Home Blog Page 5619

6 मई: फर्रुखाबाद की अपराधिक घटनायें

नशेड़ी गार्ड की फायरिंग से मची भगदड़

फर्रुखाबाद: रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद तिराहा स्थित देशी शराब ठेके के निकट नशेड़ी सुरक्षा गार्ड द्वारा लायेसेंसी बन्दूक से फायरिंग किये जाने से भगदड़ मचकर दहशत फ़ैल गयी| लोगों ने गार्ड को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया|

कोतवाली पुलिस ने थाना कमालगंज एक ग्राम तेरा अक्वारपुर निवासी अधेढ़ छन्नूलाल मिश्रा का लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया| परीक्षण में सुरक्षा गार्ड के शरीर में एल्कोहल पाया गया|

बेहोश यात्री लोहिया अस्पताल में

फर्रुखाबाद: जीआरपी थाना फर्रुखाबाद के सिपाही राज नारायण ने आज रात २५ वर्षीय युवक को लोहिया अस्पताल पहुंचाया| पुलिस को यह युवक रेलवे विश्रामालय में बेहोश पड़ा मिला|

कार के दहेज़ लोभी मुकद्दमे में फंसे

फर्रुखाबाद: महिला थाना पुलिस ने कायमगंज के मोहल्ला पटवन गली निवासी रामबाबू की पुत्री कुसुलता की दहेज़ को लेकर प्रताड़ित किये जाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली|

केस में पड़ोसी जिला मैनपुरी थाना व कस्बा करहल निवासी कुसुम के पति निखिल, देबर आदर्श, रीना, सुमन, विनीता व इन्द्रजीत को अभियुक्त बनाया गया है| आरोपियों ने ५० हजार रुपये व कार की मांग को लेकर कुसुम को मानशिक रूप से प्रताड़ित किया|

झगड़ा करते दो गिरफ्तार

फर्रुखाबाद: कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने बढपुर निवासी मोनू सैनी व कल्लन गुप्ता को मारपीट करते समय शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया|

हादसे में अधिवक्ता की पत्नी सहित कई घायल

फर्रुखाबाद: मार्ग दुर्घटना में फतेहगढ़ सिविल लाइन निवासी अधिवक्ता सूर्य प्रताप सिंह की पत्नी मंजीत कौर व पड़ोसी राम प्रसाद सक्सेना घायल हो गए| जिनको लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

अधिवक्ता बीती रात पत्नी व पड़ोसी के साथ कायमगंज शादी समारोह में भाग लेने अपनी इंडिका कार से जा रहे थे| जब वह रात ९ बजे बाईपास नखासा के निकट से गुजर रहे थे उसी समय सामने से आ रहे ट्रैक्टर नंबर यूपी ७६ एल / ०६० के चालक ने जोरदार टक्कर मार दी और ट्रैक्टर को भगा ले गया|

इंडिका कार पलट जाने से क्षतिग्रस्त हो गयी| अधिवक्ता ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई|

थाना राजेपुर के ग्राम बदनपुर निवासी राजकिशोर को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया| राजकिशोर साइकिल से घटियाघाट रोड से गुजर रहा था| टैम्पो की टक्कर लगने से घायल हो गया|

बीएसपी विधायक को सजा से पार्टी की साख पर बट्टा

फर्रुखाबाद: इंजीनियर मनोज गुप्ता हत्याकांड में १० साथियों सहित बीएसपी विधायक शेखर तिवारी को उम्र कैद की सजा व उनकी पत्नी को भी सजा सुनाई गई है। अदालत के इस फैंसले से बसपा सरकार की साख को बट्टा लगा है|

पड़ोसी जिला ओरैया में पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर मनोज गुप्ता की 24 दिसंबर, 2008 को पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। आरोप था कि बहुजन समाज पार्टी के स्थानीय विधायक शेखर तिवारी ने मुख्यमंत्री व पार्टी प्रमुख मायावती के जन्मदिन के लिए चंदा न देने के लिए इंजीनियर की हत्या करवा दी थी।

इस मामले में विधायक, उनकी पत्नी और एक थाना प्रभारी सहित 11 लोगों को आरोपी बनाया गया था। मामले की सुनवाई पहले औरैया अदालत में शुरू हुई थी बाद में मामला लखनऊ की विशेष अदालत को भेज दिया गया था। दो साल से ज्यादा समय तक चली सुनवाई के बाद आज फैसला सुनाया गया।

घटना की जांच के बाद पुलिस ने बसपा विधायक शेखर तिवारी, उनकी पत्नी विभा तिवारी, विनय तिवारी उर्फ त्यागी, राम बाबू उर्फ पूती योगेंद्र दोहरे उर्फ भाटिया, मनोज अवस्थी, देवेंद्र राजपूत, संतोष तिवारी गजराज सिंह, पाल सिंह एवं तत्कालीन थानाध्यक्ष दिबियापुर होशियार सिंह के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी|

अदालत के इस फैंसले से साफ़ हो गया है कि बसपा विधायक ने जबरन रुपयों की बसूली के लिए ही निर्दोष इंजीनियर की ह्त्या करवाई थी| बसपा की मुख्यमंत्री व उनके मंत्रियों, सांसद, विधायक व प्रमुख पदाधिकारियों पर रुपयों की अवैध बसूली का आरोप लगता रहा| अब यह स्थित काफी भयानक हो गयी है|

अभी तक पुलिस के अधिकारी थाना व चौकी प्रभारी स्तर से ही रुपयों की उगाही करते थे लेकिन अब पुलिस के अधिकारी महत्वपूर्ण विवादित मामलों में दोषी लोगों को पहले पकड़वाते हैं और मुंह माँगी रकम मिल जाने पर उन्हें छुड़वाकर कमाई का एक नया तरीका इजाद किया है| कोई भी ऐसी शिकायतों में कार्रवाई करना तो दूर सुनना तक नहीं चाहता है| यदि समय रहते पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने स्वयं अवैध बसूली बंद कर लूट-खसोट पर रोकथाम नहीं लगाई तो उन्हें आने वाले चुनाव में खामियाजा भुगतना पड़ेगा|

रंजीत की ह्त्या में बाप-बेटे के विरुद्ध रिपोर्ट

पुलिस मान रही है प्रेम-प्रसंग का मामला

फर्रुखाबाद: युवक रंजीत की ह्त्या के मामले में शक की सुई उसके दोस्त लालू वर्मा सर्राफ की ओर घूम रही है| पड़ोसी गाँव नगला सदन निवासी लालू बीती रात ८ बजे रंजीत को घर से बुलाकर ले गया था| वह एक दिन पूर्व भी लालू को घर से बुलाकर ले गया था|

रंजीत की ह्त्या के बाद लालू के गायब हो जाने के कारण ही उसके ऊपर ह्त्या का संदेह किया जा रहा है| लालू की पखना रेलवे स्टेशन के निकट बाला जी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है| इसी नाम से उसके पिता दिनेश मुरहास में सर्राफ की दुकान चलाते हैं|

वाहन चलाने वाला रंजीत जुआंरी, शराबी था| विवाद हो जाने के कारण दो दिन पूर्व ही उसकी पत्नी नगर फर्रुखाबाद के मोहल्ला मदारबाडी मायके चली गई थी| जिस हैवानियत से रंजीत की ह्त्या की गई उससे पुलिस प्रेम-प्रसंग का मामला मान रही है| रंजीत के पिता पूर्व सेवा निवृत फ़ौजी हैं|

मृतक रंजीत के भाई संजीव ने थाना मेरापुर के ग्राम नगला सूदन निवासी दिनेश वर्मा व उनके बेटे लालू के विरुद्ध ह्त्या की रिपोर्ट दर्ज कराई|

अक्षय तृतीया के दिन नया काम, शुभ ही शुभ

अक्षय तृतीया या आखा तीज वैशाख मास में शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को कहते हैं। इस तिथि को आखातीज के नाम से भी पुकारा जाता है।पौराणिक ग्रंथों के अनुसार इस दिन जो भी शुभ कार्य किये जाते हैं, उनका अक्षय फल मिलता है।इसी कारण इसे अक्षय तृतीया कहा जाता है कि इस दिन शुरू किए जाने वाले काम का अक्षय फल मिलता है।

ऐसा माना जाता है कि आज के दिन जाने-अनजाने अपराधों की सच्चे मन से ईश्वर से क्षमा प्रार्थना करे तो भगवान उसके अपराधों को क्षमा कर देते हैं और उसे सदगुण प्रदान करते हैं, अतः आज के दिन अपने दुर्गुणों को भगवान के चरणों में सदा के लिये अर्पित कर उनसे सदगुणों का वरदान मांगना चाहिए।पौराणिक कहानियों के मुताबिक, इसी दिन महाभारत की लड़ाई खत्म हुई।

द्वापर युग का समापन भी इसी दिन हुआ। इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने युधिष्ठिर के पूछने पर यह बताया था कि आज के दिन जो भी रचनात्मक या सांसारिक कार्य करोगे, उसका पुण्य मिलेगा। कोई भी नया काम, नया घर और नया कारोबार शुरू करने से उसमें बरकत और ख्याति मिलेगी। माना जाता है कि अक्षय तृतीया के दिन स्नान, ध्यान, जप तप करना, हवन करना, स्वाध्याय पितृ तर्पण करना और दान पुण्य करने से पुण्य मिलता है। देवताओं की पूजा करने को भी उन्होंने पुण्य बताया है। इसीलिए इस दिन कोई भी नया काम शुरू करना बहुत शुभ माना जाता है।

एक चिंगारी से वंदना के अरमानों की दुनिया राख

फर्रुखाबाद: दो दिन बाद वंदना की शादी है। गुरूवार को घर में अचानक लगी आग से पहनने के कपड़े, खाने के लिए अनाज एवं शादी का सारा सामान जल कर राख हो गया। वंदना की मान और घर की महिलाएं दहाडे़ मार-मार कर रो रही हैं। इस आग की चपेट में पिता मानसिंह के गृहस्ती तो जाली ही वंदना के अरमानों की दुनिया भी राख हो गयी है। इसके अलावा अन्य दो घरों में भी काफी नुकसान हुआ है। तीन जानवर भी झुलस गये है। शादी के कार्ड बांटने गया बंदना का पिता मानसिंह जब घर लौटा तो अपनी बरबादी देख फूट-फूट कर रोया।

क्षेत्र के गांव रायपुर खास के मोहल्ला गनाई में मानसिंह पुत्र मटरूलाल के घर गुरूवार को अचानक ऐसी आग लगी कि वह बरबाद हो गया। आग कैसे लगी यह किसी को नहीं पता है। मानसिंह की बेटी वंदना की शादी आठ मई को होनी है। घर की सभी महिलाएं तेल की रस्म के लिए घर से बाहर गयी हुई थी। घर में केवल बच्चे एवं वंदना थी अचानक न जाने कहां से आग की एक चिंगारी उठी और ऐसी शोला बनी कि देखते ही देखते उसने पल भर में उसके अरमानों की चिता जला दी। जब आग की खबर फैली तो रस्म निभा रही घर की महिलाएं दौड़ी चली आयी। किसी ने पानी डाला तो कोई फायर विग्रेड की सूचना देने लगा। तो किसी ने पुलिस को सूचना दी हर कोई परेशान था सभी लोग आग बुझाने में लगे थे फायर विग्रेड भी पहुंची लेकिन तब तक मानसिंह का सामान जलकर राख हो गया था दमकल कर्मियो ने शेष रह गयी आग को बुझाया इस आग की चपेट में श्यामाचरन व ग्रीश राठौर का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। मानसिंह का इस आग में पच्चीस हजार रूपये नकद, आटा, वेसन, चीनी, दाल, कपड़े, दहेज का सामान सब कुछ राख हो गया। उनके बही कपडे बचे थे जो पहने थे बाकी सब राख हो गये थे जबकि श्यामाचरन का घरेलू सामान के अलावा कारचोब का कीमती दुपट्टा जलकर राख हो गया वही घर में रखा पांच रूपये कीमत का धनिया का बीज भी आग में कही खो गया। इसके अलावा ग्रीश राठौर का भूसा, कारचोब का लहंगा, नयी साइकिल एवं घरेलू सामान जल कर राख हो गया। इस आग में तीनो के परिवार के तीन जानवर झुलस गये।

मानसिंह अपनी बेटी की शादी के लिए कार्ड बांटने रिश्तेदारों के यहां गया था घर आते ही अपनी बरबादी को देख रोने लगा। उसके साथ उसके सभी परिजन भी फूट-फूट कर रोने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि जैसे-तैसे मानसिंह ने अपनी बेटी की शादी के लिए सामान आदि इकट्ठा किया था लेकिन अब उसके आगे यह समस्या है कि वह आठ मई को अपनी बेटी के हाथ कैसे पीले करेगा। इधर आग की जानकारी पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और उसने क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौप दी है।

पुलिस ने दबंगई करने वाले ठेकेदार को हवालात दिखाई

फर्रुखाबाद: थाना कमालगंज पुलिस ने दबंगई करने वाले ठेकेदार को ऐसा सबक सिखाया है कि वह शायद अब खाकी से उलझने की जल्दी कोशिश नहीं करेगा|

नगर पंचायत कमालगंज के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी ठेकेदार देवेश उर्फ़ बजरंगी गुप्ता आज दोपहर पार्किंग शुल्क के नाम पर ट्रक आदि वाहन चालकों से अवैध जबरन बसूली कर रहा था| शिकायत मिलने पर जब पुलिस कर्मियों ने अवैध बसूली से मना किया तो बजरंगी वाहन चालकों की तरह पुलिस वालों से भी भिड़ गया| पुलिस ने बजरंगी को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया|

उसे जिलापंचायत से महारूपुर रावी में तहबाजारी का ठेका मिला है| एसओ सुनील तिवारी ने बताया कि बजरंगी गुंडई के बल पर अवैध बसूली एवं पुलिस से बदतमीजी करने पर पकड़ा गया है|

ईश्वर ने दे दी सेन्ट्रल जेल के कैदी को सजा

फर्रुखाबाद: अदालत के सजा के दौरान दुनिया की सबसे बड़ी अदालत ईश्वर ने केंद्रीय कारागार के बंदी जीवेन्द्र को मृत्यु की सजा दे दी है|

जेल के बंदी रक्षकों ने ६३ वर्षीय कैदी जीवेन्द्र को आज सुबह ८:२० बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया था जिसकी १२:३५ बजे मौत हो गयी| जीवेन्द्र पड़ोसी जिला हरदोई के थाना व कस्बा मझला का रहने वाला था| गाँव के पंडित रामसेवक की ह्त्या के मामले में उसको २२ जुलाई १९९५ को आजीवन कारावास की सजा हुयी थी| उसके न तो कोई पत्नी न कोई बेटा है|

चचेरे भाई विनीत सिंह व कुलदीप सिंह आदि परिजन अस्पताल पहुंचे| जिन्होंने जीवेन्द्र की मौत पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूर्ण रूप से स्वस्थ्य थे जेल की ओर से उनके बीमार होने की कोई सूचना नहीं दी गयी|

बाइक से दवा लेने व दिलाने वाले चले गए

फर्रुखाबाद: बाइक से दवा लेने व दिलाने वाले युवक की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गयी जबकि एक युवक और घायल हो गया| पुलिस ने मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा|

कोतवाली कायमगंज एक ग्राम इजौर निवासी वृद्ध रोशन लाल खटिक बीमारी की दवा लेकर वापस बाइक से घर लौट रहे थे| बाइक को उनका नाती विजेंद्र चला रहा था| बाइक पर विजेंद्र का १७ वर्षीय चाचा जितेन्द्र भी सवार था| जब यह लोग कैसर खां के बसड्डे के निकट से गुजर रहे थे उसी समय ट्रैक्टर की टक्कर से जयचंद्र के पुत्र जितेन्द्र की मौत हो गयी| विजेंद्र व रोशन लाल घायल हो गए| रोशन की उपचार के दौरान लोहिया अस्पताल में मौत हो गयी|

रोशन के शव के पास उनका बेटा रमेश आंसू बहाता रहा| रमेश ने बताया कि वह शादी समारोह में बरेली गए थे वहीं से सीधे लोहिया अस्पताल आये|

टिकट के लिए मुन्नूबाबू भाजपा नेता शाही से मिले

फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी को छोड़ने वाले पूर्व सांसद चंद्रभूषण सिंह उर्फ़ मुन्नूबाबू ने आज टिकट की दावेदारी करने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह शाही से भेंट की|

श्री शाही आज यहाँ सातनपुर मंडी के निकट गेस्ट हाउस में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुशील शाक्य के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल हुए| श्री शाही ने बंद कमरे में करीब १५ मिनट तक मुन्नूबाबू से भेंट की| इस दौरान मुन्नूबाबू ने श्री शाही को अपनी राजनैतिक ताकत का एहसास कराया|

पत्रकार वार्ता के दौरान जब श्री शाही से मुन्नूबाबू के पार्टी में शामिल होने के बारे में पूंछा गया तो तो उन्होंने हस्ते हुए टाल दिया कि कुछ चीजें बाद के लिए रहने दो| समझा जाता है कि मुन्नूबाबू का पार्टी में शामिल होना तय हो गया है| अब केवल औपचारिक रूप से घोषणा की जानी है|

इस दौरान सुशील शाक्य के अलावा अनेकों भाजपा नेता मौजूद रहे| श्री शाही भाजपा नेत्री डॉ रजनी शरीन के यहाँ भी गए|