फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शारदीय नवरात्र को लेकर बाजारों में रौनक लौटने लगी है। पितृ पक्ष के समापन के साथ ही दुकानों पर माता की चुनरी, पोशाक, मूर्तियां और पूजा सामग्री की सजावट शुरू हो गई है। नवरात्र की पूर्व संध्या रविवार को मंदिरों में तैयारी जोर-शोर से होती नजर आई।
नवरात्र 22 सितंबर से शुरू होंगे। इसे लेकर विक्रेताओं ने पूजा की सामग्री, हवन सामग्री, धूपबत्ती, नारियल, जावित्री, जायफल सहित तमाम सामान की वैरायटी स्टॉक कर ली है। घरों और मंदिरों के लिए माता की पोशाकें और मूर्तियां भी दुकानों में सजी हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि नवरात्र के साथ ही बिक्री में तेजी आएगी और बाजार की रौनक पूरी तरह लौटेगी। कारोबारियों ने दुकानों में नवरात्र के लिए बाजार में कपड़ा, आभूषण, बर्तन, मोटर-कार, इलेक्टि्रक, साज-सज्जा और पूजा सामग्री का सामान भंडारण करना शुरू कर दिया है। 14 दिन तक चलने वाले श्राद्ध में ग्राहकों की ओर से खानपान के सामान के अलावा अन्य किसी भी तरह के सामान की खरीदारी नहीं की गई है। इससे अन्य कारोबारियों को मंदी की मार झेलनी पड़ी है।
मंदिरों में भी शुरू हुई नवरात्र की तैयारी
नवरात्र को लेकर शहर के मंदिरों में भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। भोलेपुर स्थित वैष्णो देवी मन्दिर, जेएनबी रोड स्थित गमादेवी मंदिर, रखा रोड पाल नगला बिजाधरपुर स्थित श्री शिव शक्ति महाकाल मन्दिर, रेलवे रोड स्थित मठिया देवी मन्दिर, बढ़पुर स्थित शीतला माता मन्दिर, मऊदरवाजा स्थित गुरुगाँव देवी मंदिर में तैयारी जोरो पर नजर आयीं| मंदिर समेत सभी जगह मंदिरों में साफ सफाई का कार्य चलता रहा । नवरात्रों में मंदिरों में भंडारे का भी आयोजन होगा।
शारदीय नवरात्र को लेकर बाजारों में रौनक
शारदीय नवरात्र 2025: जानें शुभ मुहूर्त-नियम और पूजन विधि
फर्रुखाबाद:(JNI धार्मिक डेस्क) शारदीय नवरात्र का आरंभ इस वर्ष 22 सितंबर से हो रहा है और समापन 1 अक्टूबर को होगा। नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। नवरात्र के प्रथम दिन कलश स्थापना और जौ बोना अत्यंत शुभ माना जाता है। बिना इसके पूजा अधूरी समझी जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इससे जीवन में सुख-समृद्धि और शांति आती है। आइए जानते हैं घट स्थापना का शुभ मुहूर्त और जौ बोने की सही विधि।
सनातन धर्म में नवरात्र का विशेष महत्व है। इस दौरान मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना की जाती है और साधक पूरे मनोयोग से व्रत रखते हैं। शारदीय नवरात्र 2025 की शुरुआत 22 सितंबर से हो रही है और यह 1 अक्टूबर को समाप्त होंगे।
घट स्थापना का महत्व
नवरात्र की शुरुआत घट स्थापना से होती है, जिसे शुभ कार्यों का आरंभ और शक्ति की साधना का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि कलश में देवताओं का वास होता है और इसे स्थापित करने से मां दुर्गा की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
शारदीय नवरात्र 2025 घट स्थापना का शुभ मुहूर्त
प्रतिपदा तिथि प्रारंभ: 22 सितंबर 2025
प्रतिपदा तिथि समाप्त: 23 सितंबर 2025, रात 02:55 बजे
घट स्थापना का मुहूर्त: सुबह 06:09 से 08:06 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:49 से दोपहर 12:38 बजे तक
इन दोनों मुहूर्तों में घट स्थापना और जौ बोना विशेष रूप से शुभ रहेगा।
जौ बोने की सामग्री
जौ,जल,मिट्टी या रेत,मिट्टी का पात्र या कटोरा
जौ बोने की विधि
1. सबसे पहले जौ को अच्छी तरह साफ करें।
2. मिट्टी के पात्र में स्वास्तिक का चिन्ह बनाएं।
3. उसमें मिट्टी या रेत भरें।
4. अब उसमें जौ डालें और ऊपर से पानी छिड़कें।
5. रोजाना पूजा के समय जौ पर हल्का जल छिड़कें।
6. नवरात्र समाप्ति के बाद जौ को पवित्र नदी में प्रवाहित करें।
जौ बोने से जुड़ी मान्यताएं
धार्मिक मान्यता है कि नवरात्र में जौ बोने से घर में सुख-समृद्धि आती है और मां दुर्गा की कृपा बनी रहती है। जौ की बढ़त पूजा की सफलता और भविष्य की शुभता का संकेत माना जाता है।
कलश स्थापना की विधि
1. स्नान करके पूजा स्थल को स्वच्छ करें।
2. गंगाजल से स्थान का शुद्धिकरण करें।
3. हल्दी से अष्टदल कमल बनाएं।
4. कलश में जल भरें और गंगाजल डालें।
5. उसमें सिक्का, फूल और अक्षत डालें।
6. नारियल को लाल चुनरी में लपेटकर कलश पर रखें।
7. कलश पर रोली से तिलक करें और मां दुर्गा का ध्यान करें।
विशेष सावधानियां
नवरात्र पूर्ण होने पर कलश विसर्जन और जौ का प्रवाह पवित्र नदी में अवश्य करें।
जौ पर नियमित जल छिड़काव करें।
पूजा स्थल को साफ-सुथरा रखें।
धूमधाम से निकली अग्रसेन महाराज की शोभायात्रा
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) वैश्य समाज के द्वारा श्री अग्रसेन महाराज की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। महाराज अग्रसेन की आरती उतारी गई। शोभायात्रा ने नगर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण किया। देर रात तक शोभायात्रा निकाली गई।
शहर के लोहाई रोड़ स्थित राधा शक्ति श्याम मन्दिर पर अग्रसेन महाराज का पूजन आरती के साथ यात्रा आरंभ हुई, यात्रा लोहाई रोड होते हुए चौक पर पंहुची तो विनय मित्तल व अनुराग अग्रवाल व उनकी टीम ने चौक पर आरती उतार कर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया| यात्रा नेहरू रोड पर जगह-जगह भगवान अग्रसेन की पुष्प वर्षा कर स्वागत किया| यात्रा नितगंजा होते हुए अग्रवाल धर्मशाला पर आरती प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का विराम होगी| यात्रा में अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, वत्सला अग्रवाल,मोहन अग्रवाल, अंजु मित्तल,प्रवीण अग्रवाल रचित अग्रवाल, विपुल अग्रवाल, गिरिराज अग्रवाल, कौस्तुभ अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, अरुण जालान, सर्वेश अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, भावना गुप्ता, वीना जालान, संजू रस्तोगी, रजनी अग्रवाल, रेनू सिगतिया, चित्रा रस्तोगी ,ज्योति गोयल, रजनी अग्रवाल व कल्पना गोयल आदि रहे|
बाजार गये युवक की ट्रेन से कटकर मौत
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) बाजार गये युवक की ट्रेन की चपेट में आनें से दर्दनाक मौत हो गयी| मौके पर भीड़ लग गयी| पुलिस नें शव को कब्जे में लेकर जाँच पड़ताल की| परिजनों में कोहराम मच गया|
कोतवाली क्षेत्र केर ग्राम भट्टकुर्री निवासी बाबूराम का 40 वर्षीय पुत्र सर्वेश शाक्य शनिवार शाम पखना बाजार करने के लिए गया था| बाजार करके पैदल घर लौटते समय शिकोहाबाद से कासगंज पैसेंजर ट्रेन से शाम लगभग 6:55 पर कटकर दर्दनाक मौत हो गई| घटना की जानकारी पर राहगीरों ने डायल 112
को दी। घटना स्थल पर डायल 112 व नीम करोली चौकी इंचार्ज सूर्य प्रकाश उपाध्याय पुलिस बल के साथ पहुंचे। मृतक सर्वेश चार भाइयों में दूसरे नंबर का था| सर्वेश के दो पुत्र व पुत्री है| मृतक की माता भगवान देवी व पत्नी पूनम देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया| उप निरीक्षक सूर्य प्रकाश उपाध्याय ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा।
कलुआ गिरोह का डकैत चार पुलिसकर्मियों की हत्या में दोषसिद्ध
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) एक समय आतंक का पर्याय रहे कलुआ गिरोह के डकैत देवेन्द्र फौजी को चार पुलिस कर्मियों की हत्या में दोष सिद्ध किया गया है| सजा की सुनवाई को लिए 25 सितंबर की तिथि तय की गयी है|
दरअसल 22 साल पूर्व 26 मार्च 2003 को थाना कम्पिल के दीवान रामसेवक यादव नें मुकदमादर्ज कराया था| जिसमे पीएसी कैम्प में तैंनात सिपाही इंद्र सिंह यादव अक अपहरण हुआ था| थानाध्यक्ष राजेश
कुमार, दारोगा उदयवीर सिंह और पीएसी जबान कटरी में सिपाही की खोज में गये थे| उसी दौरान कलुआ गैंग नें उन पर हमला बोल दिया था| उसी दौरान थानाध्यक्ष राजेश कुमार, दारोगा उदयवीर, उमेश कुमार व तोताराम गायब हो गये थे, पुलिस को चारों की लाशें बरामद हुई थीं| इसी मामले में देवेन्द्र फौजी को बरेली सेंट्रल जेल से फतेहगढ़ न्यायालय लाया गया| न्यायालय में उसे पेश किया गया| देवेंन्द्र पर दोष सिद्ध होनें पर उसे वापस जेल भेज दिया गया|
तीन पीएसी जबानो व ग्रामीण की हत्या में देवेन्द्र को हो चुकी है फांसी की सजा
डकैत देवेन्द्र फौजी को लगभग 19 महीने पूर्व तीन पीएसी जबानों व एक ग्रामीण की हत्या में 29 मार्च 2024 को फांसी की सजा सुनवाई थी|
बीजेपी विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर को छह माह की सजा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आचार संहिता उलंघन के मामले में बीजेपी विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर को छह माह की सजा सुनाई गयी है|

भाजपा के भोजपुर विधानसभा के विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर के खिलाफ साल 2022 में विधान सभा चुनाव के दौरान नामांकन करानें जाते समय वह अपने समर्थकों के साथ दो वाहनों से प्रतिबंधित स्थान पर आ गये थे| जिससे आचार संहिता का उलंघन हुआ था| उसी दौरान उपनिरीक्षक आनन्द शर्मा नें 29 जनवरी 2022 को मुकदमा दर्ज कराया था| मामले में सुनवाई करते हुए एमपीएमएलए न्यायालय के विशेष अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्ञानेद्र कुमार नें विधायक को आचार संहिता व कोविड नियमों के उलंघन में छह माह की सजा व 3200 रूपये अर्थदंड लगाया है| जुर्माना अदा करनें पर एक माह का अतिरिक्त कैद का आदेश दिया| वही विधायक के अधिवक्ता की तरफ से जमानत पत्र दाखिल किया गया जिसे न्यायालय ने मंजूर कर लिया| 
नेपाल के हालातों की भारत से तुलना सपा प्रमुख की गंदी राजनिति का परिणाम: सुब्रत पाठक
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर शनिवार को सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित हुआ| जिसमें कन्नौज के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने सपा सुप्रीमों पर तीखा हमला बोला| उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने भारत के पवित्र लोकतंत्र की तुलना नेपाल के चल रहे हालातो से की है सपा प्रमुख का भारत के प्रति ऐसी सोच रखना उनकी गंदी राजनीति को प्रदर्शित करता है।
पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने कहा पीएम मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं जिन्होंने वैश्विक पटल पर भारत की छवि को निखारने का कार्य किया है। भारतीय संस्कृति की पहचान को विश्व भर में ख्याति दिलाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। 1980 में भाजपा के निर्माण में 11 सदस्यों की भागीदारी थी लेकिन आज वह पार्टी 11 करोड़ सदस्यों वाली बन चुकी है| तीन बार लगातार केंद्र की सत्ता पर बहुमत के साथ कोई राजनीतिक दल जीत रहा है तो वह सुशासन और विकास की नीति पर जीत रहा है। अखिलेश यादव ने भारत के पवित्र लोकतंत्र की तुलना नेपाल के चल रहे हालातो से की है सपा प्रमुख का भारत के प्रति ऐसी सोच रखना उनकी गंदी राजनीति को प्रदर्शित करता है। सपा प्रमुख को यह मालूम होना चाहिए की नेपाल में वर्तमान की सरकार भ्रष्टाचार परिवारवाद वंशवाद और आतंक से पीड़ित थी
भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता चला रहे हैं। भारत की नेपाल से तुलना करने वाले राजनीतिक दल और उनके नेता खुद के गिरेवा में झांक कर देखें| 2014 से पहले 10 वर्ष तक डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे लेकिन उनको कठपुतली की तरह तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चलाया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए सेवा पखवाड़ा अभियान सेवा समर्पण और सुशासन को समर्पित है भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियां व नीतियों की जानकारी पहुंचाने का कार्य करें।
पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेवा और समर्पण की प्रतिमूर्ति हैं उन्होंने अपने संपूर्ण राजनीतिक जीवन में जन सेवा और जन कल्याण के ही कार्य किए हैं| भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जो राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित है उसका कार्यकर्ता सेवा और समर्पण का भाव लेकर जनता के बीच जाता है| संचालन जिला उपाध्यक्ष अतुल दीक्षित ने किया। जिला महामंत्री डीएस राठौर, आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार, जितेंद्र सिंह , हिमांशु गुप्ता,महामंत्री सुनील रावत,संजीव गुप्ता, ममता सक्सेना,जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, रश्मि दुबे, शिवम दुबे, अरुण दुबे, संजय सिंह, जिला मंत्री अभिषेक बाथम,डॉ. प्रभात अवस्थी, रजनीश मिश्रा शशांक शेखर मिश्रा, प्रभाकर त्रिवेदी, प्रभाकर राजपूत, रानू दीक्षित आदि रहे।
तहसील दिवस में 72 में 03 शिकायतों का सम्पूर्ण समाधान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में आयोजित किया गया| जिसमे 3 शिकायतों का सम्पूर्ण समाधान किया गया|
संम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 51, पुलिस की 05, विकास विभाग की 03, विद्युत विभाग की 05 व अन्य विभागों की 08 शिकायते कुल 72 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमे से 03 का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा के अंदर निस्तारण करने के आदेश संवंधित अधिकारियो को दिये।
इस अवसर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एसडीएम सदर रजनी कान्त पाण्डेय आदि रहे।
पंचायत चुनाव सिर पर आते ही ‘प्रधान बेईमान’ की शिकायतें
फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला)पंचायत चुनावों के नजदीक आने पर ग्राम पंचायतों के प्रधानों के खिलाफ शिकायतें बढ़ गई हैं। ऐसा लग रहा है मानो चुनाव सिर पर आते ही प्रधान बेईमान हो गए हों। जिस तरह शिकायतों में इजाफा हुआ है उससे सियासत तो नजर आ रही है, मगर जांच में लेटलतीफी से नई साजिशों का संकेत
मिल रहा है। वैसे तमाम शिकायतें पेशबंदी की भी होती हैं, मगर चौंकाने वाली बात ये है कि पिछले साल इतनी शिकायतें नहीं आईं जितनी 2025 में आ रही है, क्योंकि इस साल के बीतने के साथ ही अगले साल चुनाव का बिगुल बज जाएगा। डीएम स्तर से प्रधानों पर लगे आरोपों की जांच के लिए जिन अधिकारियों
को नामित किया गया है| अपना वर्चस्व दिखाने के लिए दावेदार लोग मौजूदा प्रधानों की शिकायत करने के साथ ही उसके वोटों पर हर संभव प्रयास करके सेंध लगाने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्षी लोग अधिकारियों से उनके विकास कार्यो को लेकर शिकायतें कर रहे हैं।
बिछने लगीं सियासी गोटी
प्रधानी के लिए चुनाव 2026 में होना प्रस्तावित है, इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए अभी से गांव-गांव सियासत शुरू हो गई है। इसी के चलते गांवों के लोगों की ओर से शपथपत्र देकर डीएम से प्रधानों के भ्रष्टाचार की शिकायत की जा रही है।
दुकानदार नें फांसी लगाकर दी जान
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) घर में भीतर दुकानदार नें फांसी लगाकर जान दे दी| पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|
फर्रुखाबाद कोतवाली के मोहल्ला इस्माइलगंजसानी निवासी 52 वर्षीय विनोद गुप्ता सातनपुर आलू मंडी के निकट खाने का होटल चलाते थे| बीती रात विनोद नें तनाव में आकर गमछे से छत के कुंडे में फांसी लगा ली, जिससे विनोद की मौत हो गयी| मामले की सूचना पर शहर कोतवाल राजीव पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पंहुचे| पुलिस नें जाँच पड़ताल की| मृतक के तीन पुत्र है| मृतक की पत्नी सुधा का रो-रो कर बुरा हाल हो गया| मिली जानकारी के मुताबिक मृतक के ऊपर कर्ज था, जिससे वह तनाव में रहता था| पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा| 



