फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर मंडी में आज आलू की आमद में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसका सीधा असर कीमतों पर देखने को मिला। आमद कम होने के कारण आलू के भाव में 50 रुपये प्रति कुंतल की जोरदार तेजी आई और आलू 351 रुपये से लेकर 511 रुपये प्रति कुंतल तक बिका।
मंडी सूत्रों के अनुसार आज सातनपुर मंडी में आलू की कुल आमद मात्र 50 मोटर रही, जबकि बीते दिनों यह संख्या कहीं अधिक थी। आमद घटने से व्यापारियों के बीच खरीद को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ गई, जिससे दामों में उछाल आया। सुबह के समय से ही मंडी में तेजी का माहौल बना रहा।
किसानों का कहना है कि पिछले दिनों शीतलहर और मौसम की मार के चलते खेतों से आलू की खुदाई प्रभावित हुई थी, जिसका असर अब मंडी में साफ दिखाई देने लगा है। आमद घटने से जहां व्यापारियों को ऊंचे दाम चुकाने पड़े, वहीं किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
व्यापारियों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी आलू की आवक कम बनी रही तो कीमतों में और तेजी आ सकती है। वहीं उपभोक्ताओं के लिए आलू महंगा होने की चिंता भी बढ़ने लगी है।
आवक कम, आलू के दामों में उछाल, 50 रुपये प्रति कुंतल की तेजी
रेलवे रोड चौड़ीकरण 10 मीटर करने को व्यापारियों ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रेलवे रोड़ निर्माण को लेकर फिर रार हो गयी है, जिससे फिलहाल निर्माण को एक बार फिर से ग्रहण लगा है| फैम व उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल नें सड़क का चौड़ीकरण 10 मीटर करनें की मांग रखते हुए सांसद मुकेश राजपूत से मांग की है|
व्यापारियों नें कहा की विगत लगभग 3 सालों पूर्व रेलवे रोड़ तोड़ा गया था, उस दौरान यह कहा गया था की रेलवे रोड़ नये निर्माण में 10 मीटर हॉट मिक्स रोड़ व 1.2 मीटर फुटपाथ बनाया जाना तय हुआ था| लेकिन बीते दिन नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया, जिसमे 7 मीटर सड़क निर्माण व 1.74 मीटर फुटपाथ बनाने की बात की गयी, जिसका व्यापार मंडल नें विरोध किया था| सांसद मुकेश राजपूत को उनके आईटीआई चौराहा ठंडी सड़क आवास पर ज्ञापन देकर सड़क की चौड़ाई 10 मीटर करनें की मांग रखी गयी है| सांसद नें जिलाधिकारी को पत्र लिखकर सड़क की चौड़ाई 10 मीटर करनें को कहा है|
इस दौरान फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा,उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला, गोपाल सिंह राठौर, विशाल दुबे, नितेश वर्मा, अभिषेक वाजपेयी आदि रहे| 

सम्पूर्ण समाधान दिवस दिवस में 87 शिकायतें 9 का मौके पर निस्तारण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता एवं विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि की उपस्थिति में तहसील कायमगंज परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 87
शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 18, पुलिस विभाग की 11, विद्युत विभाग की 23, विकास विभाग की 14, आपूर्ति विभाग की 4, नगर पालिका/नगर पंचायत की 5 तथा अन्य विभागों की 12 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों को शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह व डीएम-एसपी द्वारा 40 गरीब एवं निराश्रित लोगों को कंबल वितरित किए गए।


रेलवे रोड़ सड़क चौडीकरण कों लेकर रार, नोकझोंक
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर की रेलवे रोड भविष्य में इतिहास के पन्नों में जरूर दर्ज होगी, इसके निर्माण को लेकर रायता फैलता ही जा रहा है, काहे बगाहे रेलवे रोड का निर्माण शुरू होने के लिए नारियल फोड़ा ही गया था कि एक संगठन ने शुभारंभ की मिठाई खाई तभी दूसरे संगठन ने निर्माण पर मानक विहीन होने का आरोप लगाते हुए कार्य रुकवा दिया| इसी को कहते हैं “सिर मुड़ाते ही ओले पड़ गए”, गजब मजाक हैं, ईओ साहब कों भी ना जाने क्या जल्दी पड़ गयी की रात के संन्नाटे में शिलान्यास का नारियल फोड़ने चले आये?
दरअसल शुक्रवार रात कों ईओ विनोद कुमार अपने साथ उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला के साथ रेलवे रोड़ पर जेसीबी के साथ पंहुचे और नारियल फोड़कर सड़क निर्माण का कथित श्री गणेश करा दिया, ‘फैम’व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, जिला महामंत्री
विमलेश मिश्रा आदि व्यापार मंडल के नेता आ गये, पालिका नें 7 मीटर की सड़क बनानें की बात कही जबकि फैम व्यापार मंडल नें सड़क 10 मीटर की बनाने की बात कहकर कार्य रुका दिया और चेयरमैंन कों मौके पर बुलाने की बात कही,लेकिन उनका मोबाइल ही बंद हो गया| उद्योग व्यपार मंडल की महिला मोर्चा अध्यक्ष सोनी शुक्ला नें भी सड़क 10 मीटर बनाने का समर्थन कर फैम व्यापार मंडल के पक्ष में खड़ी नजर आयी| कवित्री महादेवी की प्रतिमा के सामने लगा दिया ट्रांसफ़ार्मर विश्व प्रसिद्ध कवित्री महादेवी वर्मा की रेलवे रोड़ पर प्रतिमा लगी हैं जिसके सामने बिजली विभाग नें ट्रांसफ़ार्मर लगा दिया, जिससे आने
जाने वाले लोगों कों प्रतिमा नजर नही आती| बिजली बिभाग कों शायद पता नही की महादेवी हिंदी जगत की वह कवित्री हैं जिन्होंने फर्रुखाबाद का नाम पूरे विश्व पटल पर प्रसिद्ध किया| फैम व्यापार मंडल के जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा व उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष सोनी शुक्ला नें महादेवी की प्रतिमा के सामने ट्रांसफ़ार्मर लगा देने की निंदा की हैं और वहाँ से ट्रांसफ़ार्मर हटाने की मांग की हैं | इसके साथ ही आंदोलन की चेतावनी दी हैं | ईओ विनोद कुमार नें बताया की सड़क 7 फुट की बननी हैं, कई जगह बिजली के खम्भे हैं और नालियों के मलवे के कारण सड़क किनारे चौड़ा फुटपाथ होना चाहिए| फिलहाल अभी विरोध के चलते कार्य बंद करा दिया|


पेट्रोल पंप मालिक समेत तीन आरोपी अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप मालिक समेत तीन आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के तीन तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक कारतूस का खोखा तथा एक वैगनआर कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पेट्रोल पंप मालिक सौरभ पुत्र सुभाष चंद्र निवासी बरौन थाना मऊदरवाजा, मनु कुमार उर्फ अशोक कुमार पुत्र योगेश कुमार तथा श्लोक कुमार पुत्र सुरेश कुमार शामिल हैं। गिरफ्तारी थानाध्यक्ष अजब सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिसपा ने जयंती पर कमलेश तिवारी कों किया याद
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) हिन्दू समाज पार्टी द्वारा शुक्रवार को मेला रामनगरिया, पांचालघाट स्थित माँ गंगा सेता धाम (कैलाश सेवा संस्थान) के प्रांगण में हिन्दवादी नेता कमलेश तिवारी की जयंती के उपलक्ष्य में श्रद्धांजलि सभा एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व श्रद्धालुओं ने पहुंचकर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में सभी ने कमलेश तिवारी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। गोष्ठी में वक्ताओं ने कमलेश तिवारी द्वारा हिन्दू हितों में किए गए संघर्ष और उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने उन्हें निडर, राष्ट्रवादी विचारधारा का प्रतीक बताते हुए उनके बलिदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेश मिश्र, आचार्य डॉ. प्रदीप नारायण शुक्ल, प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी, जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष हिन्दू युवा वाहिनी अनुभव मिश्रा सहित सोनू गुप्ता, आदर्श शर्मा, अभिषेक शर्मा, अर्पित पंडित, मोहित दुबे, रोहन कश्यप, अनमोल मोर्ग, लोनू मोर्मा तथा भाजपा मंडल महामंत्री शिवम दुबे आदि उपस्थित रहे।



आर.एस. क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल सम्पन्न, विजेता को 11 हजार व ट्रॉफी का मिला पुरस्कार
फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) आर.एस. क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच आज उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। रोमांचक मुकाबले के बाद विजेता टीम को 11,000 की नकद राशि व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम को 51,00 की नकद राशि व ट्रॉफी प्रदान की गई।
सिरोली भट्टा मैदान में आयोजित टूर्नामेंट समारोह के मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह यादव एवं उनके पुत्र सतेन्द्र सिंह यादव (पूर्व प्रधान सिरौली) रहे। सतेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि यदि ग्राम पंचायत सिरौली की जनता का सहयोग मिला तो अगला आर.एस. क्रिकेट टूर्नामेंट ग्राम पंचायत सिरौली के स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह की सराहना करते हुए ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। सौरभ कटियार (जिला उपाध्यक्ष), विवेक यादव, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता शशांक सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष राजन यादव, जिला सचिव जितेंद्र सिंह यादव (राष्ट्रीय सचिव, युवजन सभा) सहित अनमोल यादव, सचिन शुक्ला, रवि राजपूत, श्याम कोटेदार, मदन सिंह, हीरा सिंह, राजू कठेरिया, खिलाड़ी कठेरिया, प्रमोद गुप्ता कोटेदार, ओमकार दीक्षित, सप्पू ठाकुर, संजीव सिंह नवादा, अंकित बाथम, प्रदीप बाथम आदि रहे।



सड़क दुर्घटना पीड़ितों के नगदी रहित उपचार पर संगोष्ठी, हिट एंड रन व राह-वीर योजनाओं पर चर्चा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित व नगदी रहित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह नें की। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत तथा जिला रोल आउट मैनेजर दीपक कुमार ने योजनाओं की जानकारी दी।
संगोष्ठी में बताया गया कि भारत सरकार की कैशलेस ट्रीटमेंट योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सात दिन तक 1.50 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज मिलेगा। इसके लिए पुलिस व चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रोल आउट मैनेजर दीपक कुमार ने पीपीटी के माध्यम से कैशलेस उपचार की प्रक्रिया समझाई। साथ ही 21 अप्रैल 2025 से लागू राह-वीर योजना के अंतर्गत गोल्डन
ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने का प्रावधान बताया गया।
एआरटीओ ने हिट एंड रन मोटर दुर्घटना पीड़ित मुआवजा योजना-2022 की जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात वाहन से दुर्घटना में मृत्यु पर 2
लाख रुपये तथा गंभीर घायल होने पर 50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाएगा। आवेदन उप जिलाधिकारी के समक्ष आवश्यक दस्तावेजों सहित किया जा सकता है। वर्ष 2025 में जनपद में हिट एंड रन की 109 घटनाओं में 89 लोगों की मौत व 81 के घायल होने की जानकारी भी दी गई।

जिले में कहां से आ रही ड्रेगन की डोर ‘चाइनीज मांझा’ ?
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है! लेकिन पुलिस की कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है, आए दिन किसी न किसी थाना क्षेत्र से चाइनीज मांझा बरामद होने की खबरें सामने आती हैं, मगर हर बार कार्रवाई छोटे-छोटे दुकानदारों या फुटकर विक्रेताओं तक ही सीमित रह जाती है। सबसे बड़ा
सवाल यह है कि आखिर यह प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जिले में आ कहां
से रहा है और इसके पीछे काम कर रहे बड़े सप्लायर कौन हैं?
सूत्रों की मानें तो चाइनीज मांझा जिले में बाहर से थोक में मंगाया जाता है। आसपास के जनपदों और महानगरों से इसकी सप्लाई होने की चर्चाएं आम हैं। इसके बावजूद पुलिस न तो सप्लाई चैन तक पहुंच पा
रही है और न ही थोक विक्रेताओं पर कोई ठोस कार्रवाई कर रही है। नतीजतन, छोटे दुकानदारों को पकड़कर चा
लान या मुकदमा दर्ज कर मामले में इति श्री कर ली जाती है। चाइनीज मांझा न सिर्फ अवैध है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो चुका है। इससे गले कटने, पक्षियों की मौत और कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। शासन स्तर पर इस पर पूर्ण प्रतिबंध है। बावजूद इसके जिले में इसकी उपलब्धता पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। पुलिस केवल फुटकर दुकानदारों पर कार्रवाई करने के बजाय चाइनीज मांझे के स्रोत, थोक सप्लायर और ऑनलाइन बिक्री करने वालों तक पहुंचे। जब तक इस पूरे नेटवर्क को तोड़ा नहीं जाएगा, तब तक चाइनीज मांझा जिले में यूं ही जान का खतरा बना रहेगा।
अधिवक्ता से मारपीट, चोटी काटने व लूट के मामले में दारोगा व सिपाही को 10 साल कारावास
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)अधिवक्ता व उनके साथियों के साथ मारपीट, चोटी काटने, नकदी व मोबाइल लूटने के आरोप में दायर याचिका पर न्यायालय ने गंभीर रुख अपनाया है। न्यायालय नें आरोपी दारोगा व सिपाही को 10 साल की कठोर कारावास व 50-50 अर्थदंड से दंडित किया गया| अर्थदंड जमा ना करने पर 6 माह का अतिरिक्त कारावास भी भुगतना होगा|
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर कलां निवासी अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार शर्मा ने न्यायालय में दाखिल याचिका में बताया कि उनका एक व्यक्ति से विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में कर्नलगंज चौकी पर तैनात तत्कालीन चौकी इंचार्ज अनिल भदौरिया ने 10 जनवरी 2018 को उन्हें चौकी पर बुलाया।
अधिवक्ता के अनुसार जब वह अपने दो साथियों के साथ चौकी पहुंचे, तो वहां मौजूद तत्कालीन एसएसआई दीपक कुमार, सिपाही सुरेंद्र सिंह एवं नवनीत यादव ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन उनकी चोटी काट दी। इसके अलावा जेब में रखे दो हजार रुपये छीन लिए गए। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके मोबाइल फोन तोड़ दिए और
सिम कार्ड भी गायब कर दिए।
बीते 14 जनवरी को विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र, तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेन्द्र सचान नें तत्कालीन कर्नलगंज चौकी प्रभारी अनिल भदौरिया व सिपाही सुरेन्द्र सिंह को दोष सिद्ध किया था| शुक्रवार को सजा पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने दारोगाअनिल व सिपाही सुरेन्द्र को 10 साल की सजा से दंडित किया है| 



