Home Blog Page 5794

प्रधान ऐसा बनाए जो मिड डे मील बनवाये

फर्रुखाबाद: शिक्षा विभाग और राजनीति में चोली दामन का साथ है। शिक्षक के बिना राजनीति अधूरी सी नजर आती है। चाहे वह चुनाव प्रचार हो या फिर मतदान, शिक्षकों की भूमिका प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से प्रमुख रहती है। वे भले ही सरकारी कर्मचारी होने के नाते सीधे चुनाव प्रचार में न लगें लेकिन उनका इशारा मात्र ही चुनाव की दिशा और दशा बदलने के लिए काफी होता है। इन दिनों वे भी कुछ इसी उधेड़ बुन में नजर आ रहे हैं। उनका तो मंतव्य सिर्फ इतना है कि सरकारी योजनाओं का संचालन तो ठीक करायें ही, लेकिन मिड डे मील ठीक से बनवायें। ऐसे प्रधान को चुनने की बात कह कर ग्रामीणों को सहज ही इंगित कर देते हैं।

इन दिनों गांव-गांव प्रधानी के चुनाव को लेकर चौपालें सजी हुई हैं। चुनाव प्रचार शवाब पर है। गांव-गांव प्राथमिक विद्यालयों या उच्च प्राथमिक या फिर माध्यमिक संवर्ग के शिक्षक प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इनमें अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। वे भले ही आचार संहिता का अनुपालन करते हुए किसी प्रत्याशी का नाम न ले रहे हों, लेकिन उनका आम जनमानस से बस यही कहना रहता है कि वे अपने गांव के विकास के लिए ऐसे प्रधान को चुनें, जो वास्तव में गांव का विकास करा सके।

सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन सही ढ़ंग से करा सके। यही नहीं कुछ अपनी पंचायत स्तर पर प्रस्ताव बनाकर शासन प्रशासन से धनराशि लाकर गांव के विकास के द्वार खोल सके। साथ ही खास जरूरत तो इस बात की है कि बच्चों का निवाला न खाएं, और विधिवत मिड डे मील बनवाये।

सपा नेता की माँ बीडीसी प्रत्याशी पुलिस शिकंजे में

फर्रुखाबाद: बीडीसी दलित महिला प्रत्याशी सत्यवती को जब चुनाव क्षेत्र बदले जाने के मामले में न्याय नहीं मिला तो उसे आत्मदाह करने की चेतावनी देना काफी महँगा पडा. महिला थाना पुलिस ने प्रत्याशी को हिरासत में ले लिया है.

महिला थाना पुलिस ने आज कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस के सहयोग से छापा मारकर नोनम्गंज निवासी रामभरोसे लाल की पत्नी सत्यवती को पकड़ लिया. सत्यवती सपा नेता शिवसंत वर्मा की माँ हैं जिन्होंने बीडीसी का चुनाव लड़ने के लिए मसेनी पश्चिम क्षेत्र से नामांकन किया था. लेकिन उन्हें सोता बहादुरपुर पश्चिम क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए चिन्ह दिया गया.

निर्वाचन क्षेत्र बदले जाने पर सत्यवती ने ब्लाक बढपुर के निर्वाचन अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट हरिशंकर एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी आरबी मिश्रा, समाज कल्याण अधिकारी से शिकायत की. श्री मिश्रा पर चुनाव चिन्ह ठीक करने के नाम पर ५ हजार रुपये माँगने का आरोप भी लगाया गया. पीड़ित महिला ने न्याय पाने के लिए चुनाव आयोग सहित आला अधिकारियों से शिकायत की. जब उसे कहीं से न्याय नहीं मिला तो आखिरकार उसने जिला निर्वाचन अधिकारी को फैक्स भेजकर आत्मदाह कर लेने की चेतावनी दे दी. फैक्स की जानकारी मिलते ही अधिकारियों में हडकंप मच गया. अनहोनी घटना की आशंका को रोकने के लिए महिला को पकड़ने के निर्देश दिए गए.

धरे गए २ बूथ लुटेरे, बीमार कर्मचारी अस्पताल में

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा पुलिस ने आज ब्लाक बढपुर ग्राम पंचायत बाबरपुर के मतदान केंद्र पर मतपत्र लूटने वाले ग्रामीण शालू व् अकील को गिरफ्तार कर लिया. उधर चुनाव मतदान का प्रशिक्षण करने गई सहायक मतदान अधिकारी रचना सिंह को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया.

बीते ११ अक्टूबर को पंचायत चुनाव मतदान के दौरान बाबरपुर मतदान केंद्र पर गाँव के शालू, अकील व जावेद ने मतपत्र लूटकर मतपेटिका में स्याही डाल दी थी. सेक्टर मजिस्ट्रेट सब रजिस्ट्रार शम्भूनाथ यादव ने ग्रामीणों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस जावेद को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है.

सातनपुर मंडी में चौथे चरण के मतदान का प्रशिक्षण लेने गई रचना सिंह पेट दर्द बताने के बाद बेहोश हो गयीं. मंडी के कर्मचारी कुंवर पाल सिंह ने अधिकारीयों के निर्देश पर रचना सिंह को लोहिया अस्पताल पहुंचाया. लोहिया अस्पताल होम्योपैथिक विभाग की फार्मासिस्ट रचना सिंह को डाक्टर नरेन्द्र कुमार ने उपचार करने के बाद भर्ती कर लिया. रचना ने बताया कि उनकी २५ अक्टूबर ब्लाक मोह्मदाबाद के पंचायत चुनाव में सहायक मतदान अधिकारी तृतीय पद पर ड्यूटी लगी है.

पुलिस विभाग के चुनाव सेल में तैनात सिपाही मनोज कुमार को सिपाही शैलेश कुमार ने सुबह लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया. शैलेश ने बताया कि मनोज की अचानक तेज बुखार आ जाने से तबियत खराब हो गई.

बीमारी होने का किया था नाटक

फर्रुखाबाद: लोहिया अस्पताल की फार्मासिस्ट रचना सिंह ने चुनाव की ड्यूटी न करने के लिए बीमारी का नाटक रचा था| रचना अपराह्न ३:१५ बजे बिना बताये ही अस्पताल से घर चली गयी | उनके अस्पताल पहुंचते ही अधीनस्थ फार्मासिस्ट सगीर अहमद हमदर्दी जताने के लिए इमरजेंसी बार्ड में पहुँच गए थे|

रचना के जाते ही अस्पताल कर्मचारियों में यह चर्चा शुरू हो गयी कि फार्मासिस्ट ने चुनाव ड्यूटी न करने के लिए ही बीमार होने का नाटक किया था| उनके अस्पताल पहुँचते ही इसी बात के कयास लगाए जाने लगे थे|

आश्चर्य की बात तो यह है कि रचना किसी कर्मचारी को बिना बताये ही अस्पताल से चली गयी| अस्पताल कर्मचारी होने के नाते उन्हें डिस्चार्ज होने के बाद ही अस्पताल से जाना चाहिए था|

बौद्ध महोत्सव को पंचायत चुनाव का ग्रहण

0

फर्रुखाबाद: विश्व विख्यात संकिसा में आयोजित भगवान वुद्ध के महोत्सव को पंचायत चुनाव् का ग्रहण लग गया है. इसके बाबजूद भी वौद्ध अनुयायियों ने हर्षोल्लास एवं धूम-धाम के साथ महोत्सव मनाया.

संकिसा मुक्त संघर्ष समिति के सयोंजक कामरेट कर्मवीर शाक्य, प्रोफ़ेसर शैतान सिंह शाक्य, सरिता शाक्य, लडैते लाल कठेरिया, बालकिशन शाक्य, राहुल शाक्य सैकंडों भन्ते, वौद्ध आदि समर्थक सुबह संकिसा गेस्ट हाउस से वौद्ध स्तूप के लिए पैदल रवाना हुए. इस दौरान पंचशील ध्वज लेकर चलने वालों ने “वौद्ध धर्म की क्या पहचान, मानव-मानव एक सामान”, जब तक सूरज चाँद रहेगा वौद्ध धर्म का नाम रहेगा.” आदि गगन वेदी नारे लगाए गए.

समर्थकों ने वौद्ध स्तूप की परिक्रमा करने के बाद स्तूप के नीचे ही मोमवत्ती लगाकर वुद्ध बंदना की. उसके बाद वौद्ध विकास परिषद् के सयोंजक डॉ मुंशीलाल शाक्य, लज्जाराम गुलशन, बेंचेलाल, सुधीर कुमार, परषोत्तम सिंह, राम रतन लाल शाक्य आदि ने भी स्तूप की परिक्रमा के पश्चात वुद्ध बंदना की.

माँ बिसारी देवी सेवा समिति के सयोंजक अलोक दीक्षित, प्रवीन दीक्षित, रजा राम कठेरिया, अर्जुन यादव आदि ने स्तूप पर जाकर भगवान् वुद्ध की मौसी बिसारी देवी को खीर खिलाकर पूजा अर्चना की. सीओ मोहम्दाबाद एस के मलिक, तहसीलदार सदर मोहमद इस्लाम फ़ोर्स के साथ स्थित का जायजा लेते रहे. उधर गेस्ट हॉउस के निकट लगाए गए विशाल पंडाल में डॉ. मुंशीलाल शाक्य ने दीप प्रज्वलित कर वौद्ध महोत्सव का शुभारम्भ किया. भन्ते गुणानंद, भन्ते ढंपकीरत, भन्ते करुना सागर, भन्ते रत्नकीर्त, भन्ते विजयशील आदि ने वुद्ध बंदना की. वक्ताओं ने भगवान् वुद्ध की इस स्वर्ग से अवतरित होने वाले स्थल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके बताये हुए मार्ग पर चलने का आवाहन किया.

थाईलैंड से आये विदेशी पर्यटकों ने तैनेक्सी के नेतृत्व में पैदल स्तूप जाकर वुद्ध बंदना की. श्रीमती तैनेक्सी ने बताया कि यहाँ भगवान् वुद्ध के स्वर्ग से अवतरित होने के कारण पवित्र स्थान है.

पंचायत चुनाव होने के कारण बीते वर्षों के अपेक्षा इस वर्ष काफी कम वौद्ध समर्थक संकिसा पहुंचे. दुकानदारों ने बताया कि भीड़ कम जुटने के कारण व्यापार में घाटा होगा. पड़ोसी ब्लाक नबावगंज में आज तीसरे चरण का मतदान हो रहा है.

डेंगू: पहचान, इलाज व् बचाव

डेंगू की पहचान

फर्रुखाबाद : डेंगू एक बीमारी है जो इजिप्टी मच्छरों के काटने से होती है। इस बीमारी में तेज बुखार के साथ शरीर के उभरे चकत्तों से खून रिसता है। डेंगू के चार प्रकार के वायरस होते हैं। बहुत ऊंचा ज्वर, जिसका कोई स्थानीय कारण समझ में न आये, सारे शरीर पर चकत्ते पड़ जायें और रक्त में प्लेटलेट्स की संख्या कम रह जाये।

इलाज

डेंगू के उपचार में मुख्य तरीका सहायक चिकित्सा देना है। मुख्य रूप से तरल न देने पर शरीर में पानी की कमी हो सकती है। रक्तस्राव शुरू हो जाने और प्लेटलेट्स की संख्या बहुत कम होने पर खून और प्लेटलेट्स चढ़ाने पड़ते हैं। इस संक्रमण में एस्प्रीन या गैरस्टेराइड दवाएं लेने पर रक्तस्राव बढ़ जाता है। इसके स्थान पर संदिग्ध मरीजों को पैरासीटामाल देना चाहिए।

नियंत्रण और बचाव

डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका मच्छरों की आबादी पर काबू करना है। इसके लिए या लार्वा पर नियंत्रण करें या वयस्क मच्छरों की आबादी पर। एडिस मच्छर कृत्रिम जल संग्रह पात्रों में जनन करते हैं। जैसे टायर, बोतलें, कूलर, गुलदस्ते इन जल पात्रों को बराबर खाली करना चाहिए। लार्वा नियंत्रण का बेहतर तरीका है।

आज रात चन्द्रमा से बरसेगा अमृत

रायपुर२२October:शरद पूर्णिमा पर कल मंदिरों तथा विभिन्न स्थानों पर भक्ति संगीत का कार्यक्रम होगा। मध्य रात्रि तक होने वाले आयोजनों के दौरान खीर बनाई जाएगी या फिर घरों में बनाकर खुले आसमान के नीचे रखी जाएगी। मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात अमृत की बारिश होती है।

संस्कृत महाविद्यालय के वेद विभाग के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर मिश्रा ने बताया कि शरद पूर्णिमा अश्विन महीने के शुक्ल पक्ष की आखिरी तिथि को मनाते हैं। पुराणों के अनुसार आज के दिन भगवान श्री कृष्ण ने गोपियों के साथ रास रचाया था। उनके मनमोहक नृत्य को देखकर चंद्रमा अपनी गति भूल गए।

उनके हाथों में रखा अमृत कलश लुढ़क गया। कुछ पल के लिए धरती पर भी अमृत की बूंदें गिरीं। इसी मान्यता की वजह से शरद पूर्णिमा की रात खुले में खीर रखी जाती है। इस दिन चंद्रमा अपने पूरे आकार में होता है।

शरद पूर्णिमा की रात भक्तों के जागने की वजह से इसे कोजागरी भी कहते हैं। यह भक्त और भगवान के मिलने की कहानी बताती है। दत्तात्रय मंदिर ब्रह्मपुरी में रात 8 से 12 बजे तक शरद पूर्णिमा का उत्सव मनाया जाएगा।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिवल्लभ अग्रवाल ने बताया कि उत्सव के दौरान भजन-कीर्तन और भंडारा होगा। इसके अलावा अन्य मंदिरों में भी भजन कीर्तन होंगे। छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज केंद्रीय (प्रांतीय) समिति का कार्यक्रम 23 अक्टूबर की रात कुशालपुर चंगोराभाठा स्थित अभिनंदन पैलेस में होगा। संस्था के प्रवक्ता बिहारीलाल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम दो चरणों में होंगे।

दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक बच्चों के लिए रंगोली, चित्रकला और नृत्य स्पर्धाएं होंगी। विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। शाम को 7 बजे डॉ. पीसी लाल यादव के निर्देशन में माटी महतारी का मंचन होगा।

शरद उत्सव में होंगी स्पर्धाएं

माहेश्वरी युवा मंडल शरद पूर्णिमा के अवसर पर शरद उत्सव मनाएगा। रविवार को लायंस डेन जल विहार कालोनी में अनेक प्रतियोगिताएं होंगी। फैंसी ड्रेस के अलावा फैशन शो, सोलो व ग्रुप डांस होंगे।

कार्यक्रम के समापन पर रास गरबा होगा। मंडल के सचिव दीपक राठी ने बताया कि समाज की ओर से प्रतिवर्ष शरद उत्सव मनाया जाता है। इससे समाज के लोगों को एक दूसरे से परिचित होने का मौका मिलता है।

इंस्पेक्टर से डीएसपी बनेगी मंजीत कौर

जालंधर: कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पंजाब पुलिस की एथलीट इंस्पेक्टर मंजीत कौर को डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने डीएसपी बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मंजीत को ट्रेनिंग के लिए 25 लाख रुपए प्रदान किए गए थे।

पीएपी जालंधर में आयोजित समारोह में पहुंचे सुखबीर सिंह ने कहा, पदक विजेताओं की इनाम राशि बढ़ाने के बारे में वह अकेले फैसला नहीं ले सकते, क्योंकि कुछ समय पहले ही बनी स्पोर्ट्स पॉलिसी के तहत इनामी राशि को कैबिनेट ने मंजूरी मिली हुई है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार एशियन खेलों के बाद ही खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित करेगी। पदक विजेता खिलाड़ियों के कोच भी सम्मानित किए जाएंगे।

ओएफसी कटने से मोबाइल व ब्राडबैंड सेवा धड़ाम

फर्रुखाबाद: बीएसएनएल की आप्टिकल फाइबर केबिल (ओएफसी) कटने से आज दोपहर को मोबाइल व ब्राडबैंड सेवा ठप रही। उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ा।

बीएसएनएल की मोबाइल व ब्राडबैंड सेवा ने सभी के लिए दिक्कत पैदा कर दी। दोपहर को नार्दन टेलीकाम रीजन (एनटीआर) की ओएफसी कटने से लोगों का संपर्क एक-दूसरे से टूट गया। लोग मोबाइल से एक-दूसरे का नंबर मिलाते रहे,लेकिन कोई नंबर नहीं मिल सका। सिग्नल न मिलने के कारण नो नेटवर्क कवरेज का संदेश मोबाइल स्क्रीन पर लोगों का मुंह चिढ़ाता रहा।

जब सिग्नल आ गया तो मोबाइल से नाट रिचेविल की आवाज आती रही। केबिल कटने से ब्राडबैंड सेवा पूरी तरह ठप हो गयी। इसके कारण व्यापारिक संस्थानों में कामकाज प्रभावित हुआ। व्यापारी सूचनाओं का आदान-प्रदान नहीं कर पाये।

बीएसएनएल के जेटीओ (एनटीआर) सुरेश चंद्र साहू ने बताया कि सातनपुर रोड पर हैंडपंप के लिए हो रही बोरिंग से ओएफसी कट जाने के कारण मोबाइल व ब्राडबैंड सेवा बाधित हो गयी। केबिल काफी गहराई में है, जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

हर दस मिनट में मतदान केंद्रों पर क्लस्टर मोबाइल को निगाहें

फर्रुखाबाद: तृतीय चरण के मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए पुलिस व प्रशासन ने कमर कस ली है। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे। इक्का-तांगा चलने पर भी रोक लगा दी गयी है। कुल 212 मतदान केंद्रों पर स्थानीय पुलिस के अलावा 800 कांस्टेबिल व 750 होमगार्ड लगाये गये हैं। एक से अधिक वाहनों वाली पुलिस की 46 क्लस्टर मोबाइल गड़बड़ी का प्रयास करने वालों की धरपकड़ करेंगी।

जिलाधिकारी के.धनलक्ष्मी व पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार मीना ने बताया कि कई वाहनों वाली पुलिस की क्लस्टर मोबाइल हर 10 मिनट पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर पहुंचेगी। थानाध्यक्ष व क्षेत्राधिकारी दोनों विकास खंडों में लगा दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति के दोपहिया वाहन भी नहीं चलेगा। मतदान के दौरान जांच होगी। उन्होंने कहा कि दोनों विकास खंडों के मतदान केंद्रों को 60 सेक्टर व 15 जोन में विभाजित किया गया है। नवाबगंज में 100 मतदान केंद्रों के 192 मतदेय स्थलों पर एक लाख 14 हजार 32 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए 960 कर्मचारी लगाये गये हैं। 96 रिजर्व में रखे गये हैं। 65 मतदेय स्थल संवेदनशील व 76 अति संवेदनशील हैं।

राजेपुर में 112 मतदान केंद्रों के 200 बूथ पर एक लाख 24 हजार 150 मतदाता वोट डालेंगे। राजेपुर में नौ जोन व 34 सेक्टर बनाये गये। एक हजार कर्मचारी मतदान करायेंगे। 100 को रिजर्व में रखा गया है। 33 मतदान केंद्र व 60 मतदान स्थल संवेदनशील तथा 70 मतदान केंद्र व 120 मतदान स्थल अति संवेदनशील रखे गये हैं। नवाबगंज में पांच सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 6 जोनल मजिस्ट्रेट व 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा राजेपुर में पांच सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, नौ जोनल मजिस्ट्रेट व 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा 14 स्टेटिक सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किये गये।

आज से फिर लगेंगी एंटी रैबीज वैक्सीन

फर्रुखाबाद: लोहिया अस्पताल के अधीक्षक ने अपर निदेशक कार्यालय से एंटी रैबीज की एक हजार वैक्सीन मंगवायी हैं। आज से कुत्ता काटने पर लोगों को एआरवी लगने लगेंगे।

गत शुक्रवार को लोहिया में एआरवी का स्टाक खत्म हो गया। इस कारण दूर दराज से आने वाले लोगों को बाजार से खरीदकर एआरवी लगवाने पड़ रहे थे। ‘जागरण’ ने इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

वरिष्ठ चिकित्सक डा.एनबी कटियार ने सीएमएस के हवाले से बताया कि अपर निदेशक स्तर पर एआरवी खरीद लिए जाने की जानकारी मिलते ही फार्मासिस्ट को एआरवी लेने कानपुर भेज दिया गया है। यहां शाहजहांपुर, हरदोई, एटा के भी मरीज आ जाते हैं। इसलिए एक हजार वायल मांगे गये हैं। गुरुवार से एआरवी (एंटी रैबीज वैक्सीन) लगने लगेंगे। इस बीच पता लगा है कि इमरजेंसी दवाओं की किट तक में एआरवी खत्म हो गई थी।