Home Blog Page 5799

मंदिर में बच्चे का जन्म, लोगों ने कहा वरदान है

बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के तुलसीपुर क्षेत्र में देवी जी के मंदिर में एक बच्चे का जन्म हुआ। बच्चे को जन्म एक नेपाली महिला ने दिया है।

नवरात्रि का मेला देखने और देवी जी के दर्शन करने आई एक नेपाली युवती ने मंदिर परिसर में ही एक पुत्र को जन्म दे दिया। बच्चे को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई।

नवजात शिशु को देख कर लोग ने उसे देवी का वरदान कहा और उसे पाटेश्वरी प्रसाद कह कर पुकारने लगे।

दशहरे पर उप्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित समूचे राज्य में विजयदशमी को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जगह-जगह रावण के पुतले बनाए गए हैं, जिन्हें रविवार को जलाया जाएगा। दशहरे के अवसर पर प्रशासन की तरफ से राज्य भर में सुरक्षा के क़डे इंतजाम भी किए गए हैं।

लखनऊ के आशियाना इलाके में रावण दहन के सबसे ब़डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यहां 50 फुट ऊंचे रावण का पुतला बनाया गया है। रावण के साथ ही उसके भाई कुम्भकर्ण और बेटे मेघनाद के विशालकाय पुतले भी जलाए जाएंगे। दशहरे के दिन ( रविवार को) रावण दहन कार्यक्रम के दौरान यहां ब़डी संख्या में विशिष्ट लोग जमा होंगे। माना जा रहा है कि राज्यपाल बी. एल. जोशी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

राजधानी में ऎशबाग मैदान, तेलीबाग मैदान, हिंदुस्तान एयरोनॉटक्सि लिमिटेड (एचएएल) परिसर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। अमीनाबाद बाजार के दुकानदार रईस अहमद कहते हैं कि “छोटा रावण” खासकर उन लोगों को ध्यान में रखकर बनाया गया था जो अपने बच्चों को लेकर अगर मेला ग्राउंड न जाना चाहें तो वह अपने मुहल्ले या घर में ही रावण का दहन कर सकते हैं।

इस पुतले की कीमत 100 रूपये से लेकर 500 रूपये तक रखी गई है। राम की रावण पर विजय के तौर पर मनाया जाने वाला दशहरा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इससे पहले नवरात्रि के दौरान अनेक स्थानों पर रामलीलाएं आयोजित की गई। लखनऊ के अलावा राज्य के कानपुर, वाराणसी, इलाहाबाद, गोरखपुर शहरों में दुर्गा पूजा और रामलीलाओं की धूम है। इन जिलों में भी रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

माया सरकार को मुंह चिढाता लाटरी का धंधा

सुल्तानपुर:: यूँ तो लगभग एक दशक पहले ही तत्कालीन माया सरकार नें प्रदेश से लाटरी के धंधे पर रोक लगा दी थी लेकिन लाखो की आमदनी वो भी बिना किसी मेहनत के तो भला ये धंधा कोई कैसे बंद करे.

लिहाजा कुछ लोगो नें विडिओ गेम के नाम पर इंटरनेट माध्यम से लाटरी का धंधा शुरू किया है जिले इस काम को करने से पहले लक इंडिया नाम की संस्था ने इसका बाकायदा मनोरंजन विभाग में जिलाधिकारी की सहमति से अनुमति प्राप्त कर रक्खी है और खुलेआम जगह दुकान सजा कर जनता के पैसो को लाटरी के माध्यम से पैसा 10 गुना किया जा रहा है |

ऐसा नहीं है की इसकी खबर पुलिस को नहीं है वो भी मूकदर्शक बनी हर महीने हजारो का वारा-न्यारा करने में मस्त है ऐसे में आम जनता खुलेआम बर्बाद हो रही है | दरअसल जिलाधिकारी के आदेश के नाम पर खुलेआम लोगो को ठगने का ये धन्धा काफी फायदे का माना जाता है इसमें दिन भर में पचासों हजार रुपये बिना किसी मेहनत के आ जाते है ऐसे में कौन है जो इस धंधे को बंद करवा पायेगा जो भी इसके खिलाफ मुंह खोलना चाहता है उसका मुंह पैसो से बंद कर दिया जाता है |

गौरतलब है लाटरी का व्यवसाय आज से एक दसक पहले ही प्रदेश में बंद करावा दिया गया था ऐसे में जो लोग इस धंधे से अपना रोज़गार चला रहे थे वो बेरोजगार हो गए | इस बार बनारस की लक इंडिया कंपनी नें उन्ही शातिर लोगो को फिर एकजुट कर जिलधिकारी का आदेश दिखा कर एक एग्रीमेंट किया है और खुलेआम लाटरी का धन्धा कर रहा है |
और पुलिस के साथ पूरा शासन तंत्र भी इन लोगो से पासे लेकर इस धंधे को पनपने दे रहा है |

अष्टमी पर्व पर देवी मंदिरों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

फर्रुखाबाद: नवरात्र के अष्टमी पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने सिद्धपीठ मां शीतला देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। माता के मनमोहक शृंगार के दर्शन करने के लिए अलख सवेरे से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा। पूरे दिन मंदिर परिसर में लांगुरिया गीत गाए जाते रहे। नाच गाकर मां को बधाइयां दी जाती रहीं। अनेक श्रद्धालुओं ने यहां आकर नेजा-झंडे भी चढ़ाए। नगर के अन्य देवी मंदिरों में भी पूरे दिन श्रद्धा का सैलाब उमड़ता रहा।
नवरात्र की अष्टमी पर्व पर प्रसिद्ध मां शीतला देवी मंदिर शक्ति पीठ पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मां के दर्शन करने वालों में ग्रामीणों क्षेत्रों से आई महिलाओं और बच्चों की संख्या शहर के लोगों की अपेक्षा कई गुना ज्यादा रही। कई श्रद्धालु स्त्री-पुरुष नाचते-गाते हुए आए तो कई श्रद्धालुओं ने सुसज्जित नेता भी चढ़ाए। पूरे दिन यहां का वातावरण धार्मिक बना रहा।

मां शीतला देवी मंदिर का माहौल भक्तिरस में डूबा नजर आ रहा था। महिलाएं और बच्चे सभी मां के दर्शन के अभिलाषी दिख रहे थे। इस विशेष पर्व पर मां के दरबार का आकर्षक ढंग से शृंगार भी किया गया। मां शीतला देवी मंदिर के आसपास मेले सा माहौल रहा। दर्जनों प्रसाद की दुकानों पर मां की चुनरिया, झंड़ियां, पेड़ा, मिश्री, नारियल एवं अन्य पूजन सामग्री की जमकर खरीददारी की गई। मनोरंजन के लिए खेल, खिलौने, झूले आदि लगाए गए।

पृथ्वी के तापमान को नियंत्रित रखती है कार्बन-डाई-ऑक्साइड

पृथ्वी पर पड़ने वाले ग्रीनहाउस प्रभावों में वाष्प और बादलों का भी बहुत बड़ा हाथ होता है, लेकिन एक नए अध्ययन में इस बात का खुलासा हुआ है कि ये सभी कार्बन-डाई-ऑक्साइड गैस के वायुमंडलीय स्तर पर निर्भर करते हैं और इसी गैस के कारण पृथ्वी का तापमान भी नियंत्रित होता है। न्यूयॉर्क में एंड्रयू लैसिस और उनकी टीम द्वारा किए गए इस अध्ययन में पता चला कि कार्बन-डाई-ऑक्साइड गैस ही ग्रीनहाउस प्रभावों को नियंत्रित करती है और इसके बढ़ने और घटने के कारण अन्य गैसों तथा वाष्प और बादलों पर भी प्रभाव पड़ता है, जिसके फलस्वरूप पृथ्वी का तापमान प्रभावित होता है।

कार्बन-डाई-ऑक्साइड एक गैर संघनक ग्रीनहाउस गैस है। इसके अलावा मिथेन, नाइट्रस ऑक्साइड, ओजोन भी गैर संघनक हैं। ये सभी पृथ्वी पर पड़ने वाले ग्रीनहाउस प्रभावों में मुख्य रूप से भूमिका निभाते हैं। अध्ययन के बाद शोधकर्ताओं ने बताया कि पृथ्वी पर पड़ने वाले ग्रीनहाउस प्रभावों का 25 फीसदी भूमिका कार्बन-डाई-ऑक्साइड की होती है, जबकि 75 फीसदी वाष्प और बादल अपना प्रभाव छोड़ते हैं। इसके अलावा अन्य गैस सिर्फ पांच फीसदी ही भूमिका निभाती हैं। यदि कार्बन-डाई-ऑक्साइड गैस की मात्रा बढ़ेगी, तो वाष्प और बादलों का प्रभाव घटने लगेगा। इसके कारण पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ने लगेगा।

आचार संहिता उल्लंघन पर रुकेगा उम्मीदवारों का रिजल्ट

लखनऊ: पंचायत चुनाव में निर्धारित सीमा से अधिक धनराशि खर्च करने और आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले प्रत्याशियों का मतगणना के बाद रिजल्ट घोषित नहीं किया जाएगा। जिनका रिजल्ट घोषित नहीं होगा, उनका पुनर्मतदान कराया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग के संयुक्त आयुक्त जे.पी.सिंह और उप आयुक्त एस.के.दुबे ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेन्द्र भौनवाल ने कुछ प्रत्याशियों के आचार संहिता के उल्लंघन और चुनाव में मनमानी खर्च किये जाने की लगातार मिलती शिकायतों पर यह निर्णय लिया है। आयोग ने सदस्य ग्राम पंचायत के लिए अधिकतम धनराशि 5 हजार रुपये, प्रधान ग्राम पंचायत के लिए 30 हजार रुपये, सदस्य क्षेत्र पंचायत के लिए 25 हजार और सदस्य जिला पंचायत के लिए अधिकतम धनराशि 75 हजार रुपये खर्च किये जाने की सीमा तय की गयी है। लेकिन कुछ प्रत्याशियों द्वारा निर्धारित धनराशि की सीमा पहले ही पूरी कर लेने की शिकायतें आयी है। इसी तरह कुछ प्रत्याशी लगातार आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं।

आयोग ने तय किया है कि इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी से रिपोर्ट मांगी जाएगी। रिपोर्ट के बाद ही प्रत्याशियों का परिणाम घोषित किया जाएगा। अधिक धनराशि खर्च किये जाने के मामले में सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा रिपोर्ट तैयार करायी जा रही है। इसी तरह आचार संहिता उल्लंघन के मामले में धारा-144 के उल्लंघन (बिना अनुमति सभा करने), एमबी एक्ट में परिवर्तन करने, किसी प्रत्याशी के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद आईपीसी के 171 एच के मामले का अवलोकन किया जाएगा।

रिपोर्ट तलब

जिलाधिकारी गोरखपुर अजय कुमार शुक्ला द्वारा एक मंत्री के खिलाफ की गयी शिकायत के जवाब में क्लीन चिट दिये जाने से क्षुब्ध आयोग ने डीएम गोरखपुर से फिर रिपोर्ट तलब की है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेन्द्र भौनवाल ने डीएम गोरखपुर से पूछा है कि यह बतायें कि आचार संहिता लागू होने के बाद गोरखपुर जिले के कैबिनेट मंत्री ने कितने विभागीय एवं अन्य दौरे किये हैं। इसकी रिपोर्ट वह तत्काल आयोग को भेजें।

गोरखपुर के कैम्पियरगंज निवासी चक्रधर सिंह श्रीनेत पिछले दिनों राज्य निर्वाचन आयुक्त से शिकायत किया था कि गोरखपुर निवासी एक मंत्री अपनी पत्नी जो जिला पंचायत सदस्य पद की प्रत्याशी है, के लिए भारी संख्या में वाहनों का प्रयोग कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए मंत्री द्वारा किये जा रहे आचार संहिता के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस पर जब आयोग ने डीएम गोरखपुर से रिपोर्ट तलब की तो उन्होंने मंत्री को पूरी तरह से क्लीन चिट दे दिया था, जिस पर दोबारा रिपोर्ट मांगी है

हेल्थ: मूंगफली खाएं, ह्रदय रोग भगाएं

मूंगफली में कॉलेस्ट्राल नहीं होता है। इसमें विटामिन-ई प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। ऐसे में प्रतिदिन निश्चित मात्रा में मूंगफली के दाने खाने से हृदय रोग की चपेट में आने से बचा जा सकता है।

हालांकि, अमूमन लोग एक साथ काफी मात्रा में मूंगफली खा लेते हैं, जिसका उन्हें कई बार खामियाजा भी उठाना पड़ता है। दरअसल एक ग्राम मूंगफली से नौ कैलोरी ऊर्जा प्राप्त होती है। फरफेक्ट हेल्थ मेला के स्लोगन जारी करते हुए शुक्रवार को डॉ. केके अग्रवाल ने यह जानकारी दी।

इस अवसर पर मौजूद प्रसिद्ध कवि और गीतकार संतोष आनंद ने गेम्स की सफलता पर सबको बधाई दी और कहा कि पूरी दुनिया में जिस रफ्तार से विभिन्न प्रकार के बीमारियां पांव पसार रही हैं, उसे देखते हुए इसका नाम कॉमनहेल्थ गेम्स होता तो बेहतर होता।

अयोध्या: निर्मोही अखाड़े का नया पैंतरा, विवादित ज़मीन पर दावा छोड़ें मुस्लिम

लखनऊ: अयोध्या में विवादित ज़मीन के तीन हकदारों में से एक निर्मोही अखाड़े ने सुलह समझौते की तमाम कोशिशों को नकारते हुए कहा है कि इस मामले में आगे तभी बात हो सकती है जब मुसलमान तीसरे हिस्से पर अपना दावा छोड़ दें। निर्मोही अखाड़े के इस ताज़ा दांव से इस मामले में सुलह की कोशिशों को झटका लगा है।

निर्मोही अखाड़े के रुख में यह नाटकीय बदलाव शुक्रवार को आया जब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता विनय कटियार ने अखाड़े के सरपंच महंत भास्कर दास से अयोध्या के मशहूर हनुमान गढ़ी मंदिर में लंबी बातचीत की। दास ने मीडिया से कहा, हम बातचीत में तभी शामिल होंगे जब मुसलमान ज़मीन पर अपना दावा छोड़ दें। हालांकि, विवादित जमीन के दावेदार रामलला विराजमान का प्रतिनिधित्व करने वाले विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के नेता राम विलास वेदांती ने समझौते की कोशिशों के पटरी से उतरने की बात नकारते हैं। उन्होंने कहा, बातचीत की प्रक्रिया जारी रहेगी। बातचीत पर इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ेगा कि विवादित से जुड़े पक्ष सुप्रीम कोर्ट जा रहे हैं।

लखनऊ में आज ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की वर्किंग कमेटी की बैठक हो रही है। इस मीटिंग में बोर्ड फैसला करेगा कि सुलह-समझौते की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए या फिर इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच के अयोध्या की विवादित ज़मीन के मालिकाना हक के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की जाए। गौरतलब है कि 30 सितंबर को इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने विवादित जमीन के तीन हिस्से करते हुए तीनों दावेदारों-निर्मोही अखाड़ा, रामलला विराजमान और मुस्लिमों में ज़मीन बांटने का आदेश दिया था।

दुर्गा पूजा और दशहरा पर प्रधान मंत्री की बधाई

दिल्ली प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने दुर्गा पूजा और दशहरा के पावन अवसर पर देशबासियों को बधाई दी है।

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न भागों में विजयदशमी भारत की साम्प्रदायिक सद्भावना और विभिन्नता में एकता का प्रतीक है।

यह त्योहार हमें बुराई पर अच्छाई की विजय के साश्वत संदेश की याद दिलाता है और हमें उज्ज्वल भविष्य के प्रति आशावान बनाता है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा हम सबके जीवन में शांति, खुशहाली और समृद्धि लाए।

पेट्रोल 70 पैसे प्रति लीटर महंगा

केंद्रीय मंत्रिमडल ने पेट्रोल डीज़ल की क़ीमतों में बढ़ोतरी की है. सरकारी उपक्रम भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने शुक्रवार को आधी रात से पेट्रोल के दामों में 70 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि कर दी है.

संभावना है कि सार्वजनिक क्षेत्र के दो अन्य तेल उपक्रम भी अगले दो दिनों में पेट्रोल के दाम बढ़ा देंगे. अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमतों में बढ़ोत्तरी के बाद पेट्रोल के दाम बढ़ाने का निर्णय लिया गया है. कंपनी के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसियों को बताया कि पेट्रोल के दामों में 70 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है जिसके अनुसार दिल्ली में पेट्रोल का मूल्य 52.55 रूपये प्रति लीटर हो गया है.

अन्य शहरों में यह मूल्य वृद्धि स्थानीय करों तथा लेवी पर निर्भर करेगी. उद्योग के सूत्रों ने बताया कि इंडियन ऑयल कारपोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन (एचपीसीएल) भी सप्ताहांत तक पेट्रोल के दाम बढ़ा सकते हैं. तीनों तेल कंपनियाँ अब एक साथ क़ीमतों में बढ़ोत्तरी नहीं करतीं जिससे कि उन पर साँठगाँठ करने का आरोप न लगे.

वैसे अब तीनों तेल कंपनियों के दाम भी एक जैसे नहीं है. उदाहरण के तौर पर इंडियन ऑयल कंपनी के पेट्रोल की क़ीमत बीपीसीएल की तुलना में तीन पैसे कम है. जबकि एचपीसीएल का पेट्रोल बीपीसीएल से एक पैसे और सस्ता है. तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमत पिछले दिनों 80 डॉलर प्रति बैरल से भी अधिक हो गई है जिसकी वजह से उन्हें प्रति लीटर पेट्रोल पर लगभग एक रुपए का घाटा हो रहा है.

उल्लेखनीय है कि पिछले जून में सरकार ने पेट्रोल की क़ीमतों पर से नियंत्रण को ख़त्म कर दिया था और इसे तेल कंपनियों पर छोड़ दिया था कि वे कच्चे तेल की क़ीमतों के आधार पर पेट्रोलियम पदार्थों की क़ीमतें तय करें. जून के बाद से पेट्रोल के दामों में यह दूसरी बढ़ोत्तरी है.