Home Blog Page 5655

6 मार्च: फर्रुखाबाद की अपराधिक घटनायें

विक्षिप्त महिला ने जान गंवाई
फर्रुखाबाद: थाना राजेपुर के ग्राम शेराखार निवासी राजेश्वर की २० वर्षीय पत्नी छोटी बिटिया ने फांसी लगाकर जान दे दी| पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया|

एसओ एके पाण्डेय ने बताया कि महिला का करीब ९ माह पूर्व ही विवाह हुआ था| विक्षिप्त होने के कारण ही उसने फांसी लगा ली|

मारपीट व पथराव में घायल

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली के रामलीला गड्डे में मुकद्दमे बाजी की रंजिश को लेकर मिथुन कठेरिया व राधेश्याम कठेरिया के परिवारीजनो के बीच लाठी डंडे व पत्थर बाजी हुयी|

जिसमे मिथुन व राधेश्याम की पुत्री नैना घायल हो गईं| हमले में मिथुन की माँ विमला व नैना के बहन शिल्पा को भी चोटें लगीं|

शिक्षा माफिया की जैः नकलचियों की बल्ले-बल्ले

स्कूल अपने स्तर पर जारी करेंगे बोर्ड परीक्षा प्रवेश पत्र और रोलनंबर

7 मार्चः यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार एक विशेष प्रकार का मजाक होने जा रहा है। नकलचियों और नकल माफिया के दुष्चक्र में कसमससा रही व्यवस्था ने लगता है कि इस बार पूरी तरह से हथियार डाल दिये हैं। नकल के लिये बदनाम अनेक विद्यालयों को जहां एक बार फिर से परीक्षा केंद्र बना दिया गया है वहीं बोर्ड अभी तक लगभग आधे से भी कम परीक्षार्थियों के ही प्रवेश पत्र तैयार कर सका है और परीक्षा में मात्र दस दिन से भी कम समय शेष बचा है। जाहिर है कि बोर्ड के सामने अब स्कूलों को ही अपने स्तर से प्रवेश पत्र और रोलनंबर जारी करने की अनुमति देने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है।

बोर्ड परीक्षा में केवल दस दिन शेष हैं। अब तक सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र मिल जाने चाहिए थे ताकि उसमें कोई गड़बड़ी हो तो सुधार किया जा सके। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा में इस वर्ष लगभग 55 लाख पीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। लेकिन बोर्ड कर्मचारियों की हीलाहवाली की वजह से लगभग 32 लाख परीक्षार्थियों की नामावली अब तक तैयार नहीं है। नामावली तैयार होने के बाद उसे स्कूल से संशोधित कराया जाता है, उसी आधार पर रोलनंबर तय कर प्रवेश पत्र बनाया जाता है। नामावली जारी न होने से आगे की सारी प्रक्रिया ठप पड़ी है। परीक्षा समिति से जुड़े सूत्रों के अनुसार रविवार से नामावली जारी कर संशोधन शुरू हो जाए तो भी दस दिन में 15 लाख से अधिक अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र तैयार नहीं हो सकता। साफ है कि परीक्षा में बैठाने के लिए स्कूल अपने स्तर पर रोलनंबर और प्रवेश पत्र जारी करेंगे जिससे परीक्षा के दौरान और फिर परिणाम तैयार करने में भारी गड़बड़ी होना तय है। प्रवेश पत्र के लिए परीक्षा समिति की दो बैठकें हो चुकी हैं लेकिन हैरान करने वाली सच्चाई यह है कि अब तक 32 लाख से अधिक छात्रों की नामावली तैयार नहीं हुई। नामावली तैयार न होने के कारण हाईस्कूल के छात्रों का विज्ञान और शारीरिक शिक्षा प्रायोगिक परीक्षा का नंबर बोर्ड को नहीं भेजा जा सका।

फर्जी पंजीकरण, फॉर्म भरने में हेराफेरी, गलत छात्र संख्या दिखाने, मनमानी केंद्र के लिए धमकाने के तमाम आरोप और जांच में दोषी पाए जाने के बाद भी हजारों बदनाम स्कूलों को केंद्र बना दिया गया। इन स्कूलों, संचालकों और छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। दो दिन पहले लखनऊ में हुई परीक्षा समिति की बैठक में इनके खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भी तैयार हुआ लेकिन माध्यमिक शिक्षा विभाग के बड़े अफसरों ने उसे अनदेखा कर दिया।

जेल भेजे गए सपा नेता, धरपकड़ के लिए छापेमारी

फर्रुखाबाद: बीती रात गिरफ्तार किये गए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव आदि कार्यकर्ताओं को रात में ही किशोर बंदी सुधारगृह में डाल दिया गया| रात से ही पूरे जिले में सपा नेताओं को गिरफ्तार कर उनकी तलाश में निरंतर छापे मारे जा रहे हैं|

सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दृगपाल सिंह यादव बाबी आदि एक दर्जन साथियों को पहले पुलिस लाइन में एकत्र किया गया और वहां से रात करीब ढाई बजे जिला जेल के निकट किशोर बंदी सुधार गृह में ले जाया गया|  पुलिस ने देर रात में ही छापा मारकर लाखन सिंह कठेरिया, करन माथुर, आरिफ परवेज, सोनू  कुशवाह, रवी शरण यादव एडवोकेट, अनिल श्रीवास्तव, सोहेल अख्तर खां, अन्ना खां, जनार्दन यादव, भैया खां, अमूल यादव आदि को पकड़ लिया| सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने मुलाक़ात के दौरान JNI से इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि कोतवाली मोहम्दाबाद, राजेपुर व अमृतपुर क्षेत्र से किसी एक भी सपाई की गिरफ्तारी नहीं हुयी है|

कोतवाली फतेहगढ़ के आर्य समाज मंदिर में आज दोपहर सपा कार्यकर्ता कल ७ फरवरी के धरने को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार कर रहे थे| इस दौरान मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद, मुख्यमंत्री मायावती मुर्दाबाद के नारे लगाए गए| इस सूचना पर कोतवाली एवं थाना मऊदरवाजा पुलिस ने वहां छापा मारकर महिला सभा के जिलाध्यक्ष सुषमा जाटव, कोषाध्यक्ष गीता सिंह, रजत क्रांतिकारी गौरव तथा धीरन्द्र आदि को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया|

इस दौरान वहां सपा के वरिष्ठ वृद्ध नेता ग्रीश चन्द्र कटियार बैठे रहे| पुलिस ने उन्हें नहीं पकड़ा| शहर कोतवाली पुलिस ने साहबगंज चौराहे पर छापा मारकर व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष विकास गुप्ता को भी दबोच लिया| आज जहानगंज पुलिस ने तीन तथा मोहम्दाबाद पुलिस ने यादव कालोनी निवासी रामचरण यादव को गिरफ्तार कर लिया|

गिरफ्तार किये गए सपाईयों की संख्या २४ पहुँच गयी|

एजेंसी के हाकर की पिटाई कर लूटे गए गैस सिलेंडर

फर्रुखाबाद:6March||  गैस न मिलने से परेशान लोग अब जबरदस्ती गैस सिलेंडर लूटने के लिए हाकरों की पिटाई भी करने लगे हैं| बाजार में कालाबाजारी से बिकने वाले सिलेंडर की कीमत ५५० रुपये तक पहुँच गई है|

समय से गैस न मिलने के कारण उपभोक्ता काफी परेशान हैं| दरअसल एजेंसी मालिक जंगल का क़ानून चलाकर मोटी कमाई करते हैं| जिनपर जिला प्रशासन का अकोई अंकुश नहीं है| कहने को जिलापूर्ति अधिकारी समय-समय पर खानापूरी करते रहते हैं|

भैरव गैस एजेंसी का हाकर दलित दीपू शंखवार आज सुबह साइकिल पर तीन सिलेंडर लादकर उपभोक्ताओं को देने जा रहा था| जब वह नगर के मोहल्ला बटुआ वाली गली नितगंजा से गुजर रहा था तभी डाक्टर केशव मिश्रा व उनके कई साथियों ने दीपू को घेर लिया और मारपीट कर उससे तीनों सिलेंडर छीन लिए|

मोहल्ला काली देवी निवासी दीपू ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी तथा पैर में लगी चोट दिखाई| सभासद श्याम सुन्दर वर्मा उर्फ़ लल्ला दीपू की पैरवी में कोतवाली पहुंचे|

अंग्रेजी माध्यम में पढ़ायेंगे उत्‍तर प्रदेश के सरकारी स्‍कूल

लखनऊ||  अब अंग्रेजी माध्यम से पढऩे के लिए निजी स्कूलों का ही सहारा नहीं लेना पड़ेगा बल्कि सरकारी स्कूलों में भी अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई की जा सकेगी। इसके लिए प्रदेश सरकार प्रदेश भर में 148 माडल स्कूल खोलेगी, जिसमें 6 से 12 तक की पढ़ाई हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यमों में होगी।

यह जानकारी देते हुए प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मंत्री रंगनाथ मिश्र ने आज यहां कहा है कि राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक ब्लाक में माडल स्कूल खोले जायेंगें। आगामी शिक्षण सत्र से इसमें 6 से 12 तक की पढ़ाई हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यमों में होगी।

श्री मिश्र ने आज यहां कहा कि 148 माडल स्कूलों के लिये जमीन उपलब्ध हो गयी है। प्रत्येक स्कूल के निर्माण में चार करोड रूपये खर्च होंगे। इस धनराशि का पचहत्तर प्रतिशत केन्द्र सरकार और पचीस प्रतिशत राज्य सरकार देगी। उन्होंने कहा कि अगले शिक्षा सत्र से यह सभी स्कूल खुल जायेंगें। पांच सौ और माडल स्कूलों के लिये प्रस्ताव भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि खुलने वाले माडल स्कूल आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह लैस होंगें। इसमें छात्रावास की सुविधा भी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नकल मुक्त परीक्षा कराने के लिये कटिबद्ध है। नकल माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। हर हाल में सभी को परीक्षा ड्यूटी करना है इसमें किसी को भी कोई रियायत नहीं दी जायेगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के पश्चात कापियों का मूल्यांकन समय से होगा ताकि समय से परीक्षाफल घोषित किया जा सके।

मां को नशीली टॉफी खिलाकर, छात्रा प्रेमी संग हो गई फुर्र

कानपुर|| विधवा मां को नशीली की टॉफी खिला एक प्रेम दिवानी छात्रा अपने प्रेमी संग उड़न छू हो गई। भागते समय वह अपने साथ घर में रखे जेवर और नगदी भी ले गयी। मां को जब होश आया तो उसने बेटी को तलाश करने के बाद थाने में मामले की सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हंसपुरम् आवास-विकास वाटर पार्क के पास रामवती अपने बेटे और बीस वर्षीय बेटी रूपा के साथ रहती हैं। कैंसर की बीमारी के चलते उनके पति की मौत हो गयी थी। जिनके इलाज में घर की माली हालत जर्जर हो गयी।

रामवती ने पुलिस को बताया कि बेटी रूपा बी.काम की छात्रा है। वह बीते दिन जब बेटा अपने मामा के यहां गया हुआ था। तभी रूपा ने उसे एक नशीली टॉफी खाने को दी। जिसे खाने के बाद वह गहरी नींद में सो गयी। इसके बाद जब उनकी आंख खुली तो बेटी घर पर नहीं थी और अलमारी में रखे नगदी व जेवर भी गायब थे। जिसका पता चलते ही उनके होश उड़ गए। उन्होंने बेटी को कई जगह तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। शाम को जब बेटा लौटा तो वह थाने पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

रामवती ने पुलिस को बताया कि मई में रूपा की शादी होने थी। जिसके लिए उन्होंने कर्जा लेकर जरूरी जेवर बनवाए थे। लेकिन वह लाल बांगला निवासी किसी राहुल नाम के लड़के से प्रेम करती है। जिसके चलते उसने शादी से इंकार कर दिया और राहुल से विवाह का दबाव बनाने लगी। लेकिन वह इस बात के लिए तैयार नहीं हुयी। रामवती को शक है कि रूपा का प्रेमी राहुल ही उसे भगा कर ले गया है। नौबस्ता थाना एसओ ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग का है। महिला की शिकायत पर छात्रा की तलाश की जा रही है।

अमेरिका में आंखें चार, काशी में मंत्रोच्चार: नहीं आया गांधी परिवार

लखनऊ|| भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद वरुण गांधी और कोलकाता की ग्राफिक डिजाइनर यामिनी रॉय की शादी आज वाराणसी के कामकोटेश्वर मंदिर में सम्पन्न हो गई। इनकी शादी हनुमानघाट इलाके स्थित कामकोटेश्वर मंदिर में परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ वैदिक मंत्रोचार के बीच हुई।

वरुण-यामिनी की शादी में दोनों परिवारों के करीब 30-35 रिश्तेदार और करीबी लोग शामिल हुए। शादी में सोनिया के परिवार से कोई शामिल नहीं हुआ। वरुण की चचेरी बहन प्रियंका गांधी और उनके पति राबर्ट बढ़ेरा के शादी में शामिल होने की सम्भावना थी लेकिन वह भी नहीं आईं।

विवाह के बाद वर-वधु ने काशी विश्वनाथ मंदिर में जाकर आर्शीवाद भी लिया। पर क्या आप जानते हैं कि इस जोड़े की प्रेम कहानी की शुरूआत सात-समंदर पार अमेरिका में हुई थी।

बात सन् 2004 की है। उस समय वरुण अमेरिका के न्यूयार्क शहर गए हुए थे। वहीं एक भारतीय कार्यक्रम में उनकी मुलाकत यामिनी से हुई। दोनों की आंखें चार हुई और एक-दूसरे के लिए दिल में जगह बन गई। दोस्ती का सिलसिला शुरू हो गया। लंदन में वरुण के एक दोस्त के रेस्टोरेंट में डिजाइनिंग का जिम्मा संभालने गई यामिनी से वरुण की नजदीकियां और बढ़ी।

लंदन में पढ़ाई कर चुके वरुण के लिए यह शहर अनजान नहीं था। उन्होंने यामिनी को पूरे लंदन की सैर कराई। इस मस्ती में दोनों एक-दूसरे के नजदीक आते गए। दोनों का साथ में लगातार डिनर करना रिश्तों की गंभीरता को बयां कर रहा था।

वरुण भारत लौट आए। 20 साल की उम्र में उनकी कविता-संग्रह प्रकाशित हुई। इस संग्रह ने यामिनी का दिल ही लिया। दोनों के रिश्ते के बारे में मां मेनका गांधी को पता चल गया। पर मां ने इसका खुलासा नहीं किया। समय के दबाव में यह रिश्ता छुपाए रखा गया। जब मां को लगा की अब समय आ गया है, इस रिश्ते के बारे में बताने का, तो उन्होंने पूरी दुनिया के सामने इसकी घोषणा कर दी। सात साल पहले शुरू हुआ प्यार आज अपनी मंजिल पर पहुंच गया है। दोनों प्रेमी सात जन्मों के लिए एक-दूजे के हो चुके हैं।

पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष सहित एक दर्जन सपाईयों को दबोचा

फर्रुखाबाद: पुलिस समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव को होटल से पकड़ ले गई| सपा नेता ने पकड़े जाने से पूर्व ले जाए जाने का काफी विरोध किया था|

सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ७ मार्च से जिला मुख्यालय पर शुरू होने वाले जन आन्दोलन को सफल बनाने के लिए बढपुर स्थित होटल में साथियों के साथ रणनीति तैयार कर रहे थे| जब वह होटल के बाहर निकले तभी फर्रुखाबाद व फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने उन्हें घेर लिया और साथ चलने को कहा|

श्री यादव ने साथ जाने से मना कर दिया तो पुलिस ने उन्हें बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक बात करना चाहते हैं| श्री यादव विरोध करते हुए जमीन पर बैठ गए और घटना की जानकारी मोबाइल फोन से पार्टी नेताओं को दी और बाद में इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के निर्देश पर पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर जीप में बिठाया| जीप फतेहगढ़ की ओर चली गई|

इस दौरान श्री यादव के साथ मौजूद सपा नेता ओमप्रकाश शर्मा खिसक गए| मोबाइल फोन पर पूंछे जाने पर उन्होंने हडबडाते हुए बताया कि वह बच गए हैं यह कहकर मोबाइल फोन काट दिया|

उधर थाना कमालगंज पुलिस पार्टी के वरिष्ठ नेता जियाउद्दीन, सिराजुल आफाक मुन्ना, बिल्लू श्रीवास्तव आदि एक दर्जन सपाईयों को पकड़ लिया|

सहायक विकास अधिकारियों की तैनाती में फेरबदल

फर्रुखाबाद, 5 मार्चः मुख्य विकास अधिकारी ने ब्लाकों में तैनात सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) की तैनाती में फेरबदल कर दिया है।

पूर्व में हुई तैनातियों में फेदबदल करते हुए अब विकास खंढ बढ़पुर में अनिल मिश्रा को, राजेपुर में सुल्तान सिंह, कायमगंज में प्रेम चंद, मोहम्मदाबद में बुधसेन को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत)  तैनात किया गया है। उल्लेखनीय है कि एडीओ पंचायत की मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पूर्व में की गयी तैनाती को बदलवाने के लिये काफी समय से जोड़ तोड़ चल रही थी। चार्ज में फेदबदल को लेकार अटकले लगायी जा रही थीं। मुख्य विकास अधिकारी ने संशोधन पर अनुमोदन कर दिये है।

पार्टी के गद्दार विधायक के मामले में पूर्व मंत्री की बोलती बंद

फर्रुखाबाद: पार्टी के साथ गद्दारी करने वाले विधायक के मामले में पूंछे जाने पर प्रदेश सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा चुप्पी साध गए| श्री विश्वकर्मा को यहाँ समाजवादी पार्टी के तीन दिवसीय धरने का प्रभारी बनाया गया है|

श्री विश्वकर्मा ने समाजवादी पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार को हर मामले में असफल बताते हुए दावा किया कि सपा का तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय जन आन्दोलन बसपा सरकार की तावूत की आख़िरी कील सावित होगा| उन्होंने इस आन्दोलन को सफल बनाने के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की|

उन्होंने बलात्कारियों की सरकार बताते हुए कहा कि सरकार के मंत्री व विधायक दुष्कर्म कर रहे हैं तथा दुष्कर्म करने वालों का बचाव भी कर रहे हैं| उनसे जब पार्टी से गद्दारी करने वाले विधायक व अन्य पदाधिकारियों पर कार्रवाई के बारे में पूंछा गया तो उनकी बोलती बंद हो गयी| बात को टालते हुए कहा कि बसपा सरकार ने जिला पंचायत व एमएलसी चुनाव के दौराब धन व बल का प्रयोग कर वोटरों की थोक में खरीददारी की|

श्री विश्वकर्मा ने बताया कि आम जनता से पार्टी के लोगों की छवि के बारे में जानकारी की जा रही है| इस बात की रिपोर्ट पार्टी के मुखिया को दी जायेगी| सपा नेता राज कुमार सिंह राठौर ने विधायक का बचाव करते हुए कहा कि यदि विधायक कल्याण सिंह समर्थक प्रत्याशी को वोट दे देते तब भी तो गलत होता तब जिलाध्यक्ष चन्द्र पाल सिंह यादव ने बोलने से मना कर दिया| पत्रकार वार्ता का स्थल बदले जाने के कारण जिलाध्यक्ष तक को कुर्सियां उठानी पड़ी|

वार्ता के दौरान वरिष्ठ नेता भास्कर दत्त द्विवेदी, महानगर अध्यक्ष चाँद मोहम्मद खां आदि नेता मौजूद रहे|