फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता )हरदोई जनपद के सवायजपुर इलाके से आ रही एक निजी यात्री बस शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अनियंत्रित होकर बस सड़क से नीचे जा गिरी और पलट गई, जिससे उसमें सवार 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, बस फर्रुखाबाद की दिशा में जा रही थी। रास्ते में जनपद हरदोई के रावतपुर के पास चालक ने आगे निकलने की कोशिश की, इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और बस खाई में उतरकर पलट गई। बताया जा रहा है कि अधिकतर यात्री गंगा स्नान के उद्देश्य से यात्रा कर रहे थे।
दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और एंबुलेंस के जरिए सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, कुल 11 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से दो को मामूली चोट होने पर प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया, जबकि बाकी 9 का इलाज जारी है। सभी की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
घायलों में जदुवीर सिंह, रंजीत सिंह,उमाकांती, गुड्डी देवी, नन्हीं, रामदेवी, रामलड़ैते, राज और अनुष्का शामिल हैं, जबकि राधिका और विश्व प्रताप सिंह को हल्की चोटें आई थीं। घटना की खबर मिलते ही एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय व सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने घायलों का हाल जाना और उपचार की जानकारी ली।
तेज रफ्तार में हादसा: सड़क किनारे खड्ड में गिरी बस, 11 लोग जख्मी





