फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शुक्रवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का अचानक निरीक्षण कर वहां भर्ती कुपोषित बच्चों के इलाज और सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों से बच्चों की सेहत में हो रही प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी बच्चों को समय से आयरन सिरप उपलब्ध कराया जाए और नियमित रूप से हीमोग्लोबिन की जांच कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि
कुपोषित बच्चों के उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने वार्ड की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश देते हुए तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बनाए रखने को कहा, ताकि बच्चों को अनुकूल वातावरण मिल सके। साथ ही, बच्चों और उनकी माताओं के लिए निर्धारित पौष्टिक आहार का चार्ट वार्ड में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, जिससे सभी को जानकारी मिल सके।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में भर्ती 13 बच्चों और उनकी माताओं से बातचीत कर उनका हाल जाना और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों और उनकी माताओं को फल, बिस्किट, बेबी किट और साड़ियां वितरित कीं।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनआरसी में साफ-सफाई, पोषण और उपचार की व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हों और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कुपोषण को खत्म करने के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सके।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी रंजन गौतम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. रोहित तिवारी सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।
एनआरसी केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
स्वदेशी शिक्षा से सशक्त भारत का निर्माण संभव: डॉ. सौरभ मालवीय
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, श्याम नगर में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित ‘प्रधानाचार्य कार्य योजना बैठक’ का समापन हुआ। समापन सत्र को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को भारतीय मूल्यों और स्वदेशी विचारधारा पर आधारित करना समय की आवश्यकता है। इसी के माध्यम से एक मजबूत और विकसित राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज की अपेक्षाओं को पूरा करना भी है। विद्या भारती के कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि देशभर में संस्था के हजारों विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी जुड़े हुए हैं। इसके पूर्व छात्र देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं।डॉ. मालवीय ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा की चर्चा करते हुए कहा कि लंबे समय तक पराधीन रहने के बावजूद देश की सांस्कृतिक पहचान मजबूत बनी रही है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को गंभीरता से निभाएं। डॉ. मालवीय ने कहा कि किसी भी विद्यालय की छवि उसके प्रधानाचार्य से जुड़ी होती है, इसलिए उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करना चाहिए।कार्यक्रम का संचालन रत्नेश अवस्थी ने किया, जबकि अंत में संभाग निरीक्षक शिव करन ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया। उत्कृष्ट प्रधानाचार्यों का हुआ सम्मान कार्यक्रम के दौरान बेहतर कार्य करने वाले प्रधानाचार्यों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इनमें राघवेन्द्र पाण्डेय, प्रियंका सिंह, गजेन्द्र सिंह, सोमेश, विक्रम बहादुर सिंह, अनिल कुमार मिश्र और नवीन कुमार अवस्थी शामिल रहे।
बिजली बहाली में देरी पर हंगामा, लाइनमैन पर पैसे मांगने का आरोप
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को लेकर एक बार फिर अव्यवस्था उजागर हुई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि खराबी दूर करने के नाम पर लाइनमैन द्वारा रुपये मांगे गए, जिससे आपूर्ति बहाल होने में अनावश्यक देरी हुई। मामले को लेकर उपखंड अधिकारी ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।बताया गया कि गुरुवार शाम आई तेज हवा और बारिश के चलते कड़क, अलीगढ़, इमादपुर और मौलागंज समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसके
बाद राजपुर विद्युत उपकेंद्र से भी शाम करीब 6 बजे सप्लाई बंद कर दी गई।ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार देर शाम तक भी बिजली सुचारु नहीं की गई, जिससे लोगों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी। कई गांवों में अंधेरा छाया रहा और पेयजल समेत अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हुए।कुछ ग्रामीणों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर आरोप लगाया कि
लाइनमैन धर्मेंद्र कुमार ने लाइन दुरुस्त करने के बदले ₹500 की मांग की। उनका कहना है कि पैसे न देने के कारण ही आपूर्ति बहाल करने में लापरवाही बरती गई। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि संबंधित लाइनमैन पर पहले भी इस तरह के आरोप लग चुके हैं।इस संबंध में उपखंड अधिकारी विनोद शुक्ला ने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार में हादसा: सड़क किनारे खड्ड में गिरी बस, 11 लोग जख्मी
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता )हरदोई जनपद के सवायजपुर इलाके से आ रही एक निजी यात्री बस शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अनियंत्रित होकर बस सड़क से नीचे जा गिरी और पलट गई, जिससे उसमें सवार 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, बस फर्रुखाबाद की दिशा में जा रही थी। रास्ते में जनपद हरदोई के रावतपुर के पास चालक ने आगे निकलने की कोशिश की, इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और बस खाई में उतरकर पलट गई। बताया जा रहा है कि अधिकतर यात्री गंगा स्नान के उद्देश्य से यात्रा कर रहे थे।
दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और एंबुलेंस के जरिए सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, कुल 11 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से दो को मामूली चोट होने पर प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया, जबकि बाकी 9 का इलाज जारी है। सभी की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
घायलों में जदुवीर सिंह, रंजीत सिंह,उमाकांती, गुड्डी देवी, नन्हीं, रामदेवी, रामलड़ैते, राज और अनुष्का शामिल हैं, जबकि राधिका और विश्व प्रताप सिंह को हल्की चोटें आई थीं। घटना की खबर मिलते ही एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय व सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने घायलों का हाल जाना और उपचार की जानकारी ली।
मेधावी छात्रा अंशिका का सपा ने टैबलेट भेटकर किया सम्मान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 97.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम एवं प्रदेश में चौथा स्थान हासिल करने वाली छात्रा कु. अंशिका को समाजवादी पार्टी नेताओं ने उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया। ग्राम गंगलउ (परमनगर) स्थित आवास पर पहुंचे पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने छात्रा को टैबलेट भेंट कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव डॉ. जितेन्द्र सिंह यादव ने अंशिका को टैबलेट देकर सम्मानित किया। अंशिका ने बताया कि उनके पिता एक साधारण किसान हैं और उन्होंने बिना किसी कोचिंग के मेहनत व एकाग्रता से यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने आगे चलकर सिविल सेवा की तैयारी करने की इच्छा जताई और कहा कि यह टैबलेट उनके लक्ष्य को पूरा करने में सहायक होगा।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर पूर्व की तरह छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए लैपटॉप योजना फिर शुरू की जाएगी। वहीं प्रदेश सचिव डॉ. जितेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि भविष्य में गरीब परिवारों के मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए सरकारी सहयोग देने की योजना लाई जाएगी। प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर ने शिक्षा को जीवन में बदलाव का प्रमुख माध्यम बताया, जबकि जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अजीत यादव, अरविंद यादव, राजपाल यादव, राकेश यादव, विनय यादव, रामपाल यादव, कमल बाबू, माजिद अली, कैप्टन वीरेंद्र सिंह सोमवंशी, लालू यादव, शीलू खान, अभय यादव रहे।
सिपाही के हाथ में डंडा, कैदीयों के हाथ में धारदार हथियार!
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सेन्ट्रल जेल के बाहर बंदीयों की एक तस्वीर विचलित करने वाली है, जो व्यवस्था पर सबाल खडे करती हैं | कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सबाल खड़े करते हैं | दरअसल बिजली विभाग हाईटेंशन लाइन के तार डाल रहा है | जिसके चलते वन विभाग के पेड़ की टहनियां काटी गयी हैं | उन्हें जेल के बंदियों के द्वारा काटकर ले जाया गया | इस दौरान एक सजायाफ्ता बंदी के हाथ में तलवार जैसा हथियार व कई बंदियों को कुल्हाड़ी थमा दी गयी, जिसकी सुरक्षा के लिये वायरल वीडियो में केबल एक ही बंदी रक्षक डंडे के साथ मौजूद नजर आया |
देखें वीडियो–
सिपाही के हाथ में केबल डंडा और बंदियों के हाथ में धारदार हथियार देखकर हर कोई चौंक गया | विगत महीनों कन्नौज जेल से फरार हुए दो बंदीयों व विगत वर्षो जिला जेल फतेहगढ़ के एक बंदी की गोली लगने से मौत की घटना के बाद भी जेल प्रशासन नें इससे सीख नही ली | वहीं जो लकड़ी जेल विभाग नें उठायी वह वन विभाग की लकड़ी थीं! जिसको बिना अनुमति के उठा लिया गया| अधिवक्ता डॉ. दीपक द्विवेदी नें बताया की यह सजायाफ्ता बंदियों को कारागार परिसर से बाहर लेकर जाना और उनके हाथ में धारदार हथियार थमा देना कानूनी व सामाजिक रुप से गलत है | इस तरह के कृत्य करने वाले अफसरों पर कार्यवाही कानून के तहत होनी चाहिए| सेन्ट्रल जेल के जेलर करुणेन्द्र यादव नें बताया की बिजली विभाग नें पेड़ो की छटाई की थीं, जिसको बंदियों से उठवाया गया था, जो भी बंदियों को दिया गया था वह नियम के तहत दिया गया था, किसी प्रकार से कानून का उलंघन नही किया गया है |
फर्रुखाबाद में पुलिस बल मजबूत, 46 नए पुलिसकर्मियों की तैनाती
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को कोतवाली क्षेत्र में 46 नए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। इस दल में 36 पुरुष और 10 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा एक साथ इतने पुलिसकर्मियों की तैनाती को कोतवाली के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। इससे न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि विभिन्न चौकी क्षेत्रों में लंबे समय से बनी पुलिसकर्मियों की कमी भी दूर हो सकेगी।कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि फिलहाल सभी 46 पुलिसकर्मियों को कोतवाली स्तर पर ही तैनात किया गया है। जल्द ही आवश्यकता के अनुसार उन्हें अलग-अलग चौकी क्षेत्रों में भेजा जाएगा।पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस कदम से क्षेत्र में निगरानी और चौकसी बढ़ेगी, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
खबर का असर: ओवरलोडिंग पर कसा शिकंजा, तीसरे दिन चला सघन अभियान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना राजेपुर क्षेत्र के जमापुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन की मौत हो गयी थीं | मामले में जेएनआई नें प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थीं, जिसमे बाद यातायात पुलिस ने तीसरे दिन सख्ती दिखाते हुए जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दर्दनाक हादसे में टेंपो और डंपर की भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों दंपति और उनके बेटे की मौत हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।जांच में सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त टेंपो में क्षमता से कहीं अधिक, करीब 16 सवारियां भरी गई थीं, जबकि नियमानुसार ऐसे वाहन में केवल 6 यात्रियों की अनुमति होती है। अत्यधिक ओवरलोडिंग ने हादसे की गंभीरता को और बढ़ा दिया।घटना के बाद हरकत में आई यातायात पुलिस ने प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान करीब 50 थ्री-व्हीलर टेंपो पर कार्रवाई की गई। जिन वाहनों में अवैध रूप से अतिरिक्त सीटें लगाई गई थीं, उन्हें मौके पर ही हटवाया गया।यह अभियान फतेहगढ़ आईटीआई चौराहा, सेंट्रल जेल, जिला जेल सहित कई प्रमुख स्थानों पर चलाया गया। पुलिस की सख्ती से टेंपो चालकों में हड़कंप मच गया।यातायात प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि ओवरलोडिंग करने वाले चालकों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस की इस कार्रवाई से उम्मीद जताई जा रही है कि ओवरलोडिंग पर अंकुश लगेगा और भविष्य में सड़क हादसों में कमी आएगी।
करथिया कांड पर बनी फिल्म ‘जिंदगी फ्यूज’ का टीजर-पोस्टर रिलीज
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)मोहम्मदाबाद के चर्चित करथिया कांड पर आधारित फिल्म “जिंदगी फ्यूज” का टीजर और पोस्टर को जारी किया गया। फिल्म के निर्माता, निर्देशक और लेखक डॉ. भारत गौड़ ने फतेहगढ़ स्थित अपने आवास पर इसको जारी किया| डॉ. गौड़ ने बताया कि यह फिल्म स्क्रीन फीचर फिल्म के बैनर तले तैयार की गई है। अपराध आधारित इस कहानी की पटकथा वास्तविक घटना से प्रेरित है, जिसे उन्होंने बेहद रोमांचक और सस्पेंस से भरपूर बताया।यह फिल्म 30
जनवरी 2020 को मोहम्मदाबाद क्षेत्र के करथिया गांव में घटी सनसनीखेज घटना पर आधारित है। इस घटना में आरोपी सुभाष बाथम ने अपनी पत्नी रूबी बाथम के साथ मिलकर 24 बच्चों को बंधक बना लिया था और प्रति बच्चे एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी।करीब 13 घंटे 40 मिनट तक चले इस घटनाक्रम ने पूरे प्रदेश और देश
को हिला दिया था। बाद में पुलिस कार्रवाई में सुभाष बाथम मारा गया, जबकि उसकी पत्नी की गांव वालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। सभी बच्चों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया था। इस पूरे अभियान को सरकार ने ऑपरेशन मासूम नाम दिया था।फिल्म में सुभाष बाथम की भूमिका अमित सक्सेना और रूबी बाथम का किरदार सुमन कुमारी ने
निभाया है।इस अवसर पर भूपेंद्र प्रताप सिंह, धीरज मौर्य, सम्यक जैन, दिलीप कश्यप, नावेद अंसारी, नौशाद अली, शैली दिवाकर, अंकित गुप्ता, सत्या भाई, लिरिक्स दीपक कुमार, लाल जी टंडन, गिरीश अवस्थी, राज गौरव पांडेय, संध्या पांडे, डॉ. कमल गौतम, शिवानी कटियार और नेहा सक्सेना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार घायल
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) जरियनपुर हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। कभी तेज रफ्तार बड़े वाहन कभी दो पहिया वाहन कभी पैदल चलने वाले तो कभी ट्रैक्टर से इन दुर्घटनाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। गुरुवार को अमृतपुर में तिवारी कोल्ड स्टोर के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मिस्त्री ओमवीर पुत्र रामपाल अमृतपुर से कुमरौर समरसेबल ठीक करने जा रहे थे। उसी समय सामने से आ रही बाइक जिसे प्रदीप पुत्र राकेश निवासी गुजरपुर पमारान चला रहे थे। साथ में उनकी पत्नी सोनी पुत्र पुरुषोत्तम उम्र 6 वर्ष भी बैठे हुए थे। दोनों बाईकों की आमने-सामने भिडन्त हो गई। जिसमें सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई। चंद कदम की दूरी पर पुलिस थाना मौजूद है जहां से थाना इंचार्ज इंद्रजीत अपने साथियों के साथ पहुंचे और उन्होंने घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर पुलिस एवं क्षेत्रीय लोगों ने चिंता जाहिर की है। इन सभी का कहना है कि लापरवाही और तेज रफ्तार से चल रहे वाहनों के कारण दुर्घटनाएं हो रही है। लोगों को नियंत्रित होकर निर्धारित गति के अनुसार ही वाहन चलाना चाहिए जिससे वह खुद भी सुरक्षित रहें और अन्य लोगों को भी सुरक्षा मिल सके।



