Home Blog Page 5590

अधिकारी पर मासूमो की पंजीरी की कालाबाजारी करवाने का आरोप

फर्रुखाबाद: शहर कांग्रेस कमेटी ने बाल विकास पुष्टाहार विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई करवाने के लिए पहल की है|

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्ण प्रकाश शुक्ला पुन्नी, वसीमुज्जम्मा खां, मोहित गुप्ता, आकाश मिश्रा, आल्लादीन कांग्रेसी जिला मुख्यालय पहुंचे| जिन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी रवींद्र कुमार वर्मा को सौंपा| जिसमे बाल विकास पुष्टाहार अधिकारी द्वारा मिलीभगत से व्याप्त भ्रष्टाचार का खुलासा किया गया|

जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश वर्मा पर आरोप लगाया गया कि वह भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के कारण ब्लाक बढपुर की सीडीपीओ कमलेश कुमारी की उनके मूल पर कायमगंज में तैनाती नहीं कर रहे हैं| जबकि बाल विकास पुष्टाहार लखनऊ के निदेशक इस सम्बन्ध में पत्र जारी कर चुके हैं|

उधर सीडीपीओ कमलेश कुमारी पर आरोप लगाया गया कि वह मासूमो की पंजीरी की कालाबाजारी करवाकर कार्यकर्तियों से जबरन रुपयों की बसूली कर रही हैं| रुपये न देने पर नौकरी खत्म कर देने की धमकी देती हैं| राजेपुर व बढपुर में पूर्व तैनाती के दौरान भी कमलेश कुमारी पर अबैध बसूली के आरोप लगे थे|

ज्ञापन में डेरी पर पंजीरी की पकड़ी गयी बोरियों के मामले में भी जांच किये जाने की मांग की गयी|

हादसे में बीएड परीक्षार्थी सहित अनेकों घायल

फर्रुखाबाद: अलग अलग स्थानों पर हुयी मार्ग दुर्घटनाओं में बीएड परीक्षार्थी सहित अनेकों लोग घायल हो गए जिनको लोहिया अस्पताल ले जाया गया|

थाना नवावगंज के ग्राम बराकेशव निवासी अमरसिंह की २० वर्षीय पुत्री रेखा, कानपुर थाना बिल्हौर के ग्राम चांदपुरा निवासी जगदीश का २० वर्षीय पुत्र शैलेन्द्र, थाना बेबर के ग्राम खजुरिया निवासी राजाराम का २५ वर्षीय पुत्र सत्यपाल एवं कोतवाली मोहमदावाद के ग्राम जमुनापुर पूर्व निवासी रामसेवक का २१ वर्षीय पुत्र दीपू को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

यह सभी लोग टैम्पो में सवार होकर बराकेशव से बेबर जा रहे थे| बेबर पुलिया के पास पीछे ट्रैक्टर की टक्कर लगने से टैम्पो पलट गया| रेखा बीएड की परीक्षा देने मेरठ जा रही थी| उसकी २ जून को परिक्षा है|

दुर्घटना में घायल नगर के मोहल्ला मेमरान निवासी २० वर्षीय ममता व उसके २१ वर्षीय पति धर्मेन्द्र कुमार को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया| हालत गंभीर होने पर धर्मेन्द्र को रिफर कर दिया गया| ममता अपनी तीन वर्षीय पुत्री रौनक को लेकर पति की बाइक से मायके एटा के थाना व कस्बा सिड्पुरा जा रही थी| फैजबाग के निकट ट्रक की टक्कर से बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी| दुर्घटना में बची को भी मामूली चोटें लगी|

बाढ़ राहत की हेराफेरी में लेखपाल के विरुद्ध एफआईआर

फर्रुखाबाद: अजीब विडंबना है कि आजादी के ६५ साल बाद, शिक्षा और सभ्यता के इस सोपान पर भी हमारी ब्यूरोक्रेसी का जमीर गिद्ध और कौवों से भी बदतर होता जा रहा है। सूखा और बाढ़ से तबाह असहाय किसानों और आम जनता के लिये सरकार से आने वाले अनुदान को भी हड़पने में इनको शर्म नहीं आती। विधवा और बेसहारा औरतों को मिलने वाले अनुदान और पेंशन के नाम पर सरकारी अमला उनका शोषण करने से नहीं चूकता। सकूलों में पढ़ने वाले गरीब कुपोषित बच्चों के लिये आने वाले मध्याह्न भोजन को हड़पने में जरा झिझक नहीं लगती। जुए और सट्टे के फड़ व कच्ची नकली शराब की भट्टियां चलाकर गरीब मजदूरीपेशा लोगों को लूटने वालों से पुलिस हफ्ता वसूल कर आंखें मूंद लेती है। मासूम बच्चियों और किशोरियों से बलात्कार करने वाले को बचाने के लिये सरकारी अमला जान लगादेता है। इससे शर्मनाक पहलू यह है कि मैंने एक सरकारी कर्मचारी को उसकी निकृष्टता का आईना दिखाते हुए उससे पूछा कि तुम  एसा क्यों करते हो तो उसने इससे भी ज्यादा ढिटाई के साथ तर्क दिया कि हम क्या करें, अब हमारे पास टाटा_विरला तो कोई लाइसेंस लेने आते नहीं हैं, हमें तो इन्ही लागों से वास्ता पड़ता है।

कई और के भी फंसने की संभावना

अमृतपुर में खुला एक और घोटाला

भृष्टाचार की इस सबसे घिनौनी किस्म का जिक्र तहसील अमृतपुर में सामने आये एक और बाढ़ राहत घोटाले के परिप्रेक्ष में करना समीचीन लगा। तहसील अमृतपुर में एक और बाढ़ राहत घोटाले का खुलासा हुआ है। तहसील मुख्यालय की नाक के नीचे लाखों रुपये का फर्जी भुगतान लेखपाल और उसके गुर्गों ने हड़प कर लिया और अधिकारियों को इसकी भनक तक न लगी….? सूचना के अधिकार के अंतर्गत प्राप्त जानकारी के आधार पर शिकायत की गयी तब कहीं शिकायत के लगभग दो माह बाद तहसीलदार साहब ने एक गोलमोल रिपोर्ट दी। फिर भी जो कुछ सामने आया है उसके आधार पर लेखपाल के विरुद्ध निलंबन और एफआईआर की कारर्वाई के आदेश कर दिये गये हैं।

तहसील मुख्यालय के गांव अमृतपुर में भी बाढ़ से तबाह किसानों और ग्रामीणों को कृषि व गृह अनुदान के लिये आये लाखों रूपयों का सरकारी अमले की मिली भगत से बंदरबांट हो गया। एक स्थानीय जागरूक ग्रामीण द्वारा सूचना के अधिकार के तहत लाभार्थियों की सूची हासिल की तो हकीकत सामने आने लगी। जिलाधिकारी से शिकायत के बाद एसडीएम ने जांच तहसीलदार को सौंप दी। कछुआ चाल से लगभग दो माह बाद मंगलवार को तहसीलदार अशोक कुमार सिंह चंद्रौल ने जो रिपोर्ट सौंपी है उसे खुद एसडीएम भी गोलमोल कहने से नहीं हिचक रहे हैं।

उपजिलाधिकारी अमृतपुर आरबी वर्मा ने बताया कि तहसीलदार की रिपोर्ट आज ही उनको मिली है। रिपोर्ट के अनुसार स्वयं लेखपाल आदर्श कुमार ने ही अपने नाम से अनेक चेकों का भुगतान निकाल लिया। कई मृतकों के नाम न केवल चेकें काट दी गयीं, उन मृतकों के हस्ताक्षर से ही उंन्हें प्राप्त भी दिखा दिया गया। एक एक ग्रामीण ने दर्जनों चेंकों का भुगतान निकाल निया। एक ग्रामीण ने तो आधा सैकड़ चेकों का भ्रुगतान प्राप्त किया है। मजे की बात है कि रिपोर्ट में न तो इन ग्रामीणों की संलिप्तता का स्पष्ट उल्लेख् है और न ही इसमें बैंक कर्मियों और अधिकारियों की भूमिका को रेखांकित किया गया है।

श्री वर्मा ने बताया कि संबंधित लेखपाल को निलंबित करते हुए तहसीलदार को लेखपाल व अन्य संबंधित दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिये जा रहे हैं।

फर्रुखाबाद विकास मंच में भगदड़- युवा इकाई का सामूहिक इस्तीफा

फर्रुखाबाद: एक साल पूरे होने के जश्न में अखबारों में छपे लाख रुपये के विज्ञापन धुंधले पड़ने लगे है, फर्रुखाबाद विकास मंच में मची भगदड़ सुर्खियाँ बटोर रही है| जैसे मंच से परत दर परत पर्दा हटाते ही नाटक की नर्तकिया बिना मेकअप के नजर आने लगती है| नाटक से ज्यादा मजा दर्शको को मंच के पीछे चल रहे मेकअप रूम में झाकने में आने लगता है और बेचारे मंच मालिक नाटक को असफल होते देख छद्म मुस्कराहट के साथ मौन धारण करने के सिवा कुछ न करने की स्थिति में आ जाते है| फर्रुखाबाद विकास मंच का हाल भी कुछ ऐसा ही नजर आने लगा है| फर्रुखाबाद विकास मंच की युवा इकाई के जिलाध्यक्ष आनंद विक्रम सिंह उर्फ़ बिट्टू परमार को मोहन अग्रवाल द्वारा विकास मंच से बाहर का रास्ता दिखाए जाने के बाद विकास मंच की पूरे जनपद की युवा इकाई ने बिट्टू परमार के समर्थन में सामूहिक रूप से विकास मंच से इस्तीफे की घोषणा कर दी| सामूहिक इस्तीफे के बाद मोहन अग्रवाल कुछ कहने की स्थिति में नहीं है सिवा इसके कि जब तूफ़ान आता है तो सबसे पहले चूहे जहाज छोड़ते है| अब तूफ़ान कौन सा आना है और चूहे कौन है इस बात का फैसला अभी तय होना है|

युवा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि समाज सेवी संगठन के नाम से गठित किये गए फर्रुखाबाद विकास मंच का मोहन अग्रवाल ने अपने निजी राजनैतिक हित साधने में इस्तेमाल किया| आज विकास मंच व बिट्टू परमार की बदौलत ही मोहन अग्रवाल को एक पहचान मिली है नहीं तो मोहन अग्रवाल को कोई नहीं पहचानता था|

पूर्व नगर अध्यक्ष आयूष पुरवार ने कहा कहा कि बिट्टू ने संगठन को आगे बढाने के लिए अथक परिश्रम किया जिसका नतीजा है कि आज हर कोई फर्रुखाबाद विकास मंच से भली प्रकार परिचित है नहीं तो मंच को कोई नहीं जनता था| मोहन अग्रवाल हम लोगों को मंच में शामिल होने का निमंत्रण खुद चलकर हमारे घर पर देने आये थे हमने लोगों ने उनसे मंच में शामिल करने की फ़रियाद नहीं की थी| लेकिन आज वही बिट्टू जो कल तक सब कुछ हुआ करता अपराधी हो गया असामाजिक हो गया, मोहन अग्रवाल को इस बात का खामियाजा भुगतना पडेगा|

नगर अध्यक्ष श्रमित गुप्ता ने कहा कि मोहन अग्रवाल ने जो आरोप बिट्टू के ऊपर लगाये हैं इससे युवा कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है क्योंकि बिट्टू के जैसा कर्मठ कार्यकर्ता संगठन में दूसरा नहीं है, बिट्टू ने संगठन को आगे बढाने के लिए दिन रात एक करके मेहनत की है जिसका परिणाम आज दिखाई पद रहा है| उन्होंने कहा कि में इस बात का जबाब मोहन अग्रवाल से एक बार अवश्य मागूंगा कि किस आधार पर बिट्टू के ऊपर आरोप लगाये हैं|

राघव मिश्रा ने कहा कि मोहन बाबू पहले अपने आप को देखें फिर किसी और पर टिपण्णी करें| जिस व्यक्ति का कोई विचार ही स्थायी नहीं है वह दूसरों को क्या बताएगा, थोड़े से ही समय में मोहन अग्रवाल चार पार्टियां बदल चुके हैं| जब जिस पार्टी में शामिल होते हैं उसके गुण गाने लगते हैं और सब पार्टियां गलत हो जाती हैं|

राघव ने कहा कि मोहन अग्रवाल ने फर्रुखाबाद विकास मंच को बिना किसी संगठन पदाधिकारी की परामर्श से जन क्रान्ति पार्टी में विलय कर दिया जबकि फर्रुखाबाद विकास मंच का गठन रजनीति करने के लिए नहीं बल्कि समाज सेवा के लिए किया गया था| उन्होंने कहा की जो व्यक्ति अपने संगठन कार्यकर्ता का नहीं हुआ वह जनता का क्या हो जाएगा|

हिमांशु शाक्य ने कहा कि मोहन अग्रवाल ने युवाओं के मनोबल को गिराया है, जिसका बदला युवा उन्हें विधानसभा चुनाव में उनकी जमानत जब्त करवाकर लेंगे| हिमांशु ने कहा कि विधान सभा की क्या बात करें वह बिट्टू भाई के सामने सभासद का चुनाव ही लड़कर देख लें|

आनंद विक्रम सिंह ने कहा कि किसानों के खून पसीने की कमाई को लूटने वाला व्यापारी पैसे की दम पर समाज को खरीदने की कोशिश कर रहा है जिसे हम लोग सफल नहीं होने देंगे| उन्होंने कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो हमारे युवा संगठन के किसी भी कार्यकर्ता के साथ सभासद का चुनाव जीतकर दिखा दें उसके बाद नगर पालिका और विधानसभा कि बात करें|

इस मौके पर छात्र सभा जिलाध्यक्ष वीरू यादव, कुशाग्र राहुल, कमालगंज ब्लाक अध्यक्ष आलोक ठाकुर, छात्र नेता अजय यादव, गोलू खान, नगर उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये| कार्यक्रम में भारी संख्या में फर्रुखाबाद विकास मंच के युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और बिट्टू परमार के समर्थन में मंच से इस्तीफे की घोषणा की|

उधर मोहन अग्रवाल ने पूरे प्रकरण पर चुप्पी साध ली है|

31 मई: फर्रुखाबाद की अपराधिक घटनायें

आग से झुलसे महिला पुरुष

फर्रुखाबाद: नगर के मोहल्ला तलैया फजल इमाम निवासी चन्द्र प्रकाश भट्टी पर चाय बनाते समय मिट्टी तेल की कुप्पी गिर जाने से बुरी तरह झुलस गया| पिता सोनेलाल ने उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया|

थाना नवावगंज के ग्राम सिरौली निवासी मोहन सिंह की ३२ वर्षीय आग से झुलसी पत्नी बेबी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया| बताया गया कि ५ वर्षीय बेटे विकास के द्वारा जलती कुप्पी गिरा दिए जाने से बेबी आग से झुलस गई|

सास से नाराज महिला ने जहर खाया

फर्रुखाबाद: सास से विवाद हो जाने से गुस्साई महिला मंशा देवी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्म ह्त्या करने का प्रयास किया|

कोतवाली मोहमदावाद के ग्राम गैसिंग्पुर निवासी धीरेन्द्र की ३० वर्षीय पत्नी मंशा देवी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां पहले से हों: डीएम

फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी रिग्जियान सेम्फिल ने कैम्प कार्यालय में आयोजित बाढ़ प्रबंधन योजना की समीक्षा बैठक में कहा कि बाढ़ की विभीषिका से निपटने की सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली जाए ताकि बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुचाने में किसी प्रकार की असुबिधा न हो|

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी एसडीएम व तहसीलदार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 10 ग्रामों में एक उंचाई वाला गॉव पहले से ही चयनित कर लें ताकि बाढ़ के समय लोगों को तात्कालिक शरण दी जा सके| बाढ़ पीड़ितों के लिए पर्याप्त भोजन, नाश्ते व अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित करें|

जिलाधिकारी ने कहा कि सीएमओ क़ो चाहिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के सभी चिकित्सालयों व बाढ़ राहत चौकियों पर पहले से ही पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता हो| इसी प्रकार पशु चिकित्साधिकारी भी पशुओं क़ो होने वाली बीमारियों से वाचाव के लिए टीकाकरण करवा लें|

अपर जिलाधिकारी शुसील चन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि बाढ़ प्रबंधन हेतु 49 बाढ़ चौकियां, 17 राहत शिविर व 46 नावों की व्यवस्था कर ली गयी है और यदि आवश्यक हुआ तो संख्या में वृद्धि कर ली जायेगी| उन्होंने बताया कि जनपद में सामान्य बाढ़ प्रभावित ग्रामों की संख्या 164 माध्यम के 112 तथा अधिक प्रभावित ग्रामों की संख्या 75 है|

बसपाईयों ने भीड़ जुटाकर ताकत दिखाई

फर्रुखाबाद: बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने आज बढपुर स्थित मनोज अग्रवाल के बाग़ में काफी भीड़ जुटाकर ताकत दिखाई| इस दौरान वक्ताओं ने सूबे की सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए केंद्र सरकार को पानी पी-पीकर कोसा|

भीड़ के बैठने के लिए पांडाल लगाकर पंखे भी लगाए गए थे| लेकिन अधिक भीड़ उमड़ने के कारण पांडाल छोटा पड़ गया सड़क पर भीड़ के एकत्र रहने के कारण यातायात प्रभावित रहा| कार्यकर्ताओं के लिए ठन्डे पाउच व बोतलों की व्यवस्था की गयी थी|

मुख्य अतिथि जोनल कोआर्डीनेटर दयाराम कुरील, जिलाध्यक्ष रामानंद प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष तहसीन सिद्दीकी, विधायक कुलदीप गंगवार, एमएलसी मनोज अग्रवाल, सतीश जाटव, नागेन्द्र सिंह शाक्य, ब्लाक प्रमुख अखिलेश कटियार आदि वक्ताओं ने प्रदेश सरकार के ४ वर्ष के कार्यकाल के विकास कार्यों के गुणगान करते हुए मुख्यमंत्री मायावती की प्रशंसा की|

कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वह आगामी विधान सभा चुनाव में एक-एक वोट डलवाकर सभी प्रत्याशियों को चुनाव जितायें| वक्ताओं ने महंगाई एवं भ्रष्टाचार के लिए केंद्र सरकार की जमकर बखिया उधेड़ी तथा जनता पर बोझ लादने के लिए प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह व यूपीए सुप्रीमो सोनिया गांधी को दोषी ठहराया|

बन्दूक फेंक चोर ले गए कारतूस व लाखों के जेवरात

फर्रुखाबाद: चोरों ने बीती रात कोतवाली कायमगंज के ग्राम नगला शंभू में कहर ढाया| चोर दीवार फांदकर शिक्षक राघवेन्द्र यादव के मकान में घुस गए और कमरों का ताला तोड़कर नगदी जेवरात व २८ कारतूस की पेटी आदि कीमती सामान निकाल ले गए| इसी तरह चोरों ने गाँव के ब्रजेश कुमार यादव के घर से लायसेंसी बन्दूक व १८ कारतूस सहित लाखों का माल उड़ा दिया|

प्राथमिक विद्यालय पैथान के शिक्षक राघवेन्द्र परिजनों के साथ छत पर सो रहे थे| बीती रात तीन बजे वर्षा होने पर जब नीचे उतरे तब उन्हें चोरी का पता चला| चोरों ने अन्दर से जीने का दरबाजा बंद कर दिया था| राघवेन्द्र ने बताया कि वह बीते दिन ही वेतन के २५ हजार रुपये निकालकर लाया था| चोर लायसेंसी बन्दूक के २८ कारतूसों की पेटी, सोने चांदी के जेवरात सहित ढाई लाख रुपये कीमती सामान ले गए|

चोरों ने ब्रजेश का बक्सा गाँव के बाहर बम्बा के निकट छोड़ गए| उनकी लायसेंसी बन्दूक वहीं पेंड के सहारे टिकी थी| ब्रजेश ने बताया कि उन्होंने बीते दिनों ही ९० हजार रूपए का गेंहूं बेंचा था| चोर नगदी सहित सभी जेवरात निकाल ले गए| इन्स्पेक्टर बीके मिश्र ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है|

मुख्‍य विकास अधिकारी का फतेहपुर तबादला

फर्रुखाबाद- मुख्‍य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार का जनपद फतेहपुर के लि‍ये स्‍थानांतरण हो गया है। उनके स्‍थान पर जनपद फतेहपुर में तैनात सीडीओ चंद्रकांत पांडेय को यहां भेजा गया है।

विदित है कि शासन की ओर से सोमवार को 40 पीसीएस अधिकारि‍यों की स्‍थानांतरण सूची जारी की गयी थी। सूची में जनपद में मात्र दो माह पूर्व ही आये सीडीओ महेंद्र कुमार चौरसि‍या का भी स्‍थानांतरण हो गया है। जनपद के नये मुख्‍य वि‍कास अधि‍कारी के तौर पर फतेहपुर से ही चंद्रकांत पांडेय को तैनात कि‍या गया है। श्री पांडेय ने जेएनआई को फोन पर बताया कि‍ उनके अगले सप्‍ताह फर्रुखबाद पहुंचकर चार्ज लेने की संभावना है।
स्थानांतरित अधिकारियों में कुलदीप कुमार मेहरोत्रा मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष होंगे। वहां के उपाध्यक्ष कर्ण सिंह चौहान को प्रतीक्षारत रखा गया है। पशुधन विकास विभाग के विशेष सचिव राजेंद्र कुमार गोयल को पंचायती राज विभाग में इसी पद पर भेजा गया है। अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग के विशेष सचिव विंध्यवासिनी प्रसाद सिंह अब इलाहाबाद में मुद्रण एवं लेखन सामग्री के निदेशक होंगे। शाहजहांपुर के एडीएम रमा शंकर मौर्या को इसी पद पर मुरादाबाद, मुरादाबाद के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) कृष्ण कुमार को इसी पद पर शाहजहांपुर, बदायूं के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) मनोज कुमार को इसी पद पर ज्योतिबाफुले नगर, और ज्योतिबाफुले नगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राधाकृष्ण को बदायूं में इसी पद पर भेजा गया है। बदायूं के एडीएम प्रशासन उदयराज सिंह अब रामगंगा कमांड परियोजना कानपुर में संयुक्त प्रशासक होंगे।
आजमगढ़ के एडीएम (प्रशासन) दिव्य प्रकाश गिरि को इस पद पर बदायूं, संतकबीरनगर के एडीएम राम सजीवन (वित्त एवं राजस्व) को इसी पद पर बलिया, बलिया के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार द्विवेदी को इसी पद पर कुशीनगर, कुशीनगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) जयंत कुमार दीक्षित को इसी पद पर एटा, एटा के एडीएम वित्त एवं राजस्व मो. ताहिर को वहीं पर एडीएम प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। सहारनपुर विकास प्राधिकरण के सचिव अनिल कुमार सिंह अब मेरठ में एडीएम (भूमि अध्याप्ति) होंगे, जबकि अलीगढ़ के नगर मजिस्ट्रेट आत्माराम सगर को अलीगढ़ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। मुरादाबाद के एसडीएम लोकपाल सिंह अलीगढ़ में नगर मजिस्ट्रेट होंगे। गोरखपुर के एडीएम नगर अखिलेश तिवारी को इलाहाबाद में इसी पद पर तथा इलाहाबाद के एडीएम नगर प्रदीप कुमार को गोरखपुर में इसी पद पर भेजा गया है। वाराणसी के एडीएम नगर अटल कुमार राय को उसी पद पर गाजियाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेरठ के नगर मजिस्ट्रेट मंगला प्रसाद सिंह को वाराणसी में एडीएम नगर बनाया गया है। रमाबाईनगर के एसडीएम राम इकबाल सिंह को बलिया में मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया है।
सहकारिता विभाग में संयुक्त सचिव जितेंद्र सिंह को शारदा सहायक समादेश परियोजना, लख्रनऊ में अपर प्रशासक बनाया गया है। अभी तक वहां अपर प्रशासक की जिम्मेदारी संभाल रहे सुरेंद्र विक्रम को प्रतीक्षारत रखा गया है। गौतमबुद्ध नगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) शिवाकांत द्विवेदी को इसी पद पर बुलंदशहर, गाजियाबाद के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सर्वजीत राम को इसी पद पर गौतमबुद्ध नगर, आगरा विकास प्राधिकरण के सचिव उदयी राम को गाजियाबाद में एडीएम वित्त एवं राजस्व पद पर भेजा गया है। बुलंदशहर में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सतीश चंद्र को इसी पद पर मेरठ भेजा गया है। मेरठ की एडीएम (वित्त एवं राजस्व) डा. आभा गुप्ता को प्रतीक्षारत रखा गया है।
बिजनौर में एडीएम वित्त एवं राजस्व रेवाराम सिंह को उसी पद पर बलरामपुर तथा बलरामपुर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) केशवदास को इसी पद पर बिजनौर भेजा गया है। मऊ के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राम नारायण को इसी पद पर प्रतापगढ़ तथा वहां के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) वंश गोपाल मौर्या को मऊ में उसी पद पर भेजा गया है। कन्नौज के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव को बस्ती तथा अपर जिलाधिकारी भूमि अध्याप्ति और यमुना एक्सप्रेस वे गौतमबुद्ध नगर के विशेष कार्याधिकारी को कन्नौज एडीएम (वित्त एवं राजस्व) पद पर स्थानांतरित किया गया है। बस्ती के एडीएम (वित्त राजस्व) राजेश कुमार त्यागी को इसी पद पर अलीगढ़ भेजा गया है। अलीगढ़ के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) इंद्र विक्रम सिंह को प्रतीक्षारत रखा गया है।
ताज एक्सप्रेस वे अथारिटी गौतमबुद्ध नगर के उप मुख्य कार्यपालक राजेंद्र कुमार पंचम को कानपुर में संयुक्त विकास आयुक्त बनाया गया है। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को ग्रेटर नोयडा/ताज एक्सप्रेस वे अथारिटी गौतमबुद्ध नगर में उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। नोएडा के सचिव श्रीश चंद्र वर्मा को आगरा में एडीएम प्रोटोकाल की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

‘पीएम इन वेटिंग’ की लिस्ट से आडवाणी का नाम गायब

लखनऊ। भाजपा केन्द्र की सत्ता में आयी तो देश का अगला प्रधानमंत्री कौन बनेगा। अलट बिहारी बाजपेयी के बाद भाजपा में यदि सबसे बड़ा कोई नाम है तो वह है लालकृष्ण आडवानी। हालांकि आडवानी के नाम पर पार्टी के अधिकांश सदस्य खुले दिल से सहमति नहीं दे पा रहे हैं। इसी पशोपेश की स्थिति से उबरने के लिए राजधानी में पार्टी के बड़े नेता एकत्र हो रहे हैं।

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव की तैयारियों की आड़ में भाजपा नये प्रधानमंत्री का नाम खोजने का प्रयास कर रही है। सुषमा स्वराज व अरूण जेटली प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में से हैं प्रदेश की राजधानी में होने वाली बैठक में पार्टी नेता श्री आडवानी को मनाने का भी प्रयास करेंगे कि वे प्रधानमंत्री पद की दावेदारी को स्वत: ही छोड़ दें।

दो दिन बाद लखनऊ के सांइटिफिक कन्वेंशन सेन्टर में भारतीय जनता पार्टी के दर्जन भर बड़े नेता एकत्र होंगे। राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर मुरली मनोहर जोशी व विनय कटियार समेत कई दिग्गज नेता मौजूद होंगे। भाजपा प्रदेश इकाई का कहना है कि कार्यसमिति की बैठक में राज्य के विधान सभा चुनावों की रणनीति तय की जाएगी जबकि हकीकत कुछ और ही है।

विधानसभा चुनाव के लिए बड़े नेताओं का एक साथ आना लाजिमी नहीं है। पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक का मुख्य मुद्दा प्रधानमंत्री पद के दावेदार का नाम खोजना है। लालकृष्ण आडवानी भले ही उप प्रधानमंत्री के पद पर रह चुके हों परन्तु पार्टी का कोई भी नेता उन्हें एक अच्छा प्रधानमंत्री नहीं मानता है। पार्टी में श्री आडवानी की छवि एक कट्टरवादी नेता की है जो किसी भी परिस्थति में झुकने को तैयार नहीं होता।

राजनेताओं का कहना है कि लोकतंत्र के लिए यह बेहतर संकेत नहीं है और व भी ऐसी दशा में जब सरकार जोड़तोड़ कर बनायी जाए। भाजपा नेता यह मानते हैं कि देश की सत्ता में आने के लिए उसे कई अन्य दलों का साथ लेना होगा जिसके लिए बहुत सयंम रखना पड़ता है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए पार्टी चाहती है कि प्रधानमंत्री पद पर के लिए ऐसा नाम चयन किया जाए जो सभी घटक दलों में सामंजस बनाकर देश चलाए।

प्रधानमंत्री पद के दावेदारों में सुषमा स्वराज व अरूण जेटली का नाम तेजी से उभर कर सामने आ रहा है। लम्बे समय से पार्टी में काम कर रही तेज तर्रार नेता सुषमा स्वराज को प्रबल दावेदार कहा जा रहा है लेकिन देखना यह होगा कि कार्यसमिति की बैठक में कितने नेता उनके नाम पर सहमति जताते हैं। जबकि दूसरे नम्बर पर अरूण जेटली हैं जिनके समर्थन में राजनाथ सिंह पहले ही तैयार हो चुके हैं। राजधानी सिंह का प्रयास होगा कि उनके समर्थक श्री जेटली के पक्ष में हामी भरे। उधर मुरली मनोहर जोशी भी अपने समर्थन में वोट जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। अब सबसे बड़ी समस्या है लालकृष्ण आडवानी की जिन्हें राजी करने का प्रयास सभी नेताओं को मिलकर करना होगा क्योंकि जब तक श्री आडवानी हामी नहीं भरते हैं किसी भी नेता की दाल गलने वाली नहीं है।