नही जा रहा हैं, बीती रात भी पुलिस नें एक बिक्रेता के घर से 33 चरखी चायनीज मांझा बरामद कर उसे गिरफ्तार किया | बीती रात शहर कोतवाली पुलिस नें बटुआ वाली गली निवासी वैभव मिश्रा पुत्र मनोज कुमार मिश्रा के घर से 33 चरखी चायनीज मांझा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया, पुलिस ने इससे पूर्व भी कई लोगों कों चायनीज मांझा बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया, लेकिन पुलिस बाहर से आने वाले चायनीज मांझा का पता लगाने में नाकाम हैं |


लोहिया अस्पताल के पास चाइनीज मांझा बेचता आरोपी गिरफ्तार, 11 चरखियां बरामद
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) जनपद में चाइनीज मांझा की बिक्री पर रोक के बावजूद अवैध धंधा जारी है। पुलिस ने लोहिया ग्राउंड स्थित मंदिर के पास से एक व्यक्ति को चाइनीज मांझा बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 चरखियां चाइनीज मांझा बरामद की हैं, जिन्हें सील कर कब्जे में ले लिया गया है।
मंगलवार रात्रि कादरीगेट थाना क्षेत्र के लोहिया ग्राउंड मंदिर के पास एक
व्यक्ति बैग में चाइनीज मांझा की चरखियां बिक्री की सूचना पर लेकर बिक्री कर रहा है। पुलिस ने दबिश दी तो एक व्यक्ति सड़क किनारे हल्की रोशनी में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह व्यक्ति घबरा गया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। युवक के पास से बैग खोलने पर 11 प्लास्टिक की चरखियां चाइनीज मांझा बरामद हुईं।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम विजय पुत्र दिवारीलाल, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी सलामत खां, थाना कोतवाली फर्रुखाबाद बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चाइनीज मांझा बेचने के लिए आया था और गलती हो जाने की बात कहते हुए माफी मांगने लगा।
बरामद नीले बैग सहित सभी 11 चरखियों को सफेद कपड़े में रखकर सील किया गया । इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से लगभग एक दर्जन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है।

सामूहिक विवाह में 19 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्री मंगला गौरी सेवा समिति द्वारा गरीब कन्याओं के लिए श्री गुरुगांव देवी मंदिर परिसर में आयोजित छठवां सामूहिक विवाह समारोह भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। नगर के विभिन्न मार्गों से होकर बारात कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, जहां फूल-मालाओं से बारातियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं समृद्ध दांपत्य जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया।
समिति की ओर से प्रत्येक दूल्हे को दहेज स्वरूप अलमारी, बेड, बर्तन, ड्रेसिंग टेबल, रजाई-गद्दा, गैस सिलेंडर सहित वधुओं के श्रृंगार का समस्त सामान भेंट किया गया। सामूहिक विवाह समारोह में आचार्य शिव नारायण तिवारी द्वारा विधि-विधान से सभी वैवाहिक संस्कार संपन्न कराए गए। इस अवसर पर ममता देवी–ब्रह्मानंद, गुलशन–अंकित, मोहिनी–आशू कश्यप, उमा–कपिल राजपूत, कामिनी–प्रमोद, मुस्कान–
रजनीकांत, सोनम–राजाबाबू, रिया–अनिल गुप्ता, राधा देवी–नीलेश, पूजा बाथम–पवन बाथम, संध्या–शुभनेश, आरती–शाहिल गुप्ता, सोनी–अरुण, सुमेगा–अर्जुन सिंह, गायत्री–गौरव कुमार, गीता देवी–विकास श्रीवास्तव, हिमानी सक्सेना–आकाश सक्सेना तथा अनामिका–सौरभ कुमार सहित कुल 19 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे।
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक मुन्नालाल वाष्णेय, संरक्षक अजय परमार, कार्यक्रम संयोजक अनूप कुमार गुप्ता, अध्यक्ष अनूप चैरसिया, सचिव अरविंद गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत कनौजिया, कोषाध्यक्ष गोपाल कश्यप सहित कार्यकारिणी सदस्य गौरव तिवारी, लकी गुप्ता, अनिल कसेरे, लकी कश्यप, सागर भारद्वाज, संजय सक्सेना, सचिन यादव रहे।



