Home Blog Page 5657

हँसने के विवाद में हसियें से माँ-बेटियों पर किये प्रहार

फर्रुखाबाद: युवती के भाग जाने पर हँसने को लेकर हुए विवाद में हंसिये से हमला करके माँ व उसकी दो बेटियों को घायल कर दिया गया|

थाना शमसाबाद के ग्राम परसादी की मडैया में सुबह करीब १० बजे हंसिये से हमला कर रामबरन लोधी की पत्नी रामप्यारी व २० वर्षीय पुत्री श्रीमती नेमा व १७ वर्षीय पुत्री कुमारी नीतू को घायल कर दिया गया|

घायलों को फैजबाग पीएचसी में भर्ती कराया गया| देर सायं रिफर कराकर लोहिया अस्पताल ले जाया गया| राम प्यारी ने बताया कि पड़ोसी शिवनंदन की पुत्री विनीता एक सप्ताह पूर्व एक रात गायब रही|

सुबह मेरी बेटी जब हंस रही थी तो उन्होंने समझा कि यह लोग हमारी विनीता को लेकर हंस रहे हैं| इसी विवाद में शिव नंदन की पत्नी शिवरानी पुत्री विनीता मकरंद, महेश, शिव नंदन, शिवनाथ नाथ आदि ने लात-घूंसों से पिटाई की तथा मार डालने के लिए हंसिये से प्रहार किया|

फांसी लगाकर मरने का प्रयास

फर्रुखाबाद: थाना मेरापुर के ग्राम सिथौली निवासी ४५ वर्षीय राधेश्याम तेली ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया| हालत बिगड़ने पर उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

लंच के बाद शुरू हुई सफाई कर्मियों की भूख हड़ताल डिनर से पहले समाप्त हो गयी

फर्रुखाबाद: आधा दर्जन से ज्यादा मांगो को लेकर विकास भवन के प्रांगन में भूख हड़ताल पर बैठे जिले के सफाई कर्मियों की हड़ताल कुछ घंटो के बाद ही संघ में फूट के चलते धडाम हो गयी| सुबह से दोपहर तक प्रांगन में हो हल्ला काटने के बाद सफाई कर्मियों के एक धड़े को मुख्य विकास अधिकारी ने जनवरी के वेतन के लिए सरकार को लिखने के आश्वासन के साथ ही हड़ताल समाप्त करने के लिए राजी कर लिया| सुबह नास्ता पानी और भरपेट भोजन के बाद शुरू हड़ताल अगली भूख लगने से पहले ही समाप्त हो गयी|

हड़ताल की अगुआई कर उत्तर प्रदेश पंचायत सफाई कर्मी संघ के जिलाध्यक्ष अरविन्द सिंह ने जेएनआई को बताया कि सरकार समय से वेतन नहीं देती जिससे परिवारों के भरण पोषण में परेशानी होती है| अगर सरकार समय से पेट नहीं भर सकती तो नौकरी ही क्यूँ देती है| जरा जरा सी बात पर सफाई कर्मियों को निलम्बन और दूसरी कारवाही हो जाती है जबकि प्रधान और ग्राम सचिव तो झाड़ू पंजा का पैसा तक खा जाते है और जिला पंचायत राज अधिकारी उनके खिलाफ कारवाही नहीं करते| लगातार सफाई कर्मियों का उत्पीडन हो रहा है इसे बर्दास्त नहीं किया जायेगा अबकी बार लडाई आर पार की है| जिला पंचायत राज अधिकारी ने गैर आबाद ग्रामो में भी सफाई कर्मिओं की तैनाती कर रखी है वे सफाई कर्मी इन अधिकारिओं के घरो पर काम करते है या फिर काम पर न जाने के एवज में इनके काले धन में इजाफा करते है| वहीँ पंचायत राज अधिकारी कार्यालय ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है|
मगर शाम होते ही आर पार की लड़ाई समाप्त होने की खबर विकास भवन के गलियारों से आई है|
सफाई कर्मियों ने कुल नौ मांगे रखी थी|

नेहरू युवा केंद्र के कर्मचारी की पिटाई कर रुपये चैन व मोबाइल लूटा

फर्रुखाबाद: नेहरू युवा केंद्र के कर्मचारी प्रशांत कुमार यादव की पिटाई कर उनकी जंजीर, मोबाइल व २५०० रुपये लूट लिए गए| पीछा किये जाने पर लुटेरे बाइक छोड़कर भाग गए|

आवास विकास कालोनी सेक्टर ५ में विजय कुमार जाटव के मकान में किराए पर रहने वाले प्रशांत कुमार यादव कादरीगेट में सब्जी खरीदकर सायं ७ बजे साइकिल से घर जा रहे थे| रास्ते में लकूला मार्ग पर खड़े बाइक सवारों ने प्रशांत की पिटाई की और सभी सामान लूट ले गए| प्रशांत ने बाइक का नंबर नोट कर लिया था|

उनके मित्र बिट्टू आदि ने लुटेरों को तलाश किया तो बाइक सवार युवक दिख गए पीछा करने पर लुटेरे प्लेटिना बाइक नंबर यूपी ७६ एल/ ६१७१ छोड़कर भाग गए| जांच-पड़ताल करने पर पता चला कि बाइक नेत्रपाल गिहार की है| जिसके बेटे ने दोस्त की मदद से लूट की घटना को अंजाम दिया| दरोगा अनेक सिंह ने जब नेत्रपाल पर दवाव बनाया तो उन्होंने वादा किया कि सुबह तक लूटा हुआ सामान वापस कर देगें| प्रशांत थाना नवावगंज के ग्राम दुर्गा नगला का मूल निवासी है|

खूब लड़े व्यापारी, पकडे जाने पर कर लिया राजीनामा

फर्रुखाबाद: रुपये बसूलने को लेकर दो दुकानदारों में जमकर मारपीट होकर दुकान में तोड़-फोड़ भी की गयी| सोने की चैन लूटने का आरोप लगने पर दुकान ने सुलह कर ली|

कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला अपर दुर्गा कालोनी निवासी सुशील गुप्ता की भोलेपुर में मिठाई की दुकान है| नगर फर्रुखाबाद के मोहल्ला खड़ियायी निवासी नीरज मिश्रा अपने घी के बकाया रुपयों का तगादा करने दुकान पर पहुंचे तो सुशील ने कहा कि मै तुम्हारे मुनीम नीरज गुप्ता को रुपयों का भुगतान दे चुका हूँ जबकि सुशील घी के ३५ हजार रुपये बकाया बताकर भुगतान लेने के लिए अड़ गए| इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुयी|

इस दौरान दुकान का सामान भी तोड़ा गया| सुशील व उनके परिजनों ने नीरज को पकड़कर चौकी पुलिस के हवाले कर दिया| चौकी प्रभारी ने जब जांच-पड़ताल की तो नीरज ने सोने की चैन व ५५०० रुपये लूट लिए जाने की आरोप लगाया| जबकि सुशील ने दबंगई से जबरन रुपये बसूलने की शिकायत की| बंद होने की नौवत आने पर दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया

गायब रहने वाले शिक्षक और शिक्षा मित्रों पर डीएम का पहला चाबुक

फर्रुखाबाद: जिले में आदतन स्कूल से गायब रहने और हाजिरी रजिस्टर पर मनमाने तरीके से हाजिरी भर वेतन आहरित करना शिक्षा मित्रो और शिक्षको को अब महगा पड़ जायेगा| शिक्षक और शिक्षा मित्र अब एक ही हाजिरी रजिस्टर पर स्कूल में उपस्थिति दर्ज करेंगे| जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल ये आदेश लागू करने का फरमान सुना दिया है|

तैनाती के एक सप्ताह के भीतर ही जिलाधिकारी के कानो में बड़े बड़े नेताओ तथा अधिकारिओं की पत्निओं एवं रिश्तेदार शिक्षक और शिक्षा मित्रों के गायब रहने की बात पहुच गयी है| ज्ञात हो कि जिले में विधायक तथा पूर्व विधायक की पत्नी बेटे और रिश्तेदार शिक्षक तक स्कूल जाना अपनी शान के खिलाफ समझते है मगर वेतन इन्हें हर हाल में समय से चाहिए| यही नहीं कई शिक्षक प्रदेश में बड़े मंत्रियो और नेताओ सहित आला अधिकारिओ के सम्बन्ध भी इस्तेमाल कर स्कूल जाना पसनद नहीं करते और नौनिहालों के भविष्य के साथ जमकर खिलवाड़ कर रहे है|

इस खेल में सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारिओ की भी मिलीभगत रहती है| दूरदराज ग्रामीण अंचलों में तैनाती करवाकर बिना स्कूल गए शिक्षको से आधा वेतन रिश्वत के रूप में इन सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारिओ की जेब में पहुचता है| जिले में लगभग एक सैकड़ा से अधिक शिक्षक शिक्षा की अर्थी निकल रहे है| ज्यादातर शिक्षक फर्रुखाबाद से बाहर के जनपदों के निवासी है| मगर जिलाधिकारी सेम्फेल के नए दूरदर्शी आदेश के बाद इन पर शिकंजा कसना आसन हो जायेगा| अभी तक हाल ये है कि हर गायब शिक्षक का हाजिरी रजिस्टर उसके पास रहता है और गायब शिक्षा मित्र का उसके पास| दो चोर टाइप शिक्षक अपना अपना हाजिरी रजिस्टर बगल में दबाये घूमते है और इन्हें दस्ताबेजो में गायब पकड़ना मुश्किल या यूं कहें नामुमकिन रहता है|

SP की पुलिस को पीड़ितों से मधुर व्यवहार करने की हिदायत

फर्रुखाबाद: नए पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सागर ने आज सायं पुलिस लाइन में जिले के थाना प्रभारियों के साथ अपराधों की समीक्षा की|

पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस अधीक्षक जिले के इंस्पेक्टर व थाना प्रभारियों से रूबरू हुए| अपराधों की व्यापक समीक्षा करने के बाद उन्होंने थाना प्रभारियों को हिदायत दी कि उन्हें हर हालत में मुख्यमंत्री की मंशा को पूरा करना होगा|

श्री सागर ने थाना प्रभारियों को घुट्टी पिलाई कि आम जनता में पुलिस की छवि सुधारने के लिए जरूरी है कि आप लोग पीड़ितों से मधुर व्यवहार कर उनकी फरियादों को सुने और तुरंत ही निस्तारण करने का प्रयास करें|

क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों के सहयोग से विवादित मामलों को जल्द से जल्द निबटाया जाए| उन्होंने मुकद्दमों का शीघ्र निस्तारण कर वांछित अपराधियों को तुरंत ही गिरफ्तार करने की चेतावनी दी|

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र के अलावा सभी सीओ व थाना प्रभारी आदि अधिकारी मौजूद रहे|

युवक की ह्त्या एवं आत्महत्या में उलझी पुलिस

फर्रुखाबाद: थाना नवाबगंज क्षेत्र में युवक सनोज पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई| उसकी ह्त्या एवं आत्महत्या को लेकर पुलिस उलझ गयी है|

सनोज ग्राम गनीपुर जोगपुर निवासी मौजीलाल पाल का २२ वर्षीय पुत्र था| वह कल से गायब था उसका शव गाँव के दूसरे मकान में आज सुबह फांसी पर लटका देखा गया उस मकान में गाय बांधी जाती है| सनोज की पत्नी जब वहां पहुँची तो उसने पति को कमरे की छत से तहमल से लटका देखा| जिससे गाँव में कोहराम मच गया|

सनोज की एक माह पूर्व ही पुत्री हुई है| परिजनों ने आरोप लगाया की सनोज की ह्त्या करके शव को फांसी पर लटकाया गया है| पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया| एसओ कमरूल हसन ने बताया कि सनोज का शव फांसी पर लटका मिला| पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच-पड़ताल से ही पता चलेगा कि सनोज ने आत्महत्या की है या उसकी ह्त्या हुयी है|

सफाई मजदूर संघ का चुनाव हरिओम जिलाध्यक्ष व नीरज नगर अध्यक्ष बने

फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ जिला कार्यकारिणी फर्रुखाबाद के आज गहमा-गहमी से संपन्न हुए चुनाव में हरिओम बाल्मीकि जिलाध्यक्ष व नीरज बाल्मीकि नगर अध्यक्ष चुने गए|

चुनाव अधिकारी सफाई मजदूर संघ के प्रांतीय वरिष्ठ अध्यक्ष मनसुख लाल, गोपाल व दयाराम भारती के अलावा चुनाव सयोंजक असलम शेर खां, सह सयोंजक सुरेन्द्र यादव की देख-रेख में २६७ सफाई कर्मचारियों ने वोट डाले| हरिओम २५४ वोट पाकर अध्यक्ष बने जबकि महेंद्र को मात्र ६ वोट मिले| नीरज को २१२ वोट तथा उनके विरोधी रामप्रकाश उर्फ़ छंगे भैया को मात्र २६ वोट मिले|

अध्यक्ष पद के ७ तथा नगर अध्यक्ष पद के २९ वोट निरस्त हुए| जिला महामंत्री पद के लिए विमल तथा नगर महामंत्री पद के लिए महेश निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे| चुनाव अधिकारियों ने विजयी पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण करा दिया|

तांत्रिक के फेर में मां बन गई ‘डायन’

सहारनपुर|| जिले में अपने बच्चे की चाहत में तांत्रिक की सलाह पर एक महिला ने अपने सौतेले बच्चे की बलि दे दी। आरोपी महिला और तांत्रिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बारह साल का दीपक नकुड़ थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के बाहर खेत में मृत पाया गया था। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे और गले के पास का मांस गायब मिला था। बलि देने की बात साबित हो जाने के बाद पुलिस ने महिला, उसके भाई और तांत्रिक को बुधवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया।

स्थानीय थाना प्रभारी बी.आर. वर्मा ने बताया कि बच्चे के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया है कि हत्या करने के बाद गले के पास का मांस निकाला गया। यह खुलासा होने के बाद हमें नरबलि का शक हुआ। वर्मा ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि बच्चे (दीपक) की मां अमरेश उसे जन्म देने के कुछ दिन बाद गुजर गई थी। जिसके बाद उसके पिता सुशील कश्यप ने माया नाम की महिला से शादी कर ली थी। शादी के बाद माया के छह बच्चे तो हुए लेकिन सभी की जन्म के समय मौत हो गई।

वर्मा ने कहा कि शक के आधार पर हमने बुधवार को माया से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल करते हुए कहा कि अपने भाई के साथ मिलकर उसने दीपक को फांसी पर लटकाकर मारा। उसने बताया कि तांत्रिक की सलाह पर उसने ऐसा किया था, जिसने उसे भरोसा दिलाया था कि बलि देने से उसे ऐसे पुत्र की प्राप्ति होगी जिसकी जन्म के समय मृत्यु नहीं होगी।

रोडवेज का फर्जी नियुक्ति पत्र देकर १.७५ लाख ठगे

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली के ग्राम दीनदयाल बाग़ निवासी राजाराम वर्मा से नौकरी के नाम पर १.७५ लाख रुपये ठगने वाले ने फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया|
राजाराम को बीते दिनों गाँव के महावीर ने बताया कि राज्य परिवहन निगम में मई चालक पद पर कार्यरत हूँ | २ लाख रुपये का इंतजाम करो तो खाली परिचालक की जगह तुम्हारी नौकरी लगवा दूंगा|
राजाराम ने इधर-उधर से कर्ज लेकर महावीर को १.७५ लाख रुपये दिए| तब महावीर ने ५ जनवरी की तिथि में सचिव उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम सचिवालय लखनऊ के  द्वारा आरएम बुलंदशहर के नाम राजाराम का नियुक्ति पत्र तथा १ जनवरी परिक्षेत्र इटावा कार्यालय से जारी पत्र में राजाराम को अवगत कराया गया कि वह ६ जनवरी को लखनऊ स्थित निगम कार्यालय में साक्षात्कार के लिए उपस्थित हों|

जब राजाराम निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार देने लखनऊ पहुचे तो उन्हें धोखाधड़ी के वारे में पता चला| जब राजाराम ने महावीर से रुपये वापस करने को कहा तो उसने रुपये देने से साफ़ मना कर दिया और उलटा हरिजन एक्ट के मुक़दमे में जेल भिजवाने के लिए धमकाया|

सर्वोदय मंडल के मंत्री लक्षमण सिंह ने राजाराम को पुलिस अधीक्षक से मिलवाकर शिकायती पत्र दिलवाया|