Home Blog Page 5649

दवा लेने गई युवती मासूम को छोड़ प्रेमी के साथ हुई फुर्र

फर्रुखाबाद: लोहिया अस्पताल दवा लेने गई युवती रीना अपने प्रेमी के साथ चली गई| कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिजनों ने चौकी प्रभारी को जमकर खरी-खोंटी सुनाईं|

रीना कोतवाली फतेहगढ़ नेकपुर कला निवासी मनोज कटियार के मकान में किराए पर रहने वाले तारा चन्द्र शर्मा की 30 वर्षीय पुत्री है| वह तीन दिन पूर्व अपनी २ वर्ष की बेटी आँचल को साथ लेकर लोहिया अस्पताल में दवा लेने गई थी और वहीं से अपने मकान के किरायेदार संजीव चौहान के साथ चली गई|

बीते दिन संजीव ने अपने छोटे भाई राज के द्वारा आँचल को वापस करवा दिया| बीते दिन कर्नलगंज चौकी इंचार्ज अशोक पाण्डेय राज चौहान व उसके पिता राधेलाल को पकड़ ले गए थे और पूंछ-तांछ करने के बाद छोड़ दिया|

आज इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई चौकी इंचार्ज भी मौके पर पहुँच गए| रीना का ४ वर्ष पूर्व दिल्ली के नीतू से विवाह हुआ था|

पत्नी के गायब होने की जानकारी होने पर वह भी ससुराल पहुँच गया| पीड़ित परिजनों ने पुलिस पर रुपये लेने का आरोप लगाया| चौकी प्रभारी ने बताया कि मैंने बाप-बेटों को तीन दिन की मोहलत दी है कि रीना को लाकर वापस करें|

हादसे के कारण आलू का उठान नहीं, मंडी गेट पर लगा जाम

फर्रुखाबाद: हादसे के कारण सातनपुर स्थित आलू मंडी के बाहर जाम लगा रहा| बीती रात दुर्घटना में मंडी के ही होटल मालिक व उसके नौकर की मौत हो जाने के बाद हुए पुलिस संघर्ष के कारण पल्लेदारों ने ट्रकों से बाहर जाने वाले हजारों कुंटल आलू का लदान नहीं किया|

आज सुबह गुस्साए पल्लेदारों ने मंडी के गेट पर ताला लगाकर आलू की खरीददारी ठप करा दी| जिसके कारण आज पूरे दिन मंडी गेट के दोनों तरफ ट्रैक्टरों व ट्रकों की लम्बी कतारें लगी रही|

आज मंडी में आलू २५० रुपये से ३०० रुपये प्रति कुंटल तक में बिका| मंडी सचिव एचबी सिंह ने बताया कि रात में आलू बोरो का उठान न हो पाने के कारण दिन में जाम की स्थित बनी रही| प्रतिदिन करीब १६ हजार कुंटल आलू की आवक हो रही है|

एक इंच सड़क व एक भी हैण्ड पम्प न मिलने से विधायक दुखी

फर्रुखाबाद: सपा विधायक नरेन्द्र सिंह यादव ने आज दुःख व्यक्त किया कि मायावती की सरकार में उन्हें एक इंच सड़क व एक भी हैण्ड पम्प नहीं मिला है| उन्होंने आज सिकत्तर बाग़ स्थित अपने आवास पर पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तारी के दौरान उन पर व साथियों पर अकारण लाठीचार्ज किया इस मामले को विधान सभा में उठायेंगें|

उन्होंने बताया कि लाठीचार्ज में घायल सपा कार्यकर्ता प्रदीप कुमार यादव, जितेन्द्र सिंह यादव,  सुशील यादव एवं राजेश यादव घायल हुए थे जिनका लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया गया था|
अकारण लाठीचार्ज करने वाले शहर कोतवाल कृष्ण कुमार आदि पुलिस कर्मियों के विरुद्ध अदालत में मुकद्दमा किया जाएगा| उन्होंने मायावती सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताते हुए कहा कि उनके कहर से सभी लोग पीड़ित हैं| धन की बसूली व उगाही करने के लिए ही शराब के ठेकों का नवीनीकरण कराया जा रहा है|

उन्होंने मुलायम सिंह की सरकार के गुणगान करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में १० किलोमीटर की सड़क व ५०० हैण्ड पम्प मिलते थे| वार्ता के दौरान विधायक पुत्र सचिन यादव, सपा नेता दृगपाल सिंह यादव बाबी, मनमोहन मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य राम विलास राजपूत आदि समर्थक मौजूद रहे|

जोर का झटका हाय जोरों से लगा..शादी बन गई परीक्षार्थियों की सजा।

फर्रुखाबाद: मैरिज होम में रात के 11 बजे डीजे पर गाना चल रहा था, जोर का झटका हाय जोरों से लगा..शादी बन गई उम्र कैद की सजा..इस गाने को सुनकर बारहवीं की बोर्ड परीक्षा दे रहे व देने की तैयारी शुरू कर रहे छात्र खुद ब खुद गुनगुनाने लगते है कि जोर का झटका हाय जोरों से लगा..शादी बन गई परीक्षार्थियों की सजा।

कुछ यही हाल है उन तमाम परीक्षार्थियों के जिनके घर के आसपास कोई बैंक्वेट हॉल या मैरिज होम है। उन सबकी हालत बेगानी शादी में दीवाने अब्दुल्ला जैसी है।बढपुर, आईटी आई, रेलवे रोड, ठंडी सड़क आदि कई जगह मैरिज हाल हैं| प्रशासन की उदासीनता यह है कि न्यायालय के आदेशों के बावजूद रात दस बजे के बाद लाउडस्पीकर पर कोई रोक नहीं है।

इन दिनों शादी का सीजन चल रहा है और साथ ही चल रही हैं सीबीएसई व आईसीएसई की बोर्ड परीक्षाएं। यूपी बोर्ड व चौधरी चरण सिंह विवि की परीक्षाएं जल्द ही शुरू होने वाली हैं।

ऐसे में छात्रों को दिक्कत यह आ रही है कि वो अगर रात को देर तक पढ़ना चाहें तो डीजे का कानफोड़ू संगीत उन्हें पढ़ने नहीं देता। सबसे ज्यादा दिक्कत तब होती है जब अगले ही दिन पेपर होता है और रात को ठीक से सो भी नहीं पाते। परिक्षा की तैयारी में लगे छात्रों का कहना है कि परीक्षा से एक दिन पहले वो तनाव में होता है और उस समय जब तेज आवाज पर गाने बजते हैं तो उसके दिल की धड़कन बढ़ जाती है और हाथ ठंडे हो जाते हैं।

म्यूजिक क्यों है घातक

-देर रात तक डीजे के शोरगुल से नींद पूरी नहीं हो पाती

-देर रात डीजे के शोरगुल से पढ़ाई करने वाले बच्चे अपना ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे।

-एक ओर तो अभिभावकों ने बच्चों का घर में टीवी व कम्प्यूटर बंद कर दिया तो दूसरी तरफ चंचल मन वाले बच्चों को पढ़ाई से विचलित करने के लिए डीजे का शोर कायम है।

-ज्यादा देर तक शोर में रहने से सिर दर्द, कान में झनझनाहट व चिड़चिड़ापन हो सकता है

-परीक्षा की घबराहट में शोर कई बच्चों का ब्लड प्रेशर बढ़ा सकता है व दिल की धड़कन भी तेज हो सकती है।

चोरों ने ह्त्या में प्रयोग की गई बोलेरो व बाइक उड़ाई

फर्रुखाबाद: आवास विकास कालोनी के युवक को गंगा तट पर ले जाकर हत्याकर फेंक देने के मामले में प्रयोग की गई बोलेरो व बाइक को चोरों ने उड़ा दिया|

वद्री विशाल कालेज के लिपिक ब्रह्मदत्त शर्मा की बोलेरो नंबर यूपी ७६ जेओ / ६०५ उनके आवास विकास कालोनी सतही १/१४१ के बाहर खड़ी थी| उसको चोरों ने गायब कर दिया|

भारतीय जीवन बीमा निगम के कार्यालय से विकास अधिकारी विनोद कुमार की यूपी ७६ ई/ ३८८३ हीरो होंडा स्प्लेंडर चुरा ली गयी| दोनों घटनाओं की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गयी| आवास विकास चौकी प्रभारी इन्द्रपाल सिंह ने बताया कि बोलेरो चोरी की घटना संदिग्ध है| ह्त्या के मामले में कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने इस बोलेरो को कब्जे में लेकर कार्यवाही की थी|

दुग्ध उत्पादन वृद्धि से अधिक आर्थिक लाभ सम्भव: डीएम

फर्रुखाबाद: विकास खण्ड राजेपुर के ग्राम खंडौली में ५ दिवसीय पशु पालक प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी रिग्जिन सेम्फेल के द्वारा किया गया|

इस अवसर पर पशुपालकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यदि पशु पालक पशुओं की उचित रख-रखाव करें तो दुग्ध उत्पादन में अच्छी वृद्धि संभव है जिससे अधिक आर्थिक लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है| उन्होंने कहा कि पशु पालकों को वैज्ञानिकों द्वारा सुझाई गयी पशु पालन तकनीकि की जानकारी रखनी चाहिए जिससे पशुओं के उचित रख-रखाव में सहूलियत होगी|

इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा महामाया गरीब आर्थिक मदद योजना के लिए निराश्रित गरीबों का चयन भी किया गया| प्रशिक्षण शिविर सीडीओ सीपी त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ यू एन एस सचान तथा डॉ आर ऍन सिंह आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये तथा पूर्व विधायक महरम सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया|

सोते रहे बहनोई, चोरों ने अधिवक्ता के घर से माल उड़ाया

फर्रुखाबाद: मकान की रखबाली की जिम्मेदारी लेने वाले बहनोई रात में चैन की नींद सोते रहे उधर चोरों ने उनके साले अधिवक्ता के मकान से नगदी, जेवरात आदि कीमती सामान उड़ा दिया|

कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला नगला नैन निवासी विजय बहादुर पाल एडवोकेट के कोई संतान नहीं है| वह बीते दिन अपनी पत्नी को इलाज कराने के लिए हिसार ले गए और जाते समु पड़ोसी बहनोई अरुण कुमार पाल को मकान की जिम्मेदारी सौंप गए|

आज सुबह ५ बजे अरुण की पत्नी सुशीला देवी जब दूध लेने जा रही थीं तो उन्होंने अधिवक्ता के मकान में बिजली की रोशनी देखी| वह बल्ब बंद करने के लिए जब वह मेनगेट का ताला खोलकर अन्दर गई तो मेनगेट को खुला देखकर घबडा गईं| अन्दर जाने पर उन्होंने कमरों व बक्सों के ताले टूटे व बिखरे सामना को देखा तब उन्हें चोरी का एहसास हुआ|

चोर कितना माल ले गए यह अधिवक्ता के वापस लौटने पर ही पता चलेगा|

शादी के नाम पर रुपयों की ठगी, बस स्टेशन पर ठहरे बाराती

फर्रुखाबाद: कई लोगों ने मिलकर शादी कराने के नाम पर बीती रात ऐटा से आये दूल्हे के परिजनों से हजारों रुपये ठग लिए| बारातियों ने तीन ठगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया|

पड़ोसी जिला ऐटा थाना जसरथपुर के जोगेंद्र यादव बीती रात अपने छोटे भाई अवधेश यादव उर्फ़ वीरेश की बारात को लेकर थाना मऊदरवाजा के सुमन गार्डन पहुंचे वहां जोगेंद्र के पड़ोसी गाँव खरसीला में रहने वाले बांकेलाल यादव ने उनसे शादी कराने के नाम पर ३५ हजार रूपये झटक लिए| जब जोगेंद्र को ठगी का पता चला तो उन्होंने घटना में शामिल बांकेलाल के अलावा थाना मऊदरवाजा के ग्राम पूरण नगला निवासी पेशकार यादव तथा थाना अनया गाँव के ग्राम कुढानौर निवासी किशोरीलाल यादव को पकड़कर थाना मऊदरवाजा पुलिस के हवाले कर दिया|

बांकेलाल ने ग्राम आवाजपुर में रहने वाले अपने साढू रिशीपाल के साले की पुत्री से विवाह कराने का वायदा करके रूपये ठगे| जब बाराती रिशीपाल के यहाँ गए तो पता चला कि वह घर से गायब है| उसके घर पर न तो उनकी कोई साली है| रिशीपाल की परचून दुकान पर उनकी विवाहित पुत्री बबली बैठी मिली|

दो वाहनों से करीब डेढ़ दर्जन बाराती जब परेशान हो गए तो उन्होंने बस स्टेशन जाकर किसी तरह रात गुजारी| शादी न होने के गम में वीरेश सुबह ही वापस लौट गया| जोगेंद्र कुछ ख़ास बारातियों के साथ ठगों को सबक सिखाने के लिए रुक गए हैं|

सुमन गार्डन के कारीगर राजू ने बताया की बीती रात एक दर्जन लोगों ने दावत उडाई थी जिसमे एक महिला व एक युवती भी थी| यहाँ कोई शादी नहीं हुई|

एसओ अतर सिंह ने बताया कि ठगी की घटना ऐटा में ही हुयी है| जब यहाँ ये बारातियों को दुल्हन नहीं मिली तब उन्हें ठगी का पता चला|

हादसे में बहनोई की मौत से साले की शादी में खलल

फर्रुखाबाद: हादसे में नरेन्द्र राठौर की मौत हो जाने से उनके साले की आज ही होने वाली शादी समारोह में खलल पड़ गया है|

थाना अमृत पुर के ग्राम लीलापुर निवासी राम नाथ के ३० वर्षीय पुत्र नरेन्द्र की बीती रात हादसे में मौत हो गई| नरेन्द्र का करीब ८ वर्षीय पूर्व कन्नौज थाना इंदरगढ़ के ग्राम बेलामऊ सरैया निवासी राम लडैते की पुत्री गुड्डी से विवाह हुआ था| उसके ४ बच्चे हैं नरेन्द्र के साले गोबिंद की आज ही औरैया के दिबियापुर में बारात जानी है|

नरेन्द्र के मरने के गम में उसकी पत्नी गुड्डी आदि परिजन बुरी तरह बिलखते रहे| नरेन्द्र की ससुराल में शादी होने के कारण खुशी का माहौल था जैसे नरेन्द्र की मरने की वहां सूचना पहुँची खुशी का माहौल ग़मगीन हो गया| शादी की तैयारी में लगे परिजन यहाँ आकर नरेन्द्र का पोस्टमार्टम करवाने के बाद दाहसंस्कार की तैयारी में जुट गए|

पुलिस ने पीड़ितों को ही पीट-पीटकर निकाली भड़ास

फर्रुखाबाद: बीती रात शहर कोतवाली पुलिस ने अंग्रेजों के शासनकाल को भी मात दे दी| पुलिस ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के पीड़ित परिजनों की जमकर पिटाई की|

सातनपुर मंडी के निकट बीती रात बाइक सवार होटल मालिक दिनेश उर्फ़ मोहब्बत व उनके नौकर रामू मिश्रा की दुर्घटना में मौत हो गई थी| जब दिनेश पड़ोसी जिला शाहजहांपुर थाना जलालाबाद के ग्राम कांतर भोजी का मूल निवासी था| जब उसकी पत्नी गुड्डी तथा रामू के पिता राम कृपाल, बाबा गंगा महेश, चाचा पोथीराम उर्फ़ विद्या प्रकाश आदि परिजन शव को देखने पहुंचे तो पुलिस ने उनकी जमकर पिटाई की| रात का समय होने एवं किसी मीडियाकर्मी के मौजूद न होने के कारण पुलिस ने अपना वास्तविक उग्र रूप दिखाया|

पुलिस के अत्याचार से गुस्साए लोगों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया| पत्थर लगने से कई पुलिस वालों को चोट भी लगी| लोहिया अस्पताल परिसर में दिनेश की पत्नी गुड्डी अपने ७ वर्षीय बेटे शोभित व ५ वर्षीय पुत्री स्नेह के साथ बुरी तरह बिलखती रही| गुड्डी व गंगा महेश आदि चीख-चीखकर पुलिस दास्तान की कहानी सुनाते रहे तथा चोटों के निशान भी दिखाए|

सातनपुर निवासी होटल मालिक सतीश चन्द्र ने बताया कि पुलिस ने मेरी भी डंडे से पिटाई की|