Home Blog Page 5754

सिपाही की पत्नी को घायल कर कुंडल नोचे

फर्रुखाबाद: सिपाही के पत्नी नाजमी को घायल कर उसके कुंडल लूट लिए गए| कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने मोहल्ला ग्रानगंज निवासी सिपाही मोहम्मद हसन की ५० वर्षीय पत्नी नाजमी का लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया|

नाजमी ने बताया कि पति पुलिस लाइन में सिपाही हैं| मै मकान मालिक को किराया देने गई तो अन्य किरायेदार रिशीपाल उनकी पत्नी, बहन विनीता व भांजे ने लोहो के पाईप आदि से घायल कर दिया तथा कुंडल नोच लिए| जिन्होंने मकान मालिक देशराज व उनकी पुत्री रेहाना पर भी हमला किया| इंस्पेक्टर सिराज अहमद ने बताया कि लूट की नहीं मारपीट की घटना हुई है|

निःशुल्क विशाल नेत्र शल्यचिकित्सा शिविर १२ से १४ तक

फर्रुखाबाद: श्री राधा कृपाश्रित लोक हितकारी सार्वभौम संगठन न्यास ने १२ से १४ दिसंबर तक फतेहगढ़ के सीतापुर आई हॉस्पिटल में विशाल नेत्र शल्यचिकित्सा शिविर का आयोजन किया है|

राधा मंदिर में आयोजित गोष्ठी में न्यास के संरक्षक डॉ मनमोहन गोश्वामी व अध्यक्ष मनोज मेहरोत्रा ने पत्रकारों को बताया कि १२ दिसंबर को प्रातः ९ बजे से शिविर स्थल पर मरीजों का पंजीकरण किया जाएगा| विख्यात नेत्र शल्यचिकित्सक डॉ अरविन्द कटियार आँखों की निःशुल्क जांच एवं मोतियाबिंद के आपरेशन व लैंस प्रत्यारोपण( IOL ) विध से करेंगें|

मरीजों को भोजन, बिस्तर, दवाईयां, दूध फल एवं चश्मे निःशुल्क दिए जायेंगें| मरीजों को अपने साथ किसी मददगार को लाने की सलाह दी गयी| बैठक में व्यापार मंडल बंसल गुट के जिलाध्यक्ष रोहित गोयल, करुना निधि अग्रवाल, सुरेन्द्र सफ्फड़, कमल सिगातिया आदि समाजसेवी मौजूद रहे|

सुविधा: डाकघर से ही रेल आरक्षण भी

इलाहाबाद|| रेल आरक्षण के लिए अब स्टेशन और टिकट काउंटरों पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं। रेलवे बोर्ड ने प्रदेश में 16 स्थानों सहित देश में 162 डाकघरों में यह सुविधा शुरू करने का निश्चय किया है।

रेलवे बोर्ड की नीति है कि जहां भी भीड़ और आवश्यकता हो वहां प्रमुख डाकघर और रेल डाकघर में यह सुविधा उपलब्ध करायी जाए। इलाहाबाद, आगरा, झांसी मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर इसे लेकर तेजी से काम हो रहा है। वैसे औरेया के डाकघर से आरक्षित रेल टिकट देने की शुरूआत हो चुकी है।

इन जगहों से जल्द मिलेगा टिकट

यूपी के इलाहाबाद, आगरा, कानपुर, झांसी, मुगलसराय, मेरठ, मुरादाबाद, चित्रकूट, वाराणसी, रायबरेली, गोरखपुर, अलीगढ़, मथुरा, गाजीपुर, बलिया, बरेली समेत देश के अन्य जोन के चयनित डाकघरों से 2011 के मध्य तक टिकट देने की शुरूआत हो जाएगी।

टिकटों पर लगेगा चार्ज

डाकघर से आरक्षित टिकट लेने पर रेलवे बोर्ड की नीति के अनुरूप सर्विस चार्ज भी लगेगा। इसमें सेकेंड क्लास स्लीपर और सेकेंड क्लास सिटिंग में 15 रुपये, थर्ड एसी और एसी चेयर कार में 20 रुपये तथा सेकेंड एसी, फ‌र्स्ट एसी और फ‌र्स्ट क्लास में 30 रुपये चार्ज लगेगा। टिकट निरस्त कराने की सुविधा भी डाकघर के आरक्षण काउंटर पर होगी। सभी श्रेणियों के टिकट कैंसिल कराने पर दस रुपये चार्ज लगेगा।

थकान भी बन जाती है वरदान

थकान जरूरत भी है और बीमारी भी। यदि जीवन का संतुलन बिगड़ा और थकान आई तो समझ लीजिए बीमारी आई और यदि वापस ऊर्जा अर्जित करने के लिए विश्राम किया जा रहा है तो ऐसी थकान वरदान भी साबित हो सकती है। इन दिनों जिस तरह की हमारी जीवनशैली है इसमें असंतुलन बहुत अधिक है।
खान-पान, काम-काज, बोल-चाल, रहन-सहन यहां तक उठने-बैठने में भी असंतुलन है।

सुबह उठने से लेकर रात सोने तक शरीर की कुछ नियमित क्रियाएं हैं। आदमी उसे भूल गया है। चलिए महापुरुषों की ओर चलते हैं। बुद्ध बहुत काम किया करते थे और कभी थकते नहीं थे। आज भी कई साधु-संत उतना ही परिश्रम कर रहे हैं जितना एक कॉर्पोरेट जगत का सफल व्यक्ति। फकीर जब रात को सोते हैं तो पूरी बेफिक्री के साथ सो जाते हैं। बुद्ध से उनके शिष्यों ने एक बार पूछा था-आप थकते नहीं। बुद्ध का उत्तर था जब मैं कुछ करता ही नहीं तो थकूंगा कैसे। बात सुनने में अजीब लगती है लेकिन है बड़ी गहरी। अध्यात्म ने इसे साक्षी भाव कहा है।

स्वयं को करते हुए देखना। यह वह स्थिति होती है जब तन सक्रिय होता है और मन विश्राम की मुद्रा में रहता है। आज ज्यादातर लोग असमय, अकारण थक जाते हैं, जिसका एक बड़ा कारण है असंतुलित जीवन। एक होता है थकान को महसूस करना और दूसरा है स्वाभाविक थकान।

जिस समय आपकी रूचियों में, इच्छाओं में और मूल स्वभाव में धीमापन आने लगे, अकारण चिढ़चिढ़ाहट हो जाए, समझ लीजिए यह थकान बीमारी है। इसलिए प्रतिदिन थोड़ा योग, प्राणायाम, ध्यान करें। ये क्रियाएं अपनेआप में एक विश्राम है। करने वाला कोई और है हम तो कठपुतली हैं उसके हाथ की, यह मनोभाव भी थकान को मिटाएगा। क्या दिक्कत है ऐसा सोच लेने में।

प्रदूषण अल्पविकसित बच्चों के लिए बना काल

यदि आप शोर शराबे वाले इलाके में रहती है और फैमिली प्‍लान करने के बारे में सोच रही हैं तो घर बदलना आपके बच्‍चे के लिए बेहतर होगा। क्‍योंकि जापान के ओकायामा ‘ग्रेजुएट स्कूल ऑफ मेडीसिन’ के अध्ययनकर्ता टकेशी योरिफुजी का कहना है कि कि यातायात से होने वाला वायु व ध्वनि प्रदूषण अल्पविकसित बच्चों के जन्म के लिए जिम्मेदार है।

उनका कहना है कि शांत इलाकों में रहने वाली महिलाओं की तुलना में शोर शराबे वाले इलाके में रहने वाली महिलाओं में अल्पविकसित शिशुओं को जन्म देने का खतरा ज्यादा रहता है।

शोधकर्ताओं ने टोक्यो से 94 मील दूर स्थित शिजुओका में 1997 व 2008 के बीच जन्में 14,000 से ज्यादा शिशुओं पर अध्‍ययन किया गया। उन्‍होंने पाया कि यूं तो सामान्य गर्भावस्था 40 सप्ताह तक होती है। लेकिन शोर शराबे वाले इलाके में रहने वाली 15 प्रतिशत महिलाएं सड़कों से दूर रहने वाली 10 प्रतिशत महिलाओं की तुलना में 37 सप्ताह में ही अपने बच्चे को जन्म दे देती हैं।

यूं तो महिला की आयु, तनाव और बीमारी के कारण भी अल्पविकसित शिशु का जन्‍म होता है लेकिन शोर शराबे वाले इलाके में रहने वाली महिलाओं में ऐसे बच्चों को जन्म देने का खतरा 50 प्रतिशत तक बढ़ जाता है। ये 28 से 32 सप्‍ताह में ही बच्‍चों को जन्‍म दे देती हैं।

बीएसपी सरकार के मंत्री को हाई कोर्ट का नोटिस

लखनऊ : हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश की बीएसपी सरकार के राज्य मंत्री संग्राम सिंह को नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही उच्च न्यायालय ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया कि वह बाराबंकी के जिला पंचायत चुनाव में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना सुनिश्चित करे।

गौरतलब है कि यूपी सरकार में मंत्री संग्राम सिंह की रिश्तेदार शीला सिंह बाराबंकी से जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में खड़ी हैं। विरोधी पक्ष की उम्मीदवार मीना सिंह ने कोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि जिले के डीएम और एसपी उस पर बीएसपी उम्मीदवार के समर्थन में चुनाव से नाम वापस लेने का दबाव डाल रहे हैं। हाई कोर्ट ने आरोपी डीएम और एसपी को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हलफनामा दाखिल करने के निर्देश दिया है। हाई कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 21 दिसंबर की तारीख तय की है।

न्यायमूर्ति देवी प्रसाद सिंह और न्यायमूर्ति अरुण टंडन की खंडपीठ ने निर्देश किया कि अगर बाराबंकी से जिला पंचायत अध्यक्ष पद की उम्मीदवार मीना सिंह को यह संदेह है कि राज्य पुलिस के जवान उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह नहीं निभा पाएंगे तो वह केंद्रीय सुरक्षा बलों की मांग कर सकती हैं, जिसे केंद्र सरकार को उन्हें मुहैया कराना होगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में मीना सिंह उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संग्राम सिंह की रिश्तेदार शीला सिंह के मुकाबले खड़ी हैं।
मीना सिंह के वकील एस. के. सिंह ने आरोप लगाया कि जिले के डीएम और एसपी शीला सिंह के समर्थन में उनकी मुवक्किल पर चुनाव से नाम वापस लेने का आरोप लगा रहे हैं। राज्य सरकार के दो टॉप अफसर अवैध रूप से मंत्री की रिश्तेदार का पक्ष ले रहे हैं।

हाई कोर्ट ने कहा कि अगर जिले के डीएम और एसपी पर लगाए गए आरोपों में सच्चाई है कि वह बीएसपी उम्मीदवार का समर्थन कर रहे हैं और विरोधी कैंडिडेट पर चुनाव से नाम वापस लेने का दबाव डाल रहे हैं तो यह मामला और गंभीर हो जाता है। कोर्ट ने चुनाव आयोग और राज्य सरकार को यह निर्देश दिया कि चुनाव में वोट डालते समय किसी भी व्यक्ति कोे हेल्पर लेने के लिए मजबूर न करें। उसी व्यक्ति को हेल्पर दिया जाएगा, जो विकलांग हो, अशिक्षित हो या वोट डालने की स्थिति में न हो।

कोहरा नहीं रोक पाएगा ट्रेनों की रफ्तार

नई दिल्ली। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने सभी प्रमुख लाइनों पर ट्रेन प्रोटेक्शन वार्निग सिस्टम लगाने की योजना बनाई है। इसके साथ ही करीब 500 ट्रेनों में ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम लगाने का भी फैसला किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे ने यह निर्णय कोहरे से निपटने के लिए किया है। कोहरे के कारण ट्रेनों को रद्द करना पडता है। कोहरे के कारण उत्तर रेलवे ने दर्जनभर ट्रेनों के परिचालन को 31 जनवरी तक रद्द कर दिया है। कोहरे के कारण ट्रेनों को रद्द न करना पडे न उनकी रफ्तार कम हो इसिलिए रेलवे ने यह योजना बनाई है।

योजना के तहत दिल्ली की सभी लाइनों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है। ट्रेन सुरक्षा चेतावनी प्रणाली के तहत यह रेलवे लाइन पर किसी भी तरह का अवरोध आने पर चेतावनी देने लग जाएगा। ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम स्टेशन नजदीक आने अथवा सिग्नल लाल होने पर सक्रिय हो जाएगा। साथ ही फाग सेफ्टी डिवाइस ड्राइवर को ट्रेन की वास्तविक स्थिति की जानकारी देगा।

ग्रामीणों को तोहफा: ढाई हजार में मिलेगा डेस्कटॉप कंप्यूटर !

देश के किसानों को कंप्यूटर का ज्ञान उपलब्ध कराने के लिए सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल ने नोवेटियम सॉल्यूशंस से हाथ मिलाया है। किसानों को खेती संबंधी जानकारी या बैंकिंग सेवाओ की जानकारी देने के लिए बीएएनएल ने यह कदम उठाया है।

इस सुविधा के जरिए किसान खुद अपने पीसी पर सराकरी योजनाओ या खेती से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर पाएंगे।भारत संचार निगम ने नोवेटियम सॉल्यूशंस के साथ मिलकर एक खास तरह का पीसी लांच किया है यह पीसी ग्रामीण क्षेत्रों में महज ढाई हजार रुपए और शहरो में 4500 रुपए में उपलब्ध कराया जाएगा।

यह पीसी दिल्ली के प्रगति मैदान में लगी प्रदर्शनी इंडिया टेलीकॉम 2010 में लांच किया गया है। इसमें 15 इंच का मॉनीटर लगा है इसके साथ सीपीयू नेविगेटर, की- बोर्ड और माउस मिलेगा । जबकि शहरी क्षेत्रों में यह पीसी 4500 रुपए में टीएफटी स्क्रीन के साथ मिलेगा।

शीतलहर ने दी दस्‍तक

देश का उत्तरी हिस्सा जबर्दस्त ठंड की चपेट में है। एक-दो दिन में ठंड का प्रकोप और बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अधिकारियों का मानना है कि पश्चिमी ठंडी हवाएं, जो फिलहाल पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के इर्द गिर्द हैं, जल्दी ही भारत के उत्तरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लेंगीं। इससे तापमान और नीचे जाने का अंदेशा है।

वातावरण में काफी नमी है, जिस कारण अधिकांश हिस्से धुंध की चपेट में हैं। शुक्रवार को हवा में नमी का प्रतिशत 97 फीसदी था, जिस वजह से आसमान में बादल छाए रहे और तापमान और नीचे गिरा। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में तो कोई खास बढ़ोतरी नहीं होगी, लेकिन न्यूनतम तापमान 1-2 डिग्री और गिरेगा।

दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हवाई जहाजों का आवागमन प्रभावित हुआ। शनिवार की सुबह पेरिस, तेहरान, एम्सटर्डम, बीजिंग आदि से आने वाली फ्लाइट्स, नियत समय से काफी देरी से आईं। इसके अलावा रेल यातायात, बस सेवाएं आदि भी नियम समय से देरी से चल रही हैं। -सुबह के समय स्कूलों में उपस्थिति कम हुई है।

तापमान गिरा कई शहरों में

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम, 6.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो और गिरेगा। शनिवार सुबह अधिकांश शहर धुंध की चपेट में हैं और इस कारण जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। लद्दाख, माउंट आबू और श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे चला गया है।

पंजाब, हिमाचल प्रदेश आदि में तापमान काफी नीचे गिर गया है। भटिंडा में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री और अमृतसर में 5.4 डिग्री के आस-पास है। जालंधर में पारा 5.4 डिग्री और पटियाला में 6.5 डिग्री रहा।

राजस्थान के हिल स्टेशन माउंट आबू में तापमान शून्य से भी 1.6 डिग्री नीचे चला गया है। चुरू में पारा 2.6 के आसपास रहा। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा। हरियाणा भी ठंड की चपेट में है। हिसार में 3.8 डिग्री, करनाल में 6 डिग्री और बिवानी में 6.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

शिमला और आसपास के इलाके में बर्फीली सर्द हवाएं चल रही हैं। कश्मीर में डल झील का हिस्सा ठंड से जम गया है। श्रीनगर में पारा शून्य से तीन डिग्री नीचे है। पहलगाम में तापमान शून्य से पांच डिग्री नीचे है। लद्दाख में पारा शून्य से 11-25 डिग्री है।

भाई ने बहन को गोली मारी

बांदा: बहन के प्रेम विवाह करने से गुस्साए भाई ने उसकी गोली मारकर ह्त्या कर दी घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है|

पुलिस क्षेत्राधिकारी ए. के. सिंह ने आज बताया कि शहर के बिच्छू पहाड़िया इलाके की कांशीराम कॉलोनी के ब्लाक नंबर 10 में रहने वाली शाहीन (25) के पति इमरान की मृत्यु हो चुकी थी उसने दो दिन पहले ही शहर के भटीपुरा मुहल्ला निवासी निहाल उर्फ निम्मू से अदालत में विवाह कर लिया था|

जब चंदला (मध्य प्रदेश) में रह रहे उसके भाई शफत उर्फ लाला को यह खबर मिली, तो वह आज शाम अपनी बहन के आवास पर जा पहुंचा और उसने इस शादी का विरोध किया|

श्री सिंह ने बताया कि भाई-बहन के बीच इसे लेकर काफी झगड़ा हुआ| लाला ने कथित तौर पर शाहीन को गोली मार दी जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.मृतका के तीन बच्चे फैजान (8), रमजान (6) और शाहिल (4) हैं| शहर कोतवाल वीरेंद्र राय ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है|