Home Blog Page 5705

सिनेमा मालिक ने कार चढ़ाकर ठेकेदार के बेटे को धमकाया

फर्रुखाबाद: किरन सिनेमा के मालिक योगेन्द्र कुमार भल्ला उर्फ़ योगी ने आज कैंटीन ठेकेदार के बेटे के ऊपर कार चढ़ा दी और उसे जान से मारने के लिए धमकाया|

सिंधी कालोनी निवासी गोवर्धन दास सिंधी के पास दीपक व किरन सिनेमा की कैंटीन का ठेका है| रुपयों के लेनदेन को लेकर उनका सिनेमा मालिक योगी से रंजिश चल रही है| गोवर्धन का पुत्र प्रदीप कुमार आज जब टाकीज में घुस रहा था तभी योगी इंडिका कार से बाहर निकल रहे थे| उन्होंने प्रदीप के ऊपर कार चढ़ा दी|

पैर पर कार चढ़ जाने से प्रदीप को चोट लग गई तो उसने कहा की अंकल देखकर कार चलाया करो| के जवाब में योगी ने कहा कि कार ऊपर चढ़ जाती तो मर जाते और क्या होता| इस बात का विरोध करने पर योगी ने अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए प्रदीप के साथ बदसलूकी की| इस बात की जानकारी होने पर सिंधी समाज व व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया|

गोवर्धन अपने बेटे प्रदीप व समाज के मुखिया आत्माराम दावानी, ईश्वरदास शिवानी, मुरलीधर औचाणी, नरेन्द्र झा, कन्हैया शुक्ल, लकी आदि लोगों के साथ कोतवाली गए और कार्रवाई करने के लिए इंस्पेक्टर क्रष्ण कुमार को शिकायती पत्र दिया| मामले की जांच रेलवे रोड चौकी इंचार्ज को सौंपी गई|

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर की गई रस्म की अदायगी

फर्रुखाबाद: निर्वाचन आयोजन की हीरक जयन्ती के अवसर पर आज जिले के स्कूलों व सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के दौरान लोकतंत्र की मर्यादा की कस्मे खिलाई गईं| कई जगह देखा गया कि सरकारी कार्यक्रम होने के कारण उसकी रस्म की अदायगी की गयी| लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ जैसे कि निर्वाचन आयोग की मंशा थी|

जिलाधिकारी मिनिस्ती एस ने आफीसर्स क्लब में स्थित चुनाव कार्यालय के बाहर फीता काटकर राष्ट्रीय मतदाता सेवा केंद्र का शुभारम्भ किया और बाद में डीएन डिग्री कालेज के छात्राओं को मतदाता पहिचान पत्रों का वितरण किया| डीएम ने टप्पा हवेली गाँव में मतदाताओं को कसम खिलाकर समस्याएं पूँछी|

उदघाटन के तत्काल बाद चुनाव कार्यालय पर सन्नाटा हो गया| नगला राजन निवासी स्वर्गीय कालीचरन की विधवा पत्नी जावित्री बड़ी उम्मीद से वोट बनवाने के लिए वहां पहुँची| उन्होंने अपनी नातिन सपना, कल्पना व रजनी, व नाती वासू के वोट बनवाने के लिए फ़ार्म माँगा तो उन्हें कार्यालय के लिपिक लक्ष्मी कान्त ने यह कहकर लौटा दिया कि फ़ार्म नहीं हैं वोटरों को साथ लेकर आना तभी फ़ार्म भरवाना|

अन्य कर्मचारियों के बारे में लक्ष्मी कान्त ने बताया कि निर्वाचन कार्यालय के एडीओ आरके पाण्डे ट्रेजरी कार्यालय, वरिष्ट लिपिक सुनील कुमार सक्सेना खाना खाने तथा लिपिक अनूप लाल मेला राम नगरिया गए हैं|

नगर फर्रुखाबाद के सबसे बड़े वद्री विशाल डिग्री कालेज में भी यही हुआ| कालेज के जिस क्लास में मतदाता दिवस मनाया गया वहां एक दर्जन भी छात्र एकत्र नहीं हो सके| प्रो० एमएच सिद्दीकी व डॉ माधुरी दुबे की मौजूदगी में छात्रों ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व, मतदाता की भूमिका व मतदान अधिकार का महत्व के बारे में विचार व्यक्त किये|

कन्या प्राथमिक विद्यालय बुढनामऊ में एबीएसए राम गोपाल वर्मा, प्रधानाचार्य नानक चन्द्र आदि ने मतदाता जागरूक दिवस मनाया|

25 जनवरी: फर्रुखाबाद की अपराधिक घटनायें

ससुर के डांटने पर दामाद ने जहर खाया

फर्रुखाबाद: थाना कमालगंज के ग्राम अमानाबाद निवासी जागेश्वर पाल के ३० वर्षीय पुत्र अनिल कुमार पाल ने कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया| हालत बिगड़ने पर उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

अनिल का ६ माह पूर्व कन्नौज के ग्राम सफदरगंज निवासी राम खिलाबन की पुत्री नीतू से विवाह हुआ था| नीतू मायके जाने की जिद कर रही थी पति के मना करने पर नीतू ने अपने पिता से इस बात की शिकायत कर दी| राम खिलाबन ने मोबाइल फोन पर अनिल को डांट दिया था|

रुपये न देने पर दामाद को पीटा

फर्रुखाबाद: जुआं खेलने के लिए रुपये न देने पर कन्नौज थाना तालग्राम के ग्राम रसूलाबाद निवासी रिंकू उर्फ़ रामविलास को पीटकर घायल कर दिया गया|

रिंकू कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला सिविल लाइन ससुराल आया था| उसने जुआं खेलने के लिए रुपये देने से मना कर दिया तभी उसके ऊपर हमला किया गया|

रिंकू ने पड़ोसी रवि, अंचल व मुकेश के विरुद्ध सूचना दर्ज कराई| पुलिस ने रवि व अंचल को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया|

फूस के ढेर में मिले तमंचा व कारतूसों को लेकर झगड़ा

फर्रुखाद: थाना राजेपुर के ग्राम कड़क्का निवासी हुकुम सिंह व विजेंद्र को शाम ४ बजे गाँव के बाहर फूस के ढेर से १२ बोर का तमंचा व १६ कारतूस मिले|

जिसको किसी एक ने गायब कर दिया इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ तो पूरे गाँव में खबर फ़ैल गई| इस बात की शिकायत मिलने पर कार्यवाहक एसओ आर्या दोनों ग्रामीणों को पकड़कर थाने ले गए| पुलिस ग्रामीणों पर तमंचा व कारतूस देने का दवाव बना रही है|

हादसे में गर्भवती महिला घायल

फर्रुखाबाद: दुर्घटना में काशीराम नगर थाना पटियाली के ग्राम मझोला निवासी राजीव की पत्नी स्नेहलता गंभीर रूप से घायल हो गई| पति ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया|

स्नेहलता कोतवाली अलीगंज के ग्राम सकोसा स्थित मायके से टैम्पो द्वारा ससुराल जा रही थी| रास्ते में रोडवेज बस ने पीछे से टैम्पो में टक्कर मार दी| स्नेहलता ८ माह की गर्भवती है|

माँ-बेटी की पिटाई

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा के ग्राम नेकपुर खुर्द निवासी मोहनलाल ने अपनी पत्नी गुड्डी देवी की पिटाई कर दी| गुड्डी ने पुलिस से पति की शिकायत की है कि बीती रात नशे में आये पति ने मेरी पिटाई की| जब मुझे पुत्री व देवर ने बचाया तो उनको भी पीटा गया|

* ग्राम माधौपुर निवासी राम शंकर की उसके भाई हरीराम ने ही पिटाई कर दी| हरिशंकर ने दीवार तोड़ दी थी| इसी बात का राम शंकर ने विरोध किया था|

पुलिस ने तीन चोर दबोचे
फर्रुखाबा: कोतवाली मोहम्दाबाद पुलिस ने चोरी के मुकद्दमे में बांछित ग्राम शेखपुर खजुरी निवासी नीरज वर्मा व राजू वर्मा को गिरफ्तार कर लिया| जिनके ऊपर गणपति कोल्ड स्टोरेज के ट्रांसफार्मर के कीमती उपकरण चुराने का आरोप है| कोल्ड स्टोरेज मालिक राजीब दुबे ने ५ ग्रामीणों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी|

* कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने थाना शमसाबाद के ग्राम चिलसरा निवासी इरशाद को टेलीफोन का चुराया गया तार सहित पकड़ा है|

कश्मीर में एकता यात्रा रोके जाने से भड़क गये भाजपाई

फर्रुखाबाद: भारतीय जनता पार्टी की एकता यात्रा को कश्मीर में रोके जाने से उत्तर प्रदेश के भाजपाई भड़क गये हैं| भाजपाईयों ने जिला मुख्यालय पर धरना देकर कश्मीर के मुख्यमंत्री के साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली|

फर्रुखाबाद जिले के भाजपाईयों ने फतेहगढ़ जिला मुख्यालय पर धरना दिया| भाजपा के प्रदेश मंत्री मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पार्टी के नेताओं को कल गणतंत्र दिवस २६ जनवरी पर लालचौक में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने से रोका गया तो यह देश की आजादी का खुला अपमान होगा|

श्री द्विवेदी ने कहा कि यदि देश में तिरंगा नहीं फहराया जाएगा तो कहाँ फहराया जाएगा? उन्होंने बताया कि कश्मीर में शाम ढलते ही सन्नाटा पसर जाता है| आतंकवादियों के कारण वहां खूब फल-फूल रहा मेवा का धंधा चौपट हो गया है| गरीब लोग भुखमरी के शिकार हो रहे हैं|

जिलाध्यक्ष डॉ भूदेव सिंह राजपूत, मिथिलेश अग्रवाल, सत्यपाल सिंह आदि नेताओं ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कश्मीर सरकार को आतंवादियों को संरक्षण तुरंत बंद कर देना चाहिए| भारत सरकार अलगाव वादियों पर तत्काल रोक लगाए|

जिलाध्यक्ष डॉ भूदेव व सत्यपाल सिंह की पहल पर संचालक दिनेश कटियार ने भाजपा के विवादित नगर अध्यक्ष अजय शाक्य को आमंत्रित कर तरजीह दी| अजय ने कहा कि पार्टी नेताओं को हर हालत में लालचौक पर तिरंगा फहराना चाहिए| भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेताओं ने संजीव कनौजिया को भाजपा का नगर अध्यक्ष घोषित किया है वह धरना समारोह में नहीं पहुंचे| अजय ने बताया कि वह दर्जनों दोपहिया वाहनों के काफिले के साथ आये थे|

धरने पर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र वर्मा, मुकेश सक्सेना, हिमांशु गुप्ता आदि भाजपाई मौजूद रहे|

कुकिंग गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए चलेगा शासन का डंडा

लखनऊ|| शासन ने सभी जिलाधिकारियों को घरेलू कुकिंग गैस के व्यावसायिक इस्तेमाल, कालाबाजारी और घटतौली के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं।

खाद्य विभाग के प्रमुख सचिव जेएन चैम्बर ने जिलाधिकारियों से कहा है कि शासन को घरेलू गैस सिलेन्डर के दुरुपयोग, उनकी कृत्रिम कमी और घटतौली की शिकायतें मिल रही है, जिससे यह आभास होता है कि जिलों में इसकी रोकथाम के लिए गंभीरता से कदम नहीं उठाये जा रहे हैं।

कुछ जिलों में घरेलू एलपीजी सिलेन्डरों से छोटे सिलेन्डरों में अवैध रीफिलिंग की जा रही है। घरेलू गैस सिलेन्डर का व्यावसायिक कार्यो में उपयोग हो रहा है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को सही समय पर और सही मात्रा में गैस नहीं मिल रही है।

गैस की कृत्रिम कमी उत्पन्न कर उसकी कालाबाजारी की जा रही है। कहीं कहीं घरेलू गैस सिलेन्डर के वाहनों में उपयोग किये जाने से दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। चैम्बर ने कहा कि इसकी रोकथाम के लिए टीमें गठित कर सघन अभियान चलाया जाये और दोषियों को दंडित किया जाये। उन्होंने उपभोक्ताओं को गैस सिलेन्डर की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिये है।

जोंक से ठीक होंगे मुहांसे और दूर होगा गंजापन

बीएचयू आयुर्वेद विभाग के चिकित्सकों ने चेहरे की खूबसूरती बिगाड़ने वाले मुहासों के इलाज के लिए जोंक का इस्तेमाल किया है और इसके शुरूआती परिणाम उत्साहजनक हैं| आने वाले दिनों में देश में ही जोंक की बदौलत गंजे सर पर बाल उगेंगे और मुहांसे ठीक होंगे.

जोंक से मुहासे का इलाज कर रहे चिकित्सा विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. ओ पी सिंह ने बताया कि इलाज के अंतर्गत रोगी को कुछ रक्तशोधक दवाएं देने के साथ प्रभावित स्थान पर जोंक लगाया जाता है .एक हफ्ते में एक से दो जोंक लगाये जाते है और एक माह के भीतर ही रोगी को काफी राहत मिल जाती है .

दरअसल जोंक प्रभावित स्थान से गंदा खून चूस लेता है . इससे प्रभावित स्थान की नलिकाएं खुल जाती है रक्त का प्रवाह तेज हो जाता है . इसके अलावा जोक क लार में सूजन कम करने वाले बायो एक्टिव सब्स्टेंस होते है जो मुंहासे ठीक करने में सहायक होते है .

डा. सिंह ने बताया कि आयुवेंद में मुख दूषिका और मुहांसे नाम से प्रचलित मुहासे प्राय: किशोरावस्था से 25 वर्ष तक के युवाओं में देखने को मिलते है . खान-पान में अनियमितता इस बीमारी की मुख्य वजह होती है . इसके कारण सिबेसियस ग्लैंड में संक्र मण हो जाता है जो मुहांसे में तब्दील हो जाता है . मुंहासे गालों के अलावा गर्दन छाती व पीठ पर भी हो सकते है .

उन्होंने बताया कि इस विधि से 20-25 मरीजों का इलाज किया जा चुका है और इसके अच्छे परिणाम सामने आये हैं . देखा गया कि एक सप्ताह में ही 50 फीसदी मुंहासे समाप्त हो गये .इतनी असरकारक दवा एलोपैथिक में भी नहीं है .इस विधि से गंजापन गठिया फीलपांव सोरायासिस व एक्जिमा का भी इलाज संभव है

हरे वृक्षों की हाय से लकड़ी माफिया की गई जान

फर्रुखाबाद: थाना कम्पिल क्षेत्र में हरे वृक्ष कटवाने वाले लकड़ी माफिया चाँद मियाँ की जान चली गई| लोगों का कहना है कि हरे वृक्षों में भी आत्मा होती है उन्हें कटवाने से हाय लग जाती है|

चाँद मियाँ ग्राम रायपुर निवासी अक्लीम का ३० वर्षीय पुत्र था| चाँद मियाँ का पूरा परिवार लकड़ी का धंधा करता है| वह लोग कम्पिल कताई मिल के निकट काकरनगला में खरीदे गए आम के वृक्षों को कटवा रहे थे|

चाँद मियाँ अपने ट्रैक्टर से काटी गयी लकड़ी की ढुलाई कर रहा था| वह लकड़ी उठाने के लिए ट्रैक्टर ट्राली से दूसरा चक्कर लगा रहा था| दिन के करीब डेढ़ बजे कुशनपाल भट्टा के निकट स्पीड में तेजी से मोड़ते समय ट्रैक्टर ट्राली पलट गए| स्टेयरिंग में फंस जाने के कारण चाँद बुरी तरह घायल हो गया| कायमगंज अस्पताल ले जाने पर उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया|

एसओ सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि लापवाही के कारण ही ट्रैक्टर चालक की मौत हुई है| उन्होंने हरे वृक्षों के कटान की जानकारी से मना कर दिया|

तिरंगा पर तकरार: भाजपाइयों पर पड़े डंडे, 550 गिरफ्तार

नई दिल्ली|| श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने को लेकर मंगलवार को भाजपा और राज्‍य सरकार के बीच टकराव और तेज हो गया है।

जम्‍मू में प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने आज लाठीचार्ज किया और करीब 550 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह के नेतृत्‍व में भाजपा के कई नेता राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं, भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से निकाली गई राष्‍ट्रीय एकता यात्रा पंजाब के माधोपुर पहुंच गई है। राष्‍ट्रीय एकता यात्रा इसके बाद लखनपुर होते हुए जम्‍मू की सीमा में प्रवेश करेगी।

युवा सांसद अनुराग ठाकुर के नेतृत्‍व में जारी भाजयुमो की यह यात्रा 26 जनवरी को श्रीनगर में लाल चौक पर झंडा फहराने के साथ खत्‍म होगी। हालांकि राज्‍य सरकार ने इसके खिलाफ पूरी तैयारी कर ली है। जम्‍मू कश्‍मीर की पंजाब और हिमाचल से लगती सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया गया है।

आज देश भर में मनाया जाएगा राष्ट्रीय मतदाता दिवस

भारत जैसे विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में मतदाताओं में वोटिंग के प्रति में कम होते रुझान पर जागरूकता फैलाने के मकसद से भारत सरकार ने हर साल 25 जनवरी को ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ मनाने का फैसला किया है। इसकी मंजूरी केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गुरुवार को दी। भारत के निर्वाचन आयोग की 61वीं वषर्गांठ पर 18 वर्ष के नौजवानों को मतदाता पहचान पत्र प्रदान कर इस दिन को ‘मतदाता दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है।

निर्वाचन आयोग ने निर्णय लिया है कि देश भर के सभी 8.5 लाख मतदान केंद्र वाले क्षेत्रों में प्रत्येक वर्ष उन सभी पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनकी उम्र एक जनवरी को 18 वर्ष हो चुकी होगी। इस सिलसिले में 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए जाएंगे और उन्हें निर्वाचन फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) सौंपे जाएंगे। पहचान पत्र बांटने का काम सामाजिक, शैक्षणिक व गैर-राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा मतदान केंद्रों पर किया जाएगा। इस मौके पर मतदाताओं को एक बैज भी दिया जाएगा, जिसमें लोगो के साथ नारा अंकित होगा ‘मतदाता बनने पर गर्व है, मतदान को तैयार हैं।’

गौरतलब है कि चुनाव का कहना है, अव्वल भारत जैसे देश में अनिवार्य मतदान व्यवहारिक नहीं है और दूसरा मतदान के लिए बाध्य करना ही अपने आप में अलोकतांत्रिक है। आयोग के महानिदेशक अक्ष़य राउत कह चुके हैं कि ड्राइंग रूम बहस में भाग लेने वालों को मतदान में हिस्सा लेने के प्रति आकर्षित करने के लिए आयोग कई प्रयास और परीक्षण कर रहा है और इस सिलसिले में ‘पप्पू अभियान’ काफी हद तक सफल रहा। चुनाव आयोग का यह सुझाव है कि जिस मतदाता को कोई उम्मीदवार योग्य नजर नहीं आता, उसके लिए ईवीएम में ‘इनमें से कोई नहीं’ का बटन हो। राउत के मुताबिक अभी भी लोग इस विकल्प का उपयोग कर सकते है और मतदान केंद्रों पर चुनाव से जुड़े कर्मचारी से जरूरी फार्म लेकर उसे भर कर दे सकते हैं, लेकिन यह प्रक्रिया गोपनीय नहीं है।
संविधान विशेषज्ञ सुभाष कश्यप भी अनिवार्य मतदान के पक्ष में हैं लेकिन साथ ही उनका यह भी मानना है कि मतदान नहीं करने वालों के लिए दंड का प्रावधान न हो, बल्कि उन्हें मतदान के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

देश के प्रत्येक नागरिक के लिए मतदान में हिस्सा लेना आदि अनिवार्य बना दिया जाना चाहिए ताकि मतदान शत प्रतिशत नहीं तो कम से कम 90 फीसदी तक तो पहुंचे। हालांकि कश्यप कहते हैं कि मतदान चुनने के लिए होता है इसलिए ‘किसी के पक्ष में मत नहीं’ डालने का कोई औचित्य नहीं है। यदि आपको कोई उम्मीदवार पसंद नहीं है तो आप अपना उम्मीदवार खड़ा कीजिए या खुद ही चुनाव लडि़ए। बता दें कि आजादी के समय से मतदान के प्रतिशत में उत्तरोत्तर सुधार हुआ है। वर्ष 1951 के पहले आम चुनाव में जहां 40 फीसदी मतदान हुआ वहीं पिछले आम चुनाव में करीब 57 फीसदी मतदान हुआ। सर्वाधिक 63.56 फीसदी मतदान 1984 के आम चुनाव में हुआ था। यह देखा गया है कि 18 वर्ष एवं उससे अधिक उम्र के नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में साल पर साल तक दर्ज नहीं हो पाए। कुछ मामलों में देखा गया कि नाम दर्ज कराने का प्रतिशत कुछ मामलों में तो 20 से 25 फीसदी जितना कम है।

बांदा रेप केस में नया मोड़, हुई रज्‍जू की एंट्री!

लखनऊ|| उत्‍तर प्रदेश के बांदा जिले में हुए बलात्‍कार कांड ने एक नया मोड़ ले लिया। बीते दिन अचानक एक रज्‍जू नाम के व्‍यक्ति की एंट्री हुई है, जो अपने आपको पीड़ित नाबालिग लड़की का पति बता रहा है। रज्‍जू को देख पुलिस भी चकरा गई है।

हुआ यूं कि विधायक पुरुषोत्‍तम द्विवेदी की पत्‍नी आशा देवी बीते दिन राजधानी के शहीद स्‍मारक पर धरने पर बैठीं तो उनके साथ एक युवक भी दिखा, जो अपने आपको पीडि़त लड़की का पति बता रहा है। रज्‍जू को देख पुलिस भी चकरा गई।

धरना स्‍थल पर पहुंचे मीडिया से बातसीत में रज्‍जू ने दावा किया कि उसने पीडि़ता से एक मंदिर में शादी की थी, वो भी दो-तीन लोगों के सामने। उसने कहा, “मैं पीडि़ता का पति हूं और मुझे नहीं पता आखिर मेरी पत्‍नी ने सीबीसीआईडी को मेरे बारे में कुछ बताया क्‍यों नहीं। यही नहीं सीबीसीआईडी को कम से कम मुझसे पूछताछ तो करनी चाहिए थी।”

मीडिया ने जब पुरुषोत्‍तम द्विवेदी से जुड़े सवाल पूछे तो रज्‍जू की ज़बान लड़खड़ाने लगी और वो बाला विधायक निर्दोष हैं। हम आपको बता दें कि मीडिया से बातचीत के दौरान वो शादी की तिथि भी स्‍पष्‍ट ढंग से नहीं बता सका। यही नहीं वो शादी की फोटो भी मुहैया नहीं करा सका।

रज्‍जू के साथ धरने पर बैठी आशा देवी ने एक बार फिर अपने पति की वकालत करते हुए कहा, “मैं बहन जी (मायावती) से अपील करती हूं कि मुझे न्‍याय दिलाएं। मेरे पति निर्दोष हैं।”

अब सवाल यह उठता है कि अभी तक पुलिस या सीबीसीआईडी ने पीडि़त लड़की की उम्र को स्‍पष्‍ट क्‍यों नहीं किया है। अगर वो नाबालिग है, तो विधायक के अलावा रज्‍जू भी अपराधी है, क्‍योंकि नाबालिग से शादी करना भी कानूनन अपराध है।