Home Blog Page 5645

पुरानी बातें भूल नये सिरे से करें शुरूआत: सीएमओ

फर्रुखाबाद|| मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ पीके पोरवाल ने आज लोहिया अस्पताल के डाक्टरों को सख्त हिदायत दी कि वे किसी भी सूरत में दो बजे से पहले ओपीडी न छोड़ें। उन्होंने कहा कि मरीज देखने का काम प्राथमिकता से होना चाहिए।

डॉ. पोरवाल ने कहा कि पुरानी बातें भूलकर नयी शुरूआत करनी है। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी बार्ड को खाली पड़े महिला बार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है जहां मरीजों को भी शिफ्ट कर दिया गया| महकमे ने जिला अस्पतालों से डाक्टरों की मासिक रिपोर्ट भेजने के आदेश जारी किए हैं।

उन्होंने कहा कि अब डाक्टरों को बताना होगा कि उन्होंने कितने मरीजों का और किन-किन बीमारियों का इलाज किया। वहीं ईएनटी और सर्जरी के डाक्टरों को महीने में 50 आपरेशन करना अनिवार्य कर दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि कुछ डाक्टर मानक के अनुसार आपरेशन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डाक्टरों को अपने कार्यों में बिलकुल ढिलाई नहीं बरतनी चाहिए|

कर्ज से दुखी नशेड़ी सर्राफ फांसी पर लटका

फर्रुखाबाद: नगर के मोहल्ला नाला सिमत्सुमाल निवासी ३७ वर्षीय रामबाबू वर्मा ने कर्ज के कारण फांसी लगाकर जान दे दी| सायं ४:३० बजे रामबाबू अपने पुत्र सोनू के साथ घर पर मौजूद थे|

उसी समय वह गर्दन में रस्सी का फंदा डालकर छत के कुंडे से लटक गए| उनके बड़े बेटे गौरव व सौरभ सुनारी का कार्य करने गए हुए थे| पत्नी सुखदेवी छोटे बेटे मोनू के साथ पड़ोसी जिला शाहजहांपुर थाना कटरा के ग्राम निरमा में अपने दिबंगत पिता की होली उठाने गई थी|

रामबाबू जेवरात बनाने का कुशल कारीगर था लेकिन शराब की लत ने उसकी जिन्दगी बर्बाद कर दी|

शहर में काम न मिलने के कारण नवाबगंज में अपने बहनोई शिव प्रसाद के यहाँ काम करता था| गौरव ने बताया कि कर्जा हो जाने के कारण उसके पिता ने फांसी लगाई है| इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने जांच-पड़ताल की| तिकोना चौकी प्रभारी राम प्रकाश ने शव का पंचनामा भरा|

दलित पशु व्यापारी को चाकू मार 85 हजार रुपये लूटे

फर्रुखाबाद: दबंगों ने पशु व्यापारी छोटेलाल जाटव को घायल कर ८५ हजार रुपये लूट लिए| पुलिस ने मारपीट की मामूली सूचना दर्ज कर घायल का लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया|

परीक्षण के दौरान थाना नवाबगंज के ग्राम जोधा नगला निवासी छोटे ने असलियत बताई कि उसने जानवर खरीदने के लिए ८५ हजार रुपयों का इंतजाम किया था| बीते दिन सायं ५ बजे गाँव के नन्हू व मिन्टूलाल ने घेर लिया और अनाहू ने मार डालने के लिए चाकू चलाया| मुंह में चाकू लगने से होंठ कट गए| पुलिस के कहने पर शाम को ही परीक्षण कराने के लिए ४०० रुपये भाड़े पर टैम्पो किया कोई सिपाही न होने के कारण परीक्षण नहीं हो सका|

पीड़ित दलित छोटे ने बताया कि आज पुनः ४०० रुपये भाड़े पर टैम्पो करके अस्पताल आया हूँ| पुलिस मेरी रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कर रही थी| जब मैंने आगरा जिले के बसपा अध्यक्ष प्रमोद रैना रिश्तेदार से सिफारिश कराई तब पुलिस ने आज दूसरे दिन डाक्टरी परीक्षण कराया| अनपढ़ होने के कारण छोटे अपनी १० वर्ष की शिक्षित पुत्री मोनिका को मोबाइल नंबर मिलाने आदि के लिए साथ लेकर आया था|

प्रेमी ने इश्कबाजी में बाधक प्रेमिका के पति को किया घायल

फर्रुखाबाद: प्रेमी ने इश्कबाजी में बाधक बनने वाले प्रेमिका के पति चन्द्र प्रकाश को पीटकर घायल कर दिया| थाना मऊदरवाजा पुलिस ने घायल का देर रात लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया|

नगर के मोहल्ला बड़ा खेल बजरिया निवासी चन्द्र प्रकाश बाथम की पत्नी कमला के मोहल्ला नयी बस्ती प्रभू भट्टे वाली गली में रहने वाले रंजीत बाथम से काफी पुराने सम्बन्ध हैं| चन्द्र प्रकाश ने इस बात का रंजीत से विरोध किया तो रंजीत ने उसे बीती रात बाईपास कृष्णा फीलिंग स्टेशन के निकट पीटकर घायल कर दिया|

घायल चन्द्र प्रकाश ने हमलावर रंजीत के विरुद्ध सूचना दर्ज कराई| पुलिस ने रंजीत को पकड़ लिया| सिलाई कार्य करने वाले रंजीत ने बताया कि उससे कमला के एक पुत्री है वह वर्षों से उसे खर्चा देता है|

पीड़ित महिला ने नशेड़ी व जुआँरी पति को पुलिस से पकड़ाया

फर्रुखाबाद: पति से दुखी होकर दो महिलायें मायके चली आईं| इसके बावजूद भी नशेड़ी ने ससुराल पहुंचकर पत्नी के साथ ही भाभी की जमकर पिटाई कर दी| पीड़ित महिलाओं ने नशेड़ी को पुलिस से पकड़ा दिया|

थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला ढुईयाँ निवासी नत्थू बाथम की पुत्री नन्ही का कोतवाली गुरसहायगंज के ग्राम सिंघपुर निवासी रामबरन से विवाह हुआ है| नन्ही की मोहल्ले में ही रहने वाली परषोत्तम की पुत्री खुशबू ममेरी बहन का रामबरन के छोटे भाई परषोत्तम से विवाह हुआ है|

रामबरन व परषोत्तम कच्ची शराब उतारने के अलावा जुआं खेलने के भी आदी हैं| महिलाओं के विरोध करने पर दोनों ने अपनी पत्नियों को इतना प्रताड़ित किया कि वह परेशान होकर मायके चली गईं| परषोत्तम बीती रात शराब के नशे में ससुराल पहुंचा| उसने खुशबू के अलावा नन्ही की भी पिटाई की तथा जुआं खेलने के लिए रुपये मांगे|

पीड़ित महिलओं की शिकायत पर पुलिस ने परषोत्तम को पकड़ लिया|

आग लगाकर बच्चे को मार डालने का प्रयास

फर्रुखाबाद: कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम नगला पजाबा निवासी आनंद कुमार जोशी के बेटे अपूर्व कुमार को आग से जलाकर मार डालने का प्रयास किया गया| बीती रात दो व्यक्ति घर में घुस गए और आनंद की पत्नी का श्रृंगार दान तोड़कर उसमे रखे रुपये निकाल लिए|

बरामदे में पड़े बिस्तर में मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी सयोंग से अपूर्ण कुमार इस बिस्तर पर न लेटकर दूसरे बिस्तर पर लेटने से बच गया|

थाना मऊदरवाजा के ग्राम न्यामतपुर सरैया निवासी रनवीर सिंह चौहान ने मेहनत से तैयार की गयी मटर की फसल जबरन कब्जा कर लिए जाने की पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है| उसने बटाई पर पांच बीघा जमीन में काफी मेहनत से मटर की फसल तैयार की थी|

आनंद अध्यक्ष व आलोक जर्नलिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री बने

फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश सचिव विनय सिंह की अध्यक्षता में फर्रुखाबाद की कार्यकारिणी का गठन निम्न प्रकार हुआ है|

जिसमे अध्यक्ष आनंद भान शाक्य, महामंत्री आलोक सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष नितेश सक्सेना (टीटू), मुख्य सचिव अजय प्रताप सिंह,सचिव आनंद मिश्रा, सयुंक्त सचिव उपेन्द्र यादव, प्रशासनिक सचिव मोहम्मद सफीउल हसन, वरिष्ठ संगठन मंत्री प्रशांत द्विवेदी, संगठन मंत्री जितेन्द्र दीक्षित (टिंकू), कोषाध्यक्ष मोहन लाल गौढ़, मीडिया प्रभारी विनय मिश्रा, आडीटर शैलेश राजपूत, तथा दीपक श्रीवास्तव विधि सलाहकार चुने गए|

रहीस अहमद, अमरेश कुमार दीक्षित उर्फ संतू, इन्तजार अली, उमैर फारुखी, संजीव श्रीवास्तव, कमल वर्मा, शकील खान, रोबिन कपूर, स्वदेश कुमार राजपूत, जसपाल सिंह यादव, शमीउल्ला खान उर्फ गुड्डू, विनय मिश्रा, शिवनाथ शुक्ला, शैलेन्द्र वर्मा, योगीराज दबे जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए|

मीडिया प्रभारी विजय मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय जर्नलिस्ट एसोसिएशन की आपात बैठक १३ मार्च दिन रविवार को अपराह्न १ बजे बढपुर होटल हिन्दुस्तान के सामने डेली न्यूज़ एक्टिविस्ट कार्यालय में संपन्न होगी| जिसमे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा की जायेगी|

12 मार्च: फर्रुखाबाद की अपराधिक घटनायें

पुलिस ने दबंगों को दबोचा

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला घोड़ा नखास निवासी दिलशाद खलीफा व उनके भाई आमिर को हिरासत में ले लिया| दिलशाद पर उनके चाचा गुलजार अंसारी ने अपने पैत्रिक मकान पर जबरन कब्जा करने एवं निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाया है|

पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है|

बेटे ने बाप को घायल किया

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा के ग्राम खतबापुर निवासी ओम प्रकाश ने अपने पिता अनंतराम को पीटकर घायल कर दिया| अनंतराम ने एक वृक्ष गरीब व्यक्ति को काटने के लिए दे दिया इसी बात पर उनकी पिटाई की गयी| उन्होंने हमलावर बेटे व उसकी पत्नी रेखा देवी के विरुद्ध सूचना दर्ज कराई|

ट्रक चढ़ जाने से मरते-मरते बचा बस हेल्पर

फर्रुखाबाद: ट्रक का पहिया चढ़ जाने से प्राईवेट बस का हेल्पर विक्रम मरते-मरते बच गया| बस कंडेक्टर नन्हे ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया|

थाना व कस्बा अमृत पुर निवासी इन्द्रपाल का २४ वर्षीय पुत्र विक्रम रमेश द्विवेदी की कलान मार्ग पर चलने वाली बस नंबर यूपी ७६ एच / ८३१३ पर हेल्परी करता है| बस दोपहर बाद कलान जा रही थी राजेपुर में बस के रुकने पर विक्रम वहीं सड़क पर खड़ा था| पीछे से आये ट्रक नंबर यूपी ७४ टी / ०१२२ के चालक ने विक्रम के पैर के ऊपर ट्रक चढ़ा दिया|

विक्रम की चीख निकलते ही चालक ट्रक छोड़कर भाग गया| पुलिस ने मौरम से भरे ट्रक को कब्जे में ले लिया|

युवती घायल

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली के ग्राम अमेठी कोहना निवासी अशोक शर्मा की २२ वर्षीय पुत्री कुमारी सुधा घायल हो गई| बहनोई योगेश शर्मा ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया| अस्पताल के रिकार्ड में सुधा को स्वयं की लापरवाही से जीने से गिरकर घायल होना दर्शाया गया|

फरीदाबाद से अपहत दलित बालक फर्रुखाबाद में मिला

फर्रुखाबाद: पांच दिन पूर्व फरीदाबाद घर से अपहत किया गया बालक आज यहाँ पपियापुर गाँव में मिला|

७ वर्षीय लालू को फरीदाबाद बल्लभ गढ़ में रहने वाले पिता राजू कठेरिया ने आज सुबह पपियापुर गाँव में खोज निकाला| कन्नौज कोतवाली छिबरामऊ के ग्राम मेंदेपुर निवासी राजू बल्लभ गढ़ में प्राईवेट में नौकरी करता है| उनके पड़ोस में ही हरदोई थाना पाली के ग्राम लौका निवासी रामशरण लोधी का पुत्र निराले भी गाँव के रामफेरे लोधी के साथ काम करता है|

निराले ने ८ मार्च की रात करीब ९ बजे मौक़ा मिलते ही लालू को उसके घर से उठा लिया और यहाँ शहर कोतवाली के गाँव पपियापुर में अपनी बहन गुड्डी, बहनोई रामबीर के यहाँ रहने लगा| राजू रामफेरे की मदद से बीते तीन दिनों से पपियापुर गाँव की निगरानी कर रहा था| आज सुबह राजू को लालू गाँव की परचून की दुकान के पास मिला|

लालू को कब्जे में लेने के बाद निराले को रामबीर के घर में पकड़ लिया| रामबीर ने पिछले दरबाजे से निराले को भगा दिया| आईटी आई चौकी इंचार्ज नरेश दीक्षित मदद करने के लिए गाँव पहुंचे लेकिन क्षेत्र की घटना न होने के कारण उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की|

राजू ने बताया कि निराले ने मोबाइल फोन से बेटी की फिरौती के लिए मेरी पत्नी बबली से रुपयों की मांग की थी| कितने रुपये कहाँ चाहिए यह बात तय नहीं हो पायी|