Home Blog Page 5647

पीड़ित महिला ने नशेड़ी व जुआँरी पति को पुलिस से पकड़ाया

फर्रुखाबाद: पति से दुखी होकर दो महिलायें मायके चली आईं| इसके बावजूद भी नशेड़ी ने ससुराल पहुंचकर पत्नी के साथ ही भाभी की जमकर पिटाई कर दी| पीड़ित महिलाओं ने नशेड़ी को पुलिस से पकड़ा दिया|

थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला ढुईयाँ निवासी नत्थू बाथम की पुत्री नन्ही का कोतवाली गुरसहायगंज के ग्राम सिंघपुर निवासी रामबरन से विवाह हुआ है| नन्ही की मोहल्ले में ही रहने वाली परषोत्तम की पुत्री खुशबू ममेरी बहन का रामबरन के छोटे भाई परषोत्तम से विवाह हुआ है|

रामबरन व परषोत्तम कच्ची शराब उतारने के अलावा जुआं खेलने के भी आदी हैं| महिलाओं के विरोध करने पर दोनों ने अपनी पत्नियों को इतना प्रताड़ित किया कि वह परेशान होकर मायके चली गईं| परषोत्तम बीती रात शराब के नशे में ससुराल पहुंचा| उसने खुशबू के अलावा नन्ही की भी पिटाई की तथा जुआं खेलने के लिए रुपये मांगे|

पीड़ित महिलओं की शिकायत पर पुलिस ने परषोत्तम को पकड़ लिया|

आग लगाकर बच्चे को मार डालने का प्रयास

फर्रुखाबाद: कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम नगला पजाबा निवासी आनंद कुमार जोशी के बेटे अपूर्व कुमार को आग से जलाकर मार डालने का प्रयास किया गया| बीती रात दो व्यक्ति घर में घुस गए और आनंद की पत्नी का श्रृंगार दान तोड़कर उसमे रखे रुपये निकाल लिए|

बरामदे में पड़े बिस्तर में मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी सयोंग से अपूर्ण कुमार इस बिस्तर पर न लेटकर दूसरे बिस्तर पर लेटने से बच गया|

थाना मऊदरवाजा के ग्राम न्यामतपुर सरैया निवासी रनवीर सिंह चौहान ने मेहनत से तैयार की गयी मटर की फसल जबरन कब्जा कर लिए जाने की पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है| उसने बटाई पर पांच बीघा जमीन में काफी मेहनत से मटर की फसल तैयार की थी|

आनंद अध्यक्ष व आलोक जर्नलिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री बने

फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश सचिव विनय सिंह की अध्यक्षता में फर्रुखाबाद की कार्यकारिणी का गठन निम्न प्रकार हुआ है|

जिसमे अध्यक्ष आनंद भान शाक्य, महामंत्री आलोक सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष नितेश सक्सेना (टीटू), मुख्य सचिव अजय प्रताप सिंह,सचिव आनंद मिश्रा, सयुंक्त सचिव उपेन्द्र यादव, प्रशासनिक सचिव मोहम्मद सफीउल हसन, वरिष्ठ संगठन मंत्री प्रशांत द्विवेदी, संगठन मंत्री जितेन्द्र दीक्षित (टिंकू), कोषाध्यक्ष मोहन लाल गौढ़, मीडिया प्रभारी विनय मिश्रा, आडीटर शैलेश राजपूत, तथा दीपक श्रीवास्तव विधि सलाहकार चुने गए|

रहीस अहमद, अमरेश कुमार दीक्षित उर्फ संतू, इन्तजार अली, उमैर फारुखी, संजीव श्रीवास्तव, कमल वर्मा, शकील खान, रोबिन कपूर, स्वदेश कुमार राजपूत, जसपाल सिंह यादव, शमीउल्ला खान उर्फ गुड्डू, विनय मिश्रा, शिवनाथ शुक्ला, शैलेन्द्र वर्मा, योगीराज दबे जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए|

मीडिया प्रभारी विजय मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय जर्नलिस्ट एसोसिएशन की आपात बैठक १३ मार्च दिन रविवार को अपराह्न १ बजे बढपुर होटल हिन्दुस्तान के सामने डेली न्यूज़ एक्टिविस्ट कार्यालय में संपन्न होगी| जिसमे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा की जायेगी|

12 मार्च: फर्रुखाबाद की अपराधिक घटनायें

पुलिस ने दबंगों को दबोचा

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला घोड़ा नखास निवासी दिलशाद खलीफा व उनके भाई आमिर को हिरासत में ले लिया| दिलशाद पर उनके चाचा गुलजार अंसारी ने अपने पैत्रिक मकान पर जबरन कब्जा करने एवं निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाया है|

पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है|

बेटे ने बाप को घायल किया

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा के ग्राम खतबापुर निवासी ओम प्रकाश ने अपने पिता अनंतराम को पीटकर घायल कर दिया| अनंतराम ने एक वृक्ष गरीब व्यक्ति को काटने के लिए दे दिया इसी बात पर उनकी पिटाई की गयी| उन्होंने हमलावर बेटे व उसकी पत्नी रेखा देवी के विरुद्ध सूचना दर्ज कराई|

ट्रक चढ़ जाने से मरते-मरते बचा बस हेल्पर

फर्रुखाबाद: ट्रक का पहिया चढ़ जाने से प्राईवेट बस का हेल्पर विक्रम मरते-मरते बच गया| बस कंडेक्टर नन्हे ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया|

थाना व कस्बा अमृत पुर निवासी इन्द्रपाल का २४ वर्षीय पुत्र विक्रम रमेश द्विवेदी की कलान मार्ग पर चलने वाली बस नंबर यूपी ७६ एच / ८३१३ पर हेल्परी करता है| बस दोपहर बाद कलान जा रही थी राजेपुर में बस के रुकने पर विक्रम वहीं सड़क पर खड़ा था| पीछे से आये ट्रक नंबर यूपी ७४ टी / ०१२२ के चालक ने विक्रम के पैर के ऊपर ट्रक चढ़ा दिया|

विक्रम की चीख निकलते ही चालक ट्रक छोड़कर भाग गया| पुलिस ने मौरम से भरे ट्रक को कब्जे में ले लिया|

युवती घायल

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली के ग्राम अमेठी कोहना निवासी अशोक शर्मा की २२ वर्षीय पुत्री कुमारी सुधा घायल हो गई| बहनोई योगेश शर्मा ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया| अस्पताल के रिकार्ड में सुधा को स्वयं की लापरवाही से जीने से गिरकर घायल होना दर्शाया गया|

फरीदाबाद से अपहत दलित बालक फर्रुखाबाद में मिला

फर्रुखाबाद: पांच दिन पूर्व फरीदाबाद घर से अपहत किया गया बालक आज यहाँ पपियापुर गाँव में मिला|

७ वर्षीय लालू को फरीदाबाद बल्लभ गढ़ में रहने वाले पिता राजू कठेरिया ने आज सुबह पपियापुर गाँव में खोज निकाला| कन्नौज कोतवाली छिबरामऊ के ग्राम मेंदेपुर निवासी राजू बल्लभ गढ़ में प्राईवेट में नौकरी करता है| उनके पड़ोस में ही हरदोई थाना पाली के ग्राम लौका निवासी रामशरण लोधी का पुत्र निराले भी गाँव के रामफेरे लोधी के साथ काम करता है|

निराले ने ८ मार्च की रात करीब ९ बजे मौक़ा मिलते ही लालू को उसके घर से उठा लिया और यहाँ शहर कोतवाली के गाँव पपियापुर में अपनी बहन गुड्डी, बहनोई रामबीर के यहाँ रहने लगा| राजू रामफेरे की मदद से बीते तीन दिनों से पपियापुर गाँव की निगरानी कर रहा था| आज सुबह राजू को लालू गाँव की परचून की दुकान के पास मिला|

लालू को कब्जे में लेने के बाद निराले को रामबीर के घर में पकड़ लिया| रामबीर ने पिछले दरबाजे से निराले को भगा दिया| आईटी आई चौकी इंचार्ज नरेश दीक्षित मदद करने के लिए गाँव पहुंचे लेकिन क्षेत्र की घटना न होने के कारण उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की|

राजू ने बताया कि निराले ने मोबाइल फोन से बेटी की फिरौती के लिए मेरी पत्नी बबली से रुपयों की मांग की थी| कितने रुपये कहाँ चाहिए यह बात तय नहीं हो पायी|

अंगूर की बेटी को हाथ लगाने से पहले सावधान!

यदि आप अंगूर की बेटी का सेवन करने के आदी हैं तो जरा संभल जाइए। इन दिनों शहर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में मिलावटी शराब बेचने का गोरखधंधा चल रहा है। यह मिलावटी शराब आपके स्वास्थ्य को खराब कर सकती है। आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों को शिकायत देने का भी कोई फायदा नहीं है, क्योंकि यहां के भी कुछ अधिकारी इस खेल में शामिल हैं।

आबकारी एवं कराधान विभाग का नया सत्र शुरू होने में मात्र 20 दिन शेष रह गए हैं, जिसे लेकर शराब ठेकेदारों के बीच कंपीटिशन चल रहा है। इतना ही नहीं, ठेकेदारों ने शराब के दाम भी घटा दिए हैं। कुल मिलाकर ठेकेदार लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ तो कर ही रहे हैं, साथ ही मोटा मुनाफा भी कमा रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि ठेकेदारों ने असली शराब का स्टॉक कर लिया है और मिलावटी शराब बेचनी शुरू कर दी है। यही कारण है कि देसी और अंग्रेजी की शराब की बोतलों से सील गायब पाई जाती हैं। दुकानों के बाहर रेट डाउन के बैनर भी खुलेआम लटके हुए हैं।

शराब की दुकान में ही सो जाते हैं कारिंदे

शराब की दुकान पर काम करने वाले कारिंदे दुकान के अंदर ही सो जाते हैं, जिस कारण शहर में पूरी रात शराब की बिक्री हो रही है। आबकारी एवं कराधान विभाग के नियमानुसार सुबह आठ बजे से पहले और रात 12 बजे के बाद जिले की कोई भी शराब की दुकान नहीं खोली जाएगी। हैरानी की बात तो यह है कि विभाग को कोई भी अधिकारी इन नियमों की समीक्षा नहीं करता, जिस कारण यह गोरखधंधा खूब फल-फूल रहा है।

ऐसे होती है मिलावट

देसी शराब की पैकिंग प्लास्टिक की बोतल में होती है। कारिंदे बोतल को दबाकर शराब दूसरी बोतल में भर लेते हैं। इसके बाद नशे की गोलियां पानी में घोलकर बोतल को उसमें छोड़ देते हैं। यह घोल पानी में चला जाता और बोतल भर जाती है। अंग्रेजी शराब के जो ब्रांड रूटीन में अधिक बिकते हैं, उनमें भी मिलावट की जा रही है।

गाय का सफल सीजेरियन आपरेशन कर बछड़ा निकाला

गोरखपुर|| डाक्टर भगवान् का दूसरा रूप होता है वह मनुष्य हो चाहे जानवर उसको नया जीवन देना उसका कर्तव्य होता है| ऐसा ही एक वाक्या है जिसमे डाक्टर ने गाय का सीजेरियन आपरेशन कर उसकी व बछड़े की जिन्दगी बचा ली|

जनवरी 2011 की 31 तारीख को गोरखपुर के बिछिया इलाके में सुदर्शन पाल की कीमती फ्रीजियन गाय के बच्चेदानी में फंसा बछड़ा जब 12 घंटे की मशक्कत के बाद भी नहीं निकला तब पशुपालन विभाग के तीन पशुचिकित्सकों डा. जी. एम. अंसारी, डा. ओ. पी. सिंह एवं डा. राकेश कुमार की टीम ने सीजेरियन आपरेशन के द्वारा फंसे बछड़े को निकाल कर गाय की जान को बचाने में सफलता पायी ।

मालूम हो कि गाय में सीजेरियन का आपरेशन अभी तक पशुचिकित्सा महाविद्यालयों में ही होता रहा है। आपरेशन लगभग दो घंटे तक चला । आपरेशन की ऩौबत बछड़े का सिर बच्चेदानी में टेढ़ा होकर फंस जाने के कारण आयी। आपरेशन के बाद गाय पूर्णतया सामान्य है । पशुचिकित्सकों के अनुसार, आपरेशन के बाद भी गाय पुनः सामान्य रूप से गर्भधारण कर सकेगी । सफल आपरेशन कर गाय की जान बचाने के लिए उपनिदेशक डा. मार्कण्डेय ने टीम को बधाई दिया है।

मनुष्य जैसे गा सकते हैं चूहे

सिर्फ इंसान ही नहीं चूहे भी सुरीली आवाज में गा सकते हैं.

अगर आप सोचते हैं कि सुरीली आवाज सिर्फ इंसानों के पास होती है तो आप गलत हैं. एक नये अध्ययन में दावा किया गया है कि चूहे भी इंसानों की तरह गाने की क्षमता रखते हैं.

जापान के शोधकर्ताओं के एक दल के अध्ययन में यह तथ्य सामने आया है. शोधकर्ता अभी यह पता नहीं लगा पाए हैं कि चूहों में गाने की यह क्षमता जन्म से ही होती है अथवा वे बाद में सीखते हैं.

पहले के शोधकर्ताओं का कहना रहा है कि चूहे की आवाज इंसानों को सुनाई नहीं देती है. वर्ष 2005 में अमेरिकी शोधकर्ताओं ने कहा था कि चूहे कुछ चुनिंदा वाक्यों को बार-बार दोहराते हैं, जैसे कुछ पक्षी करते हैं.

जरूरत पड़ी तो फिर करेंगे आंदोलन: मुलायम

इटावा|| समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने जरूरत पडऩे पर उत्तर प्रदेश में सरकार के खिलाफ और सघन आंदोलन चलाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मायावती के इशारे पर जुल्म करने वाले अफसरों की सूची तैयार होते ही वह उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर अदालत का सहारा लेंगे।

यादव ने कहा कि गत सात मार्च को संसद की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली रवाना होने से राज्य सरकार द्बारा उन्हें कथित तौर पर रोकने के मामले में लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार कोई निर्णय जरूर लेंगी। सपा प्रमुख ने संवाददाताओं से कहा कि सपा द्बारा सरकार की नीतियों के खिलाफ गत सात से नौ मार्च तक चलाया गया आंदोलन सपा का नहीं बल्कि जनता बनाम बसपा की मुहिम थी।

यादव ने कहा, ‘‘हम अत्याचार के खिलाफ जनता के सवालों को लेकर लड़ते रहेंगे। सपा कार्यकर्ता किसी धमकी से डरने वाले नहीं हैं। अगर जरूरत पड़ी तो सरकार के खिलाफ फिर आंदोलन किया जाएगा और इस बार यह आंदोलन गांव-गांव तक चलाया होगा। हम जल्द ही अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं का सम्मेलन बुलाकर उनसे इस बारे में विचार-विमर्श करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मायावती के इशारे पर जुल्म-ज्यादती कर रहे अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर जरूरत पडऩे पर अदालत का सहारा लिया जाएगा।