Home Blog Page 42

मानवता शर्मसार: सड़क किनारे मिला नवजात कन्या का शव, अवैध नर्सिंग होम पर सवाल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अवैध नर्सिंग होम पर सवाल
फतेहगढ़। नवरात्रि के दौरान जहां एक ओर कन्या पूजन कर बेटियों को देवी का स्वरूप मानकर सम्मान दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर फतेहगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। कोतवाली क्षेत्र के इटावा-बरेली हाईवे पर नेकापर पुल के पास एक नवजात कन्या का शव संदिग्ध हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला, जिसे आवारा जानवर नोच रहे थे।
गुरुवार दोपहर राहगीरों की नजर जब इस भयावह दृश्य पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने तुरंत करनलगंज चौकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना स्थल के आसपास करीब 100 मीटर के दायरे में कई नर्सिंग होम संचालित होने की बात सामने आई है, जिससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन नर्सिंग होम में अवैध रूप से प्रसव कराए जाते हैं और मोटी रकम वसूली जाती है। कई बार अवांछित नवजातों को लावारिस छोड़ देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अवैध प्रसव के लिए 40 से 50 हजार रुपये तक वसूले जाते हैं।
यह भी सामने आया है कि इससे पहले भी इसी इलाके में कई नवजात शिशुओं के शव मिल चुके हैं, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। आवास विकास, मशेनी चौराहा, पांचाल घाट से लेकर सेंट्रल जेल क्षेत्र तक बड़ी संख्या में नर्सिंग होम संचालित हैं, जिनमें से कई निर्धारित मानकों का पालन नहीं करते।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन संस्थानों में न सिर्फ मरीजों की जान से खिलवाड़ हो रहा है, बल्कि अवैध गतिविधियां भी फल-फूल रही हैं। अब सवाल यह उठ रहा है कि इस मासूम की मौत का जिम्मेदार कौन है| अवैध नर्सिंग होम संचालक, स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही या प्रशासन की अनदेखी? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, लेकिन लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था और कानून-व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लुटेरे ने पुलिस टीम पर चलायी गोली, जवाबी कार्रवाई में बदमाश व सिपाही के लगी गोली

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) लूट के मामले में पकड़े गए एक बदमाश ने पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मारकर काबू कर लिया, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, कासगंज जिले के पटियाली क्षेत्र का रहने वाला कुलदीप नाम का शातिर लुटेरा हाल ही में हुई कुंडल लूट की घटना में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस उसे बरामदगी के लिए मौके पर लेकर गई थी। इसी दौरान कुलदीप ने मौका पाकर छिपाया हुआ 315 बोर का तमंचा निकाल लिया और भागने की कोशिश में दीवान धर्मेंद्र तिवारी पर दो राउंड फायर कर दिए। एक गोली तिवारी के हाथ में लगने से वह घायल हो गए।
पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुलदीप के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए कुंडल भी बरामद कर लिए गए हैं। घायल पुलिसकर्मी और आरोपी दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
कैसे हुई थी लूट की वारदात
अमृतपुर थाना क्षेत्र के करनपुर निवासी राम राजपूत 14 मार्च को अपनी बहन मंजू को बाइक से एटा जिले के लहटोरा गांव लेकर जा रहे थे। रास्ते में ढमढ़ेरा और बिराहिमपुर के बीच पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर मंजू के कानों से कुंडल छीन लिए।
मंजू ने सुरक्षा के लिए कुंडलों को काले धागे से बांध रखा था, लेकिन बदमाशों ने इतनी तेजी से वार किया कि कुंडल कानों से निकल गए। वारदात के बाद मंजू के शोर मचाने पर पीछे आ रहे बोलेरो चालक ने बदमाशों का पीछा किया। घबराहट में बाइक सवार बदमाश अनियंत्रित होकर गिर पड़े, जिसमें एक आरोपी सनी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। इस मामले में राम राजपूत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया और लूट का सामान बरामद कर लिया।

नव संवत्सर की पूर्व संध्या पर श्री पाण्डेश्वर नाथ मंदिर में हुई गोष्ठी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती फर्रुखाबाद द्वारा नव संवत्सर की पूर्व संध्या पर श्री पाण्डेश्वर नाथ मंदिर में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कार भारती के ध्येय गीत के साथ हुआ। इसके उपरांत प्रांतीय विधा प्रमुख (धरोहर कला) श्री अखिलेश पांडेय ने श्री पाण्डेश्वर नाथ मंदिर के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व पर प्रकाश

डालते हुए बताया कि यह प्राचीन शिवालय महाभारत काल से जुड़ा हुआ है। मान्यता के अनुसार अज्ञातवास के दौरान पांडवों ने अपनी माता कुंती की प्रेरणा से तथा भगवान श्रीकृष्ण की उपस्थिति में यहां शिवलिंग की स्थापना की थी। इस पावन स्थल पर एक साथ 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन होने की विशेष मान्यता है।
राष्ट्रीय कवि श्री शिव ओम अंबर ने नव संवत्सर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होने वाला हिंदू नववर्ष उस दिव्य क्षण का प्रतीक है, जब सृष्टिकर्ता ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना आरंभ की थी। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रकृति और मानव जीवन दोनों में नवचेतना, उत्साह और उमंग का संदेश लेकर आता है। वसंत ऋतु के आगमन के साथ वातावरण में नई ऊर्जा का संचार होता है, जो जीवन को नव दिशा प्रदान करता है। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष श्री अनिल प्रताप सिंह ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। बैठक का संचालन सचिव गौरव मिश्रा द्वारा किया गया। प्रमुख रूप से समेंद शुक्ल (कवि), शिव ओम अंबर, अरविंद दीक्षित, सुबोध शुक्ला, नवीन मिश्र (नब्बू भाई), अमन अवस्थी, नरेंद्र नाथ, विशाल श्रीवास्तव, अनुभव सारस्वत, नवनीत गुप्ता, अनुराग अग्रवाल, रामजी बाजपेई, अनुराग पाण्डेय, रवीन्द्र भदौरिया, अखिलेश पांडेय सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

कमालगंज थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय पर गिरी गाज, नए को जिम्मेदारी


फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विवादों की घेरे में चल रहे इंस्पेक्टर अवध नारायण पांडे पर आखिर कार्रवाई का हंटर चल गया पुलिस अधीक्षक आरती सकते हैं उन्हें थानाध्यक्ष कमालगंज के पद से हटकर आयोग सेल में भेज दिया, उनके स्थान पर नए निरीक्षक को थानाध्यक्ष जिम्मेदारी दी गई है| दरअसल कमालगंज थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय पर पीड़ित से 5 किलो सेम के बीज मांगने का मामला विगत दिनों से सुर्खियों में चल रहा था| जिसका एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना अध्यक्ष कमालगंज अवध नारायण पांडेय को पद से हटकर हमारी आयोग सेल की जिम्मेदारी दे दिया वहीं पुलिस लाइन में प्रतीक्षारत निरीक्षक ललित कुमार को थानाध्यक्ष कमालगंज बनाया है|

हिन्दू नववर्ष पर निकाली गई भव्य बाइक रैली, संगोष्ठी के साथ हुआ समापन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्रीमद् भागवत गीता वैदिक न्यास के तत्वावधान में बुधवार शाम हिन्दू नववर्ष के अवसर पर बद्रीविशाल महाविद्यालय से पंडाबाग मंदिर तक भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली में हिन्दू महासभा, संस्कार भारती, सेवा धाम समिति, भारत विकास परिषद एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली की विशेष बात यह रही कि इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी बाइक चलाकर भागीदारी निभाई और समाज को हिन्दू नववर्ष धूमधाम से मनाने का संदेश दिया। यात्रा का समापन पांडेश्वर नाथ शिवालय परिसर स्थित सभागार में संगोष्ठी के साथ हुआ। कार्यक्रम में दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय कवि शिव ओम अम्बर, डॉ. सुबोध वर्मा, पतंजलि योग समिति की शिल्पी रस्तोगी तथा हिन्दू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष विमलेश मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने हिन्दू नववर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया|

बाइक नें साइकिल सबार को मारी टक्कर, मजदूर की मौत

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ज्ञानपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, मृतक 34 वर्षीय गोविंद पुत्र रामप्रकाश, अपने एक साथी के साथ फर्रुखाबाद की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान अल्लाहगंज के पास सामने से आ रही बाइक से गोविंद की साइकिल टकरा गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल गोविंद को परियों ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोविंद मजदूरी का कार्य करते थे और उनके पीछे पत्नी मीरा एवं चार बच्चे (दो पुत्र और दो पुत्रियाँ) रह गए हैं। सूत्रों के अनुसार, गोविंद उस समय साइकिल से कोयला ले जा रहे थे। थाना पुलिस ने मामले की जानकारी होने पर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दू समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जताई शोक संवेदना

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) हिन्दू समाज पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेश मिश्रा की माताजी के निधन के उपरांत बुधवार को साहबगंज चौराहा स्थित उनके निज निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। इसी क्रम में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष किरन कमलेश तिवारी ने उनके आवास पहुंचकर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिवंगत माताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मयंक पाण्डेय, राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत द्विवेदी एवं प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी रहे।

चेकिंग अभियान में 3 स्लीपर बसें व 6 ट्रक सीज, 2.82 लाख का जुर्माना

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 3 स्लीपर बसों समेत 6 ट्रकों को सीज करते हुए कुल 2.82 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
चेकिंग के दौरान एक स्लीपर बस, जो बरेली से आ रही थी, के प्रपत्रों की जांच में उसका पंजीयन राजस्थान राज्य में निलंबित पाया गया। इस पर 93 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए बस को रोडवेज बस अड्डे पर सीज कर दिया गया। एक अन्य बस बिना परमिट संचालित पाई गई, जिस पर 58 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं तीसरी बस पर 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाकर उसे भी सीज किया गया।
इसके अलावा ओवरलोड माल ढोते हुए 3 ट्रकों को पकड़ा गया, जिन पर कुल 1.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं बकाया कर के मामलों में 3 अन्य ट्रकों को सीज किया गया, जिन पर करीब 1.55 लाख रुपये का कर बकाया पाया गया। एआरटीओ प्रवर्तन ने स्पष्ट किया कि आगे भी नियमों के विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

सियार के हमले में घायल मासूम ने तोड़ा दम, क्षेत्र में दहशत

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) क्षेत्र के पट्टियां गांव में सियार के हमले में गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय मासूम बालिका की बुधवार को मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं सियार के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार 2 मार्च को नगर से सटे पट्टियां निवासी प्रवेश की पुत्री राधिका अपने पिता के साथ खेत पर गई थी। पिता तंबाकू की फसल की सिंचाई कर रहे थे, तभी अचानक सियार ने राधिका पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सियार बालिका को लहूलुहान कर फरार हो चुका था।
बताया जा रहा है कि इसी सियार ने बाद में गांव में घुसकर घर के बाहर बैठी वृद्धा संसारवती को भी काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, लेकिन बुधवार को राधिका की हालत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसे लोहिया अस्पताल रेफर किया, जहां से उसे सैफई ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। उसकी मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दहशत का पर्याय बना सियार
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सियार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले जौरा गांव में छत्रपाल के 14 वर्षीय पुत्र रुद्र, संजीव राजपूत और एक वृद्धा पर भी हमला किया था। हालांकि तीनों का उपचार के बाद स्वास्थ्य ठीक है। वहीं, जौरा गांव में अब तक आधा दर्जन से अधिक पशुओं पर भी सियार हमला कर चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द हिंसक सियार को पकड़कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाई जाए।

श्रीकांत त्यागी को Z+ सुरक्षा देने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाध्यक्ष पंकज अवस्थी के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी को Z+ सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि श्रीकांत त्यागी एक राष्ट्रीय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय नेता हैं और उनका जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है। ऐसे में विरोधियों द्वारा उनके खिलाफ साजिश रचे जाने की आशंका जताई गई है। पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में उनकी सुरक्षा में लगे एक निजी गार्ड के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी सामने आई थी, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पार्टी नेताओं ने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचाव के लिए सरकार को गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उन्हें Z+ श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध करानी चाहिए। जिला उपाध्यक्ष अमूल दीक्षित, अनुज दुबे, अनुभव अवस्थी, अखिलेश अवस्थी, अशोक मिश्रा, विजय शुक्ला, विमलेश मिश्रा, एडवोकेट आशीष मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।