फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) चैत्र नवरात्रि की पूर्व संध्या पर बुधवार को शहर के प्रमुख बाजारों में मां दुर्गा के व्रत और पूजा सामग्री खरीदने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नेहरू रोड, रेलवे रोड, लोहाई रोड, फतेहगढ़ के भोलेपुर और फतेहगढ़ बाजार समेत अन्य क्षेत्रों में दिनभर रौनक बनी रही।
बाजारों में बढ़ती भीड़, वाहनों का दबाव और सड़कों पर लगे ठेलों के चलते कई जगहों पर जाम जैसी स्थिति बन गई। दोपहर से लेकर शाम तक दोपहिया वाहन चालकों को बाजारों में प्रवेश करने और निकलने में
काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई। हालांकि शाम होते-होते भीड़ में कुछ कमी आई और हालात सामान्य होने लगे।
19 मार्च से शुरू होंगे चैत्र नवरात्रि
हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ 19 मार्च से होगा। इस दिन कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की पूजा आरंभ की जाएगी। प्रतिपदा तिथि 19 मार्च को सुबह 6:52 बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह 4:52 बजे तक रहेगी, इसलिए नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च से मानी जाएगी।
घटस्थापना का शुभ मुहूर्त
नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना का विशेष महत्व होता है। 19 मार्च को सुबह 6:52 बजे से 7:43 बजे के बीच कलश स्थापना करना अत्यंत शुभ रहेगा। इस दौरान विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है।
नवरात्रि की पूर्व संध्या पर बाजारों में उमड़ी भीड़, जाने घट स्थापना का मुहूर्त
ई-रिक्शा में टप्पेबाजी, बुजुर्ग महिला की सोने की चेन पार, सीसीटीवी में कैद आरोपी
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) जनपद के राजेपुर थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी का मामला सामने आया है, जहां ई-रिक्शा में सफर कर रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन उड़ा ली गई। घटना को अंजाम देने वाली महिलाएं सीसीटीवी में कैद हुई|
थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर निवासी 75 वर्षीय राजेश्वरी पत्नी कृष्णपाल राजेपुर कस्बे से ई-रिक्शा में बैठकर अपने गांव जा रही थीं। इसी दौरान राजेपुर कस्बा तिराहे से दो महिलाएं और एक युवती भी उसी ई-रिक्शा में सवार हो गईं।
रास्ते में एक महिला जानबूझकर राजेश्वरी के पैर पर पैर रखने लगी। विरोध करने पर महिला ने उनका ध्यान भटका दिया, इसी बीच दूसरी महिला ने मौका पाकर उनके गले से करीब एक तोला सोने की चेन निकाल ली, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
मोहद्दीपुर के पास पहुंचने पर तीनों महिलाएं ई-रिक्शा से उतरकर फरार हो गईं। कुछ दूरी आगे जाने पर जब राजेश्वरी ने अपने गले की ओर देखा तो चेन गायब थी। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका। घटना के बाद पीड़िता ने थाना राजेपुर में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सौहार्द व एकता को बढ़ावा देने के लिए समिति ने मांगे ठोस सुझाव
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिला एकीकरण समितियों को व अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एकता, भाईचारा, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र की भावना तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण को निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने हेतु जिला एकीकरण समिति का पुनर्गठन किया गया।
इसी क्रम में समिति के सदस्यों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित की गई। बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में समिति के सदस्य के रूप में विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य जी, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक विश्व प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सदस्य सचिव के रूप में मुख्य विकास अधिकारी रहे। बैठक में समिति के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें राष्ट्रीय एकता, भाईचारा, धर्मनिरपेक्षता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देना, साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुझाव देना, राज्य एकीकरण परिषद के निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा देश की सुरक्षा एवं अखण्डता के प्रति जनसहभागिता बढ़ाना शामिल है।
साथ ही यह भी विचार किया गया कि साम्प्रदायिकता एवं विघटनकारी शक्तियों को सक्रिय होने से रोकने तथा किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव की स्थिति में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन को समय-समय पर आवश्यक सुझाव दिए जाएं और सहयोग प्रदान किया जाए।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करने हेतु अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
अंत में मा० अध्यक्ष महोदया द्वारा सभी सदस्यों से आगामी बैठक में जिला एकीकरण को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु ठोस एवं व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया। जिला स्तरीय धार्मिक समूहों के प्रमुख/प्रतिनिधि के रूप में ईश्वर दास महाराज (महर्षि दुर्वासा ऋषि आश्रम), आसिफ मंसूरी, मंगल सिंह ज्ञानी एवं कन्हैया लाल जैन द्वारा प्रतिभाग किया गया। शरद चन्देल , रवीन्द्र भदौरिया , रोहित गोयल, डीएस राठौर , वैभव राठौर , भूपेंद्र सिंह, अनिल प्रताप सिंह , सुमन, श्वेता दुबे, गुंजा जैन , चित्रा अग्निहोत्री एवं राना हिजाब रहे।
सपा के पूर्व विधायक के घर धमाके की जाँच में पहुंचे डीआईजी, नमूने जांच को भेजे
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में पूर्व मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में सजाफ्ता सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के नाला मच्छरट्टा घर हुए धमाके को लेकर हुए प्रशासन व सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी हरिश्चंद्र स्वयं मौके पर पहुंचे व पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच-पड़ताल की। उन्होंने
टीम के साथ घर के अंदर व आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया व संबंधित लोगों से जानकारी भी जुटाई। डीआईजी ने बताया कि घटनास्थल से विभिन्न प्रकार के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज गया है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी और उसी के आधार पर आगे की
कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लखनऊ से बीबीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा मानकों के तहत जांच की। इसके अलावा कानपुर से एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। टीमों ने घर के हर हिस्से को खंगालते हुए संभावित कारणों की पड़ताल की।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।फिलहाल सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है। एसपी पी आरती सिंह, एएसपी अरुण कुमार आदि अधिकारी रहे|
विस्फोट होनें में पूर्व विधायक विजय सिंह के पुत्रों सहित आधा दर्जन पर मुकदमा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के मोहल्ला नाला मच्छरट्टा में मंगलवार शाम एक भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाका पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरी इमारत हिल गई और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। हादसे में 5 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें पूर्व विधायक के पुत्र भी शामिल हैं। पुलिस नें पूर्व विधायक के दोनों पुत्रो सहित आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस नें कराया है |
शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक इमरान फरीद में मुकदमा दर्ज कराया, जिसमे कहा की वह अपनी टीम के साथ साहबगंज चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ई-रिक्शा में दो झुलसे युवकों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। पूछताछ में उनकी पहचान अभिनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल था। मकान का फर्श पूरी तरह टूट चुका था, जबकि बेसमेंट की छत उखड़ गई थी और मलबा चारों ओर फैला हुआ था। इसी दौरान मलबे में दबे भैयालाल को गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया। घटना में ईशू चौरसिया, रामवीर यादव, राशू मिश्रा समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान की तीसरी मंजिल तक खिड़कियां, दरवाजे, ग्रील और छत क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया।
पुलिस जांच में बेसमेंट से विस्फोटक पदार्थों की गंध आने की पुष्टि हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मकान में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का संग्रह या निर्माण किया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा और कुछ समय के लिए जनजीवन भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सपा के पूर्व विधायक के घर धमाका, दोनों पुत्रों सहित पांच घायल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पूर्व विधायक विजय सिंह के घर अचानक हुए तेज धमाके से हड़कंप मच गया। घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना में घायल होने वालों में भैया लाल चौहान निवासी सिंधी कॉलोनी, पूर्व विधायक के पुत्र अविनाश उर्फ विक्की व अभिषेक उर्फ सिक्की, राशू शुक्ला पुत्र वीरेंद्र तथा इशू चौरसिया निवासी नाला मछरटटा शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल भैया लाल को प्राथमिक उपचार के बाद हालत
नाजुक होने पर उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जो घायलों का हाल-चाल जानने के लिए जुटी रही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मौके पर जाँच पड़ताल कर रही है की धमाका कैसे हुआ है | जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी व एसपी आरती सिंह मौके पर पंहुची| जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी नें बताया की धमाके का कारण पता नही चला है, जाँच करायी जा रही है |

हाथरस रेलवे स्टेशन पर मिला था शव, जिंदा व्यक्ति का निकला मोबाइल — पुलिस जांच में उलझी गुत्थी
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) हाथरस रेलवे स्टेशन परिसर में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव की तलाशी ली तो उसके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में मोबाइल नंबर को ट्रेस किया गया, जिससे उसकी पहचान औरैया जिले के किशनी निवासी रामवीर के रूप में सामने आई। फर्रुखाबाद जीआरपी भी लोहिया अस्पताल जाँच करने पंहुची|
पुलिस टीम जब रामवीर के घर पहुंची तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। परिजनों ने बताया कि रामवीर जिंदा है और गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे इलाज के लिए सैफई भेजा गया था, जहां उसका उपचार चल रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया कि जब रामवीर अस्पताल में भर्ती है, तो उसका मोबाइल हाथरस में मिले शव के पास कैसे पहुंच गया।
इस रहस्यमयी मामले ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जीआरपी थाना अध्यक्ष फर्रुखाबाद शेर सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में झुलसे व्यक्ति के इलाज होने की जानकारी के लिए लोहिया अस्पताल के अलावा प्राइवेट अस्पतालों में जानकारी जुटाने के लिए जांच पड़ताल की गई थी। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने बताया कि मामला हाथरस से जुड़ा हुआ है और रामवीर सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ मुरादाबाद में कार्रवाई हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि उसका मोबाइल मृतक के पास कैसे पहुंचा।
वहीं, जीआरपी थाना अध्यक्ष हाथरस सिटी स्वेश कुमार ने जेएनआई को बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल मृतक तक कैसे पहुंचा और शव की असल पहचान क्या है। उन्होंने कहा कि मृतक की शिनाख्त होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह घटना पुलिस के लिए एक पेचीदा पहेली बन गई है, जिसका जवाब तलाशने के लिए कई पहलुओं पर जांच जारी है।
पांचाल घाट चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना कादरी गेट के पांचाल घाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा को लाइन हाजिर किया है | एसपी की इस कार्यवाही से पुलिस महकमें में हड़कंप है |
सीडी रेशियो में कमी पर डीएम सख्त, बैंकों को सुधार के निर्देश
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी ) एवं जिला सलाहकार समिति (डीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। जिसमे जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व विधयाक सुशील शाक्य रहे |
बैठक में विभिन्न बैंकों के सीडी रेशियो की समीक्षा की गई, जिसमें इंडियन बैंक का सीडी रेशियो सबसे कम 16.57 प्रतिशत पाया गया। अन्य बैंकों में बैंक ऑफ बड़ौदा का 30.86%, केनरा बैंक का 31.58%, पंजाब नेशनल बैंक का 35.29%, भारतीय स्टेट बैंक का 36.5%, इंडियन ओवरसीज बैंक का 34.98%, आईडीबीआई बैंक का 42.65% तथा बंधन बैंक का 49.65% सीडी रेशियो दर्ज किया गया।
कम सीडी रेशियो पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित बैंकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसएलबीसी को पत्र लिखने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार द्वारा प्रायोजित ऋण योजनाओं की धीमी प्रगति पर भी असंतोष जताते हुए सुधार के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ , अग्रणी जिला प्रबंधक वी.डी. वर्मा, जिला विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, एलडीएम, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी रहे।
जादू के जरिए तंबाकू मुक्ति का संदेश, सीएचसी में जागरूकता कार्यक्रम
फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) तंबाकू का सेवन केवल एक आदत नहीं, बल्कि शरीर को अंदर से खोखला करने वाला धीमा जहर है। इसी उद्देश्य को लेकर जिला स्वास्थ्य समिति फर्रुखाबाद की ओर से मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जादूगर दिनेश कौशल एंड पार्टी ने अपने हैरतअंगेज करतबों के माध्यम से तंबाकू के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक जादू के प्रदर्शन से हुई, जिसने वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों का ध्यान खींच लिया। जादूगर दिनेश कौशल ने अपने खेल के जरिए बताया कि कैसे तंबाकू और धूम्रपान इंसान को कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों की ओर ले जाते हैं। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से इस लत को छोड़ा जा सकता है।
डॉ. जितेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि तंबाकू सेवन करने वाला व्यक्ति न केवल खुद को बल्कि अपने परिवार को भी खतरे में डालता है। उन्होंने सभी से तंबाकू मुक्त समाज बनाने की अपील की। वहीं डॉ. अमरेश कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कला और मनोरंजन के माध्यम से दिया गया संदेश लोगों के मन पर गहरा प्रभाव छोड़ता है। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल कर्मियों नें लोगों को तंबाकू से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू छोड़ने के आसान और व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। इस मौके पर बड़ी संख्या में अस्पताल स्टाफ, मरीज और स्थानीय लोग मौजूद रहे|



