Home Blog Page 5653

सपाइयों का आंदोलन कुचलने को प्रशासन कटिबद्ध

फर्रुखाबाद,6 मार्चः जिला प्रशासन सपाइयों के आंदोलन को कुचलने के लिये पूरी तरह से तैयार नजर आ रहा है। रविवार को जिलाधिकारी रिग्जिन सैम्फेल ने कलक्लट्रेट सभागार में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर आंदोलन से निबटने की रणनीति बनायी।

श्री सैम्फेल ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिये कि जनपद में धारा 144 लागू है। कानून व्यवस्था बनाये रखना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसलिये सभी को अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए मुस्तैदी से काम करना होगा। विदित है कि सोमवार से समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश स्तर पर आंदोलन की घोषणा कर रखी है। प्रदेश शासन ने भी आंदोलन से निबटने के लिये सख्ती से निबटने के निर्देश दे रखे हैं, जिसका अंदाजा शनिवार रात्रि से ही शुरू हो गयी सपाइयों की धरपकड़ से लग चुका है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर की ओर आने वाले लगभग सभी रास्तों पर बैरियर लगाने और आंदोलन कारियों को एकत्र न होने देने की रणनीति बनायी गयी है। यदि फिर भी सपाई एकत्र हो कर प्रदर्शन करते हैं तो उनको तितर बिरतर करने के लिये भी पूरी तरह से तैयार रहने को कहा गया है।

गोली चलाने वाले को सभासद ने पटक कर तमंचा छीना

फर्रुखाबाद: दबंग सभासद नौशाद अहमद सिद्दीकी ने गोली चलाने वाले गुंडे को उठाकर पटक दिया और उसका तमंचा छीन लिया| बार्ड भगत सिंह नगर मोहल्ला हाता करम खां चीनी ग्रान निवासी सभासद नौशाद अहमद सिद्दीकी बीती रात ८ बजे टाउन हाल तिराहे पर नौशाद के फाटक में ट्रेवल्स एजेंसी के उद्घाटन समारोह में भगा लेने पहुंचे|

वहां मोहल्ला गढ़ी अब्दुल मजीद खां निवासी आसिफ उर्फ़ टाईगर बैठा हुआ था| जिसने कहा सुनी होते ही गोट से तमंचा निकालकर नौशाद पर फायर किया जिससे वह बाल बाल बच गए| जिससे समारोह में भगदड़ मचकर सनसनी फ़ैल गयी|

दबंग सभासद नौशाद ने टाईगर को उठाकर पटक दिया और उसके हाँथ से तमंचा पकड़ लिया इसी दौरान टाईगर छुड़ाकर भाग गया| नौशाद ने उसके विरुद्ध जानलेवा हमले करने की रिपोर्ट दर्ज कराई| तमंचा पुलिस को सौंप दिया| नौशाद ने बताया कि जहर खाकर भाई के मर जाने पर टाईगर ने ३२ हजार रुपये उधार लिए थे| जिसका तगादा करने पर उसने बदसलूकी की थी जिसकी तहसील दिवस में शिकायत किये जाने के कारण वह रंजिश मानने लगा था|  वह मार डालने के उद्देश्य से ही घात लगाए बैठा था|

बारात आने से पहले ही आग लगने से मच गया कोहराम

फर्रुखाबाद: आज बारात आने से पहले ही घर में आग लग जाने से कोहराम मच गया| आग बुझाने में ३ रिश्तेदार झुलस गए|

शहर कोतवाली के मोहल्ला सलावत खान निवासी सन्नू सक्सेना की पुत्री साधना की आज ही थाना मेरापुर के ग्राम अचरा से बारात आनी है| गरीब सन्नू के घर में गैस के सिलेंडर पर सायं खाना बन रहा था| सायं ५ बजे गैस लीकेज होने से छप्पर में आग लग गई| देखते ही देखते छप्पर जल गया तथा आग कमरे के अंदर भी पहुँच गई जहां घरेलू सामान भरा था|

आग को देखकर वहाँ मौजूद परिजाओं व रिश्तेदारों में भगदड़ मच गई| रिश्तेदारों ने ड्रम में भरे पानी को डालकर आग को बुझाया| आग से हजारों रुपये कीमती घरेलू सामान के साथ ही दहेज का भी सामान जल गया तथा खाना खराब हो गया| रही सही कसर आग को बुझाने में पूरी हो गई| नुकशान को देखकर साधना के अलावा परिवार की महिलायें बिलखने लगीं|

आग से साधना के मौसा ओमकार व रिश्तेदार ओमवीर कल्लू झुलस गए|

गिरफ्तारी होते ही होटल से खिसक गए सपा के पूर्व मंत्री

फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी होते ही मदद करने के बजाय समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा चुपचाप होटल से खिसक गए| सपा मुखिया मुलायम सिंह ने उन्हें ७ से ९ फरवरी तक आयोजित जन आन्दोलन का प्रभारी बनाया था|

बीती रात श्री विश्वकर्मा ने बढपुर के होटल में सांसद चन्द्र भूषण सिंह उर्फ़ मुन्नूबाबू, विधायक नरेन्द्र सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दृगपाल सिंह यादव बाबी, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश दीक्षित, राजकुमार राठौर एडवोकेट, ओमप्रकाश शर्मा आदि के साथ आन्दोलन को सफल बनाने के लिए बैठक की| इसी दौरान उन्होंने फोन करके घर जा चुके जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव को बुला लिया तभी पुलिस ने होटल को घेरना शुरू कर दिया|

पुलिस के द्वारा घेरावंदी होने की जानकारी पर सपा नेताओं में खलबली मच गयी| तब सतीश दीक्षित ने बड़ी दबंगई से कहा कि चलो निकलते हैं ज्यादा से ज्यादा पुलिस गिरफ्तार कर जेल ही भेजेगी| सभी सपा नेता पुलिस की नजरें बचाकर चुपचाप खिसक गए तब तक पुलिस की भी गिरफ्तारी करने की रणनीति नहीं बनी थी| जब चंद्रपाल सिंह यादव व ओमप्रकाश शर्मा बाहर निकले तभी पुलिस ने चंद्रपाल यादव को घेर लिया न पहचाने जाने के कारण ओमप्रकाश खिसक गए|

चंद्रपाल सिंह आदि नेताओं की गिरफ्तारी होते ही मंत्री जी होटल से चुपचाप खिसक गए| उधर पुलिस ने आवास विकास कालोनी में छापा मारकर सपा नेता एवं प्रधानाचार्य एवं प्रताप बहादुर शाक्य को धर दबोचा|

जिला जेल में बंद न होने का सपा नेत्री ने किया था विरोध

फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष सुषमा जाटव ने जिला जेल में बंद न होने का काफी विरोध किया था लेकिन पुलिस ने उन्हें गुमराह कर बंद कर दिया|

कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस जब सुषमा जाटव व कोषाध्यक्ष गीता सिंह रजत क्रांतिकारी को जीप से लेकर किशोर बंदी सुधारगृह पहुँची तो उन्होंने मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद के नारे लगाए| नारेबाजी सुनकर जेल में बंद सपा नेता गेट तक आ गए| जेल कर्मचारी ने महिलाओं को अन्दर लेने से मना कर दिया तथा कहा कि यह जिला जेल की महिला बैरिक में रहेंगीं|

सुषमा ने जिला जेल में बंद होने से मना कर दिया तथा कहा कि वह किशोर बंदी सुधारगृह में साथियों के साथ ही रहेंगीं पहले भी इसी जेल में बंद हुई थीं| एसएस आई नासिर हुसैन अधीक्षक से मिलबाने के बहाने उन्हें जिला जेल के अन्दर बुला ले गए गीता भी साथ चली गईं| पुलिस ने सुषमा के साथ पकडे गए गौरव व धीरेन्द्र आर्य को छोड़ दिया|

समाजवादी पार्टी के कार्यालय की देखभाल करने वाला सुकरम पाल भी जिला जेल पहुँच गए| उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुझे पकड़ लिया और हाँथ में चोट होने के कारण छोड़ दिया| मै चाहता हूँ कि मै भी जेल के अन्दर बंद हो जाऊं|

6 मार्च: फर्रुखाबाद की अपराधिक घटनायें

विक्षिप्त महिला ने जान गंवाई
फर्रुखाबाद: थाना राजेपुर के ग्राम शेराखार निवासी राजेश्वर की २० वर्षीय पत्नी छोटी बिटिया ने फांसी लगाकर जान दे दी| पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया|

एसओ एके पाण्डेय ने बताया कि महिला का करीब ९ माह पूर्व ही विवाह हुआ था| विक्षिप्त होने के कारण ही उसने फांसी लगा ली|

मारपीट व पथराव में घायल

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली के रामलीला गड्डे में मुकद्दमे बाजी की रंजिश को लेकर मिथुन कठेरिया व राधेश्याम कठेरिया के परिवारीजनो के बीच लाठी डंडे व पत्थर बाजी हुयी|

जिसमे मिथुन व राधेश्याम की पुत्री नैना घायल हो गईं| हमले में मिथुन की माँ विमला व नैना के बहन शिल्पा को भी चोटें लगीं|

शिक्षा माफिया की जैः नकलचियों की बल्ले-बल्ले

स्कूल अपने स्तर पर जारी करेंगे बोर्ड परीक्षा प्रवेश पत्र और रोलनंबर

7 मार्चः यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार एक विशेष प्रकार का मजाक होने जा रहा है। नकलचियों और नकल माफिया के दुष्चक्र में कसमससा रही व्यवस्था ने लगता है कि इस बार पूरी तरह से हथियार डाल दिये हैं। नकल के लिये बदनाम अनेक विद्यालयों को जहां एक बार फिर से परीक्षा केंद्र बना दिया गया है वहीं बोर्ड अभी तक लगभग आधे से भी कम परीक्षार्थियों के ही प्रवेश पत्र तैयार कर सका है और परीक्षा में मात्र दस दिन से भी कम समय शेष बचा है। जाहिर है कि बोर्ड के सामने अब स्कूलों को ही अपने स्तर से प्रवेश पत्र और रोलनंबर जारी करने की अनुमति देने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है।

बोर्ड परीक्षा में केवल दस दिन शेष हैं। अब तक सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र मिल जाने चाहिए थे ताकि उसमें कोई गड़बड़ी हो तो सुधार किया जा सके। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा में इस वर्ष लगभग 55 लाख पीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। लेकिन बोर्ड कर्मचारियों की हीलाहवाली की वजह से लगभग 32 लाख परीक्षार्थियों की नामावली अब तक तैयार नहीं है। नामावली तैयार होने के बाद उसे स्कूल से संशोधित कराया जाता है, उसी आधार पर रोलनंबर तय कर प्रवेश पत्र बनाया जाता है। नामावली जारी न होने से आगे की सारी प्रक्रिया ठप पड़ी है। परीक्षा समिति से जुड़े सूत्रों के अनुसार रविवार से नामावली जारी कर संशोधन शुरू हो जाए तो भी दस दिन में 15 लाख से अधिक अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र तैयार नहीं हो सकता। साफ है कि परीक्षा में बैठाने के लिए स्कूल अपने स्तर पर रोलनंबर और प्रवेश पत्र जारी करेंगे जिससे परीक्षा के दौरान और फिर परिणाम तैयार करने में भारी गड़बड़ी होना तय है। प्रवेश पत्र के लिए परीक्षा समिति की दो बैठकें हो चुकी हैं लेकिन हैरान करने वाली सच्चाई यह है कि अब तक 32 लाख से अधिक छात्रों की नामावली तैयार नहीं हुई। नामावली तैयार न होने के कारण हाईस्कूल के छात्रों का विज्ञान और शारीरिक शिक्षा प्रायोगिक परीक्षा का नंबर बोर्ड को नहीं भेजा जा सका।

फर्जी पंजीकरण, फॉर्म भरने में हेराफेरी, गलत छात्र संख्या दिखाने, मनमानी केंद्र के लिए धमकाने के तमाम आरोप और जांच में दोषी पाए जाने के बाद भी हजारों बदनाम स्कूलों को केंद्र बना दिया गया। इन स्कूलों, संचालकों और छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। दो दिन पहले लखनऊ में हुई परीक्षा समिति की बैठक में इनके खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भी तैयार हुआ लेकिन माध्यमिक शिक्षा विभाग के बड़े अफसरों ने उसे अनदेखा कर दिया।

जेल भेजे गए सपा नेता, धरपकड़ के लिए छापेमारी

फर्रुखाबाद: बीती रात गिरफ्तार किये गए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव आदि कार्यकर्ताओं को रात में ही किशोर बंदी सुधारगृह में डाल दिया गया| रात से ही पूरे जिले में सपा नेताओं को गिरफ्तार कर उनकी तलाश में निरंतर छापे मारे जा रहे हैं|

सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दृगपाल सिंह यादव बाबी आदि एक दर्जन साथियों को पहले पुलिस लाइन में एकत्र किया गया और वहां से रात करीब ढाई बजे जिला जेल के निकट किशोर बंदी सुधार गृह में ले जाया गया|  पुलिस ने देर रात में ही छापा मारकर लाखन सिंह कठेरिया, करन माथुर, आरिफ परवेज, सोनू  कुशवाह, रवी शरण यादव एडवोकेट, अनिल श्रीवास्तव, सोहेल अख्तर खां, अन्ना खां, जनार्दन यादव, भैया खां, अमूल यादव आदि को पकड़ लिया| सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने मुलाक़ात के दौरान JNI से इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि कोतवाली मोहम्दाबाद, राजेपुर व अमृतपुर क्षेत्र से किसी एक भी सपाई की गिरफ्तारी नहीं हुयी है|

कोतवाली फतेहगढ़ के आर्य समाज मंदिर में आज दोपहर सपा कार्यकर्ता कल ७ फरवरी के धरने को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार कर रहे थे| इस दौरान मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद, मुख्यमंत्री मायावती मुर्दाबाद के नारे लगाए गए| इस सूचना पर कोतवाली एवं थाना मऊदरवाजा पुलिस ने वहां छापा मारकर महिला सभा के जिलाध्यक्ष सुषमा जाटव, कोषाध्यक्ष गीता सिंह, रजत क्रांतिकारी गौरव तथा धीरन्द्र आदि को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया|

इस दौरान वहां सपा के वरिष्ठ वृद्ध नेता ग्रीश चन्द्र कटियार बैठे रहे| पुलिस ने उन्हें नहीं पकड़ा| शहर कोतवाली पुलिस ने साहबगंज चौराहे पर छापा मारकर व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष विकास गुप्ता को भी दबोच लिया| आज जहानगंज पुलिस ने तीन तथा मोहम्दाबाद पुलिस ने यादव कालोनी निवासी रामचरण यादव को गिरफ्तार कर लिया|

गिरफ्तार किये गए सपाईयों की संख्या २४ पहुँच गयी|

एजेंसी के हाकर की पिटाई कर लूटे गए गैस सिलेंडर

फर्रुखाबाद:6March||  गैस न मिलने से परेशान लोग अब जबरदस्ती गैस सिलेंडर लूटने के लिए हाकरों की पिटाई भी करने लगे हैं| बाजार में कालाबाजारी से बिकने वाले सिलेंडर की कीमत ५५० रुपये तक पहुँच गई है|

समय से गैस न मिलने के कारण उपभोक्ता काफी परेशान हैं| दरअसल एजेंसी मालिक जंगल का क़ानून चलाकर मोटी कमाई करते हैं| जिनपर जिला प्रशासन का अकोई अंकुश नहीं है| कहने को जिलापूर्ति अधिकारी समय-समय पर खानापूरी करते रहते हैं|

भैरव गैस एजेंसी का हाकर दलित दीपू शंखवार आज सुबह साइकिल पर तीन सिलेंडर लादकर उपभोक्ताओं को देने जा रहा था| जब वह नगर के मोहल्ला बटुआ वाली गली नितगंजा से गुजर रहा था तभी डाक्टर केशव मिश्रा व उनके कई साथियों ने दीपू को घेर लिया और मारपीट कर उससे तीनों सिलेंडर छीन लिए|

मोहल्ला काली देवी निवासी दीपू ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी तथा पैर में लगी चोट दिखाई| सभासद श्याम सुन्दर वर्मा उर्फ़ लल्ला दीपू की पैरवी में कोतवाली पहुंचे|

अंग्रेजी माध्यम में पढ़ायेंगे उत्‍तर प्रदेश के सरकारी स्‍कूल

लखनऊ||  अब अंग्रेजी माध्यम से पढऩे के लिए निजी स्कूलों का ही सहारा नहीं लेना पड़ेगा बल्कि सरकारी स्कूलों में भी अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई की जा सकेगी। इसके लिए प्रदेश सरकार प्रदेश भर में 148 माडल स्कूल खोलेगी, जिसमें 6 से 12 तक की पढ़ाई हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यमों में होगी।

यह जानकारी देते हुए प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मंत्री रंगनाथ मिश्र ने आज यहां कहा है कि राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक ब्लाक में माडल स्कूल खोले जायेंगें। आगामी शिक्षण सत्र से इसमें 6 से 12 तक की पढ़ाई हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यमों में होगी।

श्री मिश्र ने आज यहां कहा कि 148 माडल स्कूलों के लिये जमीन उपलब्ध हो गयी है। प्रत्येक स्कूल के निर्माण में चार करोड रूपये खर्च होंगे। इस धनराशि का पचहत्तर प्रतिशत केन्द्र सरकार और पचीस प्रतिशत राज्य सरकार देगी। उन्होंने कहा कि अगले शिक्षा सत्र से यह सभी स्कूल खुल जायेंगें। पांच सौ और माडल स्कूलों के लिये प्रस्ताव भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि खुलने वाले माडल स्कूल आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह लैस होंगें। इसमें छात्रावास की सुविधा भी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नकल मुक्त परीक्षा कराने के लिये कटिबद्ध है। नकल माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। हर हाल में सभी को परीक्षा ड्यूटी करना है इसमें किसी को भी कोई रियायत नहीं दी जायेगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के पश्चात कापियों का मूल्यांकन समय से होगा ताकि समय से परीक्षाफल घोषित किया जा सके।