Home Blog Page 2

बिजली व्यवस्था सुधार के लिए तीन बड़े प्रस्ताव स्वीकृत

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सदर विधायक सुनील दत्त द्विवेदी के प्रयास से बिजली विभाग के तीन बड़े प्रस्ताव स्वीकृत हुए हैं। इन प्रस्तावों के लागू होने से शहर में ओवरलोडिंग, लो-वोल्टेज और जर्जर तारों की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
विधायक नें बताया की भोलेपुर पावर हाउस से सेंट्रल जेल के पीछे होकर गुजरने वाली 33 केवी लाइन को अब नई योजना के तहत घरों के ऊपर से नहीं ले जाया जाएगा। इसके स्थान पर भोलेपुर पावर हाउस से आईटीआई रोड के किनारे लगभग 5.4 किलोमीटर नई लाइन बिछाई जाएगी। इससे दुर्घटनाओं और जनहानि की आशंका कम होगी।
इसके अलावा शहर में बिजली आपूर्ति मजबूत करने के लिए करीब 6079 केवी क्षमता के नए ट्रांसफार्मरों के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए हैं। गर्मी के मौसम में बढ़ते लोड को देखते हुए इन ट्रांसफार्मरों से बिजली संकट कम होने की उम्मीद है। कई स्थानों पर पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।
विद्यायक में बताया गया कि नेकपुर चौरासी, होमगार्ड ऑफिस, पुलिस लाइन समेत कई इलाकों में नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। वहीं शहर के विभिन्न मोहल्लों में जर्जर और झूलते तारों को बदलने के लिए नई एबीसी केबल बिछाने की मंजूरी भी मिल गई है। नई केबल शिवाजी कॉलोनी, राजा नगला, कचहरी रोड, अंधेरीबाग, पटेल नगर, गंगानगर, नगला नैन, बहादुरपुर, सब्जी मंडी, सिंधी कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में डाली जाएगी। विधायक ने कहा कि शेष क्षेत्रों में भी कार्य कराने के लिए प्रयास जारी हैं।

शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, नगर पालिका ने जब्त किया सामान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नगर पालिका परिषद ने सोमवार को शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर रखा सामान हटवाया गया और प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर कई दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया।
नगर पालिका की टीम ने लाल गेट, लालसराय, घुमना बाजार, नेहरू रोड और चौक क्षेत्र में अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त कर लिया गया। कई प्रतिष्ठानों पर प्रतिबंधित पॉलीथिन पाए जाने पर मौके पर ही आर्थिक दंड वसूला गया।
बताया गया कि टीम के चौक क्षेत्र से लौटने के बाद कुछ दुकानदारों ने फिर से सड़क पर सामान सजाना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर सीओ सिटी अभय वर्मा के निर्देश पर नगर पालिका टीम ने दोबारा कार्रवाई की। इस दौरान मिठाई की दुकान का काउंटर, फर्नीचर दुकान के बाहर रखा नया सामान, ठेले और लोहे के जाल सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली गई। अभियान के दौरान कई स्थानों पर दुकानदारों और नगर पालिका कर्मचारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही।
सीओ सिटी अभय वर्मा ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। वहीं अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि आवास विकास स्थित मिशन कंपाउंड के बाहर अवैध रूप से संचालित चौपाटी बाजार के दुकानदार नगर पालिका को कोई शुल्क नहीं दे रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में सीओ सिटी अभय वर्मा, कोतवाल दर्शन सिंह, अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार, आरआई योगेंद्र यादव, मुख्य सफाई निरीक्षक बृजेंद्र कुमार, विजय कुमार शुक्ला, विनय कश्यप, विक्रम कश्यप समेत नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।

जल निगम परियोजनाओं की समीक्षा में डीएम सख्त, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जल निगम शहरी एवं ग्रामीण की विभिन्न पेयजल और सीवर परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध संचालन को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जल निगम शहरी के अंतर्गत आवास विकास क्षेत्र में संचालित 24×7 पेयजल आपूर्ति पायलट परियोजना, कैंट क्षेत्र वाटर सप्लाई योजना, शमसाबाद जलापूर्ति योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्माणाधीन सीवर और एसटीपी परियोजना की प्रगति पर चर्चा की।
डीएम ने अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी को निर्देश दिए कि जो कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित समय सीमा में काम पूरा नहीं कर रही हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों और गड्ढों को कार्य पूरा होते ही तत्काल बंद कराने के भी निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके बाद जल निगम ग्रामीण के अंतर्गत “हर घर जल” योजना की समीक्षा की गई। बैठक में वीटीएल गजा और जीवीपीआर कंपनी द्वारा कराए जा रहे कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि वीटीएल गजा कंपनी ने 154 ओवरहेड टैंकों में से 151 का निर्माण पूरा कर लिया है, जबकि जीवीपीआर कंपनी 227 में से केवल 69 टैंक ही तैयार कर सकी है।
कार्य की धीमी गति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जीवीपीआर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के लिए शासन को संस्तुति भेजने के निर्देश दिए। साथ ही जिन परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, उनमें नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराने को कहा।
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जल निगम ग्रामीण से संबंधित शिकायतों में 23 प्रतिशत असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर डीएम ने अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारीविनोद कुमार गौड़ , जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सर्वसम्मति से संपन्न हुआ टैक्स बार एसोसिएशन का चुनाव, सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) टैक्स बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में इस बार आपसी तालमेल और सहमति के चलते सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हो गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सदस्यों के बीच बने सकारात्मक माहौल और चुनाव अधिकारियों के प्रयासों से मतदान की नौबत नहीं आई।
अध्यक्ष पद के लिए सुतीक्ष्ण कुमार तिवारी, प्रवीण कुमार माथुर और राय कुमार अग्रवाल ने दावेदारी पेश की थी। बाद में आपसी सहमति बनने पर सुतीक्ष्ण तिवारी और राय कुमार अग्रवाल ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके बाद प्रवीण कुमार माथुर को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। उप चुनाव अधिकारी राकेश सक्सेना ने बताया कि एसोसिएशन के सात पदों के लिए कुल 15 नामांकन पत्र जमा किए गए थे। कई पदों पर एकमात्र प्रत्याशी होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था।
महामंत्री पद पर रामजी वाजपेई, कोषाध्यक्ष पद पर सुनीता कटियार तथा एडिटर पद पर आशीष गुप्ता को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद के लिए प्रमोद कुमार त्रिपाठी, कमलेंद्र कुमार और राजगौरव पांडेय मैदान में थे। बाद में राजगौरव पांडेय ने नामांकन वापस ले लिया, जिसके चलते प्रमोद त्रिपाठी और कमलेंद्र कुमार निर्विरोध उपाध्यक्ष चुन लिए गए। इसी प्रकार सचिव पद पर दलपत सिंह और अविनाश दुबे निर्विरोध निर्वाचित हुए। पुस्तकालय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दीपांशु मिश्रा द्वारा नाम वापसी लेने के बाद सहाबुल इस्लाम सिद्दीकी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उप चुनाव अधिकारी राकेश सक्सेना ने सभी सदस्यों और पदाधिकारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

खेत से सड़क पर चढ़े ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, बच्चा समेत चार घायल

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) क्षेत्र के बोहरीकपुर रोड स्थित सतगुरु पब्लिक हाई स्कूल के सामने खेत से सड़क पर आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 108 एंबुलेंस और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजा गया।जानकारी के अनुसार शंकरपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र प्रेमचंद्र अपनी बाइक से बुआ संजू पत्नी रिंकू, उनके एक वर्षीय पुत्र रियांश तथा बुआ की भाभी बबली देवी पत्नी स्वर्गीय रमेश सिंह को थाना शमशाबाद क्षेत्र के गांव सुतहड़ी छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान सामने से खेत जोतकर सड़क पर चढ़ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर लगते ही बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. जितेंद्र यादव ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार बबली देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया रेफर कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, बांसी अड्डा के पास स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने मुख्य मार्ग पर एक बाइक सवार ने सड़क पार कर रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान गांव मुजहा निवासी लज्जावती पत्नी स्वर्गीय सुरेंद्र के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि लज्जावती अमृतपुर सरकारी अस्पताल दवा लेने गई थीं और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गईं।
मृतका का एक पुत्र विनोद है, जिसकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है। वह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। वहीं बेटी मीना की शादी हो चुकी है। बताया गया कि मृतका के पति सुरेंद्र की भी करीब दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। अमृतपुर थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए उपनिरीक्षक खूबेलाल को भेजा गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कायमगंज मंडी में भीषण अग्निकांड, आधा दर्जन दुकानों का सामान जलकर राख

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कायमगंज स्थित नवीन मंडी समिति में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से बारदाना व अन्य सामान की करीब आधा दर्जन दुकानें जलकर खाक हो गईं। हादसे में व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी विकराल थी कि दुकानों में लगी सीमेंट की टीन तक गर्म होकर पिघलने लगी। दुकानों में रखा बारदाना, प्लास्टिक की क्रेट और लकड़ी की पेटियां आग को तेजी से फैलाने का कारण बनीं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
प्रशासन की तत्परता से करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मौके पर एसडीएम, सीओ और इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ देर रात तक मौजूद रहे। आग की गंभीरता को देखते हुए मंडी परिसर में पहले से मौजूद फायर ब्रिगेड वाहन के अलावा अलीगंज समेत आसपास क्षेत्रों से भी चार से पांच दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
घटना के दौरान मंडी परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी और सैकड़ों व्यापारी मौके पर पहुंचे। प्रांतीय मंत्री, जिलाध्यक्ष अग्निहोत्री, जिला मंत्री नीरज राठौर, संजय गुप्ता, नगर अध्यक्ष अमित सेठ, रामू पंडित, ओम कालेश्वर पाठक, शफीक भाई, मोहम्मद रफी और पप्पू भाई समेत अनेक लोग मौजूद रहे। आग से प्रभावित दुकानों में भाई मियां, सानू खां, इफ्तिखार खां, इकदार मियां सहित दो अन्य व्यापारियों की दुकानें शामिल बताई गई हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।

काली पट्टी बांध स्वास्थ्य संविदा कर्मियों ने दर्ज कराया विरोध, आंदोलन की चेतावनी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सोमवार को जिले के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने लंबित मानदेय को लेकर शासन और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई, हालांकि विरोध के साथ-साथ उन्होंने अपनी सेवाएं भी जारी रखीं।
संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक वाजपेयी ने बताया कि कर्मचारियों को मार्च और अप्रैल माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से भुगतान व्यवस्था प्रभावित चल रही है और सितंबर 2025 से लगातार मानदेय मिलने में देरी हो रही है। इससे संविदा कर्मियों की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है तथा घर-परिवार चलाने में परेशानियां बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार शासन स्तर पर पत्राचार किया गया और अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार 18 मई से 20 मई तक सभी संविदा कर्मचारी काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रकट करेंगे।
स्वास्थ्य कर्मियों नें कहा कि यदि 20 मई तक बकाया भुगतान जारी नहीं किया गया तो 21 मई से “नो पे-नो वर्क” के तहत कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन और संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने सभी संविदा स्वास्थ्य कर्मियों से आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने की अपील की।

पुलिस सुरक्षा से चोरी का आरोपी फरार, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अधिवक्ता राजेश पाठक के घर चोरी के आरोपी को पुलिस नें भूठभेड़ में गिरफ्तार किया | मुठभेड़ के दौरान आरोपी बदमाश के पैर में गोली लगी है | जिसे उपचार के लिये भर्ती किया गया है | थाना राजेपुर के ग्राम कुईयां निवासी राजेश पाठक के घर एक दिन पूर्व चोरी की घटना को अंजाम दिया है | पुलिस नें घटना के दौरान ही ग्रामीणों की मदद से दो आरोपियों कुलबंत पुत्र अवध बिहारी व उमेश पुत्र हरिराम को दबोचा था| सोमवार को आरोपी कुलवंत से पुलिस की निविया चौराहें के निकट झाड़ियों में बैठे होंने के दौरान मुठभेड़ हो गयी, जिससे बाएं पैर. में गोली लग गयी | जिससे वह घायल हो गया | उसे उपचार हेतु भर्ती किया गया | दरअसल पुलिस के अनुसार आरोपी कुलबंत व उसके साथीं को मेडिकल के लिये भेजा गया था, जहां से कुलबंत को भाग गया और उसनें पुलिस से मुठभेड़ कर दी | सीओ अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय नें बताया की आरोपी के मुठभेड़ में गोली लगी है, उसे गिरफ्तार किया गया है |

जनपद में 40 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति, वन बंदोबस्त समिति एवं आर्द्रभूमि समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं गंगा स्वच्छता से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) द्वारा अवगत कराया गया कि शासन ने जनपद फर्रूखाबाद के लिए वर्ष 2026 हेतु कुल 40,82,488 पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें वन विभाग को 21 लाख तथा अन्य विभागों को 19,82,488 पौधे रोपित करने का लक्ष्य आवंटित किया गया है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विभागों द्वारा अब तक कार्ययोजना, स्थल चयन एवं गड्ढा खुदान संबंधी सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है, वे अनिवार्य रूप से 30 मई 2026 तक सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।बैठक में गंगा नदी में गिरने वाले नालों को टैग करने के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बीबीगंज नाला हेतु पम्पिंग स्टेशन स्थापित करने तथा सोताबहादुरपुर नालों को 30 एमएलडी क्षमता में टैप करने के लिए गंगा प्रदूषण जल निगम को प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।इसके अतिरिक्त गंगा घाटों पर कार्यरत नाविकों, गोताखोरों, पंडा-पुजारियों एवं दुकानदारों के पंजीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पंजीकृत व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन कराया जाए, जिससे सुरक्षा एवं व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।बैठक में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी चिकित्सालयों में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग राजीव कुमार, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण कपिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।