फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद में शनिवार को शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में भीषण जाम की स्थिति बनी रही। लाल सराय से लेकर नेहरू रोड तक शाम करीब 7:30 बजे लंबा जाम लग गया, जिसमें एक एंबुलेंस काफी देर तक फंसी रही। एंबुलेंस सायरन बजाती रही, लेकिन जाम इतना अधिक था कि उसे आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिल सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार जाम खुलवाने के लिए न तो कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और न ही यातायात पुलिस के जवान दिखाई दिए। हैरानी की बात यह रही कि कोतवाली के ठीक सामने जाम लगा रहा, इसके बावजूद किसी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी ने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया। बाद में राहगीरों और दुकानदारों ने स्वयं प्रयास कर एंबुलेंस को किसी तरह निकलवाया। नागरिकों का कहना है कि नेहरू रोड पर जाम अब रोज की समस्या बन चुका है। बेतरतीब पार्किंग, अतिक्रमण, ई-रिक्शा और ठेलों की भीड़ के कारण शाम के समय यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। जबकि यातायात पुलिस की ड्यूटी रात 8 बजे तक रहती है, इसके बावजूद मौके पर कोई सक्रियता नजर नहीं आती।
स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है कि यदि जाम में फंसे किसी मरीज की हालत बिगड़ जाए तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि नेहरू रोड पर नियमित रूप से यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए, अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाए और बाजार क्षेत्र में सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में आपातकालीन सेवाओं को बाधा का सामना न करना पड़े।
भीषण जाम, एंबुलेंस फंसी, पुलिस नदारद
फर्जी फॉर्म-7 का आरोप: सपा नेताओं ने 210 आवेदन पकड़े, कार्रवाई की मांग
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) निर्वाचन आयोग की चल रही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बीच फर्जी फॉर्म-7 भरकर वैध मतदाताओं के नाम काटने की कोशिश का आरोप सामने आया है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने मामले में तत्काल जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की है।
194 सदर विधानसभा के तीन बूथों पर मिला मामला
पार्टी के अनुसार 194 विधानसभा सदर क्षेत्र में नवाब दिवाकर जंग बूथ संख्या 276 पर 66, बूथ 277 पर 130 तथा बजरिया बड़ा खेल बूथ 278 पर 14 फॉर्म-7 संदिग्ध तरीके से भरे जाने की सूचना मिली। जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने बताया कि सूचना मिलते ही जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय मतदाताओं ने आरोप लगाया कि उनके नाम काटने के लिए फॉर्म-7 में अन्य व्यक्तियों को आवेदनकर्ता दर्शाया गया और बीएलओ पर दबाव बनाकर फॉर्म जमा कराने की कोशिश की गई।
सपा का आरोप-सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी तथ्यों सहित उच्चाधिकारियों को शिकायत दे रही है, लेकिन रोकथाम के ठोस प्रयास नहीं दिख रहे। संबंधित बीएलओ से वार्ता कर स्पष्ट किया गया है कि किसी वैध मतदाता का नाम सूची से नहीं कटने दिया जाएगा; अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।
लिखित शिकायत व आंदोलन की चेतावनी
जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि मतदाताओं को बिना सूचना हस्ताक्षर कराने और फॉर्म जमा करने का दबाव बनाने की सूचना मिली है, जबकि संबंधित मतदाता जीवित व वैध हैं। जिला प्रवक्ता/सचिव राधेश्याम सविता ने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर बताते हुए जिम्मेदारों के विरुद्ध निर्वाचन आयोग को लिखित शिकायत देने और शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराने की बात कही। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सतर्क रहने और किसी भी आशंका की तत्काल सूचना जिला कार्यालय को देने की अपील की है।
डीएम नें ब्लैक स्पॉट का किया स्थलीय निरीक्षण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न ब्लैक स्पॉट का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी (यातायात) अभय वर्मा, अवर अभियंता (निर्माण खंड) लोक निर्माण विभाग अंकित कुमार तथा थानाध्यक्ष राजेपुर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शेराखार, डबरी, मेहमदपुर गढ़िया, गांधी मोड़, निबिया चौराहा व जमापुर चौराहा समेत राष्ट्रीय राजमार्ग के दुर्घटना बाहुल्य स्थलों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने लिंक मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाने, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा राजमार्ग के दोनों ओर रिपीटेड बार (रंबल स्ट्रिप) लगाने के निर्देश दिए। जहां ढलान अधिक है, उसे दुरुस्त कराने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड तत्काल लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई कर दृश्यता बेहतर करने पर जोर दिया गया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और संबंधित विभाग निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करें।
संदिग्ध हालात में युवक की मौत, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पत्नी मोनी पत्नी संतोष ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसके पति संतोष गाजियाबाद में प्राइवेट नौकरी करते थे। बीते बुधवार को कुछ लोगों ने उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद उनका शव एम्बुलेंस से गांव लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पत्नी मोनी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मामले में उपनिरीक्षक अमित कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सातनपुर मंडी में 471 रूपये कुंतल बिका आलू
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रूखाबाद। सातनपुर मंडी में आज आलू के भाव गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग रहे। चेचक वाले आलू की बिक्री 251 से 301 रुपये प्रति क्विंटल के बीच हुई। गड्ड आलू 301 से 401 रुपये प्रति क्विंटल में बिके। सामान्य छट्ठा आलू के दाम 401 से 471 रुपये प्रति क्विंटल तक रहे।
वहीं सुपर छट्ठा बगैर छिले पके साउथ क्वालिटी आलू ने अधिकतम 581 रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव पाया। मंडी में अच्छी क्वालिटी के आलू की मांग अपेक्षाकृत बेहतर रही, जबकि कमजोर क्वालिटी वाले आलू की बिक्री सुस्त बताई गई। व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में आवक और मांग के अनुसार दामों में उतार-चढ़ाव संभव है।
श्री महाकाल पालकी यात्रा: दूल्हा बने बाबा, पांचाल नगरी में गूंजी हर-हर महादेव
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पांचाल की नगरी में श्री महाकाल सामाजिक सेवा समिति की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि उत्सव के क्रम में द्वितीय दिवस “श्री महाकाल पालकी यात्रा” भव्यता और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई।
“दूल्हा बने हैं बाबा” की भावना के साथ बाबा महाकाल की बारात स्वरूप यह यात्रा श्री पाण्डवेश्वर नाथ द्वादश ज्योतिर्लिंग मठ से विधि-विधानपूर्वक प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई माता सिद्धिधात्री मंदिर (मठिया देवी) पहुंची, जहां जयमाल की रस्म अदा की गई। इसके पश्चात यात्रा पुनः श्री पाण्डवेश्वर नाथ शिवालय पर आकर विश्राम हुई।
पालकी यात्रा में सर्वप्रथम भगवान शंकर की आकर्षक झांकी, बाल हनुमान का स्वरूप, महाकाल जी का धूना और बाबा की सुसज्जित पालकी के साथ गौरी-शंकर के दिव्य रूप ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “जस दूलहु तसि बनी बराता” की तर्ज पर सजी यह बारात नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही।
नगर के श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारकर एवं पुष्प वर्षा कर बाबा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवक-युवतियां झूम उठे। “हर-हर महादेव” के उद्घोष से पूरा नगर शिवमय हो गया। भक्ति, उल्लास और श्रद्धा से सराबोर यह पालकी यात्रा नगरवासियों के लिए अविस्मरणीय बन गई।
यात्रा के विश्राम उपरांत मंदिर परिसर में समिति की ओर से भंडारे की व्यवस्था की गई। प्रशासन की ओर से भी यात्रा में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। मंदिर के प्रमुख पुजारी राजेश शर्मा, उमेश शर्मा एवं गोपाल शर्मा ने पूजन-हवन कर विधिवत यात्रा का शुभारंभ कराया। यात्रा को सफल बनाने में श्री मंदिर जीर्णोद्धार कोष के मंत्री अनिल कुमार त्रिपाठी एवं मनीश मिश्रा का विशेष सहयोग रहा। व्यवस्था में अनुज राजपूत, आशीष सक्सेना, राहुल कुमार, प्रखर शर्मा, अखिल, कृष्णा, अमन, तनिष्क, रामजी, आयुष, गोपाल, किशन, लक्ष्य सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
गैंगस्टर एक्ट में डब्बन व उनके भाई बब्बन सहित आधा दर्जन आरोपी भेजे जेल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)थाना मऊदरवाजा थाना में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
मामले में गैंग लीडर अनुपम दुबे समेत 11 आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के निर्देशन में गठित संयुक्त टीमों ने दबिश देकर छह नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
जेल भेजे गए आरोपियों में अनुराग कुमार उर्फ अनुराग दुबे उर्फ डब्बन पुत्र स्वर्गीय महेश चन्द्र दुबे निवासी ग्राम सहसापुर थाना मोहम्मदाबाद जनपद फतेहगढ़ हाल पता मकान नंबर 1/36 मोहल्ला कसरट्टा कोतवाली फतेहगढ़ जनपद फतेहगढ़ शामिल हैं। अमित कुमार उर्फ अमित दुबे उर्फ बब्बन पुत्र स्वर्गीय महेश चन्द्र दुबे निवासी ग्राम सहसापुर थाना मोहम्मदाबाद जनपद फतेहगढ़ हाल पता मकान नंबर 1/36 मोहल्ला कसरट्टा कोतवाली फतेहगढ़ जनपद फतेहगढ़ को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
महेन्द्र कटियार पुत्र स्वर्गीय रमेशचन्द्र कटियार निवासी मोहल्ला बढ़पुर थाना कादरीगेट जनपद फतेहगढ़, विनीत दुबे उर्फ बीनू पुत्र राधाकृष्ण निवासी ग्राम सहसापुर थाना मोहम्मदाबाद जनपद फतेहगढ़, धर्मेन्द्र चतुर्वेदी उर्फ पप्पू पुत्र रामबालक उर्फ बालकराम निवासी ग्राम अलावलपुर थाना मोहम्मदाबाद जनपद फतेहगढ़ तथा आदेश सिंह पुत्र कृष्ण कुमार निवासी ग्राम सहारा थाना बिछवां जनपद मैनपुरी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी डब्बन पर 29 आपराधिक मुकदमे तथा अमित दुबे उर्फ बब्बन पर 20 मुकदमे दर्ज हैं। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने कहा है कि संगठित अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
सेन्ट्रल जेल में आजीवन कारावास के बंदी नें फांसी लगाकर दी जान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ के आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी ने तनाव में आकर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी| मामले की सूचना आलाधिकारियों को दी गयी | थाना मेरापुर के ग्राम सिलसिंडा निवासी 39 वर्षीय प्रभाकर उर्फ प्रभात पुत्र रामकुमार राजपूत कों नाबालिक से दुष्कर्म में पास्को अधिनियम के तहत आजीवन कारावास की सजा फरवरी 2024 कों दी गयी थी, 24 मार्च 2024 कों बंदी प्रभात कों सेन्ट्रल जेल में निरुद्ध किया गया था, | मिली जानकारी के मुताबिक बंदी प्रभात की दरी कार खाने में दरी बनाने में डियूटी लगा थी, उसी दौरान दोपहर लगभग 3:15 बजे बंदी प्रभात नें दरी कारखानें के निकट पुराने भवन में लोहे की राड में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या करनें का प्रयास किया, आनन फानन में जेल कर्मियों नें उसे उतार कर जेल चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां से उसे लोहिया अस्पताल में लाया गया, लोहिया में बंदी प्रभात कों मृत घोषित कर दिया, बंदी का शव लोहिया की मोर्चारी में रखा दिया गया | सेन्ट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक आशीष तिवारी नें बताया की बंदी प्रभात नें फांसी लगा ली हैँ, जिससे उसकी मौत हो गयी हैँ, मामले की जाँच कराकर यदि कोई दोषी हुआ तो कार्यवाही होंगी |
मंडी में आलू भाव 351 से 751 रूपये कुंतल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर मंडी में शुक्रवार को आलू की आवक और बिक्री सामान्य रही। बाजार में गड्ड आलू 351 से 451 रुपये प्रति कुंतल के भाव पर बिका, जबकि बगैर छिले साऊथ व कोल्ड क्वालिटी छट्ठा आलू 451 से 551 रुपये प्रति कुंतल तक रहा।
वहीं लाल हालैंड आलू के दाम मजबूत रहे और इसकी बिक्री 681 से 751 रुपये प्रति कुंतल के भाव पर हुई। व्यापारियों के अनुसार लाल हालैंड की मांग बेहतर बनी हुई है, जिससे इसके दाम अन्य किस्मों की तुलना में ऊंचे रहे।
चेचक वाले आलू की बिकवाली कमजोर रही। मांग कम होने और भाव गिरने से इस किस्म की हालत दयनीय बनी हुई है। आढ़तियों का कहना है कि गुणवत्ता प्रभावित होने के कारण खरीदार इसमें रुचि नहीं दिखा रहे हैं। आज की कुल खरीद का लगभग आधा हिस्सा साउथ की मंडियों और कोल्ड स्टोरेज कारोबारियों द्वारा किया गया, जिससे बाजार में सीमित सहारा मिला। किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाले आलू पर ही संतोषजनक दाम मिल पा रहे हैं।
रखा बालिका इंटर कालेज में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत रखा बालिका इंटर कालेज में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आशुतोष कुमार द्विवेदी (जिलाधिकारी, फर्रूखाबाद) ने उपस्थित लगभग 200 शिक्षकों व छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं मुख्य रूप से लापरवाही के कारण बढ़ रही हैं, जिन्हें नियंत्रित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने सभी से अपील की कि यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करें। किसी भी स्थिति में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा ओवरलोडिंग से बचें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही वाहन के सभी आवश्यक प्रपत्र पूर्ण रखने की भी सलाह दी।
इस अवसर पर शैक्षिक सत्र 2025-26 के राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने वैज्ञानिक मॉडल एवं प्रयोग प्रस्तुत कर जटिल सिद्धांतों को सरल रूप में समझाया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई तथा जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को शून्य करने का संकल्प दोहराया। इस दौरान विनोद कुमार गौड़ (सीडीओ), एस के तिवारी (डीडीओ), वीपी सिंह (बीएसए), सुभाष राजपूत (एआरटीओ-प्रवर्तन), कृष्ण कुमार यादव (एआरटीओ-प्रशासन), प्रधानाचार्या नीतू मसीह सहित विद्यालय के शिक्षक, स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



