Home Blog Page 45

प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज,पुन: बारिश का सम्भावना

0

लखनऊ:प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। कही तेज धूप आम जनमानस को मई-जून की यादे ताजा कर रही है कभी हल्की बारिश राहत देती नज़र आ रही है।मौसम के इस मिजाज के बीच एक बार फिर गुरुवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव होने का पूर्वानुमान है,जिसके कारण पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मंगलवार और बुधवार को तेज धूप होगी, जिससे दिन व रात के तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान है|
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसके प्रभाव से पश्चिमी जिलों से बारिश का दौर शुरू होगा,जो 22 मार्च तक पूरे प्रदेश में फैल सकता है। इस दौरान पूर्वी एवं पश्चिमी जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलने की संभावना है।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी सम्मान समारोह आयोजित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आकांक्षा समिति फर्रुखाबाद के तत्वावधान में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित करने के लिए नारी सम्मान समारोह का आयोजन आफिसर्स क्लब में किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, कला, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आकांक्षा समिति की अध्यक्ष वंदना द्विवेदी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पूरे विश्व की महिलाओं के आत्मसम्मान और अधिकारों का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। मनुस्मृति के प्रसिद्ध श्लोक “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास माना जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय शिक्षा और ज्ञान का है और महिलाओं को अपने आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ना चाहिए। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन प्रदान करना है। आज भारतीय बेटियां विज्ञान, खेल, राजनीति, प्रशासन और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।
समारोह में जनपद की कई महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें सुमन त्रिपाठी, दीपिका राजपूत, नर्मता सिंह, शशि किरण सिंह, डॉ सुनीता यादव, मंजू सिंह गुंजा जैन आदि रहे |



रेलवे रोड़ का हार्डमिक्स निर्माण शुरू, व्यापार मंडल नें जतायी खुशी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) काफी लंबे इंतजार के बाद आखिर रेलवे रोड का हार्डमिक्स निर्माण शुरू हो गया जिससे व्यापारियों ने राहत की साथ ली तो, वही व्यापार मंडल में मौके पर पहुंच खुशी का इंतजार किया है| दरअसल रेलवे रोड को मॉडल रोड बनाने को लेकर तत्कालीन नगर मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव के नेतृत्व में रेलवे रोड का आक्रमण हटाया गया था, उसके बाद से रेलवे रोड को मॉडल रोड बनाने की कवायत चल रही थी कई बार आंदोलन भी किए गए फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के द्वारा प्रमुखता से रेलवे रोड निर्माण को लेकर आंदोलन किया गया| फिलहाल रेलवे रोड का हार्ड मिक्स निर्माण कार्य शुरू हो जाने से व्यापारियों में खुशी की लहर है, व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी रेलवे रोड पर एकत्रित हुए और सड़क निर्माण शुरू होने के चलते खुशी का इजहार किया |

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, करीब सौ मरीजों का हुआ परीक्षण

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) लोहाई रोड स्थित बाबूजी की गली, चौक पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में स्त्री रोग, बच्चों के रोग, हृदय एवं अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार दिया गया।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. मनोज मेहता व डॉ. काजल सिंह ने लगभग एक सैकड़ा मरीजों को देखा और उनकी जांच कर उचित उपचार की सलाह दी। शिविर में महिलाओं से जुड़ी कई समस्याओं जैसे अनियमित मासिक धर्म, बच्चेदानी की गांठ व ट्यूमर, अंडाशय की गांठ, श्रोणि सूजन रोग, प्रोलैप्स, पीसीओडी, एंडोमेट्रियोसिस, निचले जननांग पथ के कैंसर की जांच एवं इलाज तथा निःसंतानता से संबंधित परामर्श दिया गया। इसके साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की जांच, सामान्य प्रसव और सिजेरियन डिलीवरी की सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।
इसके अलावा बच्चों में सर्दी-जुकाम, बुखार, उल्टी-दस्त, अस्थमा, निमोनिया, चिकन पॉक्स, कुपोषण, मिर्गी और मेनिन्जाइटिस जैसी बीमारियों के मरीजों का भी परीक्षण किया गया। हृदय रोग से जुड़े मरीजों को सीने में दर्द, हार्ट अटैक, एंजाइना, सांस फूलना, एलर्जी और फेफड़ों से संबंधित बीमारियों के लिए भी चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर में दिमाग से जुड़ी समस्याओं जैसे चक्कर आना, हाथ-पैर कांपना, घबराहट, नींद न आना, पैरालाइसिस और लकवा आदि के मरीजों का भी परीक्षण किया गया। निःशुल्क शिविर की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल के डायरेक्टर विनोद अग्निहोत्री रहे |

अज्ञात वाहन नें बाइक सबारों को रौंदा, दो चचेरे भाईयों की मौत

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कस्बा मोहम्मदाबाद के वार्ड आजाद नगर निवासी दो चचेरे भाइयों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से परिवार व मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर निवासी उस्मान मंसूरी के 20 वर्षीय पुत्र समीर व इस्लाम मंसूरी के 22 वर्षीय पुत्र आदिल बाइक से ग्राम पतौंजा से वापस मोहम्मदाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान चंदेल कोल्ड स्टोरेज के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि समीर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंचे लोगों ने आदिल को डायल 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
इसी हादसे में राठौरा निवासी लगभग 50 वर्षीय ब्रह्मानंद को भी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। बताया गया कि आदिल तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम साजिद और बहन यास्मीन है। वहीं समीर भी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था, उसका छोटा भाई समद व बहन का नाम मुस्कान है। दोनों मृतकों के पिता राजमिस्त्री का कार्य करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों की मातायें सोनी व अफसाना का रो-रोकर बुरा हाल है।

दस साल पूर्व मर चुके व्यक्ति पर मारपीट की एफआईआर

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना राजेपुर क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मारपीट के एक मामले में पुलिस ने ऐसे व्यक्ति के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली जिसकी लगभग 10 वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार 13 मार्च को शाम करीब 7 बजे अनुज पुत्र राजकुमार निवासी गांधी ने अपने साथ हुई मारपीट को लेकर थाना राजेपुर में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने राममूर्ति, विजय, अभिषेक और विनोद निवासी गांधी के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
मामले की पड़ताल में सामने आया कि नामजद आरोपी विनोद की मृत्यु 4 फरवरी 2016 को ही हो चुकी है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा बिना जांच-पड़ताल किए मृतक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोप सही हैं या नहीं, यह विवेचना का विषय है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ब्राह्मण समाज के होली मिलन में छात्रों को साइकिल वितरण, दरोगा भर्ती के प्रश्न पर विरोध

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रवादी ब्रह्म महासभा के बैनर तले कादरी गेट स्थित असम बैंक्विट हॉल में रविवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान जरूरतमंद छात्रों को साइकिल भी वितरित की गई और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
समारोह में वक्ताओं ने दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न का विरोध करते हुए इसे ब्राह्मण समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताया। वक्ताओं ने कहा कि समाज को नीचा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका मिलकर विरोध किया जाएगा।
जिला महासचिव अभिषेक दुबे ने कहा कि ब्राह्मण समाज कभी अवसरवादी नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता तो देश की आजादी की पहली गोली चलाने वाले मंगल पांडे ब्राह्मण समाज से नहीं होते। बैठक में समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा गया कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज को संगठित रहकर अपने सम्मान और अधिकारों की रक्षा करनी होगी। कार्यक्रम में राष्ट्रवादी ब्रह्म महासभा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद अवस्थी, जिला अध्यक्ष अमन दुबे, जिला महासचिव अभिषेक दुबे, अभिनव शर्मा, अशोक मिश्रा, विजय त्रिपाठी, विजय शुक्ला, विमलेश मिश्रा, शिवम दुबे, अनिल तिवारी, विपिन अवस्थी, आकाश तिवारी आदि रहे|

कांशीराम जयंती पर सपा ने मनाया पीडीए दिवस

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) काशीराम की जयंती पर सपा बसपा के दलित मतदातों की सीधेमारी करने का प्रयास कर रही है, शहर के ठंडी सड़क स्थित नवभारत सभा भवन में सपा जिला इकाई ने बहुजन आंदोलन के नेता काशीराम की 92वीं जयंती को पीडीए दिवस के रूप में मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल यादव ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भंते अनुरुद्ध व सपा नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर तथा कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि कांशीराम ने शोषित व वंचित समाज को उनके अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि उनके मिशन “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” को आगे बढ़ाया जाए।
पार्टी के संस्थापक सदस्य व पूर्व राज्यमंत्री रामसेवक सिंह यादव ने कहा कि कांशीराम के अधूरे मिशन को आज राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए फार्मूले के तहत सभी वर्गों को संगठन और टिकट में भागीदारी दी जा रही है।
पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य ने कहा कि कांशीराम कैडर आधारित राजनीति के जनक थे और उन्होंने समाज के निचले तबके को सत्ता तक पहुंचाने का रास्ता दिखाया। पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने कहा कि बाबा साहब बीआर अम्बेडकर और कांशीराम का सपना था कि महिलाएं सामाजिक बंधनों से मुक्त होकर राजनीति में अपनी भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम में डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक अजीत कठेरिया, पूर्व महानगर अध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव सहित कई नेताओं ने भी विचार रखे। इस दौरान नदीम अहमद फारुकी, मनोज मिश्रा, हरीश यादव, रामविलास माथुर, मुन्ना यादव एडवोकेट, मंदीप यादव, रामशरण कठेरिया, डॉ. रामकृष्ण राजपूत, नरेंद्र सिंह यादव, शिवम यादव, साजिद अली, डॉ. नवरंग सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पाल सेना के होली मिलन में उमड़ी भीड़, एकजुटता पर दिया बल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)अहिल्याबाई होल्कर पाल सेना के तत्वावधान में आयोजित होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध जादूगर गोगा जादूगर ने अपने हैरतअंगेज करतब दिखाकर उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
समारोह का आयोजन पूर्व मंत्री सतीश पाल, महंत ईश्वरदास महाराज, सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद वर्मा, विधायक सुशील शाक्य, जिला महामंत्री डीएस राठौर और पाल सेना प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज पाल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सतीश पाल ने कहा कि पाल समाज किसी से कुछ मांगता नहीं है, बल्कि अपने दम पर आगे बढ़ने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि जनपद में जल्द ही अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। वहीं सांसद मुकेश राजपूत ने समाज के लोगों से एकजुट होकर समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
महंत ईश्वरदास महाराज ने कहा कि पाल समाज सबसे सरल और सीधे स्वभाव का समाज है तथा पाल सेना लगातार समाज के हित में कार्य कर रही है। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष आशाराम पाल, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री शिवम दुबे, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, सेंट्रल जेल व्यापार मंडल अध्यक्ष योगेश गुप्ता, महामंत्री डॉ. संजीव त्रिपाठी, अवनीश कुमार, मीनाक्षी पाल, दुलारे लाल पाल रहे|

डंप्पर नें तीन बाइक सबारों को कुचला, तीनों युवकों की मौत

फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के मुख्य चौराहे पर शनिवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंफर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
बताया गया है कि जनपद एटा नंबर की एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे थे। जैसे ही वे नवाबगंज चौराहे पर पहुंचे, तभी मोहम्मदाबाद मार्ग की तरफ से आ रहे राजस्थान नंबर के तेज रफ्तार डंफर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित डंफर मिश्रा बीज भंडार के पास खड़े एक पुराने पेड़ को तोड़ता हुआ दुकान के सामने खड़ी कार में जा घुसा। इस दौरान डंफर का पहिया बाइक सवारों के ऊपर चढ़ गया, जिससे तीनों युवकों के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय पुष्पेंद्र कुमार पुत्र स्व. कमलेश सिंह, 18 वर्षीय अर्पित यादव पुत्र मान सिंह व 15 वर्षीय निशु पुत्र कैलाश निवासी कूड़ा नावर, थाना नया गांव एटा के रूप में हुई है। अर्पित इसी वर्ष कक्षा 10 की परीक्षा दे चुका था, जबकि निशु कक्षा 8 का छात्र था। तीनों आपस में परिवारी भाई बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार तीनों युवक शनिवार शाम करीब 8 बजे खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। अर्पित के पिता मान सिंह और निशु के पिता कैलाश दिल्ली में रहकर निजी नौकरी करते हैं। अर्पित के चाचा सुनील ने बताया कि अर्पित की शादी थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव डीपिन में तय थी और अगले साल विवाह होना था।
परिवार में अर्पित की मां ओमा देवी, बड़ी बहन कंचन और छोटी बहन सोनी हैं। वहीं निशु की मां गुड्डी देवी, बड़ी बहन सावनी और छोटा भाई रिशु है। पुष्पेंद्र की मां सुधा देवी, छोटा भाई सचिन और बहन दुर्गा हैं।
परिजनों ने बताया कि अर्पित की ननिहाल थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव कलौली महबूल्लापुर में है। आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक वहां जा रहे थे, लेकिन कलौली निवासी मामा सेवाराम के अनुसार तीनों युवक ननिहाल नहीं पहुंचे थे। ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि वे फर्रुखाबाद मार्ग से होकर कहां जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवाबगंज राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों के अवशेषों को एकत्र कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद डंफर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।