फर्रुखाबाद: भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर किसानों की समस्याओं से जिलाधिकारी मुथु कुमार स्वामी को अवगत कराया।
सौंपे गये ज्ञापन में किसान नेताओं ने मांग की कि गेहूं खरीद केन्द्र तत्काल प्रभाव से चालू कराये जायें, उपजिलाधिकारी सदर ए के लाल द्वारा किये गये सभी कार्यों की जांच उच्च अधिकारियों से कराई जाये। आने वाले समय में राशनकार्डों की जांच कराकर पात्रता के आधार पर बनवाये जायें जिससे पात्रों को लाभ मिल सके। विद्युत सप्लाई 18 घण्टे सुनिश्चित की जाये तथा नहरों में पानी अविलम्ब दिया जाये। शमशाबाद ढाई घाट पर गंगा नदी का पक्का पुल बनवाया जाये आदि मांगों से सम्बंधित ज्ञापन जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी को सौंपा।
वहीं कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियांें ने तय किया कि 7 मई को यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ0 हरपाल सिंह कमालगज के रजीपुर स्थित एस कोल्ड स्टोरेज में होने वाली बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर आयेंगे।
इस अवसर पर राममोहन दीक्षित जिला प्रभारी, सुनील कुमार दुबे, श्याम कुमार, महेन्द्र सिंह, विजय बीर सिंह, रामबहादुर राजपूत आदि मौजूद रहे।

