Home Blog Page 44

सपा के पूर्व विधायक के घर धमाके की जाँच में पहुंचे डीआईजी, नमूने जांच को भेजे

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में पूर्व मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में सजाफ्ता सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के नाला मच्छरट्टा घर हुए धमाके को लेकर हुए प्रशासन व सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी हरिश्चंद्र स्वयं मौके पर पहुंचे व पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच-पड़ताल की। उन्होंने टीम के साथ घर के अंदर व आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया व संबंधित लोगों से जानकारी भी जुटाई। डीआईजी ने बताया कि घटनास्थल से विभिन्न प्रकार के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज गया है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लखनऊ से बीबीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा मानकों के तहत जांच की। इसके अलावा कानपुर से एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। टीमों ने घर के हर हिस्से को खंगालते हुए संभावित कारणों की पड़ताल की।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।फिलहाल सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है। एसपी पी आरती सिंह, एएसपी अरुण कुमार आदि अधिकारी रहे|

विस्फोट होनें में पूर्व विधायक विजय सिंह के पुत्रों सहित आधा दर्जन पर मुकदमा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के मोहल्ला नाला मच्छरट्टा में मंगलवार शाम एक भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाका पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरी इमारत हिल गई और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। हादसे में 5 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें पूर्व विधायक के पुत्र भी शामिल हैं। पुलिस नें पूर्व विधायक के दोनों पुत्रो सहित आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस नें कराया है |
शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक इमरान फरीद में मुकदमा दर्ज कराया, जिसमे कहा की वह अपनी टीम के साथ साहबगंज चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ई-रिक्शा में दो झुलसे युवकों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। पूछताछ में उनकी पहचान अभिनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल था। मकान का फर्श पूरी तरह टूट चुका था, जबकि बेसमेंट की छत उखड़ गई थी और मलबा चारों ओर फैला हुआ था। इसी दौरान मलबे में दबे भैयालाल को गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया। घटना में ईशू चौरसिया, रामवीर यादव, राशू मिश्रा समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान की तीसरी मंजिल तक खिड़कियां, दरवाजे, ग्रील और छत क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया।
पुलिस जांच में बेसमेंट से विस्फोटक पदार्थों की गंध आने की पुष्टि हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मकान में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का संग्रह या निर्माण किया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा और कुछ समय के लिए जनजीवन भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सपा के पूर्व विधायक के घर धमाका, दोनों पुत्रों सहित पांच घायल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पूर्व विधायक विजय सिंह के घर अचानक हुए तेज धमाके से हड़कंप मच गया। घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना में घायल होने वालों में भैया लाल चौहान निवासी सिंधी कॉलोनी, पूर्व विधायक के पुत्र अविनाश उर्फ विक्की व अभिषेक उर्फ सिक्की, राशू शुक्ला पुत्र वीरेंद्र तथा इशू चौरसिया निवासी नाला मछरटटा शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल भैया लाल को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जो घायलों का हाल-चाल जानने के लिए जुटी रही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मौके पर जाँच पड़ताल कर रही है की धमाका कैसे हुआ है | जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी व एसपी आरती सिंह मौके पर पंहुची| जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी नें बताया की धमाके का कारण पता नही चला है, जाँच करायी जा रही है |

हाथरस रेलवे स्टेशन पर मिला था शव, जिंदा व्यक्ति का निकला मोबाइल — पुलिस जांच में उलझी गुत्थी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) हाथरस रेलवे स्टेशन परिसर में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव की तलाशी ली तो उसके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में मोबाइल नंबर को ट्रेस किया गया, जिससे उसकी पहचान औरैया जिले के किशनी निवासी रामवीर के रूप में सामने आई। फर्रुखाबाद जीआरपी भी लोहिया अस्पताल जाँच करने पंहुची|
पुलिस टीम जब रामवीर के घर पहुंची तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। परिजनों ने बताया कि रामवीर जिंदा है और गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे इलाज के लिए सैफई भेजा गया था, जहां उसका उपचार चल रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया कि जब रामवीर अस्पताल में भर्ती है, तो उसका मोबाइल हाथरस में मिले शव के पास कैसे पहुंच गया।
इस रहस्यमयी मामले ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जीआरपी थाना अध्यक्ष फर्रुखाबाद शेर सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में झुलसे व्यक्ति के इलाज होने की जानकारी के लिए लोहिया अस्पताल के अलावा प्राइवेट अस्पतालों में जानकारी जुटाने के लिए जांच पड़ताल की गई थी। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने बताया कि मामला हाथरस से जुड़ा हुआ है और रामवीर सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ मुरादाबाद में कार्रवाई हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि उसका मोबाइल मृतक के पास कैसे पहुंचा।
वहीं, जीआरपी थाना अध्यक्ष हाथरस सिटी स्वेश कुमार ने जेएनआई को बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल मृतक तक कैसे पहुंचा और शव की असल पहचान क्या है। उन्होंने कहा कि मृतक की शिनाख्त होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह घटना पुलिस के लिए एक पेचीदा पहेली बन गई है, जिसका जवाब तलाशने के लिए कई पहलुओं पर जांच जारी है।

पांचाल घाट चौकी प्रभारी लाइन हाजिर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना कादरी गेट के पांचाल घाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा को लाइन हाजिर किया है | एसपी की इस कार्यवाही से पुलिस महकमें में हड़कंप है |

सीडी रेशियो में कमी पर डीएम सख्त, बैंकों को सुधार के निर्देश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी ) एवं जिला सलाहकार समिति (डीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। जिसमे जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व विधयाक सुशील शाक्य रहे |
बैठक में विभिन्न बैंकों के सीडी रेशियो की समीक्षा की गई, जिसमें इंडियन बैंक का सीडी रेशियो सबसे कम 16.57 प्रतिशत पाया गया। अन्य बैंकों में बैंक ऑफ बड़ौदा का 30.86%, केनरा बैंक का 31.58%, पंजाब नेशनल बैंक का 35.29%, भारतीय स्टेट बैंक का 36.5%, इंडियन ओवरसीज बैंक का 34.98%, आईडीबीआई बैंक का 42.65% तथा बंधन बैंक का 49.65% सीडी रेशियो दर्ज किया गया।
कम सीडी रेशियो पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित बैंकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसएलबीसी को पत्र लिखने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार द्वारा प्रायोजित ऋण योजनाओं की धीमी प्रगति पर भी असंतोष जताते हुए सुधार के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ , अग्रणी जिला प्रबंधक वी.डी. वर्मा, जिला विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, एलडीएम, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी रहे।

जादू के जरिए तंबाकू मुक्ति का संदेश, सीएचसी में जागरूकता कार्यक्रम

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) तंबाकू का सेवन केवल एक आदत नहीं, बल्कि शरीर को अंदर से खोखला करने वाला धीमा जहर है। इसी उद्देश्य को लेकर जिला स्वास्थ्य समिति फर्रुखाबाद की ओर से मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जादूगर दिनेश कौशल एंड पार्टी ने अपने हैरतअंगेज करतबों के माध्यम से तंबाकू के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक जादू के प्रदर्शन से हुई, जिसने वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों का ध्यान खींच लिया। जादूगर दिनेश कौशल ने अपने खेल के जरिए बताया कि कैसे तंबाकू और धूम्रपान इंसान को कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों की ओर ले जाते हैं। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से इस लत को छोड़ा जा सकता है।
डॉ. जितेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि तंबाकू सेवन करने वाला व्यक्ति न केवल खुद को बल्कि अपने परिवार को भी खतरे में डालता है। उन्होंने सभी से तंबाकू मुक्त समाज बनाने की अपील की। वहीं डॉ. अमरेश कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कला और मनोरंजन के माध्यम से दिया गया संदेश लोगों के मन पर गहरा प्रभाव छोड़ता है। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल कर्मियों नें लोगों को तंबाकू से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू छोड़ने के आसान और व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। इस मौके पर बड़ी संख्या में अस्पताल स्टाफ, मरीज और स्थानीय लोग मौजूद रहे|

रेलवे ट्रैक पर मिले शव की पहचान, वृद्ध की मौत से परिजनों में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद:(शमशाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव असगरपुर निवासी 80 वर्षीय छेदालाल पाल, जो पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे, रविवार शाम घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
इसी बीच नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव शकुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर बीते सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला था । सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए। शव को मोर्चरी में रखवाकर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
वीडियो देखने के बाद असगरपुर के ग्रामीणों ने शव की पहचान छेदालाल पाल के रूप में की। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के तीन पुत्र—रणबीर पाल, रनवेश और अमरेश हैं। थाना अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

खुले ट्रांसफार्मर से करंट लगने पर गाय की मौत, किसान ने विभाग पर साधा निशाना

फर्रुखाबाद:(शमशाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव रजलामई में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक किसान की गाय की मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित किसान ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव रजलामई निवासी किसान राजीव कुमार अपनी गाय को चारा खिलाने के लिए नाद के पास ले जा रहे थे। इसी दौरान गांव में जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर के पास से गुजरते समय गाय अचानक करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित किसान ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर को सुरक्षित तरीके से नहीं रखा गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिमा पुनर्स्थापन को लेकर मोहम्मदाबाद में बढ़ी हलचल, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)ब्लॉक गेट के समीप स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पुनर्स्थापन को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते प्रतिमा को अन्य स्थान पर स्थापित करने की आवश्यकता सामने आई है।
भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. रामदास सागर द्वारा लंबे समय से प्रतिमा को कस्बा चौराहा अथवा ब्लॉक गेट के बाहर उत्तर दिशा में स्थित खाली भूमि पर स्थापित किए जाने की मांग की जा रही है। बताया जा रहा है कि तहसील एवं नगर पंचायत स्तर से भी उक्त स्थान के पक्ष में सिफारिश की गई है।
हालांकि, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मोहम्मदाबाद ने प्रस्तावित स्थल पर ब्लॉक का एक अतिरिक्त प्रवेश द्वार बनाए जाने की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रतिमा स्थापना को लेकर सहमति नहीं बन सकी है। इस पर संबंधित पक्ष का कहना है कि ब्लॉक परिसर के आसपास अन्य स्थान उपलब्ध हैं, जहां वैकल्पिक व्यवस्था की जा सकती है।
मंगलवार को इस मुद्दे को लेकर भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें समस्या के शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई। बैठक के बाद जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन मोहम्मदाबाद क्षेत्राधिकारी को सौंपा गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) एवं प्रभारी निरीक्षक ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में भीम आर्मी जिलाध्यक्ष जयद्रथ कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष नितिन गौतम सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।